झांसी में कोरोना नें ली दूसरी जान, यूपी में अब तक 68 की मौत

LUCKNOW कोरोना जिला प्रशासन

लखनऊ: जानलेवा वायरस कोरोना का कहर उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ता जा रहा है। योगी आदित्यनाथ सरकार के तमाम जतन के बाद भी मौत का सिलसिला जारी है। मेरठ तथा झांसी में कोरोना से संक्रमित लोगों ने आज दम तोड़ दिया। प्रदेश में कोरोना के कहर से मृतकों की संख्या अब 68 पहुंच गई है। प्रदेश में शुक्रवार को सुबह जो सैंपल रिपोर्ट आई है, उसमें 42 पॉजिटिव हैं। इस तरह से प्रदेश में अब 3143 लोग संक्रमित हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग स्वस्थ होकर अपने घर भी जा रहे हैं।
झांसी में जिसने आज दम तोड़ा है उसको गुरुवार देर रात भर्ती कराया गया था। मेरठ में तीन दिन पहले भर्ती कराए गए एक पुरुष की आज मौत हो गई। प्रदेश में सर्वाधिक संक्रमित ताजनगरी आगरा में हैं और मृतकों की संख्या भी यहां पर सबसे अधिक है। प्रदेश के 68 मृतकों में आगरा से 22 लोग हैं। इसके अलावा मेरठ में दस, मुरादाबाद में सात, कानपुर में छह, मथुरा व फिरोजाबाद में तीन-तीन, गाजियाबाद, अलीगढ़ व झांसी में दो-दो तथा बस्ती, वाराणसी, बुलंदशहर, लखनऊ, एटा, प्रयागराज, बरेली, श्रावस्ती, अमरोहा, मैनपुरी और बिजनौर में एक-एक संक्रमित की मौत हुई है।
झांसी में कोरोना संक्रमण से दूसरी मौत
झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कोरोना पॉजिटिव ने आज दम तोड़ दिया। 37 वर्षीय पुरुष को गुरुवार देर शाम को भर्ती कराया गया था। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत बिसातखाना निवासी क्षय रोग से ग्रसित लगभग 37 वर्षीय युवक को स्थिति गम्भीर होने पर कल मेडिकल कॉलिज में भर्ती कराया गया था। भर्ती कराने के बाद उसकी कोविड-19 की जांच की गई, जिसकी रिपोर्ट देर रात पॉजिटिव आई। आज सुबह लगभग 9:15 बजे इस युवक की मौत हो गयी। इसके दो दिन पहले सैयरगेट निवासी एक वृद्ध की मौत हो चुकी है, जिसे छत से गिरने पर घायल होने के कारण मेडिकल कॉलिज में भर्ती कराया गया था। यह वृद्ध डायबिटीज, गठिया जैसे रोगों से ग्रसित था। मौत के बाद हुई जांच में इस वृद्ध की रिपोर्ट भी कोरोना पोजिटिव आई थी। इसके साथ ही झांसी में अभी तक 20 पॉजिटिव केस हैं।
मेरठ में दस मौत
मेरठ में कोरोना वायरस से शुक्रवार को 10वीं मौत हो गई। मेरठ बीजेपी महानगर अध्यक्ष के पीएसओ की कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हो गई। गुरुवार को ही तबीयत बिगड़ने पर विभांशु को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया था। कोरोना संक्रमण के साथ ही निमोनिया की वजह से उनकी मौत हुई। 25 साल के पीएसओ की मौत से जिले में वायरस से मरने वालों  आंकड़ा 10 पहुंच गया। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम को ही उन्हें सफदरजंग अस्पताल शिफ्ट किया गया था।
आगरा में स्थिति बेहद भयावह, 22 की मौत
कोरोना संक्रमण में आगरा में हालात बेकाबू हैं। यहां पर क्वारंटाइन सेंटर्स से लेकर अस्पतालों में लॉकडाउन का तीसरा चरण आरंभ होने के बाद बदइंतजामी है। गुरुवार रात तक आगरा में 22 मौत रिपोर्ट की जा चुकी हैं और 11 नए पॉजिटिव केस आने के बाद संख्या 678 पर। कोरोना संक्रमण से वरिष्ठ पत्रकार पंकज कुलश्रेष्ठ का भी गुरुवार को निधन हो गया है।
एक निजी अस्पताल से एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर की गई एक महिला की मौत हो गई। यहां दिल्ली से दो युवकों सहित 11 नए केस आने से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 678 पहुंच गई थी। 65 वर्ष की गुर्दा से पीडित महिला मरीज का हरीपर्वत क्षेत्र के अस्पताल में इलाज चल रहा था, वहां उन्हेंं आइसीयू में भर्ती किया गया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर बुधवार रात को एसएन रेफर कर दिया गया। गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।