अपडेट: मासूम बालक की हत्या कर शव के हाथ बांध कुंए में फेंका

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE जिला प्रशासन

फर्रुखाबाद: बीती रात गायब हुए बालक की सनसनीखेज तरीके से हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक दिया गया। जानकारी होने पर उसकी लाश कुंए से बरामद हुई। पुलिस ने शव को लोहिया अस्पताल भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के छोटा बंगशपूरा निवासी यूसुफ अंसारी का 8 वर्षीय पुत्र मो० उजैर बीते गुरुवार से घर से अचानक गायब हो गया। जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश तेज की। लेकिन पता ना लगने पर पुलिस को भी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी बीती रात पड़ताल की लेकिन उजैर का कोई पता नही चला।
शुक्रवार को सुबह कुछ लोगों ने उजैर की चप्पल बड़ा बंगशपुरा में एक अमरूद के बाग में पड़ी देखी। जिसके बाद मौके पर भीड़ लग गयी। सूचना पर उपनिरीक्षक बनी सिंह और शहर कोतवाल देवेंद्र दुबे मौके पर पँहुचे। तलाश के दौरान उजैर का शव अंधे कुंए में पड़ा मिला।
जिससे सनसनी फैल गयी। मृतक के हाथ उसके पैजामे के नाड़े से पीछे की तरफ बांधे गये थे। उसके गले मे रस्सी बंधी हुई थी। उजैर की हत्या के साथ उसके साथ कुकर्म किये जाने की भी आशंका जाहिर की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर ली है।
सूचना मिलने पर एसपी डॉ० अनिल कुमार, एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ सिटी मन्नी लाल गौड़ आदि भी लोहिया अस्पताल पँहुचे। एएसपी ने बताया कि रात करीब 11 बजे पुलिस को परिजनों ने सूचना दी। जिसके बाद बालक की तलाश की जा रही थी। जिसके चलते उसकी लाश कुएं में मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पूरा मामला साफ होगा। इसके बाद अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।