Home Blog Page 5630

सस्पेंस- स्कूल बाउंड्री वाल का 4 करोड़ खर्च मगर ग्राम शिक्षा निधि में नहीं पंहुचा

फर्रुखाबाद: जनपद के 200 प्राइमरी और 100 जूनियर स्कूलों में बाउंड्री बाल के लिए लगभग 4 करोड़ की धनराशि सर्व शिक्षा अभियान के जिलास्तरीय खाते से तो निकल कर खर्च हो गयी मगर 15 दिन बीत जाने के बाद भी बैंक की बाउंड्री के बाहर निकल कर ग्राम शिक्षा निधि के खातो तक नहीं पहुच सकी| अलबत्ता सर्व शिक्षा अभियान के लखनऊ से दिल्ली दफ्तरों तक ये रिपोर्ट जरूर पहुच गयी कि पैसे का उपभोग कर लिया गया है| ये खुलासा खुद फर्रुखाबाद के सर्व शिक्षा अभियान के लेखाधिकारी घनश्याम ने जेएनआई को तब किया जब उनसे पूछा गया कि बाउंड्री वाल के पैसे कि क्या स्थिति है| सूत्रों से मिली खबर के अनुसार बैंक को बाउंड्री वाल आवंटन वाली पूरी सूची अभी तक नहीं सौपी गयी है जिसके कारण पैसा विभिन्न खातो में नहीं भेजा जा सका और ये सूची किसी प्रकार के “एडवांस” के इन्तजार में तैयार नहीं हो पायी है| हालाँकि घनश्याम इस बात पर आधी सहमती जताते हुए बाकी बाते नकार गए| उन्होंने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान के उस खाते से पैसा आहरित कर लिया गया है जिसमे ये भेजा गया था|

केंद्र सरकार के कार्यक्रम सर्व शिक्षा अभियान के उत्तर प्रदेश के राज्य परियोजना निदेशक के राम मोहन राव के पत्र संख्या नि० का०/एसएसए/सप्ली० प्ला०/4554/2010-11/ दिनांक 10 दिसम्बर 2010 के अनुसार जिलों से सर्व प्रथम उन स्कूलों में बाउंड्री वाल बनाने के लिए प्रस्ताव मांगे गए थे जो सड़क/रेल लाइन के किनारे, नहर/तालाब के किनारे या फिर वन क्षेत्र के विद्यालय हैं| इन स्कूलों में बाउंड्री वाल के लिए रुपये 1105/- प्रति मीटर की दर से 200 मीटर बाउंड्री प्रति स्कूल और 7000/- प्रति गेट के हिसाब से बनाने थे| इस योजना के तहत सर्व शिक्षया अभियान के उत्तर प्रदेश परियोजना कार्यालय के 3 फरवरी 2011 के पत्र के अनुसार धनराशी भी जारी कर दी गयी| जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा 8 मार्च 2011 को सूचित किया गया कि उक्त कार्य हेतु धनराशी ग्राम शिक्षा निधि के खातो में भेज दी गयी है| मगर खुद सर्व शिक्षा अभियान फर्रुखाबाद के लेखाधिकारी के अनुसार अभी तक ग्राम शिक्षा निधियो के खातो में ये धनराशी नहीं पहुची है और पैसा उनके जिला स्तर के खाते से निकल गया है| यक्ष सवाल ये है कि ये पैसा कहाँ है? कहीं दाल में कुछ काला तो नहीं?

लेखो अभिलेखों में हेर फेर के सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा जनपद का बेसिक शिक्षा विभाग 31 मार्च निपटाने के चक्कर में बेसिक घोटाला विभाग बनने पर अमादा है| यहाँ से तबादले पर गए पिछले अधिकारिओं के खिलाफ भ्रष्टाचार की खुली फाइलों में से अभी तक एक भी बंद नहीं हो पायी है और नयी आधा दर्जन फाइलें लोकायुक्त और भ्रष्टाचार निवारण आयोग के लिए तैयार हैं| आलम ये है कि इस विभाग के फर्रुखाबाद कार्यालय के कर्णधार शिक्षा की अर्थी निकाल विकास के लिए आये बजट को सिर्फ कागजो में खर्च कर रहे हैं, हकीकत में उस बजट के सापेक्ष काम का कोई अता पता भी नहीं है| इन घोटालों घपलो में स्कूल भवन से लेकर मुफ्त बटने वाली किताबे तक शामिल हैं|

लोहिया अस्पताल बंद की घोषणा होते ही अस्पताल से चले गए मरीज

फर्रुखाबाद: सीओ सिटी डीके सिसोदिया के निर्देश पर एक सिपाही ने माईक से अस्पताल परिसर में घोषणा की कि लोहिया अस्पताल बंद हो गया है| अब यहाँ जो भी मरीज हो वह अपना इलाज कराने के लिए लिंजीगंज सिविल अस्पताल पहुंचे|

यह घोषणा सुनते ही मरीजों के तीमारदारों में हडकंप मच गया| तीमारदार अस्पताल में भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पताल ले गए|

पड़ोसी जिला शाहजहांपुर थाना मदनापुर के ग्राम झपका दिलाबरपुर निवासी बीमार बांकेलाल व उनकी ६० वर्षीय बीमार पत्नी रूपा देवी इमरजेंसी बार्ड के बाहर बरामदे में बेड पर बीते तीन दिनों से लेटीं थीं| उन्हें गुर्दे में दर्द की शिकायत थी| इलाज के अभाव में वह लोग अस्पताल छोड़कर चले गए|

इमरजेंसी कक्ष व बार्ड में ताले लग जाने के कारण वहां सन्नाटा छाया हुआ था|

नक़ल जिंदाबाद- सचल दल पर हुई नक़ल की बौछार

फर्रुखाबाद: ज़नपद मे नकल के लिये कुख्यात केंद्रो पर नकल रोकने में प्रशासन को कामयाबी उतनी नहीं मिल रही जितने का उसने ढिंढोरा पीटा था| आलम ये है कि जिले में आधा सैकड़ा स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती, 5 सचल दस्तो के 25 औचक छापामार सदस्य और कुछ केन्द्रों पर लगे अफसरों के झुण्ड भी नक़ल नहीं रोक पाए| सोमवार को ऐसे ही एक केंद्र उगरपुर पर सचल दल पर ही सचल दल पर नकल की बौछार हो गयी| जिलें में उपनिदेशक ने भी छापामारी की| आधा दर्जन विद्यालयो पर 14 नकल्ची पकडे गये और नगर के क्रिस्चियन इंटर कॉलेज में छात्रो ने नक़ल में व्यवधान डालने पर एक कक्ष निरीक्षक को ही धुन दिया|

ज्ञात हो कि ज़िलाधिकारी सेम्फेल के निर्देश पर मोहम्दाबाद ब्लाक के स्वामी आत्मदेव गोपलानंद इंटर कॉलेज केंद्र पर 4-4 अतिरिक्त अधिकारियो की तैनाती की गयी थी| इसके बाबजूद इस केंद्र पर नकल रुक्ने का नाम नही ले रही है| सोमवार को भी यहा से 3 को नकल करते पकड़ा गया|

उपनिदेशक मुकेश अग्रवाल ने अचानक खिंसेपुर, तिराहा मुरहास, पिपरगाव व नगला खैरबंद के बोर्ड परीक्षा केन्द्रों पर छापा मारा| सचल दल में सम्मिलित सदस्यो के अनुसार उनके पिपरगाव पहुचते ही खिड्कियो से नकल फ़ेकी जाने लगी| एक व्यक्ति बाहर से लिखी हुई कापिया देने का प्रयास कर रहा था जो सचल दल को देख कर भाग गया| उल्लेखनीय है कि इस केंद्र पर नकल की शिकायत पर डीएम ने 4 अतिरिक्त अधिकारी तैनात किए थे|

सोमवार को इनामुल हक शाह इंटर कालेज मे रोहित दुबे, संजीव कुमार, पिकी सागर, ज्योति पाठक व पूजा कुमारी, आर के चतुर्वेदी इका सिकंदरपुर मे कु. सविता, सर्वोदय इका पिपरगाव मे मोहिनी सिह, आत्मदेव गोपालानंद इका ऊगरपुर मे रुची सैनी, रीता व अंजू यादव और मेज० शिव दयाल इका मे रवि सिह व स्नोद कुमार को नकल करते पकड़ा गया है| कल्याण शिक्षण संस्थान टिकुरियन नगला में एक छात्रा कुमारी रूबी को नकल करते पकड़ा गया।

हड़ताल: लोहिया अस्पताल में भटकते रहे सैकड़ों मरीज

फर्रुखाबाद: अचानक हड़ताल हो जाने के कारण सैकड़ों मरीज लोहिया अस्पताल में भटकते रहे| अनेकों मरीज थोड़ी देर इन्तजार करने के बाद चले गए लेकिन काफी मरीज इस उम्मीद के साथ बैठे रहे कि शीघ्र ही हड़ताल खत्म हो जायेगी और वह डाक्टर को दिखाएंगें|

उधर इमरजेंसी कक्ष को बंद देखकर वहां पहुंचे घायल व उनके तीमारदार भौंचक्के रह गए| जब उन्हें पता चला कि हड़ताल में इमरजेंसी के भी कर्मचारी शामिल हैं तो वह भी काफी देर इंतजार करने के बाद चले गए| पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा|

यह पहली बार देखा गया कि सभी डाक्टर व कर्मचारी संगठित रहे| उन्होंने सीएमओ डॉ पोरवाल पर बसपा नेताओं की जी हजूरी करने का आरोप लगाकर उनकी एक नहीं सुनी|

रिपोर्ट दर्ज कराने को डाक्टर व इंस्पेक्टर में हुई नोकझोंक

फर्रुखाबाद: डॉ कमलेश शर्मा के हमलावरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर डॉ योगेन्द्र सिंह व इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के बीच नोकझोंक हुई|

सीएमओ डॉ पोरवाल ने डाक्टरों से कहा कि वह वाहनों से जाकर कोतवाली में जाकर रिपोर्ट दर्ज करा आये, तभी डॉ योगेन्द्र सिंह बोले कि उन्हें यह बताया जाए कि पुलिस रिपोर्ट में कौन-कौन सी धाराएं लगाएगी| इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार बोले कि तहरीर के आधार पर ही धाराएं लगाई जाती हैं|

इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने डाक्टर से कहा कि यदि आप लोगों को विश्वास नहीं तो कोई योग्य वकील साथ ले जाओ नहीं तो तहरीर में ही स्वयं धारायें लिख लो उसकी भी रिपोर्ट दर्ज हो जायेगी| कई चार पहिया व दो पहिया वाहनों से सभी डाक्टरों के अलावा कर्मचारी नेता, फार्मासिष्ट शेष नरायन सचान भी कोतवाली गए|

सीएमओ डॉ पोरवाल ने डाक्टरों से कहा कि रिपोर्ट दर्ज हो रही है अब इमरजेंसी सेवा चालू कर दो| नगर मजिस्ट्रेट ने भी आपातकालीन सेवायें चालू करने को कहा लेकिन उनकी बात की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया|

गलती की माफी माँगते रहे बसपा नेता महेश सिंह, डाक्टर नहीं पसीजे

फर्रुखाबाद: ब्लाख प्रमुख के पति एवं बसपा नेता महेश सिंह राठौर ठेकेदार अपने परिजनों की करतूत के लिए माफी माँगते रहे लेकिन डाक्टर नहीं पसीजे|

बसपा नेता महेश सिंह राठौर को जब पता चला कि परिजनों की करतूत से गुस्साए डाक्टर हड़ताल पर चले गए तो उनके हाँथ-पैर फूल गए| वरिष्ठ डॉ एके मिश्रा ने डाक्टरों की हड़ताल होते ही मोबाइल फोन से कार्यवाहक सीएमएस डॉ पीके पोरवाल सीएमओ को जानकारी दी|

डॉ पोरवाल घबडाए हुए थोड़ी देर बाद ही लोहिया अस्पताल पहुंचे| जब उन्हें पता चला कि इमरजेंसी सेवा भी ठप कर दी गयी तो उन्होंने डाक्टरों को आपातकालीन सेवा चालू करने को कहा तो डाक्टर हमलावरों के विरुद्ध रिपोर्ट व गिरफ्तारी के बिना हड़ताल खत्म करने को तैयार नहीं हुए|

स्थित की गंभीरता को देखते हुए बसपा नेता महेश सिंह राठौर ने सीएमओ, डाक्टर आदि कर्मचारियों से कई बार क्षमा याचना की| उनके आंसुओं का डाक्टर व कर्मचारियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा|

मालूम हो कि बसपा नेता महेश सिंह राठौर की पत्नी सरिता ब्लाक राजेपुर की प्रमुख हैं| सूबे के स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्र अन्टू के काफी नजदीक होने के कारण महेश सिंह के पास लोहिया अस्पताल के निर्माण एवं मरम्मत कार्य का करोड़ों रुपये का ठेका है| स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्र ने ही काफी प्रयास करके महेश सिंह की पत्नी को ब्लाक प्रमुख बनवाया था|

बसपा नेताओं के दवाव में तुरंत ही भरा गया शव का पंचनामा

फर्रुखाबाद: बसपा नेताओं के दवाव में पुलिस ने आनन्-फानन में ही बसपा नेता एवं ठेकेदार महेश सिंह राठौर के भाई सोनपाल का पंचनामा भर दिया|

लोहिया अस्पताल में हंगामा मचने पर बसपा के जिलाध्यक्ष रामानंद प्रजापति, बसपा नेता ब्रह्माशरन, नागेन्द्र सिंह राठौर एवं भाजपा नेता सत्यपाल सिंह वहां पहुंचे| उधर हड़ताल होने के कारण अस्पताल की ओर से कोतवाली पुलिस को मृत सोनपाल सिंह के मरने का मीमो नहीं भेजा गया|

बसपा व भाजपा नेताओं ने हड़ताल खत्म कराने का भी प्रयास किया लेकिन डाक्टर बिना रिपोर्ट दर्ज हुए हड़ताल समाप्त करने पर तैयार नहीं हुए|

बसपा नेताओं की सिफारिश पर सीएमओ डॉ पोरवाल ने कर्मचारियों पर दवाव बनाया| थोड़ी देर में ही फार्मासिष्ट अरुण कटियार ने मीमो आवास विकास चौकी प्रभारी इन्द्रपाल सिंह को उपलब्ध करा दिया|

सीओ सिटी डीके सिसोदिया की पहल पर इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने पंचनामा जिल्द कोतवाली से पहले ही मंगा ली थी| मीमो मिलने के थोड़ी देर बाद ही चौकी प्रभारी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजबा दिया|

डाक्टर की पिटाई करने के विरोध में लोहिया अस्पताल की सेवायें ठप

फर्रुखाबाद: इमरजेंसी मेडिकल आफीसर डॉ कमलेश कुमार शर्मा की अकारण जमकर पिटाई कर देने से गुस्साए सभी कर्मचारियों ने लोहिया अस्पताल की सभी स्वास्थ्य सेवायें ठप कर हड़ताल शुरू कर दी| मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ पीके पोरवाल व नगर मजिस्ट्रेट हरिशंकर कर्मचारियों को हड़ताल खत्म करने के लिए मनाते रहे|

इमरजेंसी कक्ष में सुबह डॉ कमलेश कुमार शर्मा, फार्मासिष्ट संजीव बाबू, बर्ड बॉय ग्रीश व सफाई कर्मचारी राजेश ड्यूटी पर था| सुबह ७:४५ बजे दुर्घटना में घायल सोनपाल सिंह राठौर की मौत हो गई| जिससे गुस्साए ८,१० मृतक के परिजन इमरजेंसी कक्ष पहुंचे| जिन्होंने जाते ही डॉ शर्मा के साथ मारपीट कर अश्लील गालियाँ दीं और कहा कि तुमने अगर मेरे खिलाफ कोई कार्रवाई करने की कोशिश की तो तुम्हे और तुम्हारे बच्चों को जान से मार देंगें|

डाक्टर की पिटाई होने की जानकारी मिलते ही अस्पताल में भगदड़ मचकर कर्मचारियों में दहशत फ़ैल गयी| डॉ शर्मा ने बताया कि पिटाई से उनकी गर्दन में चोट पहुँची| बाएं कान से सुनायी देना भी बंद हो गया और काफी दर्द हो रहा है| जबर्दस्त पिटाई के दौरान मेरे कपडे भी फाड़े गए| घटना के समय मै मरीज के इंजेक्शन लगा रहा था और फार्मासिष्ट संजीव कुमार दवाईयां दे रहे थे|

डॉ शर्मा ने बताया कि थाना राजेपुर के ग्राम हरिहर पुर निवासी घायल सोनपाल को उनके भाई महेश सिंह राठौर ने बीती शाम ७:४० बजे भर्ती कराया था| मैंने महेश सिंह को घायल को हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी थी परन्तु उन्होंने मेरी बात नहीं मानी| मेरे अथक प्रयासों के बावजूद आज सुबह मरीज की मौत हो गई|

महिला डाक्टर एवं नर्सों ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर धरना दे दिया जिन्होंने कर्मचारी एकता जिंदाबाद, हम सब एक हैं आदि के नारे लगाए|

प्रधान व सचिव ने लगाये एक दूसरे पर आरोप

फर्रुखाबाद, विकास खंड कमालगंज के ग्राम देवरान गढिया के प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी के बीच उठपटक के चलते विकास कार्य तो पहले ही ठप थे अब एक दूसरे के ऊपर धांधली के भी आरोप लगने शुरू हो गये हैं।

विदत है कि ग्राम प्रधान से मनमुटाव के चलते ही ग्राम पंचायत अधिकारी हरिश्चंद्र बाथम का तबादला ग्राम देवनान गढिया से किया गया था। परंतु उन्होंने अभी तक चार्ज नहीं छोड़ा है। ग्राम प्रधान जोगेश्वर सिंह का आरोप है कि श्री बाथम पिछले ग्राम प्रधान के कार्यकाल के कुछ एक लाख दस हजार रुपये के फर्जी बिलो का भुगतान कराना चाहते हैं। इसी लिये अनर्गल बयानबाजी करते फिर रहे हैं। दूसरी ओर ग्राम  पंचायत अधिकारी हरिश्चंद्र बाथम  का कहना है कि ग्राम प्रधान जागेश्वर सिंह ने नाली निर्माण के लिये आयी 65 बोरी सीमेंट में से मात्र 20 बोरी ही लगायी और शेष बचा ली, इसी प्रकार नाली निर्माण के लिये आयी दो कुंतल सरिया भी प्रधान ने रखली है।

खंड विकास अधिकारी डीएस चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच सहायक विकास अधिकारी को सौंपी गयी है। उन्होंने बताया कि मामला आपसी मनमुटाव का लगता है।

मार्ग दुर्घटना में बसपा ब्लाक प्रमुख के जेठ व मजदूर घायल

फर्रुखाबाद: खण्ड विकास कार्यालय राजेपुर की बसपा ब्लाक प्रमुख सरिता राठौर के जेठ व मजदूर मार्ग दुर्घटना में घायल हो गए| घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|

थाना राजेपुर के ग्राम वीरपुर हरिहरपुर निवासी सोनपाल सिंह राठौर बाइक से कायमगंज से वापस लौट रहे थे| उनके साथ ग्राम जसूपुर निवासी मजदूर श्रीपाल था| सोनपाल सायं जब शुक्रूल्लाह्पुर मार्ग से गुजर रहे थे तभी अचानक नीलगायों के झुण्ड ने तेजी से सड़क पार की जिसकी चपेट में आने से दोनों बाइक सवार घायल हो गए|

ब्लाक प्रमुख के पति महेश सिंह राठौर स्वास्थ्य विभाग के ठेकेदार ने बड़े भाई सोनपाल व मजदूर को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया| दोनों की हालत गंभीर बताई गई है|

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ पीके पोरवाल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई|