ससुर ने विधवा बहू के पेट में मारी गोली

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:(नवाबगंज) थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर नवादा निवासी 40 वर्षीय संगीता पत्नी स्वर्गीय गौरव सिंह को जायजाद हडपने के चक्कर में ससुर ने गोली मारकर घायल कर दिया| घटना की सूचना पर पुलिस ने उसे गम्भीर हालत में लोहिया अस्पताल भेजा|

संगीता के भाई कुलदीप ने बताया कि उसके बहनोई गौरव सिंह की बीते डेढ़ वर्ष पूर्व मौत हो गयी थी| जिसके बाद से उसके ससुराल वाले उसके हिस्से की सम्पत्ति हडपने के चक्कर में संगीता को प्रताड़ित करते थे| जिससे वह अक्सर मायके में ही रहती थी| बीते कुछ दिन पूर्व ही उसने थाने में ससुराल वालो के खिलाफ तहरीर दी थी| लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नही की| जिसके बाद संगीता पुन: मायके चली गयी|

मंगलवार को संगीता अपने भाई कुलदीप व अन्य परिजनों के साथ नवाबगंज थाने पंहुचे तो पुलिस ने उन्हें ससुराल चलने को कहा और पीछे से पुलिस भेजने का भरोसा दिया| जब संगीता कार से अपनी ससुराल पंहुची तो उसका देवर सोनू हमलावर हो गया| उसने कार पर पथराव कर दिया| विवाद के दौरान ही उसका ससुर अशोक सिंह आ गया आरोप है कि उसने तमंचे से संगीता के पेट में गोली मार दी| जिससे वह गम्भीर रूप से जख्मी हो गयी| परिजनों ने ससुराल वालो का पीछा किया| लेकिन वह तमंचे के बल पर फरार हो गये|

संगीता के भाई ने कहा कि उसने घटना की सूचना 100 डायल को दी| लेकिन पुलिस नही पंहुची| जिसके बाद घायल संगीता को लेकर वह सभी थाने पंहुचे | पुलिस ने उसे गम्भीर हालत होने पर लोहिया अस्पताल उपचार के लिये भेज दिया|