बलिया जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू रायबरेली में गिरफ्तार

POLICE Politics Politics-CONG.

रायबरेली: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू मंगलवार को सलोन में गिरफ्तार कर लिए गए। वह अपने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ दो वाहनों से बलिया जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ मौजूद अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। फिलहाल गिरफ्तारी की वजह और कांग्रेस नेता को रखने का स्थान बताने में पुलिस प्रशासन कतरा रहा है।
रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर सलोन स्थित टोल प्लाजा के पास पहले ही पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई थी। जैसे ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का वाहन वहां पहुंचा, वैसे ही उन्हें रोक लिया गया। जिसके बाद माहौल गर्म हो गया। प्रदेश अध्यक्ष व उनके साथियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते नसीराबाद, डीह, जगतपुर समेत अन्य कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसपी नित्यानंद राय भी आ गए।  इधर, वाहन रोके जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पैदल ही नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ चले। जिस पर कुछ दूर जाकर पुलिस ने उन्हें अपने वाहन में बैठा लिया। इसके बाद सभी को समरपुर पक्षी विहार ले जाया गया। मगर, अव्यवस्थाओं व बढ़ती भीड़ के चलते पुलिस वहां से सभी को लेकर फिर निकली। खास बात ये रही कि गिरफ्तारी का कवरेज न करने को लेकर मीडिया पर भी पुलिस का खासा दबाव रहा। वहींं बताया जा रहा है कि सलोन तहसील क्षेत्र के समसपुर पक्षी विहार स्थित वन विभाग के गेस्ट हाउस के अंदर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को रखा गया है।