Home Blog Page 5623

प्रेमी युगल हत्याकांड में महिलाओं सहित 13 ग्रामीण फंसे

प्रेमिका की माँ सहित तीन गिरफ्तार

फर्रुखाबाद: प्रेमी युगल हत्याकांड में महिलाओं सहित १३ ग्रामीण नामजद हो गए हैं| घटना के सम्बन्ध में नगला खुरू निवासी देशराज लोधी के पुत्र संतोष ने मृत रेनू के पिता सुभाष चन्द्र और माँ अनीता, ताऊ कैलाश व उनकी पत्नी, पुत्री सुहागा तथा दो बेटों सहित १३ लोगों के विरुद्ध ह्त्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है|

रेनू का राजीव से काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था| परिजनों ने रेनू को करीब दो माह पूर्व उसकी मौसी के यहाँ मैनपुरी भेज दिया था| रेनू का मैनपुरी के ग्राम विनोदपुर बुआ के बेटे से ही विवाह तय कर दिया गया था| उसकी ७ मई को शादी होने वाली थी|

बीए का छात्र राजीव तथा रेनू ३० अप्रैल को घर से गायब हो गए| रेनू के गायब होने की रिपोर्ट कोतवाली मैनपुरी में दर्ज कराई गयी| बीती रात राजीव रेनू को लेकर गाँव पहुंचा उसने रेनू को घर भेज दिया और स्वयं खेतों में छिपा रहा इस बात की जानकारी मिलने पर सुभाष आज दोपहर को परिजनों के सहयोग से राजीव को पीटते हुए घर ले गए और वहां रेनू व राजीव की बेहरमी से ह्त्या कर दी गयी|

ह्त्या करने के बाद परिजन घर से भाग गए, भय के कारण पाल समाज के लोग भी घरों से चले गए| जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक आदि अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की| सुरक्षा के लिए गाँव में पीएसी तैनात कर दी गयी| एसओ बीके द्विवेदी ने बताया कि मुख्य आरोपी अनीता सहित तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है|

बीपीएल कार्डों पर इस माह 5 लीटर कैरोसिन

फर्रुखाबाद : जिला पूर्ती अधिकारी आरएन चतुर्वेदी ने बताया कि शासन से अतिरिक्त आवंटन मिलने से गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले बीपीएल व अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को इस माह 5 लीटर केरोसिन वितरित किया जायेगा। एपीएल कार्डो पर 6.60 रुपये किलो के साथ ही 8.95 रुपये किलो वाला गेहूं व 12.35 रुपये किलो की दर पर चावल मिलेगा।

श्री चतुर्वेदी ने बताया कि मई माह में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वितरण रोस्टर जिलाधिकारी के आदेश पर जारी कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी आरएन चतुर्वेदी ने बताया कि वितरण पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की मौजूदगी में होगा। बीपीएल व अंत्योदय को इस माह भी बढ़ा हुआ खाद्यान्न मिलाकर पौने 48 किलो गेहूं-चावल मिलेगा। चतुर्वेदी ने बताया कि जो कोटेदार गरीबों को अतिरिक्त खाद्यान्न नहीं देगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। एपीएल को 6.60 रुपये वाला पांच किलो गेहूं 7-9 तारीख तक तथा 8.95 गेहूं व 12.35 रुपये वाला चावल 5-10 किलो तक 10 व 11 मई को वितरित होगा।

डीएम ने मीडिया से वार्ता को अधिकारी नामित किये

फर्रुखाबाद : जिलाधिकारी रिग्जिन सैम्फेल ने जिले में विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों  के विषय में मीडिया के समक्ष प्रशासन का पक्ष प्रस्तुत करने के लिए मुख्या विकास अधिकारी  व अपर जिला अधिकारी  को नामित कर दिया है।

विदित है कि जिलाधिकारी रिग्जिन सैम्फेल विगत माह एक मार्ग दुर्घटना में घायल हो जाने के बाद अस्पताल से लौटने के बाद से ही अपने आवास स्थित कंप कार्यालय से ही काम काज निबटा रहे हैं। इस सम्बन्ध में सोमवार को जिलाधिकारी रिग्जिन सैम्फेल ने एक आदेश जारी कर मुख्य विकास अधिकारी को विकास संबंधी कार्यो व योजनाओं के संबंध में तथा अपर जिला अधिकारी  को राजस्व व शांति व्यवस्था के संबंध में मीडिया से वार्ता के लिए अधिकृत कर दिया है। एडीएम की अनुपस्थिति में नगर मजिस्ट्रेट तथा उनके भी न होने पर एएसडीएम सदर मीडिया से वार्ता करेंगे।

अंबेडकर ग्रामों के सत्यापन को अधिकारी तैनात

फर्रुखाबाद : जिलाधिकारी रिग्जिन सैम्फेल ने अंबेडकर ग्रामों में विकास कार्यो की गुणवत्ता एवं प्रगति की हकीकत जानने के लिए अधिकारियों की तैनाती कर दी है।

श्री सैम्फेल की ओर से जारी आदेश के अनुसार 4 मई को एडीएम सुशीलचंद्र श्रीवास्तव बुढ़नामऊ,  जिला विकास अधिकारी एके सिंह चंद्रौल 5 मई को लालपुर पट्टी तथा परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण रामकृत राम 7 मई को चिलौली अंबेडकर गांव का निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करेंगे। निरीक्षण में विकास कार्यो की गुणवत्ता, योजना की प्रगति की हकीकत पारखी जायेगी। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान संबंधित तहसील के एसडीएम, खंड विकास अधिकारी, नोडल अधिकारी व संबंधित विभागों के अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं। इसके साथ मुख्य विकास अधिकारी को भी अधिकारियों के निरीक्षण के उपरांत अंबेडकर गांव का निरीक्षण कर तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

10 मकान राख, आग में झुलसी नेत्रहीन वृद्धा की मौत

फर्रुखाबाद: तहसील अमृतपुर के राजपुर में आग लगने से नेकसिंह की ७० वर्षीय नेत्रहीन पत्नी बेटीकुंवर आग से झुलसा कर मर गई| दोपहर को किसी शरारती बच्चे ने आग लगा दी जिससे नेकसिंह, रुस्तम, वेद प्रकाश, श्रीपाल, मतरे, ओमप्रकाश उदयपाल, सत्यपाल, कैलाश आदि १० लोगों के मकानों का करीब ५ लाख कीमती सभी घरेलू सामान जलकर राख हो गया|

नेत्रहीन महिला को निकालने के प्रयास में रुस्तम के हाँथ झुलस गए| मतरे की २ गाय झुलस गयीं, एक गाय ने दम तोड़ दिया| फायर बिग्रेड ने आग बुझाई, ग्रामीणों ने भी आग बुझाने की कोशिश की| झुलसी महिला को उसके नाती कल्लू ने लोहिया अस्पताल पहुंचाया जिसे डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया|

दो वर्ष से वेतन न मिलने से क्षुब्द शिक्षक की पत्नी अनशन पर बैठी

फर्रुखाबादः दो वर्ष से पति को वेतन न दिये जाने से क्षुब्द बसंती देवी रविवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरने पर बैठ गयी।
विदित है कि कृषक जनता जूनियर हाई स्कूल नगला सेठ में प्रधानाध्यापक पद पर तैनात दीन दयाल का वेतन नवंबर 2009 से आहरित ही नहीं हुआ है। उनसे लगातार काम भी लिया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरने पर बैठी दीन दयाल की पत्नी बसंती देवी ने बताया कि परिवार बुरी तरसह भुखमरी की कगार पर आ गया है। विगत वर्ष उनकी बहू की इलाज के अभाव में मृत्यु हो गयी है। बसंती देवी ने बताया कि वेतन आहरण न किये जाने तक उसका धरना जारी रहेगा।

प्रेमी की ह्त्या से बौखलाये परिजनों ने ग्रामीणों पर उतारा गुस्सा

फर्रुखाबाद: प्रेमी युवक राजीव की ह्त्या की जानकारी मिलते ही उसके परिजनों में जबर्दस्त रोष व्याप्त हो गया है| गुस्साए लोधी समाज के लोगों ने ह्त्या करने वाले पाल समाज के लोगों पर गुस्सा उतारा|

शिवनाथ पाल के घर में उनके बेटे ब्रजेश का तेल चढने की तैयारी थी| नाई पंडित के अलावा एकत्र हो गईं थीं| बेहद खुशी का माहौल था तभी लाठी-डंडा सरिया से मौजूद करीब एक दर्जन लोगों ने हमला करके शिवपाल को घायल कर दिया| मोहम्दाबाद पुलिस ने जीप से घायल शिवनाथ को लोहिया अस्पताल पहुंचाया|

शिवनाथ की पत्नी देवश्री ने बताया कि बेटे ब्रजेश का ५ मई को विवाह होना है| तेल की तैयारी के दौरान गाँव के संतोष, रोशन, गोपाल, सुनील, सरपंच आदि एक दर्जन लोधियों ने हमला किया जिससे मेरे भी चोट आ गयी|

पुलिस अधीक्षक ओपी सागर ने शिवनाथ के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी की तथा न्याय दिलाने का आश्वासन दिया|

बाइकर्स गिरोह ने दिन दहाड़े सैनिक के रुपयों का थैला लूटा

फर्रुखाबाद: जिले में बाइकर्स गिरोह का कहर जारी है जो मौक़ा मिलते ही लूट-पाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं| जिनको पकड़ना तो दूर उनके बारे में कोई जानकारी तक नहीं है|

बाइकर्स गिरोह ने आज दोपहर दिन दहाड़े कोतवाली मोहम्दाबाद क्षेत्र में रुपयों का थैला लूट लिया| ग्राम मौदहा के पूर्व सैनिक देवेन्द्र सैनिक ने आज सुबह बैंक ऑफ़ इंडिया मोहम्दाबाद शाखा से 9 हजार रूपये निकाले रुपयों के झोले को साइकिल पर लटकाकर घर जा रहे थे| रास्ते में उन्होंने संकिसा रोड पर हवीव कबाड़े वाली दुकान के निकट साइकिल खड़ी की और वहां लगे हैण्ड पम्प से पानी पीने लगे| उसी समय पीछे पल्सर से दो युवक आये और झोला उतारकर भाग गए|

लोगों ने बस अड्डे के निकट पल्सर लिए खड़े युवक दिनेश कुमार यादव की पिटाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया| ग्राम जलापुर निवासी दिनेश ने बताया कि यह बाइक नगला इन्द्र निवासी भट्टा मालिक रामपाल यादव की है उन्ही का ट्रैक्टर चलाता हूँ जरूरी काम से यहाँ आया था| पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है|

अनोखा संयोगः एक ही दिन मारे गए हिटलर और ओसामा

दूसरे विश्वयुद्ध में यूरोप को बुरी तरह बर्बाद करने वाले जर्मनी के तानाशाह अडोल्फ हिटलर और अल कायदा के मुखिया ओसामा बिन लादेन के बीच सिर्फ यही समानता नहीं है कि दोनों ने मानवता के विनाश के लिए खूंखार कदम उठाए बल्कि एक और समानता यह भी हो गई है कि दोनों ही 1 मई को मारे गए।

दूसरे विश्वयुद्ध में …जर्मनी की हार के बाद तानाशाह हिटलर ने खुदकुशी कर ली थी। हिटलर के मारे जाने की खबर 1 मई 1945 को आई थी। कहा जाता है कि हिटलर ने 30 अप्रैल 1945 को खुदकुशी कर ली थी।

वहीं ओसामा बिन लादेन को अमेरिका की सेना ने पाकिस्तान के एबटाबाद में एक मई को मार गिराया। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक हुसैन ओबामा ने व्हाइट हाउस से स्थानीय समयानुसार रात करीब 11.30 बजे ओसामा बिन लादेन के मारे जाने की घोषणा की।

आतंक का भयानक अंत…..मारा गया लादेन

दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकी संगठन अल कायदा का सरगना ओसामा बिन लादेन आखिरकार मारा गया। अमेरिकी राष्‍ट्रपति बराक ओबामा ने ओसामा के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। पाकिस्‍तान की राजधानी इस्‍लामाबाद के समीप अबोटाबाद में एक आलीशान हवेली में छिपे लादेन को सीआईए के ऑपरेशन में मार गिराया गया।

रविवार देर रात को चले इस ऑपरेशन में लादेन के बेटे समेत तीन और लोग भी मारे गए। लादेन इस घर में पिछले साल अगस्त से छुपा हुआ था। 40 मिनट तक चले इस ऑपरेशन में लादेन के परिवार वालों के अलावा उसके मुख्य सहयोगी अल जवाहिरी के मारे जाने की भी खबर है। हालांकि जवाहिरी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन इस दौरान आतंकी संगठन तहरीके तालिबान ने एक बयान जारी कर सबको चौंका दिया कि लादेन मारा नहीं गया बल्कि महफूज है।

मिसाइल हमले में मारे गए ओसामा को सिर में गोली लगी थी। उसके छह बेटे और 3 पत्नियां हिरासत में ली गई हैं। अमेरिकी सैनिक शव को अफगानिस्तान के बरगाम एयरबेस ले गए हैं। इस बीच, ‘सीएनएन’ ने खबर दी है कि ओसामा को समुद्र में दफना दिया गया है।

अमेरिकी राष्‍ट्रपति ने ओसामा के मारे जाने की पुष्टि करते हुए राष्‍ट्र को संबो‍धन में इसे अमेरिका के लोगों की जीत बताया है। ओबामा ने अपने भाषण मे कहा कि लादेन की मौत से 9/11 के पीड़ितों को आज इंसाफ मिला है। ओबामा ने कहा, ‘ये ऐतिहासिक दिन है। हमारी लड़ाई इस्‍लाम के खिलाफ नहीं है। ओसामा को उसके किए की सजा मिल गई है। लादेन पाकिस्‍तान की मदद से मारा गया है। हमने पाकिस्‍तानी राष्‍ट्रपति आसिफ अली जरदारी से बात की है।’

इसके बाद अमेरिका सरकार ने अपने नागरिकों के लिए टेरर अलर्ट जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अमेरिकी नागरिक विदेश जाएं तो सतर्क रहें, क्‍योंकि ओसामा की मौत के बाद वे आतंकियों के निशाने पर हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक लादेन के मरने के बाद एहतियात के तौर पर दुनियाभर में फैले अमेरिकी दूतावासों की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

आतंकवाद का चेहरा बन चुके लादेन की मौत पर वाशिंगटन सहित पूरे अमेरिका में जश्‍न का माहौल है। वाशिंगटन में ह्वाइट हाउस के बाहर हजारों लोग इकट्ठा होकर खुशी का इजहार कर रहे हैं। ‘सीएनएन’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिकी नौसेना भी ओसामा को मारे जाने के लिए चलाए गए ऑपरेशन में शामिल थी।

लादेन के गुट अल कायदा पर 11 सितंबर 2001 को अमेरिका पर हुए सबसे बड़े आतंकवादी हमलों की साजिश करने का आरोप है। इस हमले में तीन हजार से अधिक लोग मारे गए थे। ऐसे में लादेन का मारा जाना अमेरिका की एक बड़ी जीत मानी जाएगी। ओसामा बिन लादेन को पकड़ने के लिए अमेरिकी सेना पिछले 10 साल से अभियान चला रही थी। अफगानिस्तान की तोरा बोरा पहाड़ियों से लेकर पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी कबायली इलाके तक हर जगह अमेरिकी सैनिकों ने लादेन की तलाश की।