Home Blog Page 5602

सिपाही की पत्नी से इश्कबाजी करने वाले हटाये गए चौकी प्रभारी

फर्रुखाबाद: सिपाही की पत्नी के साथ जबरन इश्कबाजी करने वाले आरपीएफ चौकी प्रभारी नरेश कुमार मीना को हटाकर फतेहगढ़ कोतवाली से अटैच किया गया| अग्रिम आदेशों पर चौकी का चार्ज कायमगंज के सहायक सब इंस्पेक्टर दुर्गा प्रसाद को सौंपा गया|

फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन आरपीएफ चौकी प्रभारी नरेश कुमार मीना तथा चौकी के ही सिपाही हीरालाल गौतम बड़ी लाइन रेलवे कालोनी में आसपास ही हैं| बीच में बदायू में तैनात बीके द्विवेदी सिपाही का आवास बंद रहता है| सम्बन्ध होने के कारण सिपाही हीरालाल की पत्नी बीती रात चौकी प्रभारी नरेश कुमार के आवास में चली गई|

मध्यरात्रि के बाद हीरालाल के बच्चे जाग गए जिन्होंने आवास में माँ को न देखकर चीख-पुकार शुरू कर दी| पड़ोसी आवासों के लोग जाग गए| जिन्होंने फोन करके चौकी में ड्यूटी करने वाले हीरालाल को जानकारी दी| हीरालाल जब अपने आवास पर पहुंचा तो उसने पत्नी को नरेश कुमार के आवास के पिछले गेट से निकलते देखा|

गुस्साए सिपाही ने पत्नी की जमकर पिटाई कर दी और आरपीएफ के इंस्पेक्टर राजेश कुमार को चौकी प्रभारी की हरकतों की जानकारी देते हुए उसे मार डालने को कहा| घबडाए इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने रात में ही मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और सीनियर कमांडेंट रमेश चन्द्र को घटना की जानकारी दी|

अधिकारी के निर्देश पर इंस्पेक्टर ने नरेश कुमार को चौकी से हटाकर उनके आवास में ताला लगवा दिया| चौकी प्रभारी श्री मीना ने मोबाइल फोन पर JNI को बताया कि वह विवाहित हैं पत्नी गाँव गई हुई है| मनमुटाव के कारण झूंठी शिकायत की गयी|

पक्के मकान वालों को भी बांटे महामाया आवास

फर्रुखाबाद: अम्बेडकर गांव जिजपुरा में एडीएम ने खुली बैठक के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत कि गांव में महामाया आवास योजना में जो दो ग्रामीणों के नाम सूची में शामिल है उनके पक्के मकान बने है इस पर एडीएम ने उनके नाम सूची में हटाने के निर्देश दिये।

कायमगंज क्षेत्र के अम्बेड़कर गांव जिजपुरा में एडीएम सुशील चन्द्र श्रीवास्तव ने अन्य अधिकारियों के साथ गाँव में खुली बैठक कर प्रस्ताबित योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया। एडीएम ने दस महामाया आवासों की सूची देखी जिसमें ग्रामीणों ने मंसूर नगर निवासी मुन्नी देवी पत्नी जिलेदार व कालीचरन पुत्र रामस्वस्रूप की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होने आवास पाने के लिए अपने पक्के मकान न दिखाकर झोपड़ी दर्शायी। इस पर एडीएम ने शिकायत मिलने पर सूची में आवास व पट्टे से नाम कटवाने के निर्देश दिये। खुली बैठक में एडीएम ने कहा पूरी ग्राम पंचायत में इण्डियामार्का हैण्डपम्प पहले से ही बीस लगे हुए है।

अपर जिला अधिकारी सुशील चन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि लाभार्थियों के चयन में लापरवाही या मनमाने करने के मामले में वोह अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजेंगे|

नशेड़ी युवक ने एक्सपाईरी दवाईयों का स्वाद चखा

फर्रुखाबाद: नशेड़ी युवक शिवम् ने एक्सपाईरी दवाईयों का स्वाद चखा| हालत बिगड़ने पर मामा नीरज ने सायं उसे लोहिया अस्पताल पहुंचाया|

कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला हांथीखाना निवासी राधा कृष्ण का १७ वर्षीय शिवम् कोई काम न करके दिन भर शराब के नशे में रहता है| इसी बात के लिए आज उसे दादा ने बुरी तरह डांट दिया| गुस्साए शिवन ने आत्महत्या करने के लिए घर में रखी एक्सपाईरी दवाईयां पी लीं| हानिकारक दवाईयों के कारण उसकी हालत बिगड़ गई|

थाना राजेपुर के ग्राम खंडौली निवासी आधार सिंह के २२ वर्षीय पुत्र धनपाल सिंह ने आत्महत्या करने के लिए जहरीला पदार्थ खा लिया| हालत बिगड़ने पर उसे देवेन्द्र सिंह ने उसे लोहिया अस्पताल पहुंचाया|

गैस एजेंसी न होने के कारण ब्लैक का बाज़ार गर्म

फर्रुखाबाद: कस्बा मोहम्मदाबाद में गैस एजेंसी न होने के कारण यहाँ पर पूरे साल गैस की कालाबाजारी का बाज़ार गर्म रहता है| एजेंसी न होने के बावजूद कस्बा व आसपास ग्रामीण क्षेत्र में सैकड़ों सिलेंडरों की प्रतिदिन आपूर्ति होती है। गैस की कालाबाजारी में गैस प्लांट के कुछ कर्मचारियों की सांठगाठ से भी जा सकता।

घटतौली के बाद सवा छः सौ का एक सिलिंडर

इस अवैध कारोबार से जुड़े सूत्रों के अनुसार सिलेंडरों का धंधा करने वालों की गैस ढोने वाले ट्रक चालक व गैस एजेंसियों के मालिकों से सांठगांठ रहती है। यह लोग ट्रक चालकों व गैस एजेंसी के मालिकों से 80 से 100 रुपया प्रति सिलेंडर के हिसाब से ब्लेक में ले लेते हैं तथा खाली सिलेंडर ट्रकों में भर देते हैं। आमदनी का कुछ हिस्सा ट्रक चालकों को भी दिया जाता है। इसके बाद गैस सिलेंडर फुटकर विक्रेताओं को 500 रुपये प्रति सिलेंडर के रेट पर मिलता है। जिसको फुटकर विक्रेता 600 रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेचता है। अर्थात, 345 रुपये वाला गैस सिलेंडर 600 से 625 रुपये तक में उपभोक्ताओं को मिलता है। कुकिंग गैस का धंधा करने वाले घटतौली में भी नहीं चूकते। प्रत्येक सिलेंडर की सील हटाकर दो से तीन किलो तक गैस भी निकाल लेते हैं। कई ट्रक चालक तो ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रक खड़ा करके रात में सिलेंडरों से दो-दो किलो गैस निकालकर कई सिलेंडर तैयार करके बेच देते हैं। गैस की कालाबाजारी में गैस प्लांट के कुछ कर्मचारियों की भी सांठगाठ है।

पुलिस की मिलीभगत से चलता है कारोबार

गेसिंगपुर स्थित छोटू ढाबा के बाहर खड़े गैस सिलेंडरों से भरे तीन ट्रक विगत वर्ष भी पकड़े गये थे। तब भी इन्हीं पूर्ति निरीक्षक मुन्ना सिंह गौर ने ट्रक संख्या आरजे 05जी/4295, यूपी 76 ई/9011,आरजे 05जीए/0068 के चालकों क्रमश: , शिवकुमार, उपेंद्र कुमार तिवारी निवासी ग्राम महोली थाना सीतापुर तथा कठेरियन नगला निवासी रामशरन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। ट्रक संख्या आरजे 05जीए/0068 में 294 घरेलू भरे गैस सिलेंडर तथा पांच व्यवसायिक सिलेंडर, घरेलू गैस सिलेंडरों में निर्धारित वजन से कम गैस पायी गयी थी। ट्रक संख्या यूपी 76 ई/9011 में 294 तथा 6 सिलेंडर व्यवसायिक थे। उसमें चार घरेलू गैस सिलेंडरों में गैस कम पायी गयी थी। ट्रक संख्या आरजे 05जी/ 4295 में 294 एवं 6 व्यवसायिक सिलेंडर थे। जिसमें दो घरेलू गैस सिलेंडरों में गैस कम पायी गयी थी। आरोपियों के पास गैस सिलेंडरों से गैस निकालने के उपकरण भी पाये गये थे। घटना के एक वर्ष बाद भी इस केस में भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है| ज़ाहिर है कि पूरा कारोबार पुलिस की सांठ गाँठ से चलता है|

मार्ग दुर्घटना में दंपत्ति को घायल कर कराया इलाज

मार्ग दुर्घटना में अनेकों लोग हुए घायल

फर्रुखाबाद: अलग-अलग स्थानों पर मार्ग दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया|

दुर्घटना में थाना शमसाबाद के ग्राम अलियापुर निवासी मेघनाथ व उनकी पत्नी पूनम घायल हो गईं| अनिल अपनी ननिहाल से पत्नी को बाइक पर बिठाकर घर जा रहे थे| रास्ते में बदले नगला के पास ट्रैक्टर के टक्कर से पत्नी सहित घायल हो गए| दुर्घटना करने वालों ने ही घायल दम्पत्ति को लोहिया अस्पताल पहुंचाया तथा इलाज में पूरा खर्चा देने का वायादा कर समझौता कर लिया है|

दुर्घटना में थाना कमालगंज के ग्राम कैथा निवासी राजाराम बाथम का २० वर्षीय पुत्र लालू तथा थाना राजेपुर के ग्राम गंधिया निवासी अजीत व बाबू घायल हो गए| हालत गंभीर होने पर लालू को अस्पताल ले जाया गया|

अजय कटियार के भट्टे का ट्रैक्टर चलाने वाला लालू बीती रात बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था| बाइक को पेट्रोल पम्प का सेल्स मैन बाबू चला रहा था तथा पम्प का मैनेजर अजीत भी सवार था| जब बाइक रात ११ बजे ग्राम चाचूपुर के निकट से गुजर रही थी उसी समय सामने से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी|

दुर्घटना में जिला जेल कुटरा निवासी आशाराम का २० वर्षीय पुत्र संदीप घायल हो गया| घायल को पप्पू ने अस्पताल पहुंचाया| दुर्घटना में थाना राजेपुर के ग्राम कनकापुर निवासी रामलाल का ३० वर्षीय पुत्र आशाराम कोतवाली कायमगंज के ग्राम अताईपुर निवासी जगनलाल का २९ वर्षीय पुत्र छविनाथ तथा थाना हरपालपुर के ग्राम मलोखा निवासी रामराज कश्यप का २५ वर्षीय पुत्र राजकुमार घायल हो गया| तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बीती रात कोतवाली फतेहगढ़ के ग्राम नौगवां में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे|

बेहाल हो गयीं है लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी सेवायें

फर्रुखाबाद: विभागीय कर्मचारियों की घोर लापरवाही के कारण लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी सेवायें बेहाल हो गयीं हैं| गर्मी के कारण मरीज और परेशान हो जाते हैं|

लोहिया अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष का एकमात्र AC बीते कई माह से खराब है| फ्रिज भी नहीं चल रहा है, सैडो लैम्प के बल्ब खराब हैं| आयेदिन दुर्घटना में घायल अनेकों मरीजों को इमरजेंसी कक्ष में ले जाया जाता है| घायलों के उपचार के लिए कई डाक्टर व अनेकों कर्मचारियों को जुटना पड़ता है| घायलों को देखने के लिए उनके परिजन व समर्थकों की भी भीड़ एकत्र हो जाती है| गर्मी के इस मौसम में यह सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि ऐसी स्थित में इमरजेंसी कक्ष वायु प्रदूषित हो जाता है|

घायलों का उपचार करने वाले कर्मचारियों के पसीना टपकने लगता है जिससे घाव पर पसीना गिरने से इन्फेक्शन हो जाने की संभावना हो जाती है| कहने को लोहिया अस्पताल में आयेदिन अपर निदेशक, सीएमओ व सीएमएस अस्पताल का निरीक्षण करते रहते हैं| निरीक्षण केवल दिखावा के लिए किये जाते हैं| किसी भी लापरवाह व दोषी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती| जिसका खामियाजा मरीजों को उठाना पड़ता है|

अव्यवस्थाओं के सम्बन्ध में विभागीय कर्मचारी लिखित शिकायत भी कर चुके हैं लेकिन उसके बावजूद भी अधिकारियों के कानों पर जूँ तक नहीं रेंग रहा है|

मनचलों ने नल पर अकेली देख युवती से कर दी छेड़खानी

फर्रुखाबाद: नल पर पानी भरने गई युवती आराधना को पानी भरने नहीं दिया गया बल्कि पिटाई कर उसके साथ छेड़खानी की गई|

थाना मऊदरवाजा के ग्राम गुतासी निवासी सर्वेश चन्द्र की पुत्री आराधना ने आज दोपहर लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया| बीए फायनल करने वाली आराधना ने बताया कि बीते दिन घर पर अकेली थी नल पर पानी भरने गई तो वहां मौजूद पड़ोसी युवक शरद कुमार, धर्मेन्द्र ने पानी भरने नहीं दिया बल्कि वर्तन उठाकर फेंक दिया|

विरोध करने पर अश्लील हरकतें कर छेड़खानी करते हुए पिटाई कर दी| घटना के समय माँ रिश्तेदारी में गई हुयी थीं तथा पिता खेत में सिंचाई करने गए हुए थे| आराधना जब घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने गई तो पुलिस ने उसे टरका दिया|

नगर परिक्रमा: वार्ड नंबर-35 / जनता ने माना पालिका ने किया काम

0

वार्ड सभासद: सीमा परवीन

मोहल्ले: खटकपुरा सिद्दीकी, गनेश प्रसाद, लिंजीगंज

फर्रुखाबाद: वार्ड क्षेत्र में नगर पालिका द्वारा कराये गए विकास कार्यों से जनता ने संतुष्टी प्रकट कि है| लोगों ने कहा कि हम लोग वार्ड में पहले से बेहतरी का अनुभव कर रहे हैं और हमें नगर पालिका से कोई शिकायत नहीं है|

मोहल्ला खटकपुरा सिद्दीकी निवासी सोनू, नावेद, शमीम, फैजान, शालिब, जैकी आदि ने बताया कि नगर पालिका ने हमारे मोहल्ले की सभी गलियों मे काम करवाया है| कुछ गलियों में वहाँ के स्थानीय निवासियों ने काम नहीं होने दिया क्योकि वे लोग अपनी गली में नगर पालिका का हस्तक्षेप नहीं चाहते|मोहल्ले के हर खम्भे पर स्ट्रीट लाइट लगी है, जिससे पूरा मोहल्ला जगमगाता है| मोहल्ले में पानी की सप्लाई भी ठीक ठाक है और पानी की सप्लाई न होने की दशा में सरकारी हेण्डपंप पर्याप्त संख्या में लगे हैं जिससे पानी की कोई किल्लत नहीं हो रही है|

घरेलू गैस की हो रही कालाबाजारी
खटकपुरा के ही निवासी मो ज़लील, अरफ्फन, नशीर टेंट वाले, आरिफ, आशिफ स्कूल वाले, मो शोहेब आदि ने बताया कि मोहल्ले में सभासद ने अच्छा काम किया है और हम लोगों को सभासद से कोई शिकायत नहीं है, कभी कभी सफाई कर्मचारी मक्कारी कर देते हैं और सफाई ढंग से नहीं करते हैं| इन लोगों ने बताया कि हम लोगों को सबसे अधिक तकलीफ घरेलू गैस को लेकर उठानी पड़ है, १५ दिन पहले गैस बुक करवा दो फिर भी तय समय से महीनों बिलम्ब से मिलती है|

इन लोगो ने कहा कि शहर में गैस कि कालाबाजारी का धंधा खूब फल फूल रहा है जिस और अधिकारी लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं, सभी गैस एजेंशियों के मालिक इस धंधे में शामिल हैं| लोगों ने कहा कि हम लोग जल्द ही डीएसओ को गैस कि कालाबाजारी के खिलाफ ज्ञापन देंगे और यदि ज्ञापन पर कोई कार्यवाही नहीं कि जाती है तो हम सभी मोहल्ले वासी आंदोलन करेंगे|

मोहल्ला गनेश प्रसाद के निवासी बृह्मानन्द शर्मा, घनश्यामदास गुप्ता, सत्यप्रकाश यादव, वीर अभिमन्यु यादव, कंचन सिंह यादव, रवि गुप्ता, महेश गुप्ता, रामप्रकाश शर्मा, टिल्लू गुप्ता, आदि ने कहा कि हमारे मोहल्ले में नगर पालिका से बहुत काम हुआ है हमारे मोहल्ले में पानी, बिजली, स्ट्रीट लाइट, सड़क आदि सभी की व्यवस्थाएं ठीक हैं हम लोगों को नगर पालिका से कोई शिकायत नहीं है| इन लोगों ने कहा कि मोहल्ले में टीकाकरण नहीं हो रहा है जिस वजह से हम लोगों को महिलाओं व बच्चों को टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाना पड़ता है और वहाँ भी कोई व्यवस्था सही नहीं मिलती कई कई घंटे हम लोग धक्के खाकर टीका लगवा पाते हैं|

वार्ड सभासद सीमा परवीन के पति असलम अन्शारी ने बतया कि हमने अपने वार्ड में नगर पालिका से होने वाले सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया है और जिस किसी कई भी शिकायत आई उसका त्वरित समाधान करने का पूरा प्रयास किया गया है |उन्होंने कहा कि हमने नगर पालिका से ६० लाख रुपये से विकास कार्य करवाए हैं, जिससे वार्ड की गलियों व पीने के पानी की व्यवस्था दुरुस्त करवाई गयी है| ९० सोडियम व सीएफएल स्ट्रीट लाइटें लगवाई है| २०० महामाया आर्थिक गरीब मदद योजना के अंतर्गत पेंशन बंधवाई है और अभी दुसरे चरण का सर्वे चल रहा है|

स्वास्थ्य कार्यकत्रियों द्वारा मोहल्ले में टीकाकरण न किये जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्यकत्रियां घर घर जाकर टीकाकरण नहीं कर रहीं हैं इसकी हमें जानकारी है और इस बात कि शिकायत उन्होंने ने सीएमओ से कि थी और उन्होने हमें अस्वस्त किया था कि आपकी शिकायत पर जाँच करवाकर कायवाही कि जायेगी|

प्राथमिक विद्यालय के बारे में उन्होंने बताया कि वहाँ बच्चे तो कुछ खास जाते नहीं हैं वहाँ तो सिर्फ मिड-डे-मील का खेल चल रहा है| बच्चे उपस्थित होंगे २० रजिस्टर पर दर्ज होंगे ६०| उन्होंने ने कहा कि मैंने स्वयं विद्यालय रजिस्टर को व उपस्थित बच्चों कि संख्या को देखा है, इस खेल में बीएसए और विद्यालय के अध्यापक सभी शामिल हैं|

मिलावटी देशी घी न खरीदने वाले दलित की पिटाई

फर्रुखाबाद: मिलावटी देशी घी न खरीदने वाले दलित सुरेश जाटव की जमकर पिटाई कर दी गयी|

थाना कमालगंज के ग्राम गदनापुर आमिल निवासी गंगाराम के पुत्र सुरेश ने लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया| मजदूरी करने वाले सुरेश ने बताया कि मैंने बीते दिन नगर फर्रुखाबाद के मोहल्ला नरकसा निवासी राकेश दीक्षित की दुकान से ३०० रुपये में १ किलो देशी घी खरीदा| घर ले जाने पर पता चला कि देशी घी में रिफाईंड मिला है| घी वापस करने गया तो राकेश ने जातिसूचक गाली देकर घी लेने से मना कर दिया|

गाली देने का विरोध करने पर राकेश व उनके बेटे बंटू तथा साथी रामेश्वर दयाल ने गाली देकर डंडों से पिटाई की| मोहल्ले के विपिन कुमार, कल्लू कटियार, प्रमोद शुक्ला आदि लोगों ने पिटने से बचाया| रिपोर्ट लिखाने कोतवाली गया तो पुलिस ने भगा दिया| सुरेश ने पुलिस अधीक्षक ओपी सागर को शिकायती पत्र भेजा है|

पुलिस को छापे में गैस प्लांट के निकट रिफलिंग के 50 सिलेंडर मिले

फर्रुखाबाद: जिले के एकमात्र गैसिंगपुर गैस प्लांट के निकट मारे गए छापे में पुलिस को रिफलिंग वाले ५० गैस सिलेंडर व ३ वाहन मिले|

पुलिस अधीक्षक ओपी सागर ने स्वयं बीती रात ११ बजे गैस प्लांट के निकट सतेन्द्र सिंह के होटल पर छापा मारा| पुलिस को होटल में ४७ घरेलू व ३ कामर्सियल सिलेंडर व रिफलिंग करने वाले उपकरण मिले| पुलिस को वहां बिना नंबर की बुलेरो, यूपी ७४ टी/ ००९० टैम्पो व यूपी ७६ एम/ ०७६२ नंबर की मारूती वैन मिली|

पुलिस ने होटल मालिक को हिरासत में ले लिया है जिनसे मोहम्दाबाद कोतवाली में गैस सिलेंडरों के बारे में पूंछ-तांछ की जा रही है| पुलिस तीनों वाहनों को भी कोतवाली ले गयी|

छापे के दौरान सीओ मोहम्दाबाद व थाना प्रभारी कमरुल हसन आदि पुलिस फ़ोर्स मौजूद रहा| बताया जाता है कि गैस प्लांट से सिलेंडरों से भरे ट्रक बाहर निकलने पर उन सिलेंडरों से खाली सिलेंडर में गैस अवैध रूप से भरी जाती है| यह गोरखधंधा कई वर्षों से चल रहा है|

ग्राम निसाई निवासी होटल मालिक सतेन्द्र सिंह ने बताया कि यह सिलेंडर प्लांट कर्मचारियों के हैं जिन्होंने बदलने के लिए मेरे होटल पर रख दिए थे|