Home Blog Page 5634

हर कदम पर लगा है हैण्ड पम्प फिर भी हलख तर को पानी नहीं

फर्रुखाबाद: लापरवाही का आलम देखिये जनपद मुख्यालय के सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत बरगदिया घाट में आपको हर कदम कदम पर सरकारी इंडिया मार्का हेंडपम्प लगा दिखेगा लेकिन अगर आप सोचें की इसके पानी से गला तर कर लें तो यह आपके के लिए कतई संभव न होगा| आप हेंडपंप का हत्था पकड़कर चलाते रह जाएँगे लेकिन उससे एक बूंद पानी आने वाला नहीं|

नगर पालिका व जल निगम द्वारा पूरे शहर भर में सैकड़ों की तादाद में हेंडपंप लगवा दिए गए हैं लेकिन उनके रख रखाव व मरम्मत की कोई व्यवस्था नहीं किये जाने के कारण उनमें खड़े खड़े जंग आने लगी है| लापरवाही का यह सिलसिला लोगों की शिकायत करने के बावजूद भी थमने का नाम नहीं ले रहा है|

बरगदिया घाट में रहने वाले मनोज, कुलदीप, धर्मेन्द्र, नन्हीं व छोटेलाल ने बताया कि यहाँ पर हर १० – २० कदम पर एक इंडिया मार्का हेंडपंप लगा है लेकिन उनमें से अधिकतर ख़राब हैं और जो एक – दो हेंडपंप पानी दे रहे हैं उनका पानी इतना खारा है कि उसे घरेलू उपयोग में नहीं लाया जा सकता, कुछ हेंडपंप जो अच्छा पानी देते हैं उन पर दबंग लोगों ने कब्ज़ा करके अपने समर सेविल का संयोजन कर लिया है और हम लोगों को पानी नहीं लेने देते|

उन्होंने बताया कि हम लोगों ने ख़राब हेंडपम्पों को सही करवाने के लिए नगर पालिका व जल निगम में कई बार शिकायत कि है लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती| हम लोग गंगा के किनारे रहते हैं फिर भी बूँद बूँद पानी को तरस रहे हैं| कुलदीप ने बताया कि यहाँ पर पानी कि पाइप लाइन भी पड़ी है किन्तु दो नलकूप ख़राब हो जाने से यह पता ही नहीं चल पाता कि पानी कब आया कब चला गया?

गर्मियों का मौसम नजदीक आ जाने के कारण पानी की यह किल्लत हम लोगों के लिए बहुत बड़ी परेशानी का सबब बन जायेगी|

प्रेमी का मोबाइल छूट जाने पर हुआ रंग रेलियाँ मनाने का भंडाफोड़

फर्रुखाबाद: विवाहित महिला के इश्कबाजी का भंडाफोड़ तब हुआ जब उसका प्रेमी मोबाइल छोड़कर भाग गया था तथा खुलासा हो जाने पर महिला अब दुष्कर्म का आरोप लगा रही हैं| पुलिस प्रेमी को हिरासत में लेकर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है|

यह घटना कोतवाली फतेहगढ़ के ग्राम बुढनामऊ की है| गाँव की रमा नाम की महिला का युवक बबलू से इश्क चल रहा है| बीती रात करीब ८ बजे महिला घर से थोड़ी दूर झोपडी में प्रेमी से रंगरेलिया मना रही थी तभी उसकी सास वहां पहुँच गई| सास को देखते ही महिला ने दुष्कर्म करने का आरोप लगाकर शोर मचाना शुरू कर दिया|

भागते समय बबलू अपना मोबाइल फोन झोपड़ी में ही भूल गया था जिससे पूरे गाँव को पता चला गया कि झोपड़ी में बबलू था| अब महिला दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भटक रही है|

सेन्ट्रल जेल चौकी प्रभारी एसके भारद्वाज ने बताया कि मामला छेड़खानी का है| आरोपी युवक को पकड़कर कोतवाली में बिठा दिया है|

उग्रपुर परीक्षा केंद्र पर चार अधिकारी तैनात

छात्राओं को नकल कराने की रिपोर्ट

फर्रुखाबाद: स्टेटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी के बावजूद ग्रामीण परीक्षा केंद्रों पर स्वकेंद्र की छात्राओं को नकल कराये जाने की सूचना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। केंद्रों की गोपनीय रिपोर्ट पर कार्रवाई शुरू हो गयी है। जिलाधिकारी रिग्जन सैम्फेल ने स्वामी आत्मदेव गोपालानंद इंटर कालेज ऊगरपुर केंद्र पर बेसिक शिक्षा विभाग के चार अधिकारी तैनात कर दिये हैं। ऊगरपुर परीक्षा केंद्र पर जिला समन्वयक सुनील कटियार व अनिल शर्मा तथा एबीएसए पुष्पराज व जेपी पाल को तैनात कर दिया गया है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी बदल दिये गये हैं। बढ़पुर व मोहम्मदाबाद के एक-एक परीक्षा केंद्र पर विशेष व्यवस्था के निर्देश भी दिये गये।

जिलाधिकारी ने 25 मार्च को हाईस्कूल की अंग्रेजी की परीक्षा के संबंध में स्टेटिक मजिस्ट्रेट से कहा है कि वह परीक्षा से पहले ही पहुंचकर पर्चा खुलवायें तथा पेपर खत्म होने पर अपने सामने कापियां सील करायें। सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र के केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के उत्तरदायित्व निर्वहन की जानकारी लेंगे।

नकलचियों के खिलाफ मुकदमा

फर्रुखाबाद: बुधवार को नकल करते पकड़े गये जिन 11 परीक्षार्थियों के खिलाफ केंद्र व्यवस्थापक चंद्रप्रकाश दीक्षित ने मुकदमा दर्ज कराया है।

सर्वोदय इंटर कालेज पिपरगांव के केंद्र व्यवस्थापक चंद्रप्रकाश दीक्षित ने 23 मार्च को परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़े गये परीक्षार्थी अर्चना, पूजा, पूनम, रजनी देवी, सरिता सैनी, कु.सरिता, सरिता शाक्य, सोनी, मुन्नेश प्रताप सिंह, अतुल कुमार, वहीं कन्नौज जिले के थाना गुरसहायगंज अंतर्गत गांव केथरापुर के पंकज कुमार के खिलाफ हाईस्कूल गणित व गृहविज्ञान के पेपर में नकल करने का मुकदमा दर्ज कराया है।

26 को होगा जनक्रांति पार्टी का होली मिलन

फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय जन क्रान्ति पार्टी का होली मिलन कार्यक्रम २६ मार्च २०११ को नवभारत सभा भवन में दोपहर १२ बजे आयोजित होगा इसकी सूचना पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश राजपूत ने फर्रुखाबाद सदर विधान सभा प्रभारी मोहन अग्रवाल के आवास पर आयोजित पत्रकार बार्ता में दी| उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा मनाये जा रहे इस होली मिलन कार्यक्रम में पूरे जनपद के लोग भाग लेंगे|

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्यारे लाल लोधी विशिष्ठ अतिथि प्रदेश अध्यक्ष बीएल वर्मा अन्य अतिथियों में हरिश्चंद्र निषाद शम्भू सिंह, डॉ भोला सिंह खटिक आदि होंगे|उन्होंने कहा कि होली मिलन कार्यक्रम के साथ ही जनक्रांति पार्टी प्रदेश की लोकतंत्र विरोधी वसपा सरकार के खिलाफ अभियान छेड़गी|

मुकेश राजपूत ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को संवैधानिक तरीके से सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का अधिकार है और संवैधानिक तरीके से किये गए इस विरोध पर किसी को प्रताड़ित नहीं किया जा सकता किन्तु प्रदेश की वसपा सरकार ऐसा कर रही है जिसका आने वाले समय में उसे गंभीर परिणाम भुगतना पडेगा|

जन क्रान्ति पार्टी से सदर विधान सभा प्रभारी मोहन अग्रवाल ने कहा कि आने वाले अगले सप्ताह से पार्टी के लोगों को लेकर जिले भर में घर-घर जायेंगे और लोगो को बाबू कल्याण सिंह की नीतियों के बारे में अवगत करायेंगे हम लोगो को कल्याण सिंह के पिछले दो कार्यकालों की याद दिलाकर बतायेंगे कि किस तरह प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार पर उन्होंने अंकुश लगाया था| और आने वाले भविष्य में भी उन्ही के द्वारा सम्पूर्ण देश व प्रदेश का कल्याण संभव है|

जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कटियार ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में कोई भी सरकार जन क्रान्ति पार्टी के समर्थन के बिना नहीं बनेंगी और जिसकी सरकार बनेंगी उसको नीति आधारित समर्थन दिया जाएगा और कल्याण सिंह की नीतियाँ पूरे प्रदेश भर में लागू करवाई जायेंगी|

कार्यक्रम में मनोज रस्तोगी (पप्पू), विजय वाथम प्रधान रखा, सुरेन्द्र पाल जिला मंत्री आदि ने भाग लिया|

लव मैरिज की रंजिश: युवक की ह्त्या, सास व बहू को गोली मारी

फर्रुखाबाद: लव मैरिज करने की रंजिश में आज थाना जहानगंज के ग्राम राजेपुर भूढ़ में युवक संतोष की गोली मारकर ह्त्या व उसकी माँ व भाभी को घायल कर दिया गया|

संतोष स्वर्गीय परुशराम चतुर्वेदी का ३५ वर्षीय विकलांग पुत्र था| उसकी माँ ६६ वर्षीय रामबेटी व सबसे छोटे भाई नमो नरायन की २० वर्षीय पत्नी गिरिजेश को सुबह ९ बजे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया| गिरिजेश के कान, गले के अलावा कई स्थानों पर तथा रामबेटी के कमर आदि कई स्थानों पर गोली लगी है|

गिरिजेश का एक्स-रे कराया गया| दिल्ली निवासी शिवकुमार अग्निहोत्री की बेटी गिरिजेश ने बताया कि मैंने एक वर्ष पूर्व जिला कन्नौज नमो नरायन उर्फ़ सानू से कोर्ट मैरिज की थी जिससे चचेरे जेठ रंजिश मानते हैं, उन्होंने ही मेरे गोली मारी है| रामबेटी की देखभाल के लिए उनकी विवाहित बेटी लोहिया अस्पताल पहुँच गई| रामबेटी ने बताया की वह बहू गिरिजेश के साथ सुबह ६ बजे खेतों में शौंच कर घर जा रही थी| जब वह घर के बाहर कुएं के निकट से गुजर रही थी उसी समय पूरन चतुर्वेदी, अवनीश चतुर्वेदी व ब्रजेश चतुर्वेदी की पत्नी गुड्डो व बेटे केशू के अलावा प्रधान रामविलास ने घेर लिया|

पीड़ित महिला ने बताया कि पूरन ने मेरे व बहू के ऊपर जान से मार डालने के लिए ५,६ फायर किये| इन्ही लोगों ने बड़े बेटे संतोष को घेरकर गोली मारकर ह्त्या कर दी| संतोष शौंच कर घर आ रहा था| उसके कनपटी पर रखकर गोली मारी गई| उसका पोलियो से एक पैर खराब है|

बताया गया कि बीते सालों पूर्व पूरन ने पैर में फाबड़ा मारकर संतोष को घायल कर दिया था| घायल ब्रजेश का पति हरदोई में प्राईवेट नौकरी करता है| सूचना मिलने पर वह भी घर आ गया| घटना के समय संतोष का छोटा भाई बबलू घर में सो रहा था|

घटना स्थल का जायजा लेकर लौटे अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र ने बताया कि कोर्ट मैरिज करने की रंजिश में चचेरे भाई ने ही गोली मारी है| एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया|

पति के इंजेक्शन से पत्नी की मौत, सदमे में सास के मरने से कोहराम

फर्रुखाबाद: झोलाछाप डाक्टर पति के इंजेक्शन से उसकी पत्नी शिल्पी की आज सुबह मौत हो गई| इस सदमे में सास के द्वारा दम तोड़ दिए जाने पर कोहराम मच गया| माँ-बेटी के शव देखने वालों के दिल दहल गए|

शिल्पी थाना मऊदरवाजा के ग्राम जसमई निवासी प्रशांत दीक्षित उर्फ़ शीलू की २२ वर्षीय पत्नी तथा थाना नवावगंज के ग्राम फतनपुर निवासी सुशील कुमार चतुर्वेदी की पुत्री थी| उसका ५ वर्ष पूर्व विवाह हुआ था कोई संतान न होने के कारण शीलू का उससे मोहभंग हो गया था और वह दूसरा विवाह करने की तैयारी में था|

घटना के बाद रोडवेज के संविदा चालक शीलू घर से गायब हो गया परिजनों व एसओ अतरसिंह ने बताया कि सदमे में बेहोश हो जाने पर शीलू को डॉ मनोज के यहाँ भर्ती कराया गया था| डॉ मनोज के कर्मचारी पंकज ने बताया कि शीलू दवा लेने के बाद चला गया|

शीलू के पिता अवधेश ने बताया कि शिल्पी की मौत आज सुबह करीब ६:३० बजे हुई| बेटा शीलू शौंच करने गया था तभी समधन ऊषा ने बताया कि बेटी का शरीर ठंडा पड़ गया है| बहू गर्भवती थी उसका डॉ सुषमा सिंह के अलावा इंजेक्शन से फोड़ा बन जाने का इलाज डॉ चटवाल के यहाँ से चल रहा था|

गाँव के ही झोलाछाप डॉ केदारनाथ ने बताया कि मैंने ही शिल्पी को मृत घोषित किया| बेटी के मरने के गम में ऊषा ने अपने सिर को दीवार व जमीन पर पटका रोने व चिल्लाने के बाद वह भी बेहोश हो गई|

ऊषा को डॉ मनोज चतुर्वेदी और वहां से डॉ उदयराज के यहाँ ले जाया गया जिन्होंने ऊषा को मृत घोषित कर दिया| माँ-बेटी के शव मकान से थोड़ी दूर जानवर बंधने वाले स्थान पर रखा गया था| पुलिस ने शीलू के मकान के दोनों कमरों में ताला लगाकर सील कर दिया| घटना हो जाने के कारण रसोई में बनाया गया भोजन रखा रहा|

१४ वर्षीय अमित ने बताया कि वह बीते दिन माँ ऊषा को देखभाल करने के लिए दीदी के यहाँ छोड़ गया था| अमित ने आरोप लगाया कि जीजा खूब नशा करते थे| वह दूसरी शादी करना चाहते थे उस लड़की का फोटो अपनी पर्स में रखते थे| दीदी शिल्पी ने मुझे वह फोटो दिखाया था|

शिल्पी के चाचा आशीष व मौसा प्रदीप कुमार ने बताया कि शीलू ने मार डालने के लिए ही शिल्पी को स्वयं इंजेक्शन लगाया था जिससे उसके फोड़ा बन गया था|

अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र, सीओ सिटी डीके सिसोदिया, चौकी प्रभारी टीडी त्यागी, राजेश कुमार, इन्द्रेश कुमार ने मामले की जांच-पड़ताल की|

जिलाधिकारी रिग्जिन सेम्फेल व पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सागर ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी की तथा थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर केस दर्ज कर कार्रवाई करें|

पकड़े गये एक दर्जन नकलचियों में नौ लड़कियां

फर्रुखाबाद, बोर्ड परीक्षा के दौरान बुधवार को हुई चेकिंग के दौरान एक दर्जन नकलची धरे गये। मजे की बात है कि इनमें से नौ छात्राएं है।

जिला विद्यालय निरीक्षक आरपी शर्मा ने बुधवार को बोर्ड परीक्षा की पहली पाली के दौरान सर्वोदय इंटर कालेज पिपरगांव में छापा मारा। यही पर आठ परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गये। इनमें मुकेश, पंकज व अतुल के अतिरिक्त अर्चना, सरिता, रंजीता, पूनम, सरिता व पूजा सम्मिलित है। सांध्यकालीन पाली के दौरान आदर्श इंटर कालेज रानूखेड़ा में सुनीता देवी को नकल करते पकड़ा गया।

पुलिस उत्पीड़न: प्रशासन से निबटने को सडकों पर उतरेगा महान दल

फर्रुखाबाद: अजमतपुर काण्ड के दौरान महान दल के जिला महा सचिव रामेश्वर दयाल शाक्य की गिरफ्तारी एवं कार्यकर्ताओं पर संगीन धाराएं लगाए जाने से पार्टी के पदाधिकारियों में जबर्दस्त रोष व्याप्त है| मुकद्दमा खत्म न किये जाने पर महान दल प्रशासन से निबटने के लिए सडकों पर उतरेगा|

महान दल के प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह शाक्य ने नगर के रेलवे रोड स्थित होटल में पत्रकारों से वार्ता के दौरान अपनी पीड़ा बताई| उन्होंने बताया कि २० मार्च को अजमतपुर के ग्राम बासियों में झगड़ा हुआ जिसमे पुलिस ने राजनैतिक दवाव में निर्दोष पार्टी के महा सचिव रामेश्वर दयाल शाक्य आदि कार्यकर्ताओं की पिटाई की और रामेश्वर दयाल पर संगीन धाराएं लगाकर उन्हें जेल भेज दिया|

श्री मौर्य ने कहा कि उन्होंने ज्ञापन देकर प्रशासन से मुकद्दमे को स्पंज किय जाने की मनाग की है| यदि २७ मार्च तक केस स्पंज न किया गया तो पार्टी के कार्यकर्ता २८ मार्च से जिला मुख्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन करेंगे|

इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश कुमार मौर्य आदि अनेकों कार्यकर्ता मौजूद रहे|

करिश्मा: माखन नगला के स्कूल में 230 भूत खा गए मिड डे मील

फर्रुखाबाद: बेसिक शिक्षा का एक स्कूल जो खुलता नहीं है, वहां 239 बच्चे पंजीकृत हैं और उसमे से 200-230 बच्चे प्राधिकरण की सबसे उन्नत निगरानी प्रणाली के रिकॉर्ड में खाना खा रहे हैं| सबको वजीफा मिला है| वहां तैनात एक शिक्षा मित्र पास के दूसरे स्कूल में पढ़ाता है और स्कूल की हेड सहायक अध्यापिका कानपुर में बैठ शिक्षिका बनने की आकांक्षा पूरी कर रही है| उत्तर प्रदेश की बेसिक शिक्षा की मैडम स्कूल नहीं जाती, पति मिड डे मील प्राधिकरण को स्कूल में बनने की सूचना फ़ोन से भेजते हैं| मिड डे मील प्राधिकरण के पास दर्ज मोबाइल नंबर मैडम के पास नहीं उनके इंजिनियर पति के पास रहता है| और वे ही उस फ़ोन से स्कूल में बच्चो के भोजन खाने की चकाचक सूचना भेजते है| सवाल ये है कि जब स्कूल में खाना बना नहीं तो खाया क्या 230 भूतों ने था? ये वाकया दिनांक 23 मार्च 2010 का है|

मध्याह्न भोजन प्राधिकरण की ओर से परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाले भोजन की सही-सही जानकारी करने के लिये प्रारंभ कर रही एमआईएस योजना को भी बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों ने ठेंगा दिखा दिया है। लखनऊ स्थित प्राधिकरण के प्रदेश मुख्यालय से आने वाले फोन पर दूसरे शहरों में बैठे शिक्षक वहीं से फर्जी सूचना देकर बेवकूफ बना रहे हैं। हद तो यह है कि कुछ महिला शिक्षिकाओं के तो पति ही यह जिम्मेदारी निभा देते हैं।

जनपद के विकास खंड राजेपुर के ग्राम किराचिन का एक स्कूल है माखन नगला। यह स्कूल अपनी एक अक्सर गायब रहने वाली शिक्षिका मंजू चौधरी के कारण पहले भी काफी चर्चित रहा है। मंजू चौधरी को लंबी अनुपस्थिति के कारण गांव के बच्चों का भविष्य चौपट हो रहा है। एक बार सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इनके विरुद्ध कार्रवाई के लिये लिखा तो कुछ माह तक वेतन रुका रहा, परंतु बाद में बेसिक शिक्षा विभाग की परंपरा के अनुसार वेतन आहरित कर दिया गया। मंजू चौधरी को दो माह पूर्व निलंबित भी किया जा चुका है। हाल ही में उनको बहाल कर दोबारा इसी गांव में तैनात कर दिया गया है। परंतु उनकी कार्यप्रणाली में रत्ती बराबर भी परिवर्तन नहीं हुआ है। बुधवार को जेएनआई संवाददाता ने विद्यालय जाकर देखा तो मंजू चौधरी नदारद थी। ग्राम प्रधान को फोन लगाया तो उनके भतीजे अनिल ने फोन उठाया। अनिल ने बताया कि मंजू चौधरी कभी कभार ही आती हैं।

मध्याह्न भोजन प्राधिकरण को भेजी गयी टेलीफोन सूची में दर्ज मंजू चौधरी के मोबाइल नंबर पर फोन किया तो उनके पति महेंद्र प्रताप चौधरी ने फोन उठाया। पहचान छुपा स्वयं को एक एनजीओ कार्यकर्ता बताकर श्री चौधरी से बात शुरु की तो श्री चौधरी ने बातों के दौरान बताया कि वह कानपुर में एमईएस (सैन्य अभियंत्रण सेवा) में सेक्शन इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया कि श्रीमती चौधरी कानपुर आयी हुई हैं, उनका फोन अब श्री चौधरी ही उपयोग करते हैं। यह पूछने पर कि मध्याह्न भोजन प्राधिकरण से काल आने पर बच्चों की संख्या कैसे बताते हैं? वह चुप हो गये।

श्री चौधरी की चुप्पी का राज जानने के लिये जेएनआई ने मध्याह्न भोजन प्राधिकरण में अपने सूत्रों से जानकारी की तो पता चला कि माखन नगला स्कूल से आज भी बच्चों की संख्या का डाटा प्राप्त हुआ है। यानी नदारद शिक्षक मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के मुंह पर फर्जी सूचनाओं के तमाचे लगा रहे हैं। यह तो एक मिसाल है। दरअसल यह जनपद सैकड़ों मंजू चौधरियों से पटा पड़ा है। एक पूर्व बीएसए के अनुसार गायब रहने वाले और खराब भवन निर्माण कराने वाले शिक्षक तो दरअसल विभाग के लिये दुधारू गाय हैं। कानपुर, लखनऊ, झांसी में रहने वाली जाने कितनी शिक्षिकायें अपनी मोटी तनखाह का एक भाग नियमित रूप से विभागीय अधिकारियों को पहुंचाती रहती हैं। कुछ शिक्षक भी इसी प्रकार ठेकेदारी या कोई अन्य व्यवसाय संभाले हैं। बेसिक शिक्षा विभाग से उनको नियमित मोटी पेंशन मिलती ही रहती है।

ब्लाक उपाध्यक्ष की हत्या के विरोध में भाकियू का प्रदर्शन

हिंसक हो रहा है कटरी में अवैध कब्जों का कारोबार

फर्रुखाबाद, कायमगंज की कटरी में हजारों एकड़ भूमि पर अवैध कब्जे का गोरखधंधा अब हिंसक होने लगा है। विगत सप्ताह ही दो हत्याऐं हो चुकी हैं। मरने वालों में से एक भाकियू ब्लाक उपाध्यक्ष व दूसरा कटरी क्षेत्र के ही एक गांव की प्रधान का देवर था। बुधवार को भाकियू ने हत्या के विरोध में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।

विदित है कि गंगा की कटरी में ग्राम भगवानपुर, ग्राम बड़ा गांव, दोषपुर, सिनोली, सींगनपुर, पुथर, बेहटा, पचरौली, हजजू नगला, महमदियापुर, गंगैया, अकाखेड़ा, हसनगंज, अलीगढ़, मीरगंज, मन्नूनगला, मझरिया, टिलिया सलेमपुर आदि गांवों की हजारों एकड़ भूमि पर पंजाब से आये किसानों का कब्जा है। इसी को लेकर स्थानीय किसानों का विवाद होता रहता है। पंजाब आये सिखों का साथ कुछ स्थानीय लोग भी दे रहे हैं। इनमें ग्राम भगवानपुर के प्रधान रामशंकर का भी नाम लिया जा रहा है। हाल ही में कटरी क्षेत्र के ही ग्राम बेहटाबल्लू की प्रधान के देवर की हत्या में तो रामशंकर के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट भी दर्ज करायी जा चुकी है। विगत 17 तारीख को ही भारतीय किसान यूनियन के कायमगंज ब्लका उपाध्यक्ष दाताराम की हत्या हो चुकी है। इस मामले में भी भाकियू नेता रामशकर का ही हाथ होना बता रहे है।

बुधवार को भाकियू नेताओं ने अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई न किये जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने बताया कि आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। अपराधी खुले आम घूम रहे हैं, और पीड़ितों को धमका रहे हैं। यदि कार्रवाई न की गयी तो 25 मार्च को मंडी समिति में बैठक कर निर्णायक आंदोलन की रणनीति बनायी जायेगी।