फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नगला मलू में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच बीते लगभग 14 वर्षों से न्यायालय फतेहगढ़ में मुकदमा विचाराधीन है। एक पक्ष में जगत सिंह, सेवानिवृत्त दारोगा हैं, जबकि दूसरे पक्ष में राज बहादुर, धर्मवीर सहित अन्य लोग शामिल हैं।
पीड़ित पक्ष के राजकुमार का आरोप है कि सेवानिवृत्त दारोगा जगत सिंह ने उनकी लगभग 10 फीट चौड़ी रास्ते की भूमि पर कब्जा कर उस पर भवन का निर्माण कर लिया है। मामले में न्यायालय के आदेश पर बीते 3 फरवरी को पुलिस बल मौके पर पहुंचा था, लेकिन भवन को ध्वस्त किए बिना ही वापस लौट गया। रविवार को एक बार फिर न्यायालय के आदेश के अनुपालन में क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, कोतवाली प्रभारी विनोद शुक्ला, अपराध निरीक्षक मुन्ना लाल पुलिस बल के साथ अमीन शिव ओम पाण्डेय एवं जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। कब्जे वाली भूमि पर बने भवन के हिस्से को ध्वस्त करने के लिए जेसीबी लगाई गई, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से जेसीबी भवन को नुकसान नहीं पहुंचा सकी।
इसके बाद पुलिस द्वारा कटर मशीन मंगाई गई, लेकिन वह भी काम नहीं कर सकी। हाथ से चलने वाली मशीन का भी प्रयोग किया गया, जो विफल रही। इस पूरी कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी जेसीबी मशीन से पहले माफिया अनुपम दुबे का चार मंजिला होटल और चौक स्थित टाइम सेंटर को ध्वस्त किया जा चुका है, लेकिन इस बार एक मंजिला भवन का छज्जा तक नहीं गिर सका। फिलहाल न्यायालय का आदेश दूसरी बार बिना अनुपालन के वापस लौट गया है, जिससे कार्रवाई की निष्पक्षता और प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा नें जेएनआई न्यूज कों बताया कि 10 फिट चौड़ा व 50 फिट लम्बी एक भूमि के टुकडे पर कब्जे का विवाद है | ध्वस्तीकरण का आदेश था, पुलिस मौके पर गयी थी, लेकिन जो ध्वस्ती करण के उकरण थे वह ठीक नही थे, लिहाजा कब्जा नही हटाया जा सका | आगे अमीन के आने पर पुन : प्रयास किया जायेगा
कटर व जेसीबी फेल! दूसरी बार भी नही हट सका अबैध कब्जा
पतंग के तार से टूटी ओएचई लाइन, उत्सर्ग एक्सप्रेस बड़ा हादसा टलने से बची
फर्रुखाबाद:( नगर संवाददाता) शहर के मोहल्ला बढ़पुर मिशन कम्पाउंड के पास रविवार दोपहर करीब 2 बजे रेलवे की ओवरहेड बिजली लाइन में पतंग फंस गई। पतंग में बंधे पतले तार के कारण ओएचई लाइन का तार टूटकर रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे करंट फैल गया। कुछ दूरी पर कार्य कर रहे एक रेलवे कर्मचारी को करंट का झटका लगने पर घटना की जानकारी हुई।
इसी दौरान फर्रुखाबाद से छपरा जाने वाली उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन आती दिखाई दी। खतरे को भांपते हुए पास के मैदान में खेल रहे युवक राघवेंद्र यादव, रूचि दास, दीपू दास व अनिकेत यादव नें ने साहस दिखाया। एक युवक ने महिला का दुपट्टा और दूसरे ने लाल शर्ट दिखाकर ट्रेन को
रुकवाया। ट्रेन में ड्यूटी पर जा रहे आरपीएफ सिपाही संजीब कुमार, जितेंद्र और नागेंद्र भदौरिया ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर ओम प्रकाश मीणा और दारोगा अंकुश कुमार मौके पर पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से उत्सर्ग एक्सप्रेस को लगभग 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पीछे फर्रुखाबाद स्टेशन लाया गया। आरपीएफ ने मौके से पतंग को कब्जे में ले लिया है, जिसमें पतला तार बंधा पाया गया।
लोगों का कहना है कि यदि ट्रेन घटनास्थल तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। शाम करीब 4:10 बजे रेलवे की ओएचई वैन मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। सप्लाई दुरुस्त होने के बाद शाम लगभग 5:15 बजे उत्सर्ग एक्सप्रेस को कानपुर के लिए रवाना किया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ओम प्रकाश मीणा ने जेएनआई कों बताया कि जांच में स्पष्ट हुआ है कि पतंग के तार फंसने से ओवरहेड लाइन का तार टूट गया था। मरम्मत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया। वहीं फर्रुखाबाद स्टेशन मास्टर ने बताया कि ट्रेन दोपहर लगभग 2:30 बजे फर्रुखाबाद से कानपुर के लिए रवाना हुई थी, लेकिन 2:35 बजे ओवरहेड सप्लाई बाधित होने के कारण खड़ी करनी पड़ी। समय रहते सतर्कता बरतने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
नवयुवक ने नीम के पेड़ से फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों में कोहराम
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम पिथनापुर में रविवार सुबह करीब 8 बजे एक नवयुवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले कीनवयुवक ने नीम के पेड़ से फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों में कोहराम है| मामले के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला होने की चर्चा है|
मृतक की पहचान 25 वर्षीय संदीप पुत्र राजवीर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संदीप अपने माता-पिता का दूसरा बेटा था। मृतक की मां गायत्री ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी और उन्हें नहीं पता कि संदीप ने यह कदम क्यों उठाया।
सूत्रों के अनुसार संदीप के मोबाइल फोन में एक युवती की फोटो मिली है, साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं बैंक खाता पासबुक भी पाई गई है। इन तथ्यों के आधार पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस द्वारा इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना पर हलका इंचार्ज उपनिरीक्षक कल्लू सिंह मौके पर पहुंचे और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की बहन लकी और भाई शिवा का घटना के बाद से रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
भड़ौसा में सपा नेताओं नें भारी मात्रा में पकड़े फर्जी फॉर्म-7
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर पार्टी ने सभी बूथों पर निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में जनपद की 195 भोजपुर विधानसभा के मुस्लिम बहुल गांव भड़ौसा में बड़ी संख्या में प्रिंटेड फॉर्म-7 पकड़े जाने से हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित बीएलओ (BLO) से मिलकर सभी प्रिंटेड फॉर्म अपने कब्जे में लिए गए। जिनके नाम से शिकायत दर्ज होने की बात कही जा रही थी, उनसे बात करने पर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनके द्वारा कोई भी ऐसा फॉर्म जमा नहीं किया गया है।
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की जानकारी आज ही पार्टी नेतृत्व को दी जाएगी। साथ ही जिलाधिकारी से भेंट कर इस फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। पकड़े गए सभी फर्जी फॉर्म एवं अन्य साक्ष्य पार्टी नेतृत्व को लखनऊ भेजे जाएंगे। यदि प्रशासन से न्याय नहीं मिला तो समाजवादी पार्टी कानूनी विकल्प भी अपनाएगी।
पार्टी के जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि जानकारी मिली है कि प्रत्येक बूथ पर 100 से 150 फॉर्म-7 बीएलओ को वोट काटने के उद्देश्य से दिए गए हैं। यह साजिश विशेष रूप से यादव एवं मुस्लिम बहुल बूथों पर की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।
पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे बड़ा लोकतंत्र का चीरहरण और क्या हो सकता है कि लोगों को मतदान के अधिकार से ही वंचित कर दिया जाए। यदि सरकार नहीं चाहती कि जनता वोट डाले तो सीधे संसद में विधेयक लाकर चुनाव प्रक्रिया समाप्त कर दे। निष्पक्ष चुनाव कराने में असफल चुनाव आयोग की भूमिका भी अत्यंत निंदनीय है। यह एक गंभीर और आपराधिक कृत्य है। जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, विधानसभा अध्यक्ष भोजपुर नरेंद्र सिंह यादव रहे |
प्रतिबंधित चाइनीस मांझा के साथ युवक गिरफ्तार, 480 चरखियां बरामद
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली फर्रुखाबाद के घुमना चौकी क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित चाइनीस मांझा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शाम करीब 4:30 बजे की गई।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला डावग्राम नालियां निवासी वसीम पुत्र जलील अहमद को नालियां स्थित उसकी पतंग की दुकान से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चाइनीस मांझा की कुल 480 चरखियां बरामद की गईं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से प्रतिबंधित चाइनीस मांझा बेचने का कारोबार कर रहा था। घुमना चौकी इंचार्ज अमित गुप्ता ने बताया कि चाइनीस मांझा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध है, इसके बावजूद आरोपी नियमों की अनदेखी कर रहा था। इस मामले में वसीम के खिलाफ मुकदमा संख्या 35/2026, धारा 125 बीएनएस व 5/15 के अंतर्गत केस दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि चाइनीस मांझा से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे आमजन की जान को खतरा होता है। इसी को देखते हुए ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इनवर्टर बैटरी फटने से युवक घायल, आंखों में पड़ा तेजाब
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव झंडी की मढ़ैया में इनवर्टर बैटरी फटने से एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर हल्का इंचार्ज मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी प्रदीप पुत्र तोताराम के घर बरामदे में रखी दो बैटरियां, जो इनवर्टर से जुड़ी थीं, अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गईं। धमाके के समय प्रदीप पास में ही खड़ा था। बैटरी फटने से निकले तेजाब के छींटे उसकी आंखों में पड़ गए, जिससे वह घायल हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि इनवर्टर और दोनों बैटरियां क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थीं। घटना की सूचना अमृतपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर हल्का इंचार्ज कल्लू सिंह मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार घायल युवक को निजी वाहन से अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक जांच में इनवर्टर बैटरी लोकल कंपनी की बताई जा रही है, जिसे राजपुर मार्केट से खरीदा गया था। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने स्थानीय स्तर पर बिक रही घटिया इनवर्टर बैटरियों पर सवाल उठाए। लोगों ने आमजन से अपील की है कि सस्ती और लोकल बैटरियां खरीदने से बचें, क्योंकि इससे जान का खतरा हो सकता है। गनीमत रही कि घटना के समय घर में मौजूद अन्य परिजन और बच्चे बाल-बाल बच गए।
डीएम ने विकासखंड राजेपुर व थाना राजेपुर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा शनिवार को विकासखंड कार्यालय राजेपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुँचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ब्लॉक परिसर स्थित वाहन स्टैंड की रैंप दुरुस्त कराने, वाटर कूलर से गिर रहे पानी की समस्या का समाधान कराने, निष्प्रयोज्य सामग्री व भवन की नीलामी कराने तथा ब्लॉक परिसर के रास्तों को ठीक कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विकासखंड को प्राप्त केंद्रीय वित्त योजना एवं राज्य वित्त योजना की ग्रांट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी द्वारा थाना राजेपुर का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाने में अभिलेखों को सही ढंग से संधारित रखने, आईजीआरएस शिकायतों का समय से निस्तारण करने, थाने परिसर में रखे निष्प्रयोज्य सामान की नीलामी कराने तथा परिसर में भरे पानी की निकासी कराने के निर्देश दिए गए। उपजिलाधिकारी अमृतपुर, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर, जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं सहायक खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अमृतपुर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, डीएम व एसपी ने सुनीं 88 शिकायतें
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की, अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 32, पुलिस विभाग की 24, विकास विभाग की 09, विद्युत विभाग की 03, खाद्य एवं रसद विभाग की 04 तथा अन्य विभागों से संबंधित 16 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर ही 07 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया।
शिकायतकर्ताओं में ग्राम दौलतपुर निवासी रामवेटी ने अस्पताल में सफाई कार्य करने के बावजूद वेतन न मिलने की शिकायत की। नगला माखन निवासी केशव ने भूमि पट्टे की पैमाइश को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। ग्राम महमदपुर निवासी रामवीर ने खलियान की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। वहीं ग्राम लीलापुर निवासी मोहन व कस्बा अमृतपुर निवासी श्यामवीर ने चोरी की घटनाओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का आठ दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस से संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा 70 वर्ष से अधिक आयु के 13 वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड भी बनवाए गए, जिससे उन्हें आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज का लाभ मिल सकेगा। संपूर्ण समाधान दिवस में एसपी आरती सिंह, उपजिलाधिकारी संजय सिंह, तहसीलदार शशांक सिंह आदि रहे|
पंकज पाल कों बड़ी जिम्मेदारी, पाल सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर ताजपोशी
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बीजेपी के मंडल महामंत्री व पाल सेना के जिलाध्यक्ष पंकज पाल कों समाज के लिये बेहतर कार्य करने के चलते बड़ी जिम्मेदारी दी गयी हैं| उनकी पाल सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर ताजपोशी हुई है| जिससे समाज और उनके समर्थकों में खुशी की लहर है| शहर के ग्राम गढ़िया ढ़िलाबल निवासी पंकज पाल कों बीते लगभग एक साल पूर्व ही पाल सेना का जिलाध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन उन्होंने कुछ ही दिनों में सक्रियता दिखाते हुई संगठन व समाज सेवा केक्षेत्र में बेहतर कार्य किया, परिणाम स्वरूप उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर राजू पाल संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष मदन लाल पाल नें जिम्मेदारी दी है| पंकज पाल नें बताया की समाज के लिये वह हर तरह से कार्य करते रहें हैं, आगे भी राज माता अहिल्यावाई होल्कर के बताये मार्ग पर चलकर समाज में एक जुटता लाने का कार्य किया जायेगा|
सातनपुर मंडी में आलू के भाव स्थिर, साउथ से मांग न आने से किसान चिंतित
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर मंडी में आलू की बिक्री सामान्य रही। मंडी में गड्ड आलू 321 से 421 रुपये प्रति कुंतल, छट्ठा आलू 421 से 501 रुपये प्रति कुंतल तथा हालैंड प्रजाति का आलू 681 से 721 रुपये प्रति कुंतल के भाव पर ज्यादातर बिका। मंडी में आज भी आलू की आवक लगभग 140 मोटर के आसपास रही।
व्यापारियों के अनुसार फरवरी माह की शुरुआत होते ही आमतौर पर साउथ मंडियों से आलू की मांग बढ़ जाती है, जिससे भाव में तेजी देखने को मिलती है, लेकिन इस बार अब तक साउथ से अपेक्षित मांग नहीं आई है। मांग न आने के कारण आलू के दामों में कोई खास उछाल नहीं दिख रहा है। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में साउथ मंडियों से खरीद शुरू होती है तो आलू के भाव में सुधार की उम्मीद की जा सकती है। फिलहाल बाजार में आवक बनी हुई है, लेकिन मांग कमजोर रहने से दाम सीमित दायरे में ही कारोबार कर रहे हैं।



