Home Blog Page 74

दर्शन से लौटते समय काल बना डंपर, मौसी-भांजे की मौत

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कैची धाम से दर्शन कर लौट रहे मौसी-भांजे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह दिल दहला देने वाला हादसा मोहम्मदाबाद के इटावा-बरेली हाईवे पर हुआ, जहां अज्ञात डंपर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय सुनील कुशवाह पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र कुशवाह, निवासी वार्ड नंबर-30 वीरेंद्र नगर, थाना भिंड, मध्य प्रदेश तथा उनकी मौसी35 वर्षीय कांति कुशवाह पत्नी रवि कुशवाह, निवासी ग्वालियर के रूप में हुई है। बताया गया कि सभी लोग कार से कैची धाम दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
हादसे में कार सवार संजय कुशवाह, ऋषि कुशवाह, नीलम कुशवाह और अंजना कुशवाह को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही रात्रि में चौकी प्रभारी जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को डायल-108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भिजवाया। मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया।
सुबह उप निरीक्षक जसवीर सिंह द्वारा पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक सुनील दो भाइयों में छोटा था और एमए का छात्र था। वहीं मृतिका कांति कुशवाह के पति रवि कुशवाह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मृतका कांति के तीन बच्चे हैं, 14 वर्षीय आयुष,12 वर्षीय मानसी एवं 8 वर्षीय श्री हैं| हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

देशभक्ति के रंग में रंगा स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग का गणतंत्र दिवस समारोह

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सरैया फर्रुखाबाद में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं भारत माता की पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात संस्था अध्यक्ष विनोद कुमार अग्निहोत्री द्वारा ध्वजारोहण किया गया, जिसके साथ राष्ट्रगान गूंजा और वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इसके साथ ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता एवं निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
संस्था के डायरेक्टर डॉ. सचिन दुबे ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था, जिसका निर्माण भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे लंबा लिखित संविधान है और हम सभी का दायित्व है कि हम इसके मूल्यों का सम्मान करें।
कार्यक्रम में प्रबंधक अनुराग दुबे ने सभी छात्र-छात्राओं को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दीं। इस अवसर पर ट्रस्टी शिवस्वरूप पाठक, अभिषेक मिश्रा तथा संस्था के प्राचार्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

साबधान:प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज,बारिश की सम्भावना

0

लखनऊ:उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने का पूर्वानुमान मौसम विभाग द्वारा जारी किया गया है सभी प्रदेशवासियों को मौसम के बदलते मिजाज से साबधान रहने की जरुरत है|मौसम बिभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 27 जनवरी को बारिश बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी यूपी में घना कोहरा छाने की संभावना है। आगामी पश्चिमी विक्षोभ के कारण 27-28 जनवरी को कई हिस्सों में वर्षा होगी, जिससे न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के उत्तरी पश्चिमी भाग में गत शुक्रवार को हुई वर्षा से न्यूनतम तापमान में गिरावट आनी शुरू हो गई। वर्षा का दौर थमने के साथ ही प्रदेशभर में आगामी 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।आगामी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27-28 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा के आसार बन रहे हैं।

गन्ना लदे ट्रैक्टर की टक्कर से घायल की मौत, मचा कोहराम

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र में गन्ना लदे ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निकट हुआ था।
जानकारी के अनुसार डबरी निवासी 38 वर्षीय कृष्ण मुरारी पुत्र रसाल सीएचसी से दवा लेकर पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार गन्ना लदे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राहगीरों की मदद से घायल कृष्ण मुरारी को राजेपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉ. परमीत राजपूत ने उन्हें जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार सीएचसी पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने मौके से गन्ना लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि युवक की मौत हो चुकी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

गणतंत्र दिवस पर धूमधाम से निकली वंदे मातरम् यात्रा, जगह-जगह हुई पुष्प वर्षा


फर्रुखाबाद (जेएनआई ब्यूरो):नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर में हिंदू महासभा के तत्वावधान में भव्य वंदे मातरम् यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह यात्रा का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास महाराज के नेतृत्व में निकली इस वंदे मातरम् यात्रा में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तिरंगा और भगवा ध्वजों से सजी यात्रा देशभक्ति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही थी। यात्रा का शुभारंभ पांडेश्वर नाथ शिवालय से हुआ। रथ पर भारत माता का भव्य स्वरूप विराजमान था, वहीं खुली जीप में महंत ईश्वर दास महाराज सवार रहे। यात्रा रेलवे रोड, चौक, नेहरू रोड, घुमना बाजार, लाल सराय, लाल दरवाजा और बस अड्डा होते हुए बद्री विशाल डिग्री कॉलेज के निकट स्वराज कुटीर पर सम्पन्न हुई।

यात्रा में शामिल श्रद्धालु डीजे की देशभक्ति धुनों पर झूमते नजर आए। शिव शक्ति अखाड़ा प्रमुख मधुराम शरण शिवा अपने साथियों के साथ यात्रा में शामिल हुए। अखाड़े के युवाओं ने लाठी और तलवार के आकर्षक करतब दिखाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
यात्रा के दौरान कई स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद कुछ स्थानों पर अव्यवस्था देखी गई, जिससे आयोजकों में नाराजगी दिखाई दी। वहीं स्थानीय लोगों एवं दुकानदारों ने अपनी छतों से यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
इस अवसर पर महंत ईश्वर दास महाराज ने कहा कि वंदे मातरम् यात्रा हमें एकजुट रहने और राष्ट्रभक्ति का संदेश देती है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। वहीं मधुराम शरण शिवा ने कहा कि यात्रा के दौरान साथियों द्वारा दिखाई गई एकजुटता यह दर्शाती है कि समाज संगठित हो रहा है। गणतंत्र दिवस पर आयोजित यह यात्रा देशभक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक है।फैम व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज मिश्रा नें टीम के साथ घुमना पर यात्रा का स्वागत किया | चौक पर हनुमान चालीसा का पाठ हुआ|
यात्रा में हिंदू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष सौरव मिश्रा, जिला अध्यक्ष क्रांति पाठक सहित आचार्य डॉ. सर्वेश कुमार शुक्ला, भास्कर दत्त द्विवेदी,मटर लाल दुबे विनोद अग्निहोत्री, डॉ. अविनाश पांडेय, पंकज दीक्षित, आलोक त्रिवेदी, अरुण दुबे बाबा, प्रमोद दीक्षित, संजय वर्मा, शिबू वाजपेयी, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा, केदार शाह, डॉ. राघवेंद्र अग्निहोत्री, विशाल दुबे, आदित्य दीक्षित, नारायण दत्त द्विवेदी, अजय दुबे अज्जू,गौरव यादव राणा, डॉ. अरुण अग्निहोत्री, योगेश गुप्ता, महामंत्री डॉ. संजीव त्रिपाठी, देवेंद्र सक्सेना,डॉ. आशीष यादव,सत्यपाल सिंह, पंकज अवस्थी, बॉबी दुबे, रोहित दीक्षित, पालसेना जिलाध्यक्ष पंकज पाल, विमलेश कश्यप, सुरजीत पाल, सौरभ गुप्ता, गोपाल सक्सेना, सत्यभान झा, गोपाल सक्सेना, चंद्रशेखर शर्मा, आलोक मिश्रा, धीरज अग्निहोत्री, अजय दुबे अज्जू, सचिन दुबे, शिवम दुबे, अनिल तिवारी, रामू मिश्रा, सदानंद शुक्ला, रानू दीक्षित, विकास पांडेय, सोनी शुक्ला, रितेश दीक्षित,भप्पू सोनी, राजीव चतुर्वेदी, पवनेश कुमार पिंकू, राम जी शुक्ला रहे |

डिजिटल मंच से सांस्कृतिक विरासत का प्रचार, मंत्री नें किया सम्मानित

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर फर्रुखाबाद के युवा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शिवम् मिश्रा को शहर की सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह द्वारा सम्मानित किया गया।
शिवम् मिश्रा इंस्टाग्राम पर “फर्रुखाबाद मेरी जान” नामक चैनल का संचालन करते हैं, जिसके माध्यम से वे फर्रुखाबाद की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक परंपराओं एवं पर्यटन स्थलों को निरंतर प्रचारित कर रहे हैं। बीते कई वर्षों से उन्होंने मेला श्रीरामनगरिया सहित फर्रुखाबाद के विभिन्न प्रमुख स्थलों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत कर जिले के पर्यटन को नई पहचान दिलाई है।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शिवम् मिश्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे युवा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर प्रदेश के पर्यटन को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके कार्यों से न केवल फर्रुखाबाद बल्कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक छवि को भी मजबूती मिली है।
सम्मान प्राप्त होने पर शिवम् मिश्रा ने इसे फर्रुखाबाद की जनता का सम्मान बताते हुए कहा कि वे आगे भी अपने शहर की धरोहर और पर्यटन को पूरे समर्पण के साथ प्रमोट करते रहेंगे।

ट्रैक्टर चालकों को किया गया जागरूक, चार ट्रक सीज

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्रीरामनगरिया मेला क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रालियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं यातायात प्रभारी सत्येन्द्र कुमार द्वारा ट्रैक्टर चालकों को जागरूक किया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान ट्रैक्टर चालकों को रोककर उनके ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। इस दौरान उन्हें ट्रैक्टर-ट्राली में निर्धारित संख्या से अधिक सवारियां न बैठाने, तेज गति से वाहन न चलाने, इंडिकेटर का प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी जांच की गई कि कोई चालक मद्यपान की स्थिति में वाहन संचालन तो नहीं कर रहा है।
एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत द्वारा की गई कार्रवाई में एक ओवरलोड ट्रक को सीज करते हुए उस पर 53,000 का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा टैक्स बकाया के मामले में तीन अन्य ट्रकों को भी सीज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की चेकिंग एवं जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

अग्नि गाथा के नायक शहीद राम नारायण आजाद’ पुस्तक का विमोचन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों) श्रीरामनगरिया मेला के संस्कृति पंडाल में साहित्यकार भूपेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘अग्नि गाथा के नायक शहीद राम नारायण आजाद’ का विमोचन उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण के कर-कमलों से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर शहीद राम नारायण आजाद के वंशज बॉबी दुबे भी मंत्री के साथ मंच पर उपस्थित रहे।
बताया गया कि यह पुस्तक ऐतिहासिक दस्तावेजों के आधार पर लिखी गई है, जिसे लेखक भूपेन्द्र प्रताप सिंह ने लगभग दो वर्षों के शोध और परिश्रम के बाद तैयार किया है। मंत्री असीम अरुण ने पुस्तक की सराहना करते हुए शहीद आजाद के बलिदान को भावी पीढ़ी तक पहुँचाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया तथा उनके वंशज बॉबी दुबे को विशेष सम्मान दिया।
विमोचन कार्यक्रम में कायमगंज विधायक श्रीमती सुरभि गंगवार, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम प्रकाश तिवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, साहित्यकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मतदाता सूची जितनी शुद्ध होगी, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार भोजपुर स्थित विश्वविद्यालय परिसर में भव्य मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्रों ने भाषण के माध्यम से राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्रों को मतदाता शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि छात्रों ने मतदाता जागरूकता से जुड़े विषयों को सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक नागरिक को मताधिकार का अधिकार संविधान द्वारा प्रदान किया गया है, जो हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाता सूची की शुद्धता पर निर्भर करती है। मतदाता सूची जितनी शुद्ध होगी, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवाओं का मतदाता पहचान पत्र अवश्य बनवाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। यदि युवा अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करेंगे तो वे अपने अधिकारों को नहीं समझ पाएंगे। देश में बनने वाली नीतियां और मिलने वाले अधिकार सीधे तौर पर मतदान से जुड़े होते हैं। उन्होंने अपील की कि सभी मतदाता मतदान के दिन अपने घरों से निकलकर अनिवार्य रूप से मतदान करें, जिससे बेहतर जनप्रतिनिधि का चयन संभव हो सके। कार्यक्रम के दौरान स्वीप एवं एसआईआर कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, उप जिलाधिकारी सदर रजनी कांत पाण्डेय, अपर उप जिलाधिकारी सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र कुमार रहे |

श्रीरामनगरिया मेले में भारती मिश्रा के उपन्यास ‘लौ’ का लोकार्पण

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर को श्रीरामनगरिया मेला परिसर में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय पुरस्कृत शिक्षिका एवं साहित्यकार श्रीमती भारती मिश्रा के आठवें उपन्यास ‘लौ’ का लोकार्पण किया गया। यह भारती मिश्रा का आठवां उपन्यास है|
उपन्यास का लोकार्पण राष्ट्रीय ख्यातिलब्ध वरिष्ठ साहित्यकार शिवओम अम्बर, अपर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद, राष्ट्रीय स्तर के कवि एवं साहित्यकार प्रताप फौजदार, शम्भू शिखर, डॉ. कीर्ति काले (दिल्ली), गजेन्द्र प्रियांशु (बाराबंकी), गौरव चौहान (इटावा), अभय प्रताप सिंह (लखनऊ), बृजकिशोर सिंह ‘किशोर’, भूपेन्द्र प्रताप सिंह तथा महेश पाल सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भारती मिश्रा की माँईं, डाह, दमन, थपेड़े, मरीचिका, श्राप, गर्विता सहित कुल तेरह पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनके साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए जनपद के साहित्यकारों ने इस अवसर पर उन्हें शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में गीतकार उत्कर्ष अग्निहोत्री, वैभव सोमवंशी, प्रियांशु पाण्डेय, राममोहन शुक्ला, विशाल आदि रहे|