Home Blog Page 5796

तीसरे चरण में संवेदनशील केन्द्रों की वीडियोग्राफी अनिवार्य

लखनऊ: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए शुक्रवार को होने वाले मतदान के दौरान संवेदनशील तथा अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर वीडियोग्राफी अनिवार्य कर दी गयी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपर जिलाधिकारियों, उप जिलाधिकारियों तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को वीडियोग्राफी की सुविधा सुलभ करा दी जाये, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में वे इसका उपयोग कर सकें। वाहनों पर प्रतिबन्ध पूर्ववत जारी रहेगा।

उधर, राज्य सरकार ने भी निष्पक्ष एवं हिंसारहित मतदान कराने के लिए कमर कस ली है। संवेदनशील 23 जिलों में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गयी है। तृतीय चरण के लिए 211 ब्लाकों की सभी ग्राम पंचायतों में मतदान 22 अक्टूबर को सबेरे सात बजे से होगा। इसके लिए प्रचार बुधवार की शाम पांच बजे समाप्त हो गया।

संयुक्त राज्य निर्वाचन आयुक्त जयप्रकाश सिंह ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि तीसरे चरण में 6,379 केन्द्र संवेदनशील व 7,916 अतिसंवेदनशील चिह्नित किये गये हैं। सबसे अधिक 363 केन्द्र मैनपुरी जिले में हैं। इसके बाद 235 आजमगढ़, 250 बलिया व 217 मुजफ्फरनगर में हैं। तीसरे चरण में 2.87 करोड़ मतदाताओं को 13,488 ग्राम प्रधानों सहित 1.97 लाख से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना है। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए 419 जोनल मजिस्ट्रेट, 2,678 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 70 पर्यवेक्षक लगाये गये है तथा 73,237 केन्द्र व 1.78 लाख मतदान बूथ बनाये गये हैं।

उधर, एडीजी कानून-व्यवस्था बृजलाल ने पत्रकारों को बताया कि पहले दो चरणों की हिंसा को देखते हुए तीसरे चरण में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है। इस बार 144 कम्पनी पीएसी लगायी गयी है, जबकि पहले व दूसरे चरण में 122 कम्पनी पीएसी थी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 1,03,711 नागरिक पुलिस, 91,600 होम गार्ड, 18,400 प्रांतीय रक्षक दल के जवान तथा 76,000 चौकीदार लगाये गये हैं। संवेदनशील 23 जिलों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। किसी प्रकार की गड़बड़ी पर नजर रखने के लिए डीजीपी मुख्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गयी है।

२२ अक्टूबर को मतदान: राजेपुर व नवाबगंज में चुनाव प्रचार बंद

फर्रुखाबाद: पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के मतदान वाले ब्लाक राजेपुर व नवाबगंज में आज चुनाव प्रचार बंद हो गया है। शुक्रवार को प्रात: सात बजे से मतदान होना है। दोनों ब्लाकों के 392 बूथों में 80 प्रतिशत को संवेदनशील, अतिसंवेदनशील चिह्नित किया गया है। तीसरे चरण के कुल 212 मतदान केंद्रों पर व्यवस्था के लिए 106 जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। इस चरण में दो लाख 38 हजार 182 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।

विकास खंड राजेपुर और नवाबगंज के दो लाख 38 हजार 182 मतदाता शुक्रवार को 212 मतदान केंद्रों के 392 बूथों पर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। तीसरे चरण का चुनाव काफी संवेदनशील माना जा रहा है। नवाबगंज के 100 बूथों में 32 को संवेदनशील और 38 अन्य को अति संवेदनशील माना गया है। ब्लाक राजेपुर के 112 मतदान केंद्रों में से 33 को संवेदनशील और 70 को अति संवेदनशील माना गया है। राजेपुर के लिए आधा दर्जन सुपर जोनल, नौ जोनल, 34 सेक्टर और एक दर्जन स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। नवाबगंज के लिए पांच सुपर जोनल, सात जोनल, 23 सेक्टर और 10 स्थायी मजिस्ट्रेट लगे हैं।

मतदान के लिए गुरुवार को पोलिंग पार्टियां संबंधित ब्लाक मुख्यालयों से रवाना होंगी। दोनों ब्लाकों के मतपत्रों की बंडलिंग व पैकेटिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। मतदान शुक्रवार को प्रात: सात बजे से सायं पांच बजे तक चलेगा। बुधवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया है। प्रत्याशियों द्वारा लगवाये गये होर्डिग, बैनर, पोस्टर आदि अधिकारियों ने अभियान चलाकर हटवा दिये।

वोट बढ़वाने में तहसीलदार व लेखपाल पर लटकी तलवार

फर्रुखाबाद: पंचायत चुनाव की तैयारी में कुछ ग्रामों के चलते पुर्जा प्रधानों या नंबरदारों ने विकास कार्यो या समाज सेवा के स्थान पर फर्जी वोट बढ़वाकर जीत का नुस्खा अपनाया। अमैयापुर में 64 वोट बढ़ाने के मामले में लेखपाल और तहसीलदार पर कार्रवाई की तलवार लटक गयी है। मोहम्मदाबाद के हरसिंगपुर शाही और नदौरा में भी बढ़े वोट काटने के लिए मामला आयोग को संदर्भित किया गया है। राजेपुर के दौलतपुर चकई और गौरैयापुर की भी इसी प्रकार की शिकायतें मिलीं हैं।

विदित है कि विकास खंड राजेपुर के ग्राम अमैयापुर में जनपद शाहजहांपुर के 64 मतदाता पाये गये थे। शिकायत के बाद हुई जांच में पुष्टि के उपरांत इनके नाम काटने के लिए निर्वाचन आयोग से अनुमति मांगी गयी है। लापरवाही के लिए दोषी संबंधित लेखपाल राजेश मिश्र के निलंबन और तहसीलदार अमृतपुर अशोक कुमार सिंह चंद्रौल के विरुद्ध एक वेतन वृद्धि अवरुद्ध करने व प्रतिकूल प्रविष्टि देने की भी संस्तुति की गयी है। विकास खंड राजेपुर की ही ग्राम पंचायत दौलतपुर चकई और गौरैयापुर से भी फर्जी मतदाता बढ़ाने की शिकायतें मिली हैं।

विकास खंड मोहम्मदाबाद के ग्राम हरसिंगपुर शाही में चुनाव से पूर्व ही लगभग 90 मतदाता अवैध रूप से बनाने की शिकायत हुई थी। पुनरीक्षण के दौरान कुछ नाम अपमार्जित करने के बाद भी अभी 39 नाम कटने से रह गये हैं। इस संबंध में तहसीलदार की रिपोर्ट के बावजूद नाम न कटने की शिकायत की गयी है। ग्राम नदौरा में तो एक सैकड़ा से अधिक नाम मतदाता सूची में गलत पाये गये हैं। उपजिलाधिकारी सदर रवींद्र कुमार ने बताया कि दोनों ग्रामों की मतदाता सूची दुरुस्त करने के लिये निर्वाचन आयोग से अनुमति मांगी गयी है।

विचित्र बुखार : 15 दिन में एक दर्जन की सांसें थमीं

फर्रुखाबाद: तेज बुखार के साथ अचानक हालत बिगड़ी। मौके पर उपचार की व्यवस्था नहीं हो पायी या अस्पताल ले जाने में देर लग गयी और बुखार पीड़ित ने दम तोड़ दिया। घर वाले केवल इतना जान पाते हैं कि उनकी बेटी, बेटे या पत्नी को बुखार आया और पल भर में सांसें थम गयीं।

आंकड़ों में जायें तो पिछले 15 दिन में एक दर्जन लोग विचित्र बुखार के कारण दम तोड़ गये। स्वास्थ्य विभाग ने बवाल की संभावना जानी तो मलेरिया निरीक्षक भेजकर ब्लड स्लाइड बनवा दीं। उनकी जांच के बाद दवा वितरण को फिर स्वास्थ्य कर्मी मौके पर नहीं मिलते।

अजमतपुर और आरमपुर में चार लोग विचित्र बुखार के शिकार हुए। अजमतपुर में रैवारीलाल का पुत्र अरुण (25), आरमपुर निवासी रामकिशोर की पत्नी मिथलेश (38), अजमतपुर निवासी लालू का पुत्र विकास (12) और आरमपुर के राजेंद्र सिंह का पुत्र विशाल उर्फ मैकूलाल(3) की विचित्र बुखार से मौत हो गयी। एसीएमओ(प्रशासन) डा.राजवीर सिंह के नेतृत्व में गयी संक्रामक रोग विभाग की टीम ने जांच पड़ताल की और विचित्र बुखार से हाथ झाड़ लिये।

भटपुरा गांधी नगर निवासी मदनलाल के 10 वर्षीय पुत्र प्रदीप की सात अक्टूबर को मौत हो गयी थी। अमानाबाद निवासी मोहम्मद शाहिद के पुत्र इबाद (7) और कायमगंज के दत्तू नगला निवासी अल्लादीन की पत्नी नूरजहां की गाजियाबाद में मौत हो गयी। मोहम्मदाबाद क्षेत्र के मदनपुर निवासी संतोष दुबे की पुत्री काजल (6) और खिमसेपुर निवासी विश्राम सिंह (45) की मौत हो चुकी है। खिमसेपुर, सलेमपुर, मदनपुर, ऊगरपुर गौंडा, पसनिंगपुर में दर्जनों लोग विचित्र बुखार से पीड़ित हैं।

नवाबगंज निवासी मोहम्मद हसन की पुत्री शबा की 18 अक्टूबर को मौत हो गयी। एक निजी स्कूल के लिपिक जीतपाल शर्मा और शमसाबाद के मोहम्मद जुयेब को भी बुखार आया, हालत बिगड़ी और सांसें थम गयीं। सीएमओ डा.पीके पोरवाल ने बताया कि अजमतपुर और आरमपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर रक्त पट्टिकाएं बनवायी गयी थीं।

मलेरिया वाले रोगियों को दवा दे दी गयी। 17 अक्टूबर को खत्म हुए सप्ताह में लोहिया अस्पताल में मलेरिया के 45 मरीज मिले। मच्छरों की रोकथाम के लिए पूरे जिले में एंटी लार्वा साइडल बी टेक्स का छिड़काव कराया जा रहा है।

महिला से दुष्कर्म के प्रयास में पुलिसकर्मी गिरफ्तार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक पुलिसकर्मी ने कथित रूप से एक महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जिले की पुलिस लाइन में तैनात 35 वर्षीय सिपाही राम सागर पर आरोप है कि उसने मंगलवार रात कोतवाली इलाके में रहने वाली एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशशि की। महिला उस वक्त घर में अकेली थी। पीड़ित महिला का कहना है कि सिपाही ने उसके साथ मारपीट की, फिर दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर वह भाग निकला।

कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि आरोपी सिपाही को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी सिपाही मूल रूप से कानपुर (देहात) का निवासी है।

अनचाही कॉलों पर लगाम लगाने की पुख्ता तैयारी

उपभोक्ताओं को अनचाही कॉलों और एसएमएस से हो रही परेशानियों के मद्देनजर दूरसंचार नियामक ट्राई ने अब इन पर लगाम लगाने की पुख्ता तैयारी की है। ट्राई जल्द ही अनचाही कॉलों पर रोक के लिए नियमन लाएगा। ट्राई के चेयरमैन जेएस शर्मा ने कहा कि अनचाही कॉलों पर लगाम के लिए दिशानिर्देशों को तैयार करने का काम लगभग पूरा हो गया है. इस माह के अंत तक हम नियमन लाने की तैयारी कर रहे हैं। दूरसंचार नियामक ने इस साल मई में ‘दूरसंचार अनचाही वाणिज्यिक संपर्क नियम समीक्षा’ पर परिचर्चा पत्र जारी किया था।

अनचाही कॉल बनी परेशानी का सबब

वाणिज्यिक इस्तेमाल के लिए अनचाही कॉलों ग्राहकों के लिए काफी परेशानी का सबब बना हुआ है। शर्मा यहां राष्ट्रीय ब्रॉडबैंड योजना पर खुली बहस में भाग ले रहे थे। उन्होंने इस बात पर कोई टिप्पणी नहीं की कि क्या ट्राई ‘डू कॉल रजिस्ट्री’ के लिए नियमन लाएगा। ट्राई ने 2006 में अनचाही वाणिज्यिक कॉलों पर परिचर्चा प्रक्रिया शुरू की थी। इसी की सिफारिशों के अनुसार, 2007 में नेशनल डू नॉट कॉल (एनडीएनसी) रजिस्ट्री का गठन किया गया था। हालांकि, इसके बावजूद उपभोक्ताओं को अनचाही कॉल्स आने का सिलसिला बंद नहीं हुआ। शर्मा ने बताया कि ट्राई 2जी स्पेक्ट्रम की कीमतों पर दिशानिर्देश इसी माह के अंत तक लाएगा। इसके साथ ही दूरसंचार नियामक की योजना इस माह के अंत तक राष्ट्रीय ब्रॉडबैंड योजना पर सिफारिशें लाने की है।

बंटी-बबली स्टाइल में देवर-भाभी की चोरी

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बंटी-बबली स्टाइल में चोरी करते बबली तो पुलिस शिकंजे में आ गई है लेकिन बंटी अभी फरार है। पुलिस के के अनुसार शॉपिंग माल से गोल्ड और डायमंड चोरी करते हुए एक मुस्लिम महिला को गिरफ्तार किया गया है।

गाजियाबाद के एसएसपी रघुवीर लाल ने बताया कि यहां के पेसिफिक माल में लगे सीसीटीवी कैमरे ने शेनाज उर्फ बानो नाम की महिला को उस वक्त पकड़ा जब वह शोरूम से ज्वेलरी चुराने का प्रयास कर रही थी। वहां पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार करे पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार महिला और उसका देवर साजिद दोनों ने बड़े-बड़े शापिंग माल में बंटी-बबली स्टाइल में चोरी करते थे। महिला शेनाज उत्तर प्रदेश के बिजनोर जिले की है जबकि उसका देवर साजिद धामपुर से है, दोनों १४ फरवरी को गाजियाबाद के दमयंती गोल शापिंग माल में ज्वेलरी और डायमंड चुराते हुए सीसीटीवी में पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने इनके उपर 20 हजार का इनाम भी रखा है।

फिल्म बंटी-बबली की तर्ज पर ये दोनों पूरी तरह से सजधकर ग्राहक बनकर शॉपिंग माल में जाते थे। बबली जब दुकानदार से बातचीत करने में व्यस्त हो जाती तो बंटी अर्थात साजित डायमंड और ज्वेलरी पर हाथ साफ कर देता और झांसा देकर ये दोनों वहां से फरार हो जाते थे।

सबसे मजेदार बात यह है कि शेनाज का पति मुजफ्फरनगर जेल में लूट की सजा काट रहा है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार करके मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया लेकिन साजिद अभी भी पकड़ से बाहर बना हुआ है।

नवनिर्वाचित प्रधानों की बैठक आठ नवम्बर को

लखनऊ: प्रदेश के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों की पहली बैठक आठ नवम्बर को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर होगी। निदेशक पंचायती राज डीएस श्रीवास्तव ने सोमवार को सभी जिलाधिकारियों को इस आशय का निर्देश भेज दिया है। निर्देश में कहा गया है कि ग्राम प्रधानों के कार्यकाल में एकरूपता लाने के लिए अनिवार्य रूप से जिले के सभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की बैठक आठ नवम्बर को बुलाई जाये। पहली बैठक में ग्राम पंचायतों की छह समितियों के गठन सम्बन्धी प्रस्ताव पर भी विचार किया जाये। पंचायती राज विभाग ने बैठक सम्बन्धी आख्या 16 नवम्बर तक राज्य सरकार के पास भेजने को कहा है।

निर्देश में यह भी कहा गया है कि दो नवम्बर 2010 को वर्तमान सभी ग्राम पंचायतों को विघटिक कर दिया जाए तथा तीन नवम्बर 2010 को नव निर्वाचित प्रधानों तथा ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाने की प्रक्रिया पूरी कर दी जाए। इसकी सूचना 9 नवम्बर तक सरकार के पास भेज दी जाए।

कुत्तों की नसबंदी, बंदरों को पकड़ने का टेंडर हुआ पास

बरेली: शहर में उत्पात मचा रहे बंदर जल्द ही शाहजहांपुर, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी के जंगल में दिखाई देंगे। वहीं गली-कूंचों में भौंक रहे आवारा कुत्तों की आबादी भी नियंत्रित होगी। दो संस्थाओं के टेंडर मंजूर हो गए हैं। बस नगर आयुक्त की सहमति मिलने का इंतजार है।

यह दूसरा मौका है, जब बंदरों को पकड़े जाने की तैयारी है। 600 बंदरों का ठेका हुआ है। टेंडर पड़ गए हैं। बरेली की ही जीवन संरक्षण संस्था का टेंडर स्वास्थ्य विभाग ने ओके कर दिया है। नगर निगम एक बंदर को पकड़कर जंगल में छोड़ने के नाम पर 399 रुपये खर्च करेगा। बंदरों को जंगल में छोड़ने के लिए वन विभाग से अनुमति मांगी गई थी, जो मिल गई है।

इन्हें शाहजहांपुर, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी के जंगल में बराबर संख्या में छुड़वाया जाएगा। बंदरों को पकड़े जाने के साथ ही कुत्तों की बढ़ती संख्या रोकने के लिए भी प्रयास होंगे। 400 कुत्तों की नसंबदी का ठेका मध्य प्रदेश जिले के सिकंदराबाद की संस्था को दिया जा रहा है। एक कुत्ते की नसबंदी पर 599 रुपये खर्च होंगे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. रवि शर्मा ने बताया कि टेंडर की फाइल मंजूरी के लिए नगर आयुक्त को भेज दी है। फाइल लौटते ही काम शुरू करा दिया जायेगा। पहले बंदर उन इलाकों से पकड़े जाएंगे, जहां से ज्यादा शिकायतें आ रही हैं।

बाइकर्स गैंग का कहर, महिला की जंजीर छीनी

फर्रुखाबाद: आज दोपहर बेवर रोड भोलेपुर में यात्री प्रतीक्षालय के निकट हैंडपंप से पानी पीकर लौट रही महिला के गले से बाइकर्स सोने की चेन तोड़कर रफूचक्कर हो गये।

जनपद कन्नौज थाना इंदरगढ़ के मोहल्ला नई बस्ती निवासी प्रेम सुंदर तिवारी की पत्नी मीनाक्षी आज दोपहर फतेहगढ़ से अपनी बहन को दवा दिलाकर मायके मोहम्मदाबाद जाने के लिए बेवर रोड भोलेपुर में बस का इंतजार कर रही थी। उसके साथ उनकी मां भी थी।

मीनाक्षी यात्री प्रतीक्षालय के बगल में लगे हैंडपंप से पानी पीकर जैसे ही सड़क पर खड़े होकर मुंह पोछने लगी, तभी वहां काले रंग की बिना नंबर की पल्सर लेकर खड़े दो युवकों में से एक युवक ने लपककर मीनाक्षी के गले से सोने की चेन तोड़ी और दोनों मोहम्मदाबाद की तरफ भागे। शोर मचाने पर वहां मौजूद लोगों ने बाइक से पीछा भी किया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। सूचना मिलने पर कर्नलगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित महिला से पूछताछ की।

इंस्पेक्टर वीके मिश्र ने बताया कि महिला ने थाने में कोई शिकायत नहीं की है। लुटेरों की तलाश की जायेगी।