विधानसभा में सदन की कार्यवाही से पहले धरने पर बैठे सपा विधायक

FARRUKHABAD NEWS LUCKNOW Politics Politics- Sapaa Politics-BJP

लखनऊ: विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में भी समाजवादी पार्टी ने सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवर बरकरार रखे हुए है। मंगलवार सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सपा विधायकों ने विधान भवन स्थित चरण सिंह की प्रतिमा के निकट धरना दिया। सपा के दोनों सदनों के सदस्यों ने इस दौरान नागरिकता संशोधन कानून, बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं पर अत्याचार और गन्ना, धान व आलू किसानों की समस्याओं को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा।
भाजपा की नीतियों से आमजन का मोह भंग : अखिलेश
इससे पहले सोमवार को पार्टी मुख्यालय में विधायक दल की बैठक में अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विभन्न मुद्दों को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से आमजन का मोह भंग हो चुका है। त्रस्त जनता अब विरोध में सड़कों पर भी उतरने लगी है। यादव ने दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय, लखनऊ के नदवा कालेज और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्रों के साथ ज्यादती की निंदा की। छात्रों केअपमान तथा उत्पीड़न को लोकतंत्र की हत्या बताया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के परिसर में पुलिस का बलपूर्वक प्रवेश निंदनीय है। नदवा कालेज में शांति पूर्ण प्रदर्शन करते छात्रों पर बर्बरता सरकार के इशारों पर उठाया कदम है। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ छात्रों ने एकजुटता दिखाई है। छात्रों की आवाज से सरकार डर रही है और बलपूर्वक कुचल देना चाहती है। सपा प्रमुख ने जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की विध्वंसकारी नीतियों को उजागर करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यही मौका है जब गांव गली तक सपा की नीतियों को भी प्रचारित किया जाए।