Home Blog Page 5756

63 लाख के शेयर घोटाले में तम्बाकू व्यापारी ट्रांजिट रिमांड पर

फर्रुखाबाद: खाते में रुपया न होने के बाद भी चेक जारी कर 63 लाख रुपए के शेयर घोटाले के मुकदमे में गिरफ्तार तंबाकू व्यवसायी विनीत रस्तोगी का अदालत ने 13 दिसंबर 10 तक ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत कर दिया है। महाराष्ट्र पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को लेकर मुंबई रवाना हो गयी।

मुंबई के प्रेम अपार्टमेंट साईबाबा नगर बोरिवली पश्चिम निवासी निलेश सब ब्रोकर ने शमसाबाद के दुबे मोहल्ला निवासी विनीत रस्तोगी व उनके भाई के खिलाफ न्यायालय के आदेश से मुकदमा दर्ज कराया था। याची का 63 लाख रुपये की चेक जारी करने के बाद बाउंस होने तथा इस माध्यम से शेयरों का रुपया धोखाधड़ी कर घोटाला करने का आरोप लगाया था। इस मुकदमे में आरोपी विनीत रस्तोगी की गिरफ्तारी के लिए मुंबई पुलिस के दरोगा विलास देशपांडे ने शमसाबाद आकर स्थानीय पुलिस से सहयोग के लिए सम्पर्क किया।

पुलिस ने विनीत को गिरफ्तार करने के बाद आरोपी को एसीजेएम न्यायालय में पेश किया। जहां से 13 दिसम्बर तक ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दिया गया। विनीत और नीलेश आदि मुंबई में एक साथ मिलकर शेयरों का कारोबार करते थे। अलग हो जाने के बाद यह मुकदमा कराया गया। आरोपी विनीत के सहयोगियों ने बताया कि विनीत ने नीलेश आदि नौ लोगों के खिलाफ धारा 365/347/395/323 आदि का 17 सितम्बर 2009 को मुकदमा कराया था, इसी रंजिश में घोटाले का न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर 156 (3) के माध्यम से मुकदमा कराया गया।

पंचायत चुनाव गड़बड़ी में पशुधन प्रसार अधिकारी निलंबित

फर्रुखाबाद: पंचायत चुनाव में गड़बड़ी के मामले में निर्वाचन आयोग की संस्तुति पर पशुधन प्रसार अधिकारी कमालगंज हरिवंश को निलंबित कर दिया गया है।

निदेशक ने उनको निलंबन अवधि में पशु चिकित्सालय बढ़पुर से संबद्ध कर दिया है। बंथलशाहपुर में महिला राममूर्ति वर्मा के क्षेत्र पंचायत सदस्य पद हेतु किये गये आवेदन को निरस्त कर दूसरी प्रत्याशी को निर्विरोध विजयी घोषित कर दिये जाने के मामले में दोषी पाए गए थे|

मानवधिकार क़ानून का बना मखौल

फर्रुखाबाद: मानवाधिकार दिवस पर मानवाधिकारों का हनन रोकने को कड़ा कानून बना, पालन कराने को थानों में बोर्ड रखे गये लेकिन आएदिन हम इस कानून को टूटते देखते हैं। पुलिस भी कई बार हदें पारकर इस कानून का मखौल बना देती है। इसका खामियाजा पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कर भुगतना पड़ा|

तीन माह पूर्व थाना राजेपुर के सिपाही नीरज सिंह ने अवैध वसूली के लिए एक डग्गामार मैजिक चालक को इस कदर पीटा कि उसकी मौत हो गयी। हालांकि उपद्रव के बाद सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और इन दिनों वह जेल की हवा खा रहा है। गत सप्ताह लोहिया अस्पताल में साइकिल चोरी के आरोप में दो युवकों को भीड़ ने ही सजा दे दी। बजरिया सालिगराम में तो एक युवक को बंधक बनाकर सिर मुंडाया गया। पुलिस मौके तक नहीं पहुंची।

वर्ष 2008 में थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम मांझगांव निवासी छात्र रामू व सुभाष को पुलिस ने गुंडा एक्ट के मुकदमे में नामजद कर दिया था। मामला मानवाधिकार आयोग में पहुंचा तो जांच पड़ताल शुरू हुई। एक दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित हुये। बाद में पुलिस कर्मियों के वेतन से कटौती कर दोनों छात्रों को दस-दस हजार रुपये का भुगतान किया गया। पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्लागंज क्षेत्र के ग्राम बेलाखेड़ा निवासी महिपाल को पांच साल पूर्व यहां थाना अमृतपुर के ग्राम लक्ष्मन नगला में सिपाही ने गोली से उड़ा दिया था। विवाद जुआ में अवैध वसूली को लेकर हुआ। सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। यह मामला भी मानवाधिकार आयोग में गया और परिवार के मैराथन प्रयास के बाद उन्हें गत माह चार लाख रुपये का मुआवजा मानवाधिकार आयोग के आदेश पर दिया गया। हालांकि अधिकतर मामलों में पीड़ित चुप होकर ही बैठ जाते हैं।

पुलिस अधीक्षक डॉ.के.एजिलरसन ने बताया कि मानवाधिकार हनन के मामले में फिलहाल कोई भी शिकायत लंबित नहीं है। यदि इस तरह की शिकायत मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जायेगी।

मोबाइल फोन के जरिये ठगी

फर्रुखाबाद: साइवर क्राइम करने बाले शातिर व्यक्ति ने मोबाईल में बैलेंस डलवाकर २५ हजार रुपयों की ठगी कर ली|

थाना शमसाबाद के ग्राम दनियांपुर निवासी शिव सिंह लोधी के मोबाईल फोन पर किसी व्यक्ति का फोन आया उसने शिव सिंह से कहा कि हमारी कंपनी की स्कीम में तुम्हें हजारों रुपये का इनाम मिलेगा| तुम हमारे मोबाईल फोन में जितने रुपये का बैलेंस डलबाओगे उससे ५ गुना अधिक रुपये तुम्हारे बैंक खाते में जमा कर दिए जायेंगे, तथा मोबाईल में वैलेंस भी डलवा दिया जायेगा|

उधर से यह भी हिदायत दी गई कि बिना काटे ही मोबाईल को मोबाईल शाप पर ले जाओ| सीधा-साधा शिवसिंह झांसे में आ गया| वह मोबाईल को लेकर मऊदरवाजा बाजार में अनूप गौड़ की दुकान पर पंहुचा, और अपना मोबाईल फोन उसे देकर बताये गए नंबरों पर बैलेंस डालने को कहा|

उधर से एअरटेल,आइडिया,व वोडाफोन के ११ अलग-अलग नंबरों पर २४८७१ रुपये का बैलेंस डलवाया गया| फोन कट जाने पर दुकानदार ने शिव सिंह से २४८७१ रुपये मांगे तो वह भौचक्का रह गया|रुपये न देने पर दुकानदार ने शिव सिंह को बिठा लिया इस बात की जानकारी मिलने पर शिव सिंह की पत्नी शक्रवती दुकान पर पहुची उसने दुकानदार को रुपये देने का वायदा किया है|

बंगाली दस लाख का सोना लेकर नौ दो ग्यारह

फर्रुखाबाद: पश्चिम बंगाल का कारीगर छोटा भाई नगर के सर्राफ व्यवसाईयों का करीब १० लाख रुपये का सोना लेकर भूमिगत हो गया| जिससे सर्राफ व्यापारियों में हडकंप मच गया है|

तिवारी गली निवासी सर्राफ सोनू वर्मा ने छोटा भाई बंगाली व उसके साथियों के विरुद्ध सोना हड़पने की रिपोर्ट दर्ज करा दी| बंगाली छोटा भाई नहरू रोड पर सोने के जेवरातों पर पालिश की कारीगरी करता था| तथा नगर के मोहल्ला बजरिया में किराए पर रहता था|

करीब एक दशक से ईमानदारी से कार्य करने के कारण व्यापारियों का उस पर विश्वास हो गया था| व्यापारी लाखों रुपये कीमती जेवरात पालिश करने के लिए उसे दे जाते थे| बीती शाम छोटा भाई दुकान में ताला डालकर अपने भाई व साथी सहित गायब हो गया|

जेवरात लेने के लिए व्यापारियों ने उसके मोबाइल पर फोन किया स्विच आफ होने पर व्यापारियों में हडकंप मच गया| खोजबीन करने पर जब उसका पता नहीं चला तो परेशान व्यापारी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए देर रात तक कोतवाली में डटे रहे|

इंस्पेक्टर क्रष्ण कुमार ने उत्तेजित व्यापारियों को शांत किया और उनकी रिपोर्ट दर्ज करवा दी|

दर्जनभर शातिर अपराधियों को जिलाबदर करने की तैयारी

फर्रुखाबाद: पुलिस प्रशासन ने जिला मुख्यालय के निकट रहकर अपराध करने वाले शातिर अपराधियों को जिलाबदर करने की कार्रवाई की है|

कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने एक दर्जन अपराधियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है| जिनमे नगला राजन के ज्योती यादव, मछली टोला के संदीप यादव उर्फ़ आड़ी, अपर दुर्गा कालोनी के रवि राठौर, शिवम्, जाफरी के अजय उर्फ़ अप्पा, शीशम बाग़ के संदीप तिवारी व उसका भाई सानू, सैनिक कालोनी के रतन बाल्मिक, ग्वाल टोली का सामी यादव, सौरभ, गुल्ली उर्फ़ रजत यादव तथा कोतवाली फतेहगढ़ के ग्राम अमेठी जदीद निवासी सादाव उर्फ़ मुस्कान यादव का नाम शामिल है|

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की कमान संभालेंगे कल्याण

फर्रुखाबाद: सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनक्रांति पार्टी के मुखिया कल्याण सिंह यहाँ के जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की कमान संभालेंगे| श्री सिंह कल यहाँ आकर चुनाव कराने के बाद ही जायेंगें|

जनक्रांति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश राजपूत ने बताया कि बाबू जी कल्याण सिंह कल १० दिसंबर को आयेंगें| पार्टी के कार्यकर्ता अपरान्ह २ बजे खुदागंज रामाश्रम पर बाबूजी का जोरदारी से स्वागत करंगें| सायं ५ बजे मेडिकल कालेज में पत्रकारों से वार्ता करने के बाद कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगें| कार्यकर्ताओं से पार्टी को और मजबूत करने के लिए सुझाव लिए जायेंगें|

श्री राजपूत ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री १२ दिसंबर को यहीं रहकर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए होने वाले मतदान पर नजर रखेंगें| श्री राजपूत ने जिलाधिकारी से जिला पंचायत सदस्यों को २,२ सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराये जाने की मांग करते हुए कहा कि बीते चुनाव तक सदस्यों को गार्ड दिए जाते थे| उन्होंने आरोप लगाया कि सदस्यों को वोट न देने के लिए झूंठे मुकद्दमे में जेल भेजने व कारोवार को ठप करा देने की धमकी दी जा रही हैं| इसीलिये सदस्यों को सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गयी है|

उन्होंने आरोप लगाया कि लगता है कि बसपा चुनाव लड़ रही है| बसपा प्रत्याशी सदस्यों से कह रहे हैं कि उनसे खुला वोट लिया जाएगा| मैनपुरी के कार्यकाल को देखते हुए जिलाधिकारी के द्वारा निष्पक्ष चुनाव कराये जाने की उम्मीद व्यक्त की| उन्होंने कहा कि कट्टरता के कारण बसपा प्रत्याशी को उन्ही के समाज के लोग पसंद नहीं कर रहे हैं|

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजपूत ने दावा किया कि वह बीते चुनावों से ज्यादा का कमाल करके डॉ अनीता यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट पर बिठायेंगें| वार्ता के दौरान डॉ अनार सिंह यादव, एसपी बघेल, ओमप्रकाश कठेरिया, रामआसरे राजपूत, दीना राजपूत आदि मौजूद रहे|

विकलांगों के आंसू पोंछने की कवायद

फर्रुखाबाद: रेडिकल इंस्पायरिंग पब्लिक स्कूल समिति के प्रधानाचार्य एवं सयोंजक धीरेन्द्र सिंह फ़ौजी ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट सीपी उपाध्याय को सौंपा|

ज्ञापन में विश्व विकलांग दिवस पर पारित किये गए प्रस्तावों पर कार्रवाई किये जाने की मांग की गयी| ज्ञापन में उत्तर प्रदेश के विकलांगों के लिए भरण-पोषण भत्ता ३०० रुपये मासिक के स्थान पर ५०० रुपये तथा इसे प्राप्त किये जाने की न्यूनतम उम्र १८ वर्ष के स्थान पर ५ वर्ष करते हुए शेष पेंशन एरियर के रूप में दिए जाने, इसके अलावा १०० % विकलांगता व ६० वर्ष से ऊपर उम्र वाले विकलांगों को १००० रुपये प्रति माह भरण-पोषण भत्ता दिए जाने की माग की गयी|

भींख मांगकर पेट पालने वाले विकलांगों के लिए विकलांग आश्रय गृह बनवाने एवं रोजगार की व्यवस्था किये जाने व अन्य छात्रों की तरह ही मूकबधिर, नेत्रहीन व विकलांग छात्रों के लिए जनपद स्तर पर उचित शिक्षण व शिक्षकों की व्यवस्था किये जाने, साथ-साथ वजीफा प्रति कक्षा स्तर पर बढोत्तरी, शिक्षित अस्थि विक्रति वाले विकलांगों को सरकारी नौकरियों में ५ % तथा नेत्रहीन व मूकबधिर छात्रों को २-२ % आरक्षण देकर विशिष्ट प्रोन्नति दिए जाने की मांग की गयी|

रिप्स जन कल्याण समिति के अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह फ़ौजी के अलावा समिति की प्रवन्धक सरोज राठौर, जिलाप्रभारी आनंद बाबू राही, मानवेन्द्र कुमार, प्रदीप कुमार, रामचंद्र, विमलेश कुमार, सरिता, गीता, आरती व कुमारी शोभा आदि मौजूद रहे|

खेत की मेड़ काटने पर वृद्ध की गर्दन काटी

फर्रुखाबाद: थाना राजेपुर क्षेत्र में आज सुबह मेड़ काटने की रंजिश में वृद्ध ग्रामीण की फावड़े से काटकर हत्या कर दी गयी| गुस्साये ग्रामीणो ने हमलवारों को पकड़ कर उनकी जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया|

ग्राम भरखा निवासी ६२ वर्षीय हरिहर सिंह सोमवंसी आज सुबह 8 बजे अपने खेत के पास लगे हैण्डपम्प पर हाँथ मुह धो रहे थे, तभी गाँव के ही रामनिवास कुशवाह उर्फ भीमा ने उनके ऊपर फाबड़े से कई प्रहार किये जिससे हरिहर की मौत हो गयी| जब हरिहर सिंह के परिजन विजय कुमार ने भीमा को पकड़ने का प्रयास किया तो उनके ऊपर भी फाबड़े से प्रहार किये गए|

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, बताया गया कि खेत की मेड़ काटने के कारण भीमा हरिहर सिंह से काफी नाराज था| बसपा नेता राहुल कुशवाह ने बताया कि भीमा का मानसिक संतुलन ख़राब है जिसकी वजह से उसने हमला किया| पुलिस ने मृतक के भतीजे विजय कुमार को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया| विजय ने बताया कि मैंने व चाचा हरिहर सिंह ने सुबह के गेंहूं के खेत की मेड़ बांधी इसी रंजिश में भीमा, खेतल, राना व प्रेमसिंह ने चाचा व मेरे ऊपर फावड़े से हमला किया|

अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र ने बताया कि मृतक के भतीजे ओमवीर ने चार नामजद व दो अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई| रामनिवास व प्रेमसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया|

सदस्य फॉर सेल- न अजेंडा न वादा

बड़ा सवाल भारत के लोकतंत्र में खड़ा किया है देश की संसद से सैकड़ो किलोमीटर दूर एक गाँव के लोगो ने| जिन प्रतिनिधिओ को जनता चुन कर भेजती है क्या उन्हें जनता से बिना पूछे या सलाह लिए वोट देने का अधिकार होना चाहिए?
पीवी नरसिहं राव की केंद्र सरकार में जनता के चुने हुए प्रतिनिधिओ की खरीद फरोख्त के मामले की सुर्ख़ियों में आने के बाद ये सवाल रह रह कर देश की जनता के बीच उबाल मारता रहा है|
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद का एक गाँव भावन में सर्दी की देर शाम अलाव किनारे बैठ पड़े लिखे नौजवानों के बीच चल रही बहस बड़ा चिंतन दर्शा रही थी लोकतंत्र में बढ़ते भ्रष्टाचार की| ३५ वर्षीय विनोद त्रिवेदी गाँव का तेज तर्रार नौजवान है| संसद की खबरों को गाँव से जोड़ कर देखता सुनता रहता है| उसके जैसे कई साथी आज प्रदेश में पंचायत चुनाव पर चर्चा कर रहे थे|
लोकतान्त्रिक इकाई के उच्च सदन राज्य सभा और विधान परिषद् में सदस्यों को चुनने में वोटो के खरीद फरोख्त का नीच काम परम्परा बन चुका है| फिर काहे का उच्च सदन| चर्चा बड़ी और उत्तर प्रदेश में चल रहे जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव पर आकर अटक गयी| कुछ १५ दिन पहले ही जिला पंचायत सदस्य बनने के लिए नेताओ ने उनके गाँव में भी धमाचौकड़ी की थी| वोट की चिरौरी के साथ ५ साल तक सुख दुःख में साथ निभाने और जमकर विकास कराने का वादा कर वोट मांगे थे| चुनाव हुआ और ७ में १ जीत कर जिला पंचायत सदस्य बन गया| अब जिला पंचायत अध्यक्ष चुनने की बारी है और कौन जिला पंचायत बने इसके लिए जनता के हाथ कटे हुए है| वोट उसे करना है जिसे जनता चुन चुकी है और वो उनसे पूछने या सलाह लेने नहीं आ रहा है कि जनता किसे अध्यक्ष बनाना चाहती है|
पूरे उत्तर प्रदेश में १२ को वोट पड़ेंगे, मगर न कोई इनका अजेंडा है न कोई जनता से वादा| बस कौन कितने में बिकेगा और कौन कितने खरीद सकेगा इस पर आकर बहस रुक जाती है और अलाव की आग राख में बदलते ही गाँव की चौपाल सर्द सन्नाटे में बदल जाती है|