अखिलेश के मंत्री 9 करोड़ रुपए के चाय समोसे चट कर गये

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa

CM AKHILESH1लखनऊ: आजतक आपने अक्सर मंत्रियों की विदेश यात्रा पर करोड़ो रुपए के खर्च की बात सुनी होगी लेकिन उत्तर प्रदेश के मंत्रियों ने पिछले चार सालों में चाय समोसे पर 9 करोड़ रुपए खर्च कर दिये हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सदन में खुद इस तथ्य को लोगों के सामने रखा। वह सदन में भाजपा के नेता सुरेश खन्ना के सवाल का जवाब दे रहे थे। सबसे अधिक खर्च अरुणा कोरी ने किया है। कोरी ने 22 लाख रुपए से अधिक चाय समोसे पर खर्च कर दिये।

अरुणा कोरी आजम खान सबसे खर्चीले
सपा सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री अरुणा कोरी ने 2293800 रुपए चाय समोसे पर खर्च किये हैं। जबकि आजम खान ने 2286620 रुपए चाय समोसे पर खर्च कर दिये। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 15 मार्च 2012 से 15 मार्च 2016 के बीच चाय समोसे पर खर्च किये गये आंकड़ों को सदन में रखा।
72 कैबिनेट व राज्यमंत्रियों ने खर्चे 9 करोड़
गत चार वर्ष में सपा के मंत्रियों ने अपनी पॉकेट मनी जोकि 8 करोड़ 78 लाख 12 हजार व 474 रुपए है खर्च कर दिये। इस रूपए को खर्च करने में 72 कैबिनेट व राज्य मंत्री शामिल हैं।
शिवपाल सिंह यादव ने नहीं खर्चे एक भी रुपए
एक तरफ जहां अरुणा कोरी ने सबसे अधिक पैसे खर्च किये तो शिवपाल सिंह यादव ने एक भी रुपए नहीं खर्च किये। जबकि राजा भैया ने 7 लाख रुपए चाय समोसे में खर्च किये हैं। आपको बता दें कि यह राशि पॉकेट मनी का हिस्सा होती है।
हर रोज मिलती हैं 2500 रुपए की पॉकेट मनी
आपको बता दें कि हर रोज सचिवालय प्रशासन की ओर से 2500 रुपए मंत्रियों को दिये जाते हैं। जिसमें देशभर में घूमने पर इन मंत्रियों को 3 हजार रुपए हर रोज मिलते हैं। इसका लाभ कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार मंत्री व राज्य मंत्रियों को मिलता है।