Home Blog Page 86

भट्टा मुनीम की आकस्मिक मौत, चूल्हे के पास पड़ा मिला पैरों से जला शव

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना कादरीगेट क्षेत्र अंतर्गत एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मुनीम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय रघुवीर पुत्र पुत्तूलाल निवासी कुइया खेड़ा, थाना शमशाबाद के रूप में हुई है। वह बीपी ईंट भट्ठा, थाना कादरीगेट क्षेत्र में मुनीमी का कार्य करते थे।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात किसी समय रघुवीर की मृत्यु हो गई। शनिवार सुबह उनका शव ईंट भट्ठे पर ही चूल्हे के पास पड़ा मिला, जिसमें उनके पैर जली अवस्था में पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना कादरीगेट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस नें शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया| पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

रामनगरिया मेले में विकास प्रदर्शनी का प्रभारी मंत्री ने किया शुभारंभ

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को मेला श्री रामनगरिया में स्थापित विकास प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करना है।
शुभारंभ के पश्चात मंत्री जयवीर सिंह ने प्रदर्शनी परिसर में 30 विभागों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित 40 स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति लाभ प्राप्त कर सकें।
निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री सांस्कृतिक पंडाल पहुंचे, जहां चल रही धार्मिक कथा में उन्होंने सहभागिता की और श्रद्धालुओं से संवाद किया। इसके उपरांत मंत्री ने सूचना विभाग द्वारा स्थापित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभागीय प्रयासों की सराहना की। मंत्री ने कहा कि विकास प्रदर्शनी से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिल रही है, जिससे शासन की जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु व मेले में आए दर्शक उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने की विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद फर्रूखाबाद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक से पूर्व मंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया।
मंत्री जयवीर सिंह ने कृषि विभाग की सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत दो किसानों को रोटावेटर तथा एक लाभार्थी को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। इसके बाद पांच दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं पांच को हीयरिंग किट वितरित की गई। शीतलहर को देखते हुए 20 जरूरतमंदों को कंबल भी प्रदान किए गए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को 7 करोड़ 9 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि के चेक वितरित किए गए। उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन/एससीपी राज्य सेक्टर योजना के तहत 10 लाभार्थियों को संकर सब्जी बीज दिए गए। कृषि विभाग की सोलर पंप योजना में चयनित पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी गई।
उद्योग विभाग की योजनाओं के अंतर्गत मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के दो लाभार्थियों, एक जनपद एक उत्पाद योजना के एक लाभार्थी तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के एक लाभार्थी को चेक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के पांच, समाज कल्याण विभाग की राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के पांच तथा श्रम विभाग की मातृत्व शिशु बालिका मदद योजना के पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए।
इसके पश्चात मंत्री ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा की। एनएचएआई के जेई ने बताया कि बेवर–फर्रूखाबाद मार्ग के गड्ढे भर दिए गए हैं, पुलियों के ज्वाइंट ठीक कर दिए गए हैं तथा रेलिंग ड्राइंग के अनुरूप लगाई गई है।
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने खराब ट्रांसफार्मरों को समय से न बदले जाने की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। छात्रवृत्ति योजनाओं की खराब रैंकिंग पर भी मंत्री ने असंतोष व्यक्त किया और जिलाधिकारी को विशेष समीक्षा करने को कहा। मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, 102 एंबुलेंस सेवा, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं की रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता सुधार के लिए स्थलीय निरीक्षण कराने के भी निर्देश दिए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ रहे|

खिली धूप तो मिली राहत,आम जनमानस ने ली राहत की सांस

फर्रुखाबाद:(नगर संबाददाता) बीते कई दिनों से कड़ाके की सर्दी कि मार झेल रहे जनपदवासियों के लिए आज सुबह से निकली खिली धूप किसी संजीविनी से कम नहीं है|आज सुबह से खिली तेज धूप का लोग जमकर लुत्फ उठा रहे है। पार्क, सार्वजनिक स्थल व घरों की छत में लोगों ने धूप का आनंद ले रहे है। बीते कई दिनों से बदली के चलते गलन बढ़ गई थी। लोग बिना काम के घरों से बाहर नहीं निकल रहे थे। अलाव आदि सहारा बना था। शनिवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा। आठ बजे के करीब सूर्य देव के दर्शन हुए और खिली धूप को देखकर लोगो के चेहरे खिल उठे| मौसम की प्रतिकूलता से फसलों की सुरक्षा को लेकर चितित किसानों के चेहरे धूप निकलने से खिल गए हैं।आज मौसम सही होने से आम जनमानस ने राहत की सांस ली|

पुलिस की चेतावनी के बाद संडे बाजार कों लेकर प्रस्तावित मशाल जुलूस निरस्त

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर के चौक से नेहरू रोड तक रविवार बाजार प्रशासन द्वारा न लगाए जाने के विरोध में फुटपाथ दुकानदारों द्वारा प्रस्तावित मशाल जुलूस पुलिस की सख्ती के चलते नहीं निकल सका। व्यापारी नेता अंकुर श्रीवास्तव की अगुवाई में यह मशाल जुलूस शुक्रवार शाम करीब पांच बजे चौक से घुमना तक निकाले जाने की योजना थी।

जुलूस की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह पुलिस बल के साथ समय से पहले ही चौक पहुंच गए और व्यापारियों को बिना अनुमति मशाल जुलूस न निकालने की चेतावनी दी। इस दौरान कोतवाल और व्यापारी नेता अंकुर श्रीवास्तव के बीच कुछ देर के लिए हल्की नोकझोंक भी हुई।
कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिना प्रशासनिक अनुमति किसी भी प्रकार का मशाल जुलूस निकालने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही व्यापारियों को सलाह दी कि वे अपनी समस्या सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष रखें। मामले की जानकारी कोतवाल द्वारा सीओ सिटी को भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रशासन और व्यापारी प्रतिनिधियों के बीच शीघ्र बैठक कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा। पुलिस की सख्ती और मुकदमे की चेतावनी के बाद व्यापारी बिना मशाल जुलूस निकाले ही वापस लौट गए।

अश्लील मैसेज भेजनें में सांसद के पुत्र नें दर्ज कराया केस

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सांसद मुकेश राजपूत के पुत्र अमित राजपूत ने थाना कादरीगेट में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि बीते लगभग 10–11 महीनों से अज्ञात मोबाइल नंबरों और एक फर्जी फेसबुक आईडी के माध्यम से प्रार्थी की पत्नी के नाम का दुरुपयोग कर अश्लील मैसेज भेजे जा रहे हैं तथा जानबूझकर परिवार की सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अमित राजपूत के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप कॉल, टेक्स्ट मैसेज और फेसबुक पोस्ट के जरिए न केवल उन्हें बल्कि उनके परिजनों और परिचितों को भी आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं। हाल के दिनों में अज्ञात आरोपी द्वारा सांसद मुकेश राजपूत के चरित्र पर भी टिप्पणी करते हुए एक महिला के साथ फोटो वायरल की गई, जिससे परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
अमित राजपूत का कहना है कि आरोपी को उनके परिवार की पूरी जानकारी है, इसी कारण लगातार मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। इस मामले में पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका। लगातार मिल रहे मैसेज और कॉल के कारण पूरा परिवार मानसिक तनाव में है। थाना कादरीगेट पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी|

सातनपुर आलू मंडी में भावों में उछाल, आढ़तियों की बैठक में भुगतान व भाव खोलने का समय तय

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर आलू मंडी में आलू के भाव में 50 रुपये का उछाल दर्ज किया गया। मंडी में सफेद आलू 401 से 561 रुपये प्रति कुंतल तथा लाल आलू 751 रुपये प्रति कुंतल तक बिका। मंडी में कुल आवक करीब 80 मोटर रही। भाव बढ़ने के चलते किसानों की बिकवाली संतोषजनक रही और दिन भर व्यापार सुचारु रूप से चला।
आढ़तियों की अहम बैठक आयोजित
इसी क्रम में आज सातनपुर आलू मंडी परिसर में आढ़तियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रतिदिन सुबह 8 बजे समस्त आढ़ती व व्यापारियों की उपस्थिति में आलू का भाव खोला जाएगा। इसके साथ ही यह भी तय हुआ कि खरीदारों द्वारा भुगतान 8 से 15 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा।
किसानों को शीघ्र भुगतान का रास्ता साफ
बैठक में यह भी सहमति बनी कि आलू विक्रय के भाव के अनुसार 6 आर दिए जाएंगे। आढ़तियों ने बताया कि अब तक भुगतान की समय-सीमा तय न होने के कारण कई बार महीनों तक भुगतान अटका रहता था, जिससे आढ़तियों के साथ-साथ किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नए निर्णय से किसानों को समय पर भुगतान मिलने की उम्मीद जताई गई है।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में आलू आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर वर्मा, रिंकू, श्रीचंद मिश्रा, हरिनरायन यादव, रामलड़ैते राजपूत, ओमकार सिंह यादव, नीलेश दीक्षित, ओमप्रकाश सेतिया, अरविन्द राजपूत, हरीबाबू गुप्ता, लक्ष्मन गुप्ता, प्रवीन पाल, गौरव गंगवार, हरिश्चंद्र राजपूत, मनोज गंगवार, विकास यादव, रमन दीक्षित, प्रमोद यादव, अशोक श्रीवास्तव, प्रदीप शाक्य, देवकीनंदन वर्मा सहित बड़ी संख्या में आढ़ती व व्यापारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन रामलड़ैते राजपूत ने किया तथा अध्यक्षता हरिनरायन यादव ने की।

पांच चौकी प्रभारी सहित आठ उप निरीक्षकों के तबादले

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बीती रात 5 चौकी प्रभारी सहित आठ उप निरीक्षकों की तैनाती में फेर बदल कर दिया है| जिससे महकमें में हड़कंप मचा हैं | थाना मऊदरवाजा से उप निरीक्षक मुनीर खान को थाना कादरी गेट भेजा गया है, कोतवाली मोहम्मदाबाद के उप निरीक्षक अनुज कुमार को थाना शमशाबाद के चिलसरा चौकी का प्रभारी बनाया गया है, थाना जहानगंज में तैनात दरोगा धीरज कुमार को थाना कम्पिल के सिवारा चौकी का इंचार्ज , चिलसरा चौकी के उप निरीक्षक जगभान सिंह को थाना मेंरापुर के सिवारा चौकी का इंचार्ज बनाया गया है, कम्पिल की सिवारा चौकी के इंचार्ज प्रमोद कुमार को कोतवाली फतेहगढ़ की याक़ूतगंज चौकी , चौकी प्रभारी राहुल कुमार को थाना मऊदरवाजा भेजा गया है, पुलिस लाइन में प्रतीक्षारत उप निरीक्षक अवधेश कुमार अवस्थी को थाना जहानगंज में तैनाती दी गयी हैं, पुलिस लाइन से उप निरीक्षक कल्पेश कुमार चौधरी को शहर कोतवाली की रेलवे रोड चौकी का इंचार्ज बनाया गया है|

डीसीएम की टक्कर से कोटेदार के पति की मौत

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) बाइक से जा रहे हैं कोटेदार के पति को डीसीएम में टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार को कोटेदार के पति की मौत हो गई, उसके बाइक सबार दो साथी उसकी घायल हो गए, जिसमे से एक की हालत गंभीर होने से उसे सीएससी से लोहिया अस्पताल में रिफर किया गया| थाना कमालगंज क्षेत्र के पूरनपुर सिधौली निवासी 25 वर्षीय जीतू पुत्र मलखान सिंह की पत्नी संगीता गांव की कोटेदार है, गुरुवार को जीतू अपने साथी शिवपाल पुत्र रामपाल विकास पुत्र खुन्नू लाल के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था इस समय कटरौली पट्टी के निकट डीसीएम ने तीनों बाइक सबारों को टक्कर मार दी, जिससे जीतू व शिवपाल गंभीर रूप से घायल हो गए, डीसीएम का पहिया जीतू के सिर से ऊपर से निकल गया, जिससे जीतू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवपाल घायल उसके साथी विकास को सीएससी में भर्ती किया गया, हालत गंभीर होने पर शिवपाल को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया जीतू के दो पुत्र हैं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया|

मतदाता सूची का गहन सत्यापन करें कार्यकर्ता: राम किशोर साहू

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री राम किशोर साहू जनपद प्रवास के दौरान मसेनी रोड स्थित एक हॉस्पिटल में आयोजित जिला संगठनात्मक बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह ने भी संगठनात्मक विषयों पर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य अतिथि राम किशोर साहू ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। अब संगठन के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मतदाता सूची का गहनता से अवलोकन करें। जो लोग मतदाता बनने से वंचित रह गए हैं, उनके फॉर्म संख्या-6 भरवाकर जमा कराने का कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि मतों के आधार पर ही सत्ता का निर्धारण होता है, इसलिए संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बेहद जरूरी है। भाजपा को देश की सबसे लोकप्रिय पार्टी बनाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह ने कहा कि संगठन द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान संगठन का सबसे महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए नई मतदाता सूची का गंभीरता से सत्यापन किया जाए। यदि पार्टी विचारधारा से जुड़े किसी मतदाता का नाम सूची से कट गया हो तो ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भरकर उसे पुनः जुड़वाने का कार्य किया जाए। संचालन जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार, महामंत्री हिमांशु गुप्ता जिला महामंत्री डीएस राठौर जिला महामंत्री सुनील रावत जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता जिला उपाध्यक्ष अतुल दीक्षित जिला उपाध्यक्ष जय गंगवार, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, पूर्व जिला महामंत्री डॉ. प्रभात अवस्थी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, शिवांग रस्तोगी आदि रहे|