Home Blog Page 5599

तस्करों के विवाद में पुलिस ने भगवान बुद्ध की बहुमूल्य मूर्ति झटकी

फर्रुखाबाद: तस्करों की कमीशनखोरी के विवाद के कारण भगवान बुद्ध की बहुमूल्य मूर्ति पुलिस ने झटक ली है| पुलिस फिलहाल मामले को दबाने का प्रयास कर रही है|

ब्लाक बढपुर की ग्राम पंचायत कुवेरपुर घाट के ग्राम गुचलियाई निवासी अशोक यादव ने कहीं से बहुमूल्य भगवान बुद्ध की मूर्ति हांसिल कर ली और उसे बेंचने का प्रयास किया| मूर्ति बेंचने के लिए कई तस्करों व दलालों से सम्पर्क किया गया| एक दलाल ने सीतापुर जिले के तस्कर से ७५ लाख रुपये में सौदा कराया| खरीदने से पूर्व तस्कर ने मूर्ति की काफी गहराई से जांच-पड़ताल करवाई|

कमीशनबाजी को लेकर दलाल का अशोक से विवाद हो गया जिसने मूर्ति की जानकारी पुलिस के आला अधिकारी को दे दी| थाना मऊदरवाजा पुलिस ने बीते सप्ताह अशोक से कीमती बुद्ध की मूर्ति हांसिल कर ली और थाने में पूंछ-तांछ करने के बाद उसे छोड़ दिया गया| पुलिस ने भी सर्राफ से मूर्ति की जांच-पड़ताल करवाई है| मूर्ति की बरामदगी न दर्शाए जाने के कारण पुलिस कर्मियों ने ही मूर्ति के मामले को उजागर किया है|

हल्का इंचार्ज से लेकर कोई भी पुलिस का अधिकारी मूर्ति मिलने की जानकारी से साफ मना कर भ्रामक प्रचार बता रहे हैं| ग्राम पंचायत कुवेरपुर घाट के प्रधान संतोष कुमार ने स्वीकार किया की पुलिस ने बीते दिनों अशोक को हिरासत में लेकर उससे पूंछ-तांछ की थी|

प्रधान संतोष ने बताया कि अशोक की किसी ने पुलिस से झूंठी शिकायत कर दी कि वह मूर्ति बनाता है जबकि अशोक खेती करवाता है| ऐसे कार्यों से उसका कोई सम्बन्ध नहीं है|

अपर मुख्य अधिकारी मुख्यालय संबंद्ध

फर्रुखाबादः अपर मुख्य अधिकारी ज्योति प्रसाद दीक्षित को शासन ने लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। उनके स्थान पर यहां जनपद महोबा में तैनात अपर मुख्य अधिकारी मुखलाल प्रसाद को तैनात किया गया है। श्री दीक्षित का स्थानांतरण आदेश शुक्रवार को यहां प्राप्त हो गया है।

विदित है कि श्री दीक्षित का स्थानीय परिस्थितियों में तालमेंल नहीं बैठ रहा था। यद्यपि श्री दीक्षित ने बताया है कि उन्होंने स्वयं के अनुरोध अपना शासन में सम्बद्धीकरण कराया है।

अपर निदेषक के आने पर भी नहीं बदले लेबर रूम के गद्दे

फर्रुखाबादः अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. एसके सिंह को शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष में आज भी पुराने गद्दे ही मिले। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों में हडकम्प मचा रहा।

शुक्रवार को कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे अपर निदेशक डा. एसके सिंह व सीएमओ पीके पोरवाल ने वहां का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होने आपरेशन थियेटर का निरीक्षण किया और वहां की सक्शन मशीन को देखा। वही उन्होने डिलेवरी रूम का निरीक्षण किया जहां बेड़ पर पुराने गद्दों को देखकर वह काफी नाराज हुए और उन्होने डा. महेन्द्र कुमार से नये गद्दे मंगवाने के लिए कहा। विदित है कि इसी सप्ताह आये स्वास्थ्य मंत्री नसीमुद्दीन ने भी निरीक्षण के दौरान अस्पताल में पुराने गद्दे देखकर आपत्ति जतायी थी।

अपर निदेशक सबसे पहले इमरजेन्सी बार्ड में पहुंचे और वहां भर्ती मरीजों के हाल-चाल लिये। वही उन्होने अस्पताल परिसर की चटकी दीवारो को देखा और मौजूद चिकित्साधीक्षक डा. महेन्द्र कुमार से कहा कि जेई को बुलाकर जहां-जहां दीवारे चटकी हैं उनको ठीक करा देें। इसके बाद वह सीधे औषधि स्टोर रूम में पहंुचे और ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट हरेन्द्र गंगवार से दवा के सम्बन्ध में जानकारी ली और कमरे के अन्दर गन्दगी को देख साफ-सफाई के निर्देश दिये। इधर अस्पताल गेट पर लगे कूडे के ढेर को देखकर वहां मौजूद चिकित्साधीक्षक से कहा कि यहां पर नगर पालिका में बात करके एक कूड़ादान रखवा दीजिए। जिससे यहां का कूड़ा कूडेदान में पड़ता रहेगा और गन्दगी से निजात मिलेगी। इस दौरान एसीएमओ डा. राजवीर सिंह मौजूद रहे।

सपा में नहीं थम रहा है विधायक व जिलाध्यक्ष का विवाद

फर्रुखाबाद: समाजवादी पार्टी में विधायक व प्रत्याशी नरेन्द्र सिंह यादव तथा जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव का विवाद थमने के बजाय और उग्र दिखने लगा है|

जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव ने २ जून को मधुर मिलन गेस्ट हॉउस में जिला सम्मलेन की तैयारी को लेकर आज पार्टी कार्यालय में खासकर सभी प्रत्याशियों व विधान सभा क्षेत्र अध्यक्षों की बैठक बुलाई| बैठक में जिलाध्यक्ष के विरोधी गुट के विधायक व प्रत्याशी नरेन्द्र सिंह यादव व उनके प्रतिनिधि मनमोहन मिश्रा, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष द्रग्पाल सिंह यादव बाबी, भोजपुर विधान सभा के प्रत्याशी व पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी व पार्टी के महासचिव सुरेन्द्र सिंह गौर आदि लोग बैठक में नहीं पहुंचे| जबकि सदर क्षेत्र के प्रत्याशी व पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, व कायमगंज क्षेत्र के प्रत्याशी अजय कठेरिया, जमालुद्दीन सिद्दीकी के पुत्र रशीद जमाल ब्लाक प्रमुख, चाँद मोहम्मद, विश्वास गुप्ता आदि मौजूद रहे|

जिलाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने सदर विधान सभी क्षेत्र के अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव के जरिये विधायक नरेन्द्र सिंह को बैठक के बारे में लिखित सूचना भेजी थी लेकिन वह उनके समर्थक नहीं आये| विधायक  के प्रतिनिधि मनमोहन मिश्र ने बताया कि अमृतपुर विधान सभा क्षेत्र के प्रत्याशी नरेन्द्र सिंह व युवजन सभा ले जिलाध्यक्ष दृगपाल सिंह यादव सहित उन्हें बैठक की सूचना नहीं दी गयी|

दबंगई को लेकर मारपीट में महिलाओं सहित 6 घायल

50 हजार रुपये व मोबाइल भी लूटने का आरोप
फर्रुखाबाद: थाना मऊदरवाजा के मोहल्ला मौलवी बदन खां में आज सुबह हुए संघर्ष में महिलाओं सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए| पुलिस ने घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा|

हमले में इब्राहिम उनका पुत्र मोहम्मद फहीम उर्फ़ बीरू, नदीम, असीम, व बेटी फातिमा तथा दूसरे पक्ष के पप्पू की पत्नी नसीमा बानो घायल हो गईं| दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध एनसीआर लिखाई| जरदोजी कारीगर बीरू ने बताया कि बीते दिन सायं जब मै बीसी के ५० हजार रुपये लेकर घर जा रहा था तो मोहल्ले के शकील ने अपने घर बुलाया| वहां मुन्ना. गुड्डू, मेराज उर्फ़ कलुआ ने मारपीट कर ५० हजार रुपये व मोबाइल फोन छीन लिया|

बीरू ने बताया कि मैंने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई| इसी बात से गुस्साए हमलावरों ने सायं घर पर आकर गाली-गलौज किया| भय के कारण मै रात में नवाव दिलावर जंग जीजा के घर जाकर रुका| आज सुबह ७ बजे जब घर पर नास्ता कर रहा था तभी नसीमा, व उसके बेटे पप्पू, मेराज उर्फ़ कलुआ, मुन्ना और गुड्डू ने छुरी सरिया व डंडों से हमला कर दिया|

सेना की भर्ती के लिए दौड़ते समय 2 जवान और घायल

फर्रुखाबाद: आज सुबह सेना की भर्ती के लिए दौड़ते समय अचानक गिर जाने के कारण दो जवान घायल हो गए जिन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|

थाना जहानगंज के ग्राम कन्तला निवासी बलवीर सिंह के पुत्र संतोष कुमार लोधी तथा कोतवाली मोहम्दाबाद के ग्राम बहराम नगर निवासी राम नरेश के पुत्र गौरव कुमार को आज सुबह १० बजे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|

संतोष ने बताया कि मै सुबह सेना में भर्ती के लिए छावनी क्षेत्र में दौड़ रहा था दौड़ते समय पैर की हड्डी टूट गई और मै गिर पड़ा| जिस स्थान पर हड्डी टूटी वहां पहले भी चोट होने के कारण हल्का दर्द हो रहा था| घटना की सूचना मिलने पर संतोष की माँ पुष्पा देवी व भाई रवित कुमार अस्पताल पहुँच गए| संतोष का एक्स-रे किया गया|

गौरव को उसके परिजन ले गए| अस्पताल कर्मचारियों ने बताया कि गौरव दौड़ते समय गिर गया और उसके ऊपर से अनेकों लडके दौड़ते हुए निकल गए जिससे उसके पैर की हड्डी टूट गई|

सेना में भर्ती होने के लिए सैकड़ों युवक जी-जान से दौड़ लगा रहे हैं| बीते दिन भी दौड़ते समय दो युवक घायल हो गए थे|

आग से जली महिला की मौत, बचाने में पति झुलसा

फर्रुखाबाद: आग से झुलसी महिला कल्पना की उपचार के दौरान लोहिया अस्पताल में मौत हो गई| पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया|

थाना कम्पिल के ग्राम जिजौता खुर्द निवासी अश्वनी कुमार व उनकी २८ वर्षीय पत्नी कल्पना आग से संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गयीं| दोनों को बीती रात २ बजे कोतवाली फतेहगढ़ के नगला दीना निवासी श्रुति कुमार की पत्नी, ननद ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया| उपचार के दौरान कल्पना की सुबह ९ बजे मौत हो गई|

परिजनों ने बताया कि बीती रात ९ बजे कल्पना स्टोव पर खाना बना रही थी उसी समय उसकी साड़ी में आग लग गई| आग बुझाने में उसके पति के हाँथ झुलस गए| अश्वनी की राजा का रामपुर में टेंट हॉउस की दुकान है| कल्पना का १० वर्ष पूर्व विवाह हुआ था उसके २ पुत्र व एक पुत्री है|

सेना फायरिंग की गोली लगने से फसल तोड़ने वाला युवक घायल

फर्रुखाबाद: सेना की फायरिंग की गोली लगने से फसल तोड़ने वाला युवक मोहम्मद रफीक घायल हो गया| उसे उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|

शहर कोतवाली के ग्राम सोता बहादुरपुर निवासी २५ वर्षीय मोहम्मद रफीक अपने पिता लाल खां, भाई सानू आदि परिजनों के साथ गंगा नदी के उत्तरी ओर अपने खेत में सुबह ७ बजे लौकी की फसल तोड़ रहा था| उसी समय सेना की फायरिंग की गोली पैर में लगने से वह घायल हो गया| घायल को तुरंत लोहिया अस्पताल ले जाया गया वहां उसका एक्स-रे भी किया गया|

रफीक ने बताया कि गंगा के दक्षिण नौगवां कैंट क्षेत्र में सैनिक आयेदिन निशाने बाजी के लिए फायरिंग करते रहते हैं| उसी की गोली लगने से वह घायल हो गया| रफीक ने बताया कि थक जाने के कारण वह बैठकर लौकी तोड़ रहा था| शहर कोतवाल कृष्ण कुमार ने अस्पताल जाकर घायल से घटना के बारे में पूंछ-तांछ की|

CMO आवास पर चौकीदार का शव मिलने से सनसनी

फर्रुखाबाद: मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ पीके पोरवाल के आवास पर बीती रात चौकीदार तन्नू श्रीवास्तव का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गयी|

कोतवाली फतेहगढ़ एक मोहल्ला हांथीखाना निवासी स्वर्गीय कल्लू का २५ वर्षीय पुत्र तन्नू बीती रात सीएमओ आवास पर चौकादारी की ड्यूटी कर रहा था| रात १० बजे जब दूसरा कर्मचारी जब ड्यूटी पर गया तो उसने तन्नू को औंधे मुंह जमीन पर पड़ा देखा| सीएमओ कार्यालय के बाबू श्याम बहादुर ने कल्लू को रात ११ बजे लोहिया अस्पताल पहुंचाया| डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया|

तन्नू की पत्नी रूबी बुरी तरह बिलखने लगी| कानपुर थाना सिकन्दर के मोहल्ला सरदारपुर निवासी रामकृष्ण की पुत्री रूबी का ८ वर्ष पूर्व तन्नू से विवाह हुआ था| उसके ६ वर्ष की पुत्री काजल व ४ वर्ष का पुत्र रानू है| बताया गया कि तन्नू ने बीते दिन बैंक खाते से ६० हजार रुपये निकाले| वह दिन के २ बजे यह कहकर गया कि खाना बनाओ अभी लौटकर आता हूँ|

तन्नू के शरीर पर कोई जाहिरा चोट का निशान न मिलने से उसकी मौत का कारण और गहरा गया| अनुमान लगा गया कि जहर देकर उसकी ह्त्या की गयी| डॉ पोरवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चौकीदार की मौत का कारण पता चलेगा|

डॉ आरसी सुन्दरम ने तन्नू के शव का पोस्टमार्टम किया| पोस्टमार्टम ने तन्नू के मौत का स्पष्ट नहीं हो सका| विषैला पदार्थ खाए जाने की आशंका के कारण उसका बिसरा सुरक्षित रखा गया फिलहाल तन्नू की मौत का कारण उजागर हो पाना मुश्किल है|

हाईकोर्ट के आदेश के बाद अमर सिंह हो सकते हैं गिरफ्तार!

इलाहाबाद। चौंकिये मत, ऐसा हो सकता है कि पूर्व सपा नेता अमर सिंह की गिरफ्तारी कभी हो जाये। इसे आप अमर सिंह का बुरा वक्त कहें या फूटी किस्मत, जिससे एक के बाद एक उनके लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अभी सीडी प्रकरण से लगी आग शांत भी नहीं हो पायी थी कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें एक और तगड़ा झटका दे दिया। हाईकोर्ट ने अब से थोड़ी देर पहले अमर सिंह की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने की बात कही थी।

मालूम हो कि सपा के पूर्व नेता अमर सिंह पर कानपुर के बाबूपुरवा थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज है। अमर सिंह पर आरोप है कि जिस समय सपा की सरकार उत्तर प्रदेश में विराजमान थी उस समय अमर सिंह ने कई अवैध कंपनियों के साथ फर्जीवाड़ा करते हुए करोड़ो कमाये हैं, जिसका कोई लिखित प्रमाण उपस्थित नहीं है। ये बात साल 2003 और 2007 की है। अमर सिंह के ऊपर 400 करोड़ रूपये की हेरा-फेरी का आरोप लगाया गया है।

जिसके खिलाफ अमर सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी उन्हें गिरफ्तार ना किया जाये। उसी याचिका को आज कोर्ट ने खारिज कर दिया है और प्रवर्तन निदेशालय उनसे कभी भी कोई भी प्रश्न कर सकता है, यहां तक की अगर उन्हें गिरफ्तार भी करना पड़े तो वो कर सकता है। यही नहीं कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय से एक महीने के भीतर जांच की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी है।