नवरात्र के अंतिम दिन हवन और कन्याभोज

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन धार्मिक सामाजिक

फर्रुखाबाद: नवरात्र के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने मां सिद्धदात्री की अराधना की। सोमवार  को हवन पूजन के साथ कन्या भोज की धूम रही। शीतला देवी मंदिर बढ़पुर, मठिया देवी मंदिर और गमा देवी मंदिर में सुबह से कन्याभोज का सिलसिला शुरू हो गया था जो देर शाम तक जारी रहा। महिलाओं ने कन्याओं को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लिया।  हवन पूजन का क्रम जारी रहा। बहुत से लोगों ने घरों पर तो तमाम लोगों ने मंदिर में जाकर हवन और कन्या जिमायीं।
देवी मंदिरों में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रही। उधर मठिया देवी मंदिर में नवरात्र के अंतिम दिन सामूहिक यज्ञ का आयोजन किया गया। सुबह से दर्शनार्थियों की लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं। लोगों ने कतार में खड़े होकर मां के दर्शन किए। महिलाओं ने कन्याओं को दही, जलेबी और खीर पूड़ी आदि खिलाकर दक्षिणा भी दी। घरों में कन्या भोज के लिए कन्याएं ढूंढने में दिक्कत हुई तो मंदिरों में कन्याओं की भरमार रही।
नवरात्र के अंतिम दिन कन्या भोज के साथ भंडारों की भी धूम रही। मंदिरों के अलावा सार्वजनिक स्थलों पर भी भंडारे आयोजित किए गए। दुर्गाष्टमी की रात शहर में कई जगह देवी जागरण हुए। देवी जागरण के बाद हवन और फिर भंडारे हुए। भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। नवरात्र का अंतिम दिन और रामनवमी होने के कारण जिले का वातावरण भक्ति से सराबोर रहा।