Home Blog Page 5759

बजीफा वितरण व मिड डे मील न बनने पर प्रधानाचार्य निलंबित

फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी मिनिस्ती एस ने तहसील दिवस पर बिल्सडी पूर्व माध्यमिक विद्यालय में वजीफा वितरण व मिड डे मील न बनने की शिकायत पर प्रधानाध्यापक को निलंबित करने का आदेश दे दिया|

थाना कम्पिल क्षेत्र के गाँव बिल्सडी के निवासी रामबाबू ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि इस स्कूल में बच्चों को २००६ से वजीफा वितरण नहीं किया गया और मिड डे मील नहीं बनता है| इस पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक श्यामबाबू के खिलाफ निलंबन का आदेश दिया| इसके अलावा स्कूल में अनुपस्थित शिक्षामित्रों के खिलाफ बीएसए से तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया|

36 लाख के बावजूद भी निर्माण अधर में लटका

फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी मिनिस्ती एस ने तहसील दिवस के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी रामसागर त्रिपाठी को ब्लाक कायमगंज के कुवेरपुर में बन रहे कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करने का निर्देश दिया|

बीएसए के निरीक्षण के दौरान आवासीय विद्यालय का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं मिला| निरीक्षण के दौरान पाया कि आवासीय विद्यालय की अब तक बाऊंड्री बाल, लैट्रिन व किचिन का काम अधर में लटका हुआ था|

मालूम हो कि दो साल पहले कानपुर की एक संस्था द्वारा आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य करवाया जा रहा था जिसके लिए इस संस्था को निर्माण कार्य के लिए ३६ लाख रुपये भी दिए गए थे| बाऊंड्री बाल बनबाने के लिए धन दूसरी संस्था को हस्तांतरित कर दिया था|

आवासीय विद्याला का निर्माण कार्य पूरा न होने की द्रष्टि से शिक्षा विभाग ने इसे अपने अधीन नहीं लिया है|

बनारस के आरपी घाट पर बम विस्फोट

वाराणसी|| वाराणसी के शीतला घाट पर मंगलवार की शाम गंगा आरती के दौरान हुए धमाके में 20 लोग घायल हुए हैं। शीतला घाट वाराणसी के प्रसिद्ध दशाश्वमेघ घाट के पास है। पुलिस अधिकारी एवं बचावकर्मी एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंच गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायलों में कई विदेशी सैलानी भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरती के दौरान जनसुविधा के लिए लए गए पानी के टैंक के पास ही धमाके होने की सूचना है।

सूत्रों के अनुसार विस्फोट के दौरान धातु के टुकड़े निकले जिससे लोग घायल हुए हैं। विस्फोटक दूध के कंटेनर में रखा था।

दिल्ली में गृहमंत्रालय से जारी वक्तव्य के अनुसार विस्फोट काफी गंभीर था। हालांकि इसे अभी आईईडी विस्फोट नहीं माना जा सकता है। विस्फोट के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में रेड एलर्ट जारी कर दिया गया है।

बनारस के अधिकतर घाटों तक जाने के रास्ते काफी संकरे हैं, जिसके कारण सुरक्षा कर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य करने में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

एंबुलेंस को भी विस्फोट स्थल तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। घायलों को गोदौलिया के पास के मारवाड़ी अस्पताल में ले जाया जा रहा है। विस्फोट के बाद बनारस में सन्नाटा पसर गया है।

जाली नोटों के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

बरेली|| पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में जाली नोटों के धंधे में लिप्त पांच तस्करों को आज गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 2.65 लाख रूपये के जाली नोट जब्त किए हैं।

विशेष कार्रवाई समूह (एसओजी) और पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारकर अलीगंज इलाके से मो. हकीम, अशरफ, एहसान, शीशपाल और सत्यवीर सिंह को गिरफ्तार किया। तस्कर बरामद जाली नोटों को एटा में अपने किसी ग्राहक को देने जा रहे थे।

अलीगंज थाना प्रभारी अंशू माली ने बताया कि पक़डे गए तस्कर मुरादाबाद, अमरोहा और बिजनौर जिलों के निवासी हैं। माली ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि ये तस्कर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा प़डोस के राज्य बिहार, दिल्ली और हरियाणा में ग्राहकों को जाली नोटों की आपूर्ति करते थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन्हें जाली नोटों के आपूर्ति में लगाया गया था। इनके गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

नशेड़ी सिपाही का पुलिस कार्यालय में हंगामा

फर्रुखाबाद: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ड्यूटी के दौरान हंगामा मचाने वाले नशेड़ी सिपाही विजयपाल सिंह का डाक्टरी परीक्षण कराया गया|

रिट सेल का सिपाही विजयपाल सिंह शराब के नशे में पुलिस कार्यालय में हंगामा मचा रहा था| एडिशनल एसपी बीके मिश्र ने आरआई राजेन्द्र सिंह को नशेड़ी सिपाही का मेडिकल कराने का हुक्म दिया| पुलिस लाइन के दरोगा सिद्दपाल सिंह सिपाही विजयपाल को जिप्सी में बिठाकर लोहिया अस्पताल ले गए| नशे में हो जाने पर सिपाही को पकड़कर इमरजेंसी कक्ष में ले जाया गया|

डॉ एसबी कटियार ने सिपाही का परीक्षण किया तब सिपाही बोला कि साहब हमें माफ़ कर दो गलती हो गयी है थोड़ी सी ही शराब पी है| नशेड़ी सिपाही ने डाक्टर से बड़े रौब में कहा कि बताओ कितनी जगह अंगूठा लगा दे| नशे की झोंक में उसने फालतू भी अंगूठा लगा दिया| आरआई राजेन्द्र सिंह ने बताया कि सिपाही के विरुद्ध कार्रवाई के लिए रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेजी जायेगी|

मायावती सरकार पर घोटाले का आरोप

लखनऊ|| उप्र में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने बसपा सरकार पर 1 करोड़ रुपए के घोटाले की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

विधानसभा में नेता विपक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर नियमों का उल्लंघन कर उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की साहिबाबाद (गाजियाबाद) की 9 एकड़ भूमि बेचने की तैयारी की जा रही है।

इसका बाजार मूल्य 1000 करोड़ रु. आंका गया है। मायावती के निर्देश पर गाजियाबाद के कलेक्टर ने महज दो दिनों में समिति गठित कर इस भूमि को खाली करने का सुझाव दिया है। सपा के मुताबिक यह भूमि एक औद्योगिक घराने को बेची जाने वाली है।

अदालत ने सुनाया नीरा यादव को 4 वर्ष का कारावास

गाजियाबाद|| उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्य सचिव नीरा यादव को यहां की एक अदालत ने नोएडा प्राधिकरण के प्रमुख के रूप में नोएडा में गलत तरीके से भूखण्ड आवंटित करने का दोषी पाया और उनके खिलाफ चार वर्ष के कारावास की सजा सुनाई।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की सेवानिवृत्त अधिकारी नीरा यादव को नोएडा में फ्लेक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड को 1994-95 में औद्योगिक भूखंड आवंटित करने में नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया है।

फ्लेक्स इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अशोक चतुर्वेदी को भी मामले में दोषी पाया गया है और उन्हें चार वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई है।

गुस्सैल व्यापारी ने माँ, पत्नी व बेटे को गोली मारी

रमाबाई नगर|| उत्तर प्रदेश के रमाबाई नगर जिले में आज पैसों के हिसाब में आई ग़डब़डी से गुस्साए एक आभूषण व्यवसायी ने अपने बेटे, पत्नी और मां को गोली मार दी। तीनों को गम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिले के रूरा कस्बे में आभूषण व्यवसायी आलोक गुप्ता (42) ने मंगलवार को अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से बेटे, पत्नी और मां को गोली मार दी और फिर मौके से फरार हो गया। रूरा थाना प्रभारी शालिग राम वर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि गम्भीर रूप से घायल बेटे, पत्नी, और मां को
कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस का कहना है कि गुप्ता की रूरा कसबे में आभूषण की दुकान थी और उस पर उनका बेटा भी बैठा करता था। वर्मा ने कहा कि प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि दुकान में पैसों के हिसाब में कुछ घपला सामने आने पर गुप्ता की आज सुबह बेटे सुबोध से कहा-सुनी हो गई। इसी दौरान नोंक-झोंक बढ़ने पर उन्होंने गुस्से में आकर बेटे और बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी व मां को गोली मार दी। वर्मा ने कहा कि घटना के बाद से फरार आभूषण व्यवसायी की तलाश की जा रही है

3 साल 5 माह तैनाती: यूपी का ताकतवर एसओ

फर्रुखाबाद: फर्रुखाबाद जिले के मऊदरवाजा थानाध्यक्ष कमरूल हशन को उत्तर प्रदेश का ताकतवर एसओ माना जा रहा है| इटावा जिले से तवादले पर आये कमरूल हशन की १७ जुलाई २००७ को थाना मऊदरवाजा में तैनाती हुयी थी|

ताकतवर एसओ होने की मुख्य वजह है कमरूल हशन की यूपी के ताकतवर कामीना मंत्री से दोस्ती| थाने में आमद कराने के बाद ही कमरूल ने कहना शुरू कर दिया कि सूबे के स्वास्थय मंत्री अनंत कुमार मिश्र उर्फ़ अन्टू उनके सहपाठी हैं और उन्होंने ही अपने विधान सभा क्षेत्र में नियुक्ति कराई है|

पहले तो लोगों ने एसओ की बातों को लफ्वाजी समझा लेकिन जब उन्होंने नगर क्षेत्र में मंत्री के अधिकाँश कार्यक्रमों में कमरूल को मौजूद देखा| अनेकों मौकों पर अन्टू को यह कहते देखा गया कि कमरूल को बुलाओ| फिर धीरे-धीरे कमरूल का जितना कार्यकाल बड़ता गया उतनी ही उनकी जिले में धाक जमी|

समझा जाता है कि पुलिस अधीक्षकों को पहले ही चेताया जाता रहा कि कमरूल आम एसओ नहीं है वह प्रदेश के ताकतवर मंत्री के करीबी दोस्त हैं| पुलिस कप्तानों ने भी ताकतवर एसओ की ओर आँख उठाने तक की हिम्मत नहीं की|

इसका सवूत है कि ५ सितम्बर २००८ को आये एसपी राजबहादुर के बाद काशीनाथ, संजीव गुप्ता, व अखिलेश मीना तवादले पर चले गए, जिन्होंने इतने थानाध्यक्षों के तवादले किये कि उनकी गिनती करना मुश्किल है| एसपी ही नहीं कई आईजी व डीआईजी भी बदल गए| कमरूल की ताकत के सामने सीओ व एडिशनल के तवादलों की चर्चा करना बेईमानी है|

चर्चा है कि मंत्री ने अपने एक वर्ग के वोट बैंक को खुश करने के लिए कमरूल को एक ही स्थान पर जमा रखा है| कमरूल में ऐसी भी कोई खूबी नहीं दिखती कि उनके मुकाबले जिले में अन्य कोई दरोगा न हो, हां कमाई करने के मामले में कमरूल का रेट भी बहुत ऊंचा है| बीते दिन ही जुआं खेलते पकडे गए पीएसी जवान सहित दो लोगों को मोटी रकम लेकर छोंड दिया गया अन्य चार जुआरियों को जमानत के नाम पर मुंह माँगी रकम लेकर छोड़ा गया|

अब शासन ने एसओ व इंस्पेक्टर की एक ही स्थान पर अधिकतम तैनाती के लिए २ वर्ष की सीमा तय कर दी है| अब देखना यह है कि ताकतवर एसओ को सरकार का नया आदेश हटा पायेगा या नहीं|

तहसील दिवस: न्याय के लिए भटक रही है सिपाही की प्रेमिका

फर्रुखाबाद: न्याय पाने के लिए निलंबित सिपाही की प्रेमिका पूजा आज तहसील दिवस में फूट-फूटकर रोयी| सीओ सिटी डीके सिसोदिया ने उसे न्याय दिलाने का भरोसा देकर उसे शांत किया|

कोतवाली मोहम्दाबाद के ग्राम तकीपुर निवासी गरीब मजदूर सुनील गिहार की पत्नी सोनी अपनी १८ वर्षीय पुत्री पूजा के साथ तहसील सदर पहुँची| पूजा ने सिपाही इमरान के विरुद्ध कार्रवाई किये जाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया| उसने बताया कि शिकायत करने के कारण इमरान ने जान से मार डालने की धमकी दी है| वह कहता है कि हजार दो हजार रुपये लेकर चुपचाप बैठो, अब उसने शादी करने से मना कर दिया है|

* ग्राम खतवापुर में अहिवरन के बाग़ में रहने वाले बाबा उमेद स्वरुप विकलांग साधू गोपालदास के साथ तहसील पहुंचे| उन्होंने बताया कि गाँव के लोगों ने ३० बीघा चराहगाह की भूमि पर कब्जा कर लिया है| हम चाहते हैं कि मुझे भी आश्रम बनाने के लिए थोड़ी जमीन पट्टे पर दे दी जाए|

* लालदरवाजा निवासी मुलायम सिंह ने शिकायत की कि गुलाबी गैंग की कमांडर अंजली यादव व उनके पति सुनील ने मेरे नशेड़ी पिता भगवान् दास से पैत्रिक मकान का बैनामा करा लिया| जिला अदालत में मुकद्दमा चल रहा है| इसके बाबजूद उन लोगों ने मकान में तोड़-फोड़ की और सुनील आयेदिन राईफल लेकर मुकद्दमा वापस लेने की धमकी देतें हैं|

उधर अंजली भी मुलायम व उनके साथी पप्पू आदि के विरुद्ध सट्टा व चूरी आदि की बारदात करने की शिकायत करने तहसील पहुँचीं|

तहसील दिवस में फरियादों की लम्बी लाइन लगी रही, कुछ लोगों को छोड़कर किसी की भी समस्या का समाधान नहीं हो सका| प्रशासनिक अधिकारी केके वर्मा ने शिकायती पत्र प्रस्तुत किये|

एसडीएम सदर अनिल धींगरा ने पीड़ितों की समस्याएं सुनीं| श्री धींगरा को सुबह १०:१५ बजे तहसील के निरीक्षण में कानूनगो सहित ३३ लेखपाल नहीं मिले| उन्होंने दो दिन में स्पष्टीकरण माँगा है|

* कायमगंज तहसील दिवस में जिलाधिकारी मिनिस्ती एस व पुलिस अधीक्षक डॉ के एजिलरशन ने समस्याएं सुनी|

कादरीगेट शांतिनगर निवासी विकास बाबू त्रिवेदी ने शिकायत की कि आईटी आई के प्रधानाचार्य ने एडमीशन कराने के नाम पर २० हजार रूपए मांगे| रुपये देने में असमर्थता व्यक्त करने पर उन्होंने प्रवेश करने पर साफ़ मना कर दिया| विकास ने बताया कि जिलाधिकारी ने कार्रवाई करने का आश्वाशन दिया|