रोडवेज बस को कैंटर में मारी टक्कर,फर्रुखाबाद की महिला सहित आधा दर्जन की मौत

ACCIDENT FARRUKHABAD NEWS POLICE जिला प्रशासन

अलीगढ़:हेडलाइट खराब होने के कारण सड़क के किनारे खड़ी रोडवेज बस को कैंटर से पीछे से तेज टक्कर मार दी। इस टक्कर से बस गड्ढे में गिर गई और बस में सवार छह लोगों ने दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। छह मृतकों में से दो की पहचान नही हो सकी है।
फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही रोडवेज बस रविवार देररात गभाना इलाके में बुलंदशहर सीमा पर हादसे की शिकार हो गई। बस में सवार दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई, दस लोग घायल हो गए। हेडलाइट खराब होने पर बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी कैंटर ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी। बस गड्ढे में पलट गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। शिनाख्त के लिए पुलिस देररात तक जुटी रही। डीएम चंद्रभूषण सिंह, एसएसपी अजय साहनी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों की हाला जाना।
हादसा भोपाल नगरिया व पहावती के बीच देर रात हुआ। यहां दिल्ली जा रही फर्रुखाबाद डिपो की बस की अचानक हेडलाइट खराब हो गई। सड़क किनारे बस खड़ी कर चालक- परिचालक ठीक करने लगे। सवारियां भी नीचे उतर आईं। दो लोग बस के पीछे खड़े थे, बाकी इधर-उधर थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी बीच अलीगढ़ की ओर से तेज रफ्तार से आए कैंटर ने बस में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। सवारियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग दौड़ पड़े। कई थानों की पुलिस पहुंच गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में रुहाना बेगम पत्नी बहार शेर निवासी पहाड़पुर (फर्रुखाबाद) की शिनाख्त हो सकी। बाकी की पहचान करने में पुलिस देररात तक जुटी थी।
मृतकों की सूची
1-रविकांत पुत्र रूप किशोर, 569, कन्वनपुर, तहसील पटियाली, काशीराम नगर।
2-रोजाना बेगम पत्नी बहार शेर, निवासी पहाड़पुर बेरागर, फर्रूखाबाद।
3-आशीष कुमार पुत्र राम आधार, निवासी तुलसीपुर, गोंडा।
4-मधु पत्नी देवेंद्र निवासी नगला पीपली, कासगंज।
दो मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
घायल इस प्रकार
सत्यवीर पुत्र राधेश्याम निवासी कुरावली मैनपुरी व प्रीति पत्नी रजनीश निवासी फतेहाबाद हरियाणा समेत चार को बुलंदशहर जिला अस्पताल भिजवा दिया। देवेंद्र निवासी नगला पीपल मारहरा कासगंज, ओमपाल निवासी टमरौरा नयाबांस एटा, विद्या पत्नी यतेंद्रपाल सिंह निवासी बाबतपुर एटा समेत चार लोगों को यहां जिला अस्पताल लाया गया। कुछ घायल इलाज कराकर चले गए। हालत गंभीर होने पर देवेंद्र व ओमपाल को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि खड़ी बस में टक्कर मारी है। चार घायल जिला अस्पताल लाए गए हैं, चार बुलंदशहर भेजे गए हैं। कुछ इलाज कराकर चले गए हैैं। बुलंदशहर के डीएम से बात हो गई है। वहां भी घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है।
शिनाख्त के प्रयास
एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि सड़क किनारे खड़ी बस में पीछे से कैंटर की टक्कर लगी थी। दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हुई है। एक महिला की शिनाख्त हुई है, बाकी की शिनाख्त के प्रयास चल रहे हैं।