धनतेरस की खरीददारी को बाजार रौनक की खनक को तैयार

FARRUKHABAD NEWS FEATURED धार्मिक सामाजिक

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दीपावली को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। 12 नवंबर को धनतेरस है। धनतेरस पर सोना-चांदी और बर्तनों की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसको लेकर दुकानदारों ने विशेष तैयारियां कर ली हैं। दुकानों के बाहर सड़क तक बाजार सजे हैं। धनतेरस को लेकर लोग खरीदारी को आ रहे हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं।
शहर में धनतेरस और दीपावली पर कोरोना का असर दिखने के आसार थे, लेकिन त्योहारी सीजन ने इस बार दुकानदारों को संजीवीनी दी है। दीपावली और धनतेरस को लेकर बाजार पूरी तरह तैयार हैं। दुकानदारों ने दुकानों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया है। ज्यादा से ज्यादा सामान मंगाया है। झालरों की छोटी-छोटी दुकानों से लेकर सोने-चांदी, टीवी फ्रिज, दोपहिया और चार पहिया वाहनों के बड़े-बड़े शोरूम सजे हुए हैं। शहर के नेहरु रोड़, रेलवे स्टेशन रोड और मेन बाजार में धनतेरस को लेकर खास सजावट की गई है।
धनतेरस के दिन चांदी के सिक्कों की खरीदारी की जाती है। इसके लिए सराफा बाजार में चांदी के सिक्के नए-नए डिजाइन में आ गए हैं। इसके अलावा चांदी के बर्तन, लक्ष्मी-गणेश की चांदी की बनी हुई मूर्तियां और लक्ष्मी-गणेश के चांदी के सिक्के एवं अन्य ज्वेलरी भी दुकानों पर देखी जा रही है। नेहरु रोड़ स्थित ज्वेलर्स शिवांग रस्तोगी श्री चंद ज्वैलर्स के बिठ्ठल शुक्ला व बर्तन कारोबारी मनोज कुमार ने बताया कि त्योहारों पर बाजारों को संजीवनी मिली है। ग्राहक दीपावली पर खरीदारी करने आ रहे हैं। अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
मॉल और कपड़ों की दुकानों पर भी रौनक
त्योहार के मौके पर कपड़ा बाजार भी पीछे नहीं है। रेडीमेड कपड़ों की दुकानें और मॉल में विभिन्न कंपनियों के ब्रांड उपलब्ध हैं। कई दुकानों पर ग्राहकों को लुभाने के लिए छूट दी जा रही है। धनतेरस और दीपावली पर नए कपड़े लेने वालों के लिए बाजार में अच्छी रेंज है। त्योहार के चलते शहर के विभिन्न मॉल में भीड़ बढ़ गई है। धनतेरस पर बाइक खरीदने का क्रेज बढ़ रहा है। नई बाइक खरीदने पर कई तरह की छूट और उपहार देकर ग्राहकों को लुभाने में कंपनियां पीछे नहीं हैं।