Home Blog Page 5743

एसपी ने डाक्टर के विरुद्ध दी गवाही

फर्रुखाबाद: पांच सौ रुपये न मिलने पर युवती संसारवती का गलत उपचार के मुकदमे में शनिवार को कांशीराम नगर के पुलिस अधीक्षक रतनेश कुमार श्रीवास्तव ने अदालत में गवाही दी।

श्री श्रीवास्तव ने बताया कि डॉ गुप्ता पर रिश्वत में ५०० रुपये न मिलने पर किशोरी के दायें पैर की जगह बाएं पैर का आपरेशन कर उसे विकलांग किये जाने का आरोप लगाया गया था|

वर्ष 1992 में जिला अस्पताल फतेहगढ़ में युवती संसारवती के साथ गलत उपचार की घटना के मुकदमे की तफ्तीश करने वाले तत्कालीन क्षेत्राधिकारी नगर रतनेश कुमार श्रीवास्तव आज अदालत में पेश हुए। पुलिस अधीक्षक कांशीराम नगर पद पर तैनात रतनेश कुमार ने मुकदमे की तफ्तीश करके जांच में साक्ष्य पाये जाने पर डाक्टर एसके गुप्त के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करने की पुष्टि की। सरकारी वकील श्रीकिशोर मिश्र ने गवाह एसपी के बयान दर्ज कराये। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता एके शर्मा ने पुलिस अधीक्षक से जिरह की।

सिटी मजिस्ट्रेट हत्याकांड में डाक्टर की गवाही

फर्रुखाबाद: सिटी मजिस्ट्रेट हेमंत पांडेय हत्याकांड में आज लोहिया अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डा.केके मिश्र ने महिला मित्र सीमा पांडेय की स्लाइड के आधार पर बनायी रिपोर्ट की पुष्टि कर दी है।

आफीसर्स कालोनी स्थित सरकारी बंगले में 18 अप्रैल 2008 को सिटी मजिस्ट्रेट हेमंत पांडेय की हुई हत्या के मुकदमे में आरोपी महिला सीमा व उसके पति कमल पांडेय अदालत में पेश हुए। इस मुकदमे में गवाही के लिए उपस्थित हुए लोहिया अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डा.केके मिश्र ने अदालत में बयान दर्ज कराये।

आरोपी सीमा पांडेय के मेडिकल में बनी स्लाइड की जांच करने वाले चिकित्साधीक्षक ने स्लाइड जांच में दर्ज की गयी रिपोर्ट की पुष्टि कर दी है। सीमा का मेडिकल करने वाली चिकित्सक महिला चिकित्सालय अलीगढ़ की सीएमएस डा.पूनम शर्मा को गवाही के लिए न्यायालय में हाजिर होने का आदेश दिया गया है।

ब्लाक प्रमुख चुनाव: गायब कर दिए गए बीडीसी सदस्य

फर्रुखाबाद: ज्यों-ज्यों क्षेत्र पंचायत के प्रमुख पद के मतदान की तिथि नजदीक आती जा रही है त्यों-त्यों प्रत्याशी समर्थक सदस्यों को गायब कर अपने ठिकानों पर ले जा रहे हैं| ताकि विरोधी उनके वोटर को वरगलाकर गायब न कर सकें|

ब्लाक बढपुर से बसपा प्रत्याशी अखिलेश कटियार ने आज स्वयं के लिए दो तथा अपने भतीजे गुरदीप के लिए भी दो नामांकन पत्र खरीदे| डमी के रूप में गुरदीप का नामांकन कराया जाएगा अखिलेश का नामांकन सही पाए जाने पर गुरदीप चुनाव मैदान से हट जायेंगें|

कायमगंज ब्लाक से बसपा के प्रत्याशी राधाक्रष्ण उर्फ़ केके चतुर्वेदी ने दो, पूर्व प्रमुख जैगम खां व कल्पना ने एक-एक पर्चा खरीदा| बसपा नेता केके को निर्विरोध चुनाव जिताने की तैयारी में जुट गए हैं|

उधर अखिलेश को टक्कर देने वाले यशपाल सिंह यादव ब्लेकी ने दो पर्चे खरीदे| दोनों प्रत्याशियों में एक-दूसरे को जबर्दस्त ढंग से हराने के लिए जंग छिड़ गयी है| दोनों ने अपने समर्थक बीडीसी सदस्यों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचा दिया है|

ग्राम हांथीपुर निवासी बीडीसी सदस्य राम लडैते बढई बीते चार दिनों से गायब है| पूंछे जाने पर पहले उनकी पत्नी ने बताया कि वोट वाले पकड़ ले गए हैं| आज छोटे भाई राजीव ने बताया कि वह अपने कैंसर बीमारी की दवा लेने रिश्तेदारों के साथ गए हैं|

ब्लाक कमालगंज से निर्दलीय प्रत्याशी राशिद जमाल ने स्वयं के लिए दो तथा डमी प्रत्याशी एजाज के लिए भी पर्चा खरीदा| बसपा ने अभी तक यहाँ से कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है| बसपा की टिकट न मिलने से गुस्साए राशिद जमाल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है| अब बसपा को कोई जिताऊ प्रत्याशी न मिलने से यह सीट गले की हड्डी बन गयी है|

अगवा युवती प्रेम विवाह कर पुत्री के साथ पहुँची थाने

फर्रुखाबाद: एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज होते ही १६ साल की युवती एक दिन बाद ही २३ साल की हो गई| अगवा किये जाने की आरोपी युवती वर्षा प्रेम विवाह कर अपनी पुत्री के साथ आज थाने पहुँच गई|

थाना मऊदरवाजा के ग्राम रशीदपुर निवासी सुधीर कुमार कनौजिया उर्फ़ दीपू की पत्नी पारुल उर्फ़ वर्षा आज अपने ससुर रामनिवास के साथ थाने पहुँची| मांग में सिन्दूर भरे वर्षा की गोद में डेढ़ माह की पुत्री देखकर पुलिस की आँखे फटी रह गयीं| क्योंकि बीते दिन ही पुलिस ने एसपी के आदेश पर ग्राम रशीदपुर निवासी रामपाल की ओर से उसकी १६ वर्षीय पुत्री वर्षा के अपहरण के मामले में दीपू व रामविलास के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की थी| पुलिस ने वर्षा को हिरासत में ले लिया|

थाने के दरोगा गजेन्द्र सिंह वर्षा को डाक्टरी परीक्षण कराने लोहिया अस्पताल ले गए| वहां वर्षा ने दावा किया कि उसकी उम्र २३ वर्ष है| उसने अपनी मर्जी से दिल्ली में प्रेम विवाह तथा काशीराम नगर में सुधीर से कोर्टमैरिज की है जिससे डेढ़ माह की पुत्री है| इंटर पास वर्षा ने बताया कि वह पति के साथ दिल्ली में रहती है| पुलिस वेवजह पति व ससुर को परेशान कर रही है|

रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए लोग एसपी तक को गुमराह करते हैं इसका प्रत्यक्ष प्रमाण रामपाल है| रामपाल को मालूम था कि उसकी वालिग़ बेटी ने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह कर लिया है| यदि देखा जाए तो अहंकार के कारण बाप ने अपनी बेटी के सुखमय जीवन को बरवाद करने का प्रयास किया है|

ब्लाक प्रमुख चुनाव का प्रेक्षक नियुक्त

फर्रुखाबाद|| ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए प्रेक्षक नियुक्त कर दिया गया है| राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए प्रेक्षक के तौर पर रजिस्ट्रार सोसाइटीज एवं चिटफंड सोमलता सिंह को नियुक्त किया गया है। आयोग ने चुनाव परिणाम की घोषणा प्रेक्षक की पूर्व संस्तुति के बाद ही किये जाने के भी निर्देश दिये हैं।

ब्लाक प्रमुख चुनाव की संवेदनशीलता देखते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिलाधिकारियों के मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी है। विदित है कि चुनाव में जिलाधिकारी ही निर्वाचन अधिकारी भी होते हैं। इसके अतिरिक्त चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए आयोग की ओर से प्रेक्षक नियुक्त किये जाने की भी व्यवस्था की गयी है। चुनाव प्रेक्षक के 20 दिसंबर तक जिला मुख्यालय पर पहुंचने की संभावना है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ब्लाक प्रमुख चुनाव के परिणाम की घोषणा प्रेक्षक की संस्तुति के बाद ही किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार से नामांकन पत्रों की बिक्री प्रारंभ हो जायेगी। नामांकन व प्रपत्रों की जांच 20 दिसंबर को, नाम वापसी 21 दिसंबर को और मतदान व मतगणना 22 दिसंबर को होना है।

हाथी पर न चढ़ पाने पर रासिद ने राजनीति से तौवा किया

फर्रुखाबाद: पूर्व सपा विधायक के पुत्र राशिद जमाल सिद्दीकी बड़े अहंकार के साथ हाथी पर सवार होने का प्रयास कर रहे थे औधें मुह गिर जाने के कारण राजनीति से तौवा कर ली है|

कमालगंज विधान सभा क्षेत्र के पूर्व सपा विधायक जमालुद्दीन सिद्दकी के पुत्र राशिद  जमाल ने आज सांय मोबाइल पर जे एन आई को बताया कि वह निर्दलीय ही ब्लाक प्रमुखी का चुनाव लड़ेंगे| चुनाव में पिता का सहयोग लिए जाने के बारे में पूछें जाने पर राशिद ने नो कमेन्ट कह  कर मोबाइल फोन काट दिया|

राशिद के परिवार के ही ताहिर हुसैन  सपा के विधायक है तथा तहसीन  सिद्दीकी अभी हाल में ही जिला पंचायत का चुनाव जीत कर आये है|बसपा की चका चौध देखकर ही राशिद ने भी बसपा में सामिल होने की कोशिश की है| उसके अपने लोग भी नहीं चाहते कि वह बसपा में आयें चर्चा है कि  पूर्व सपा विधायक जमालुद्दीन ने ८० वीडीसी सदस्यों को खरीदकर अपनी मुट्ठी में कर लिया है वह हर हालत में अपने बेटे को ब्लाक प्रमुख बनाकर राजनीति में उतारना चाहते है| उनकी मंसा यह भी है कि राशिद निर्विरोध चुनाव जीत जाये|

बसपा ने अखिलेश कटियार को ब्लाक बढ़पुर में और गुरुदेव सिंह यादव की पत्नी अमर कुमारी को ब्लाक मोहम्दाबाद में मातादीन की पत्नी सकुन्तला देवी को ब्लाक नवाबगंज में महेश सिंह राठौर की पत्नी सरिता को ब्लाक राजेपुर से तथा अभय प्रताप गंगवार की पत्नी वीना को ब्लाक शमसाबाद से ब्लाक प्रमुख पद का प्रत्याशी घोषित किया है|

आज रात केके चतुर्वेदी को कायमगंज ब्लाक प्रमुख पद का प्रत्याशी घोषित कर दिया गया| बसपा के जिलाध्यक्ष रामानंद प्रजापति ने बताया कि ब्लाक नवाबगंज का प्रत्याशी बदल दिया गया है अबा नंदराम बहेलिया की पत्नी श्यामा देवी को ब्लाक प्रमुख का प्रत्याशी घोषित किया गया| उन्होंने बताया कि ब्लाक कमालगंज के प्रत्याशी की घोषणा शीघ्र ही की जायेगी|

हुसैन हमसे जुदा हो गया, ताजिये पुलिस लाइन करबला में दफन

फर्रुखाबाद|| आज हमारा हुसैन हम से जुदा हो गया, आज हमारा इमाम हम पे फिदा हो गया.. करबला में ताजिया सुपुर्द करने जा रहे हुसैन के शैदाइयों की जुबां पर कुछ यही अशआर थे। सोगवारों ने जंजीरी मातम में बदन लहूलुहान कर लिया पर या अली! या अब्बास! या हुसैन! की सदायें बुलंद होती रहीं। दिल दहलाने वाले खूनी मातम में जहां हुसैनियत जिंदाबाद! और यजीदियत मुर्दाबाद! के नारे लगे, वहीं नौहा ख्वानी में हुसैनियों ने दोहराया- खूने शहीदे कर्बला रंग लायेगा, जुल्म की बुनियाद ढा जायेगा।

यौमे आशूरा के दिन शहर के सभी रास्ते जैसे कर्बला की ओर मुड़ गये। सुबह से लोगों का ताजियों को लेकर कर्बला पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। नवाब दिलावर जंग, चिलपुरा, गढ़ी अब्दुल मजीद, खटकपुरा, तकिया नशरत शाह, बूरावाली गली, नखास, मनिहारी मोहल्लों के सैकड़ों छोटे-बड़े ताजिये फातिहा के साथ कर्बला में सुपुर्दे खाक कर दिये गये।

दसवीं मोहर्रम के कारण सुबह से ही गमगीन माहौल था। सर्दी के कारण धूप भी गुनगुनी नहीं लग रही थी, पर लोग ताजिये को अकीदत के साथ करबला की ओर निकल पड़े। हुसैन का दामन न छोड़ेंगे, अली का दामन न छोड़ेंगे की सदाओं से करबला का रास्ता गूंजता रहा। ताजिया ले जाने वालों में पांच साल का अयाजुद्दीन था तो 70 साल के रहमत भी। तकिया नशरत शाह और भीकमपुरा के जौं (हालों) के ताजिये और गढ़ी अब्दुल मजीद और नखास के जरी-जरदोजी के ताजिये भी करबला ले जाये गये।

मेंहदीबाग के इमामबाड़ा दरे जैनबिया से शुरू हुए अलम जुलूस में सीनाजनी के साथ खूनी मातम हुआ। घुमना, मित्तूकूंचा, चौक, पक्कापुल, तिकोना और टाउनहाल तिराहे पर सोगवारों ने ब्लेड और जंजीरों से मातम से किया। मातमदारों के शरीर से खून छलकता रहा। उस पर गुलाब जल छिड़कने की व्यवस्था थी। परचमे अब्बास ऊंचा करते हुए लोगों ने कहा – परचमे अब्बास जब लहरायेगा, हर तरफ बू-ए-वफा फैलायेगा। चौक पर तकरीर करते हुए मौलाना सैयद हुसैन आजमी ने कहा कि नवी-ए-करीम के प्यारे नवासे ने कर्बला की जमीन को दुनिया वालों के लिए मिसाल बना दिया। कयामत तक करबला के शहीद याद किये जायेंगे। रहती दुनिया तक यजीद को गिरी नजर से देखा जायेगा। हुसैन और हुसैन वाले हमेशा यह पैगाम देते रहेंगे कि जुल्म की नहीं मजलूमियत की जीत होती है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष आफताब हुसैन, नफीस हुसैन, मौलाना सदाकत हुसैन, गुलशेर ईरानी, अकरम हैदर, गुलाम अली, सलीम हैदर, शादाब जैदी, फरहत अली जैदी आदि थे।

क्रिसमस पर प्रभु यीशु मसीह के जन्म की खुशी में धूम-धाम से मनेगा पर्व

फर्रुखाबाद: बड़ा दिन या क्रिसमस प्रभु यीशु मसीह के जन्म की खुशी में मनाया जाने वाला पर्व है। क्रिसमस से 12 दिन के उत्सव क्रिसमस टाइड की भी शुरूआत होती है। बड़े दिन की खुशियां मनाने के लिए लोग विदेश से भी घर आ रहे हैं। 25 वर्षो से स्वीडन में रह रहे राजा लाल फर्रुखाबाद स्थित ससुराल में यीशु का जन्म दिन मनायेंगे।

बढ़पुर चर्च पास्ट्रेट कमेटी के कोषाध्यक्ष और क्रिश्चियन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य एएस विलकिंसन ने बताया कि क्रिसमस के कार्यक्रम एक दिसंबर से शुरू हो गये। अलग-अलग स्थानों पर कैरल सिंगिंग के माध्यम से यीशु जन्म पूर्व की खुशिया मनायी जा रही हैं। गिरजाघर में रंगाई-पुताई का काम शीघ्र पूरा हो जायेगा। 24 दिसंबर को रात 11 बजे रात्रि आराधना होगी। क्रिसमस की आराधना 25 दिसंबर को प्रात: साढ़े ग्यारह बजे होगी।

अनिल प्रसाद ने बताया कि बड़े दिन का ईसाइयों को साल भर इंतजार रहता है। यह वह खुशी का दिन है जब लोगों की चंगाई और भलाई के लिए प्रभु यीशु मसीह ने जन्म लिया। जेवी मसीह ने बताया कि क्रिसमस पर फुटबाल फैंसी मैच आयोजन का मुख्य आकर्षण रहता है।

अंधविश्वास: पांच साल के मासूम की दी बलि

सिद्धार्थनगर|| उत्तरप्रदेश के सिद्धार्थ नगर जिले में पुलिस ने आज पांच साल के मासूम बच्चो की बलि देने के आरोप में दंपति सहित एक साधु को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के जिगरा उदयपुर थाना क्षेत्र के लखनापार गांव निवासी श्याम बिहारी के पुत्र अभिमन्यु की बलि देने के आरोप में उसके प़डोसी सुग्रीव प्रसाद व उसकी पत्नी रामरती और इस काम में उनकी मदद करने वाले साधु भीषण दास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

साधु गांव के बाहर राप्ती नदी के किनारे कुटी बनाकर रहता था। अभिमन्यु बीते 20 अक्टूबर को घर के पास से लापता हो गया था। महीने भर से ज्यादा समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिलने के बाद पुलिस ने राप्ती नदी के किनारे उसके कप़डे बरामद किए थे।

सूत्रों ने बताया कि नदी किनारे कपडे़ मिलने के बाद बच्चो के लापता होने के मामले में हमारा शक कुटी बनाकर रहने वाले बाबा पर गया, जो फरार था। उसके पीछे पुलिस की टीमें लगाई गईं। पक़ड में आने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने पूरी घटना बया की। साधु की निशानदेही पर शुक्रवार को दंपति को गिरफ्तार किया गया। बच्चो का शव फिलहाल नहीं मिला है। उसे बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अली असगर का हिंडोला उठाकर महिलाओं ने किया मातम

फर्रुखाबाद|| करबला के मैदान में हजरत इमाम हुसैन के साथ यजीदी फौज से जंग के लिए गये 72 लोगों में अली असगर की उम्र छह माह की थी। यजीद ने उस पर भी रहम नहीं की और उसका कत्ल करा दिया।

गुलशेर ईरानी ने बताया कि अली असगर तीन दिन का भूखा प्यासा था। यजीद ने नहरे फुरकत का पानी रुकवा दिया था। जब हुसैन के परिवार के अन्य लोग शहीद हो गये तो हुसैन अली असगर के लिए पानी मांगने यजीद के पास गए। उन्होंने कहा कि इस बच्चे की तो कोई खता नहीं है। पर यजीद ने उनकी एक नहीं सुनी और सिपहसालार हुरमला से अली असगर पर तीर चलाने को कहा। बाप की गोद में अली भी शहीद हो गया।

अली की याद में ख्वातीन ने हिंडोले उठाये। मेंहदीबाग इमामबाड़े से चले जुलूस में काले लिबास में महिलाओं ने भी मातम किया।

चुनाव की रंजिश में दबंगों ने मां-बेटी को घायल किया

फर्रुखाबाद: प्रधानी चुनाव की रंजिश के चलते दबंगों ने घर में घुसकर मां-बेटी को मारपीटकर घायल कर दिया।

क्षेत्र के ग्राम बराकेशव निवासी बालादीन दोपहर घर पर मौजूद थे। दो दिन पूर्व पुत्री मिथलेश बीमार पिता को देखने आयी थी। प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर गांव के दबंगों ने गालीगलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर दबंग लाठी-डंडे लेकर घर में घुस गये तथा मारपीट करने लगे। बीमार पति को बचाने आयी वेदवती व पुत्री मिथलेश को जमकर पीटा, जिससे काफी चोटें आयीं। सूचना मिलने पर पुत्र नौरतन खेत से घर आये तथा मां-बहन को थाने ले जाकर मारपीट करने वालों के खिलाफ तहरीर दी।

नौरतन सिंह ने बताया कि प्रधानी चुनाव में रामकुमार गुप्त का समर्थन किया था, जिसके कारण आरोपी रंजिश मानते हैं तथा आयेदिन गालीगलौज कर मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। पुलिस ने घायल महिला वेदवती की तहरीर पर गांव के अमर सिंह, रामनिवास, कुलदीप व रामसिंह के खिलाफ मारपीट की एनसीआर दर्ज कर ली है।