एंबुलेंस में अधेड की मौत, चालक ने शव सड़क किनारे फेंका

0
417

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के दौलतपुर के निकट एक संवेदनहीन घटना सामने आई, जहां प्राइवेट एंबुलेंस चालक ने फरीदाबाद से घर लौट रहे 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद उसका शव सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गया|
मृतक की पहचान अमरीश पुत्र भजनलाल, निवासी अलादपुर भटौली, थाना अमृतपुर के रूप में हुई है। बताया गया है कि अमरीश पिछले करीब 15 वर्षों से फरीदाबाद-दिल्ली में नौकरी कर रहे थे। फरीदाबाद में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिस पर उन्होंने अपने भतीजे अरविंद को फोन कर जानकारी दी। भतीजे की सलाह पर अमरीश प्राइवेट एंबुलेंस से अपने पैतृक गांव लौट रहे थे।
रास्ते में उनकी हालत और बिगड़ गई और एंबुलेंस में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद अमानवीयता की हद पार करते हुए एंबुलेंस चालक ने दौलतपुर चकई के पास शव को सड़क किनारे फेंक दिया। हालांकि चालक ने मृतक की जेब में पहचान के लिए नाम-पते का एक पर्चा छोड़ दिया। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद राजेपुर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव की तलाशी लेने पर जेब से पहचान पर्चा बरामद हुआ। इसके आधार पर मृतक के भतीजे अरविंद को बुलाया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि अमरीश की मौत पहले ही हो चुकी थी, और मामले की जांच की जा रही है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]