फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद जिला व रेलवे प्रशासन में उस समय हड़कंप मच गया, जब भिवानी से प्रयागराज जा रही कालिंदी एक्सप्रेस में रविवार को बम होने की सूचना मिली । सूचना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को प्लेटफार्म पर करीब दो घंटे 29 मिनट तक रोके रखा गया। गहन जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर ट्रेन को कानपुर की ओर रवाना किया गया।
रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे कालिंदी एक्सप्रेस लगभग छह घंटे की बिलम्ब से प्लेटफार्म नंबर 4 पर पहुंची थी। इसी दौरान थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर नगला विनायक निवासी यात्री श्यामू उर्फ सुमोद कुमार श्रीवास्तव ने स्टेशन कार्यालय में सूचना दी कि ट्रेन में बम रखा है और विस्फोट हो सकता है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। एहतियातन पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और
शहर कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी, आरपीएफ थाना प्रभारी ओम प्रकाश मीणा भी स्टेशन पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद ट्रेन के सभी कोचों की सघन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान यात्रियों में दहशत फैल गई और कई यात्री सुरक्षा के चलते ट्रेन से उतर आए। हालांकि जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद दोपहर करीब 12.55 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। आरपीएफ ने सूचना देने वाले यात्री से पूछताछ शुरू कर दी है। आरपीएफ थाना प्रभारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि यात्री की बहन, जो दिल्ली के सोनी बिहार में रहती हैं, से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि श्यामू मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय नें बताया की बम की सूचना फर्जी निकली हैं, सूचना देने वाले शख्स का दिमाग का इलाज चल रहा हैं| फिलहाल पुलिस पड़ताल में लगी हैं, ट्रेन कों सकुशल रवाना किया गया हैं |
कालिंद्री एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से हड़कंप, 2 घंटे चली जांच के बाद रवाना
जिले के सभी बूथों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची पढ़कर सुनाने का चला अभियान
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के सभी बूथों पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सभी बीएलओ (बीएलओ) मतदाता सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया।
बीएलओ द्वारा ड्राफ्ट मतदाता सूची में काटे गए नामों को भी स्पष्ट रूप से पढ़कर सुनाया गया, ताकि किसी भी मतदाता को भ्रम न रहे।
इस अभियान के दौरान जिलाधिकारी अशुतोष कुमार द्विवेदी ने जिले की चारों विधानसभाओं के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। बूथों पर फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने हेतु) और फॉर्म-8 (संशोधन हेतु) भी उपलब्ध कराए गए हैं। जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित बनाया जाए और किसी भी पात्र मतदाता का नाम न छूटने पाए। बूथों पर जरूरतमंद मतदाता पहुंचकर अपने नाम की जांच एवं सुधार करा रहे हैं।


एंबुलेंस में अधेड की मौत, चालक ने शव सड़क किनारे फेंका
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के दौलतपुर के निकट एक संवेदनहीन घटना सामने आई, जहां प्राइवेट एंबुलेंस चालक ने फरीदाबाद से घर लौट रहे 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद उसका शव सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गया|
मृतक की पहचान अमरीश पुत्र भजनलाल, निवासी अलादपुर भटौली, थाना अमृतपुर के रूप में हुई है। बताया गया है कि अमरीश पिछले करीब 15 वर्षों से फरीदाबाद-दिल्ली में नौकरी कर रहे थे। फरीदाबाद में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिस पर उन्होंने अपने भतीजे अरविंद को फोन कर जानकारी दी। भतीजे की सलाह पर अमरीश प्राइवेट एंबुलेंस से अपने पैतृक गांव लौट रहे थे।
रास्ते में उनकी हालत और बिगड़ गई और एंबुलेंस में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद अमानवीयता की हद पार करते हुए एंबुलेंस चालक ने दौलतपुर चकई के पास शव को सड़क किनारे फेंक दिया। हालांकि
चालक ने मृतक की जेब में पहचान के लिए नाम-पते का एक पर्चा छोड़ दिया। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद राजेपुर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव की तलाशी लेने पर जेब से पहचान पर्चा बरामद हुआ। इसके आधार पर मृतक के भतीजे अरविंद को बुलाया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि अमरीश की मौत पहले ही हो चुकी थी, और मामले की जांच की जा रही है।

ई-रिक्शा हादसे में बुझ गई मासूम की जिंदगी, मां घायल
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शनिवार का दिन एक परिवार के लिए कभी न भूल पाने वाला दर्द छोड़ गया। थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र में जसई तिराहा–कायमगंज मार्ग पर एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार आठ वर्षीय बच्ची तेजस्वी उर्फ पंछी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां शिल्पी घायल हो गईं।
तेजस्वी अपनी मां के साथ रेलवे स्टेशन जा रही थी। दोनों को वहां से कन्नौज में रहने वाली नानी के घर जाना था। मासूम तेजस्वी मोहल्ला बजरिया मौलवी बदन खां, जज साहब की कोठी की रहने वाली थी और कक्षा दो में पढ़ती थी। अचानक हुए हादसे में ई-रिक्शा पलट गया और तेजस्वी उसके नीचे दब गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक घबराकर मौके से भाग निकला। पास ही पूड़ी-कचौड़ी की दुकान चलाने वाले बच्ची के चाचा कन्हैया ने घटना देखी और तुरंत बच्ची को एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर रायपुर चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार यादव और कांस्टेबल संदीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।
तेजस्वी अपने पिता आनंद श्रीवास्तव की सबसे छोटी संतान थी। आनंद बजरिया चौकी के पास पूड़ी-कचौड़ी की दुकान चलाते हैं। परिवार में उसके तीन बड़े भाई-बहन वंशिका, आशिक और आराफ़ हैं। चाचा कन्हैया ने बताया कि तेजस्वी पूरे मोहल्ले की लाडली थी। परिजन रिश्तेदारों के आने के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेंगे।
दबंगों ने देवर-भाभी को पीटा, दंपति समेत आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर क्षेत्र के ग्राम तुसौर निवासी मुकेश सिंह पुत्र छोटे सिंह ने थाने में तहरीर देकर गांव के ही लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार 15 जनवरी 2026 को करीब 3 बजे वह अपनी छत पर सर्दी के कारण धूप सेंक रहा था। इसी दौरान रिश्तेदार घर आ गए। वह चाय-नाश्ता कराने के लिए छत से नीचे उतरा ही था कि पास में रहने वाले महेश पुत्र लल्ला ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मुकेश ने गाली देने से मना किया तो महेश, उसकी पत्नी पूनम, योगेन्द्र उर्फ लल्ला पुत्र छविनाथ, उसकी पत्नी नन्ही देवी, उनका पुत्र शिवम तथा महेश के पिता लल्ला पुत्र छूट्ट एकजुट होकर लात-घूंसों व डंडों से मुकेश के साथ मारपीट करने लगे। शोर सुनकर जब मुकेश की भाभी किरन पत्नी दिनेश बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना में मुकेश व किरन दोनों को चोटें आईं।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दंपति सहित आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


शहीदों के इतिहास से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें युवा: बॉबी दुबे
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पांचाल घाट स्थित गंगा तट पर आयोजित मेला रामनगरिया के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित संगठन का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वंशजों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बॉबी दुबे ने सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वंशजों को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को शहीदों और क्रांतिकारियों के इतिहास को पढ़कर उससे प्रेरणा लेनी चाहिए। देश की आज़ादी क्रांतिकारियों के बलिदान और खून से मिली है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
क्रांतिकारी वंशज संगठन के जिलाध्यक्ष रितेश शुक्ला एवं महामंत्री अरविंद शुक्ला ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और संघर्ष से अवगत कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में कुलभूषण श्रीवास्तव, पंकज दुबे, अजय कुमार, पंकज गंगवार, अरविंद कुमार, ओम प्रताप, जी.एस. राठौर, प्रदुमन पालीवाल, वैभव सोमवंशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
किशोरी की फांसी लगने से मौत, छत के कुंडे से लटकी मिली लाश
फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी ने छत के कुंडे से दुपट्टेस फांसी लगा ली। इससे उसकी मौत होगई। किशोरी की मौत पर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
थाना क्षेत्र के लोहिया नगर में 16 वर्षीय किशोरी देवकी उर्फ नैना अपनी मां गुड्डी और भाई अंकुर के साथ रहती थी। शनिवार सुबह मां आलू बिनने के लिए कोल्ड गई हुई थी। भाई अंकुर भी किसी काम शीघ्र से बाहर चला गया था। तभी देवकी ने छत में लगे कुंडे में दुपट्टे से फांसी लगा ली। दोपहर बाद अंकुर घर आया ,
उसने दरवाजे पर कुंडी बजाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो अंकुर को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद वह दीवार कूदकर घर के अंदर दाखिल हुआ। घर के अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि उसकी बहन देवकी छत के कुंदे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थी। यह देख वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा, जिससे
आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। परिजनों और मोहल्ले के लोगों की मदद से देवकी को तत्काल नीचे उतारा गया और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची ।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

दीपक की लौ से लगी आग, गृहस्थी का सामान जलकर राख, नकदी व कपड़े खाक
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम नगला हुसा में पूजा के दौरान जल रहे दीपक की लौ से अचानक घर में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कमरे में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से नकदी सहित दहेज का सामान, कपड़े और अन्य घरेलू वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं।
पीड़िता कलावती ने बताया कि पूजा करने के बाद वह बाहर चबूतरे पर
आग तापने लगी थीं, तभी कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। जब वह अंदर पहुंचीं तो गृहस्थी का सामान जलता देख उनके होश उड़ गए। उस समय बहू स्नान कर रही थी, आग की जानकारी होते ही वह भी घबरा गई।
कलावती के अनुसार कमरे में रखा दहेज का सामान भी आग की चपेट में आ गया। करीब 10 हजार रुपये नकद, दो दर्जन से अधिक बक्सों में रखी साड़ियां, सोफा सेट, रजाई-गद्दे सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घर के मुखिया हवलदार पुत्र राधेश्याम उस समय मजदूरी के लिए गांव में ही बाहर गए हुए थे। घर में सास, बहू, बच्चे व लड़कियां मौजूद थीं।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नल के पानी से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना ग्राम प्रधान रामबरन को दी गई, जो मौके पर पहुंचे। प्रधान द्वारा लेखपाल को फोन किया गया, लेकिन लेखपाल ने फोन नहीं उठाया, जिससे पीड़ित परिवार में नाराजगी देखी गई।
आवक कम, आलू के दामों में उछाल, 50 रुपये प्रति कुंतल की तेजी
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर मंडी में आज आलू की आमद में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसका सीधा असर कीमतों पर देखने को मिला। आमद कम होने के कारण आलू के भाव में 50 रुपये प्रति कुंतल की जोरदार तेजी आई और आलू 351 रुपये से लेकर 511 रुपये प्रति कुंतल तक बिका।
मंडी सूत्रों के अनुसार आज सातनपुर मंडी में आलू की कुल आमद मात्र 50 मोटर रही, जबकि बीते दिनों यह संख्या कहीं अधिक थी। आमद घटने से व्यापारियों के बीच खरीद को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ गई, जिससे दामों में उछाल आया। सुबह के समय से ही मंडी में तेजी का माहौल बना रहा।
किसानों का कहना है कि पिछले दिनों शीतलहर और मौसम की मार के चलते खेतों से आलू की खुदाई प्रभावित हुई थी, जिसका असर अब मंडी में साफ दिखाई देने लगा है। आमद घटने से जहां व्यापारियों को ऊंचे दाम चुकाने पड़े, वहीं किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
व्यापारियों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में भी आलू की आवक कम बनी रही तो कीमतों में और तेजी आ सकती है। वहीं उपभोक्ताओं के लिए आलू महंगा होने की चिंता भी बढ़ने लगी है।
रेलवे रोड चौड़ीकरण 10 मीटर करने को व्यापारियों ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रेलवे रोड़ निर्माण को लेकर फिर रार हो गयी है, जिससे फिलहाल निर्माण को एक बार फिर से ग्रहण लगा है| फैम व उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल नें सड़क का चौड़ीकरण 10 मीटर करनें की मांग रखते हुए सांसद मुकेश राजपूत से मांग की है|
व्यापारियों नें कहा की विगत लगभग 3 सालों पूर्व रेलवे रोड़ तोड़ा गया था, उस दौरान यह कहा गया था की रेलवे रोड़ नये निर्माण में 10 मीटर हॉट मिक्स रोड़ व 1.2 मीटर फुटपाथ बनाया जाना तय हुआ था| लेकिन बीते दिन नगर पालिका द्वारा सड़क निर्माण का शिलान्यास किया गया, जिसमे 7 मीटर सड़क निर्माण व 1.74 मीटर फुटपाथ बनाने की बात की गयी, जिसका व्यापार मंडल नें विरोध किया था| सांसद मुकेश राजपूत को उनके आईटीआई चौराहा ठंडी सड़क आवास पर ज्ञापन देकर सड़क की चौड़ाई 10 मीटर करनें की मांग रखी गयी है| सांसद नें जिलाधिकारी को पत्र लिखकर सड़क की चौड़ाई 10 मीटर करनें को कहा है|
इस दौरान फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा,उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला, गोपाल सिंह राठौर, विशाल दुबे, नितेश वर्मा, अभिषेक वाजपेयी आदि रहे| 




