Home Blog Page 5593

सीडीओ को मिला अंबेडकर ग्राम के तालाब पर अवैध कब्जा

फर्रुखाबाद: सीडीओ महेन्द्र कुमार के आज अम्बेडकर ग्राम हुसैनपुर तराई के निरीक्षण के दौरान लोगों ने उन्हें बताया कि गॉव के तालाब पर कुछ लोगों ने अबैध कब्ज़ा कर लिया है और तालाब कि जगह में पक्के मकान बना लिए हैं| इस बात को सुनते ही सीडीओ ने लेखपाल को तुरन्त अबैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए|

सीडीओ ने निरीक्षण के दौरान लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में पूंछा जिस पर अवकाश प्राप्त हवलदार मंगूलाल ने बताया कि गॉव के 2 तालाबों पर लोग अबैध कब्जा किये हुए हैं, इस बात पर सीडीओ ने लेखपाल को निर्देश दिया कि यदि राजस्व अभिलेख में तालाब दर्ज है तो कब्जेदार को तुरंत हटाया जाये| ग्राम प्रधान पति सत्यपाल ने बताया कि एक तालाब पर पक्का मकान भी बन चुका है इस पर सीडीओ ने कहा कि 122 बी की कार्यवाही कर तुरंत अवैध कब्जा हटाया जाये और 2 लाख 33 हजार कि लागत से दुसरे तालाब का सौन्दर्रीकरण करवाया जाए|

सीडीओ ने बताया कि शासन कि मंशा है कि अम्बेडकर ग्रामों में सभी सरकारी योजनाएं जिनमें प्रमुख रूप से इन्दिरा आवास, महामाया आवास, महामाया आर्थिक गरीब मदद योजना, सी सी रोड निर्माण, सम्पर्क मार्ग, हेण्डपंप, सभी प्रकार कि छात्रवृत्ति, विधवा विकलांग पेंशन इत्यादि को निर्धारित समय सीमा के अन्दर लक्ष्य के अनुरूप क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाये|

इस अवसर पर सीडीओ ने अम्बेडकर ग्राम के लिए इस वर्ष प्रस्तावित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि इस वर्ष 6 सम्पर्क मार्गों का निर्माण होना है, विद्युत लाइनें बिछाई जानी हैं और विद्युत आने के उपरान्त ग्रामीणों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए जायेंगे| महामाया आर्थिक गरीब मदद योजना के अंतर्गत पात्र 2 लोगों को लाभान्वित कराया जाएगा| 3 विधवा पेंशन प्रस्तावित है व 13 विकलांग पेंशन के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं| 4 बालिकाओं को एफ डी दी जाएगी|

सीडीओ ने ग्रामीणों से राशन वितरण के बारे में जानकारी,तथा एएनएम एवं आशा बहू के रोज ग्राम में आने की जानकारी प्राप्त की| ग्राम प्रधान पति से विद्यालय में छात्रवृत्ति वितरण के विषय में पूंछतांछ की| निरीक्षण के समय जिला समाज कल्याण अधिकारी आर बी मिश्र, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी राम अनुराग वर्मा, जिला पशुधन अधिकारी, अधिशासी अभियंता आरईएस, सहायक अभियंता विद्युत, एबीएसए जगरूप शंखवार आदि उपस्थित रहे|

दूसरी बीवी के चक्कर में बुरे फंसे लल्लन बेचारे

फर्रुखाबाद: दूसरी पत्नी के चक्कर में शनिवार को जिला पंचायत के चतुर्थ् श्रेणी कर्मचारी लल्लन की अच्छी खासी फजीहत हो गयी। एसपी कार्यालय में शिकायत करने आयी लक्ष्मी को सुलक्ष्णा सिंह अपने साथ लेका जिलापंचायत कार्यालय पहुंच गयीं। वहां उन्होंने सरेआम बेचारे लल्लन की न सिर्फ खींचतान करदी, उनके साथ गयी कार्यकत्री रामा सक्सेना तो बाकायदा अपने बैग से बेलन ही निकाल लिया। राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष राकेश सारस्वत ने जैसे तैसे बीच बचाव कर मामला निबटाया।

विदित है कि जिलापंचायत में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लल्लन की पहली पत्नी की कई वर्ष् पूर्व मृत्यु हो चुकी है। कुछ वर्ष् पूर्व लल्लन ने गोरखपुर से लाकर एक विधवा लक्ष्मी को बतौर पत्नी अपने साथ घर ले कर रख लिया। लक्ष्मी के पहले पति से दो बच्चे थे, बाद में दो बच्चे लल्लन से भी हो गये। इध्रर कुछ दिनों से दोनों में मनमुटाव हो गया था। आये दिन मारपीट व पैसा न देने से नाराज लक्ष्मी ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आ कर शिकायत की। एसपी ने रोजमर्राह की तरह यह प्रार्थनापत्र भी अपने पास कार्रवाई का आश्वासन दे कर रख लिया, परंतु एसपी आफिस में ही मौजूद महिला नेत्री सुलक्ष्णा सिंह ने मामले को लपक लिया। अपनी साथी महिलाओं के साथ वह लक्ष्मी को लेकर जिलापंचायत कार्यालय पर जा धमकीं। महिलाओं की भीड़ के साथा लक्ष्मी को आया देख कर लल्लन के तो होश पहले ही फाख्ता हो चुके थे, ऊपर से सुलक्ष्णा सिंह व उनके साथ् गयी रामा सक्सेना आदि के तेवरों से तो उसकी जान ही निकल गयी। काफी देर खेंचतान और हाय तौबा के दौरान विकास भवन के कर्मचारी भी निकल कर जिला पंचायत कार्यालय पहुंच गये। इसी ड्रामें के दौरान रामा सक्सेना तो अपने बैग में अकसर पड़े रहने वाले बेलन को बाहर निकाल लिया। इसी बीच पहुंचे राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष राकेश सारस्वत ने जैसे तैसे मामले को सुलझाया।

लक्ष्मी का आरोप था कि लल्लन अब उसे आये दिन मारता पीटता है, खर्चे के लिये पैसा भी नहीं देता है। उसके चार बच्चे हैं। एक लड़की तो सयानी है। लक्ष्मी ने लल्लन पर किसी दूसरी महिला के चक्कर में फंस जाने का भी आरोप लगाया। जबकि लल्लन का कहना था कि उसकी पहली पत्नी की पुत्री भी अब जवान हो रही है। उसकी शादी के लिये भी उसे इंतजाम करना है। इसलिये वह कुछ पैसा उध्रर भी लगा रहा है। लक्ष्मी इस बात से चिढ़ती है कि मैं पैसा अपनी पहली पत्नी के बच्चों को क्यों देता हूं।

खैर श्री सारस्वत ने लल्लन से लक्ष्मी को पांच सौ रुपये दिलवाये और उसे समझा बुझा कर घ्रर भेज दिया। दोनों को आपस में न लड़ने और भविष्य में शिकायत न मिलने की चेतावनी भी दी।

सरकारी खरीद के गेंहू के ट्रकों से मंडी रोड जाम

फर्रुखाबाद: सरकारी गेंहू खरीद केंद्रों से आने वाले गेंहू को ठंडी सड़क स्थित राज्य भंडारण निगम के गोदाम में भंडारित किया जा रहा है। यहां पर ट्रकों की अनलोडिंग का काम काफी धीमी गति से होने के कारण मंडी रोड पर कई दिनों से जाम की स्थिति बनी हुई है। सैकड़ों ट्रक और ट्रैक्टर सड़क पर लाइन लगाये खड़े हैं। सूचना मिलने पर शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी सुशील चंद्र श्रीवास्तव ने भंडारण गोदाम पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और तेज अनलोडिंग के निर्देश दिये।

एडीएम ने तेज अनलोडिंग के दिये निर्देश

श्री श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य भंडारण निगम के स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दे दिये गये हैं कि भंडारण का कार्य प्रात: १० बजे से सायं तीन बजे तक के स्थान पर प्रात: ८ बजे से सायं ६ बजे तक किया जाये। उन्होंने बताया कि एक दो दिन में स्थिति सामन्य हो जायेगी।

खाकी के कहर से आरोपी खोलेंगें लवी की ह्त्या का रहस्य

फर्रुखाबाद: पुलिस ने नगर के चर्चित लवी तिवारी हत्याकांड का पर्दाफास करने के लिए जबर्दस्त कार्रवाई शुरू कर दी है|

शहर कोतवाल कृष्ण कुमार ने नगर के मोहल्ला साहबगंज चौराहा निवासी लवी हत्याकांड के आरोपी विकास दुबे व उनके चाचा भारत दुबे को ४८ घंटे रिमांड पर लिया| इंस्पेक्टर के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र आदि पुलिस कर्मचारियों ने आरोपियों से सख्ती से पूंछ-तांछ शुरू कर दी कि लवी की हत्या की असली बजह क्या थी?

पुलिस इस बात से पर्दा उठाने का प्रयास कर रही है कि लवी की ह्त्या के दौरान विकास व भरत दुबे के अलावा और कौन-कौन वहां मौजूद थे| हत्याकांड की योजना किसने और कहा बनायी थी? चर्चा इस बात की भी रही कि पुलिस ने आरोपियों की निशादेही पर लवी की ह्त्या में प्रयोग किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया है|

एसएसआई सुनील दत्त ने बताया कि इस हत्याकांड में भूरा वाली गली निवासी दालमोठ विक्रेता दिवारीलाल गुप्ता व सुतहट्टी निवासी अंकित के नाम प्रकाश में आये हैं| एएसपी श्री मिश्र ने बताया कि आरोपियों से पूंछ-तांछ की जा रही है|

मालूम हो कि सरस्वती भवन के सामने रहने वाले लवी तिवारी की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर ह्त्या कर दी गयी थी|

गंगा स्नान करते छात्र डूबा, किशोरी का शव निकला

फर्रुखाबाद: गंगा स्नान करते समय दो चचेरे भाई तथा एक किशोरी डूब गई| एक युवक को ज़िंदा ही निकाल लिया गया| जबकि किशोरी का शव मिला|

थाना मऊदरवाजा के ग्राम कुईयाँबूट निवासी हिम्मत शाक्य का १७ वर्षीय पुत्र विनय तथा पड़ोसी शिक्षक लक्ष्मण शाक्य का पुत्र रवि सुबह ११ बजे शहर कोतवाली के ग्राम अमेठी कोहना पहुंचे| वहां के रामकुमार को विनय की बड़ी बहन बबली ब्याही है| वहीं से दोनों युवक गंगा स्नान करने घटियाघाट गए| नहाते समय दोनों युवक अचानक गहराई में चले गए|

रवि को किसी तरह निकाल लिया गया, लेकिन महावीर इंटर कालेज कक्षा १२ की परीक्षा देने वाले विनय का कोई पता नहीं चला| घटियाघाट चौकी प्रभारी सूरतराम वर्मा ने गोताखोरों के सहयोग से सायं तक शव को तलाश किया| श्री वर्मा ने बताया कि वह कल सुबह शव को तलाश करेंगें|

पड़ोसी जिला शाहजहांपुर थाना अल्लागंज के ग्राम सौआपुर निवासी ब्रह्मानंद की ११ वर्षीय पुत्री गंगा में स्नान करते डूब कर मर गई| ब्रह्मानंद परिजनों सहित बच्चे के मुंडन संस्कार करने गंगा तट पर गए थे|

पुष्टाहार का जखीरा बरामद, डेरी मालिक गिरफ्तार

फर्रुखाबाद: सटीक सूचना के आधार पर शुक्रवार को अपर उप जिलाधिकारी सदर रविंद्र कुमार ने फतेहगढ़ के मोहल्ला हाथीखाना में छापा मारा और एक डेरी मालिक के घर से ३९ बोरी पुष्टाहार बरामद कर लिया। मौक से आक्सीटोसिन इंजेक्शन का भी एक डिब्बा बरामद हुआ है। डेरी मालिक महेश चंद्र पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुष्टाहार को चोरी से खरीदने व पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत डेरी संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गयी है।

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों पर गरीब कुपोशित बच्चों को वितरित की जाने वाले पंजीरी (पुष्टाहार) इन मासूमों को नहीं मिलती परंतु डेरी संचालकों को सस्ती दरों पर ब्लैक अवश्य कर दी जाती है।

शिकायतें तो अक्सर मिलती रहती हैं परंतु इतनी बड़ी मात्रा में पुष्टाहार किसी एक स्थान से पहली बार बरामद हुआ है। शुक्रवार दोपहर सटीक सूचना के आधार पर अपर उपजिलाधिकारी सदर रविंद्र कुमार ने सीधे फतेहगढ के मोहल्ला हाथीखाना में महेश चंद्र पाल की डेरी पर छापा मारा। यहां पर बाहरी कमरे में रखीं पुष्टाहार की ३९ बोरियां रखी नजर आ गयीं। यही पर प्रतिबंधित आक्सीटोसिन इंजेक्शन का पूरा एक डिब्बा भी मिला जिसमें ६२ इंजेक्शन मैजूद थे। कुछ इस्तेमाल की हुई वाइले और सिरिंज भी यहां से बरामद की गयीं। अधिकारियों के आने की भनक लगते ही डेरी संचालक महेश चंद्र पाल मौके से खिसक लिया। इतने में नगर क्षेत्र की बाल विकास परियोजना अधिकारी और प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी कमला मिश्रा भी पहुंच गयीं। एसडीएम की सूचना पर कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस और औषधि निरीक्षक वीके जैन भी पहुंच गये। पुलिस ने मोहल्ले से ही डेरी संचालक महेश चंद्र पाल को भी गिरफ्तार कर लिया।

कमला मिश्रा की रिपोर्ट के आधार पर महेश चंद्र पाल के विरुद्ध पुष्टाहार को चोरी से खरीदने और मौके से बरामद होने के मामले में धारा ४३/४११ के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उधर औषधि निरीक्षक वीके जैन की रिपोर्ट के आधार पर डेरी मालिक के विरुद्ध प्रतिबंधित आक्सीटोसिन इंजेक्शन रखने के आरोप में पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की गयी है।

बहुत तेज है पुष्टाहार के ब्लैक का चैनल

फर्रुखाबाद: मासूमों के लिये आने वाले पुष्टाहार की ब्लैक का चैनल कितना तेज है इसका अंदाजा इसी बात से लगाय जा सकता है कि मात्र दस दिन पूर्व निर्मित पंजीरी लखनऊ  से चलकर सीधे डेरी मालिक के गोदाम में भी पहुंच गयी।

शुक्रवार को एसडीएम के छापे में जो पंजीरी बरामद हुई है उसपर मैन्यूफैक्चरिंग डेट १७ मई पड़ी है। अधिकारी यह देख कर दंग रह गये कि मात्र दस दिन पूर्व निर्मित यह पंजीरी लखनऊ से चल कर न केवल यहां पहुंच गयी, वरन उसका ब्लैक भी हो गया। छापा डालने गये उपजिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने इस संबंध में जब सीडीपीओ  कमला मिश्रा को आड़े हाथों लिया तो उन्होंने कहा कि उनकी नगर परियोजना में तो अभी चूंकि पूरा स्टाक ही नहीं मिला है सो इस लिये उन्होंने तो अभी वितरण ही नहीं किया है। उनकी परियोजना का पूरा स्टाक गोदाम पर मौजूद है।

कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये डेरी मालिक महेश चंद्र पाल ने बताया कि उनको यह बोरियां जिला जेल क्रासिंग के निकट दुकान करने वाले कैलाश के पुत्र ने दी थीं।

परंतु चूंकि बरामद बोरियों की मैन्यूफैक्चरिंग डेट काफी नजदीक की है इस लिये विभागीय अधिकारियों और पुलिस को तफ्तीश में काफी आसानी हो जायेगी।

शांतिपूर्ण बीएड प्रवेश परीक्षा कराने को प्रशासन ने कमर कसी

फर्रुखाबाद: महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखण्ड, विश्वविद्यालय बरेली द्वारा आयोजित होने वाली संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए स्थानीय प्रशासन ने कमर कस ली है| परीक्षा में किसी भी प्रकार का कोई खलल न पड़े इसलिए प्रशासन ने 29 मई से 5 जून तक शहर में निषेधाज्ञा लागू करने का निर्णय लिया है|

ज्ञात हो कि बरेली विश्वविद्यालय की बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए जनपद में 13 परीक्षा केंद्र बनाये गए हैं, जिन पर 7 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे|

मोबाइल के साथ वृद्ध की जान भी गई

फर्रुखाबाद: वृद्ध श्री कृष्ण को मोबाइल चुराए जाने की शिकायत करना काफी महंगा पडा| आरोपियों ने श्री कृष्ण की इतनी पिटाई की कि उनकी उपचार के दौरान जान ही चली गयी|

मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव पुनपालपुर निवासी 60 वर्षीय श्रीकृष्ण का उनके चचेरे भाई पातीराम के पुत्र रोहिताश ने छह माह पूर्व मोबाइल गायब कर दिया था। इस बात की शिकायत करने पर आरोपी उनसे रंजिश मानने लगे| इसी रंजिश में बीते दिनों रोहिताश व उसके भाई अनूप व सुरजीतश्री कृष्ण के दरवाजे के सामने खड़े होकर गालीगलौज कर रहे थे। श्रीकृष्ण ने मना किया तो रोहिताश, अनूप, सुरजीत व पातीराम ने श्रीकृष्ण को लाठियों से जमकर पिटाई की|

गंभीर रूप से घायल श्रीकृष्ण को पुलिस ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया था। जिसकी आज मौत हो गयी उनके शव का पोस्टमार्टम कराया|

OBC शिक्षित बेरोजगारों को मिलेगा कम्प्यूटर प्रशिक्षण

फर्रुखाबाद: गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले पिछड़े वर्ग के शिक्षित बेरोजगारों को वर्ष 2011-12 में ओ लेबल कम्प्यूटर प्रशिक्षण दिया जाना सुनिश्चित हुआ है इसकी जानकारी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राम अनुराग वर्मा ने आज पत्रकारों को दी|

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए निर्धारित नियम व शर्तों को पूरा वाले अभ्यर्थी ही प्रशिक्षण में भाग ले सकेंगे| प्रशिक्षण DOEACC से मान्यता प्राप्त संस्थाओं द्वारा दिया जाएगा| उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के अभिभावकों कि वार्षिक आय शहरी क्षेत्र में 25546.00 रुपये तथा ग्रामीण क्षेत्र में 19884.00 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए|

उन्होंने बताया कि जो पिछड़े वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक/युवतियां प्रशिक्षण में भाग लेना चाहते हैं वह अपना आवेदन पत्र 15 जून तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करायें|