बंदियों ने जेल अधीक्षक का सिर फोड़ा, प्रभारी डीएम घायल, डाक्टर पर कार्यवाही

FARRUKHABAD NEWS JAIL जिला प्रशासन

फर्रुखाबादः जिला जेल फतेहगढ़ में रविवार सुबह से चल रहे बबाल में आक्रोषित बंदियों ने जेल अधीक्षक का सिर पत्थर मारकर फोड़ दिया। बंदियों की मांग पर जेल के चिकित्सक डा0 नीरज को उनके पद से हटा दिया गया। प्रभारी डीएम सीडीओ एनपी पाण्डेय को भी पत्थर मारकर बंदियों ने घायल कर दिया। उन्हें भी चिकित्सा के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया।
सुबह से चल रहे पथराव में बंदियों ने पूरी जेल को अपने कब्जे में कर रखा है। पुलिस अधीक्षक सुभाष सिंह बघेल, सीडीओ जेल के मुख्य गेट पर ही घंटों से कैदियों से वार्ता करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन कुछ निष्कर्ष निकलता नहीं दिख रहा है। कई घंटे से चल रहे संघर्ष में आक्रोषित कैदियों ने जेल अधीक्षक राकेश कुमार का सिर फोड़ दिया। इसके साथ ही साथ बंदी राजेश भी बबाल में घायल हुआ। दोनो को लोहिया अस्पताल उपचार हेतु भेजा गया है। बंदियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से जेल की खराब चिकित्सीय व्यवस्था की शिकायत की। खाने को भी अमानक बताया। जिसके चलते संघर्ष शुरू हुआ।
जेल के डाक्टर नीरज पर भी चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त न करने के आरोप लगाये। जिसके चलते मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 राकेश कुमार ने जिला कारागार के चिकित्साधिकारी डा0 नीरज कुमार को हटाकर सीएमओ कार्यालय सम्बद्ध कर दिया। वहीं केन्द्रीय कारागार में कार्यरत डा0 विजय अनुरागी को जिला कारागार स्थानांतरित किया गया है। कैदी पथराव के दौरान मोदी व योगी के नारे लगा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जेल के खाने का सेम्पुल भी लिया जा रहा है। वहीं एक डिप्टी जेलर पर भी कार्यवाही की तलवार लटक गयी है। सीडीओ एनपी पाण्डेय ने बताया कि बंदियों से लगातार वार्ता का प्रयास किया जा रहा है। जल्द समस्या का समाधान कर लिया जायेगा। पुलिस अधीक्षक सुभाष सिंह बघेल ने बताया कि पुलिस लगातार शांतिपूर्ण ढंग से बंदियों को शांत करने का प्रयास कर रही है। बंदियों की मांगों पर मंथन चल रहा है। शीघ्र ही स्थिति सामान्य हो जायेगी।