Home Blog Page 5592

युवक की हत्या की सूचना पर ग्रामीणों ने घटियाधाट चौकी घेरी, जाम

फर्रुखाबाद: नगर कोतवाली के गांव अमेठी जदीद के अतीक के १६ वर्षीय पुत्र फैजान की हत्या की खबर मिलते ही गाव के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने घटियाघाट पुलिस चौकी का घेराव कर प्रभारी निरीक्षक व चौकी प्रभारी को खरी- खोटी सुनायी। ग्रामीणों के तेवर देख पुलिस दो घंटे तक मूक दर्शक बनी रही। आक्रोशित ग्रामीणों ने चौकी के सामने जाम लगा दिया और घटियाघाअ चौराहे पर लगी प्रतिमा की रेलिंग तोड़ दी।

ग्राम अमेठी जदीद के फैजान की हत्या की खबर पहुंचते ही उसके घर में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीण घटियाघाट पुलिस चौकी पहुंच गये और पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। विदित है कि फैजान बिजली मिस्त्री का काम करता था। फैजान को बिजली बोर्ड सुधरवाने के लिए अपहर्ता दोपहर को ही बहाने से बुलाने आया थे। लेकिन काम अधिक होने के कारणा फैजान के पिता अतीक ने उससे शाम को आने के लिए कहा। शाम को वह पुन: आया और अपने साथ बुला ले गया। रात तक घर न लौटने पर परिजनों की ओर से अपहरण हो जाने की आशंका की सूचना घटियाघाट चौकी व कोतवाली में दी गई। फैजान की लावारिस लाश जनपद शाहजहांपुर के जलालाबाद में बरामद होने पर वहां फैजान का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। समाचारपत्रों में लावारिस लाश मिलने की सूचना किसी ने रविवार को फैजान के परिजनों को दी। यहां से गये लोगों ने फैजान के कपड़ों के आधार पर शिनाख्त की।

हत्या की जानकारी मिलने पर गांव में आक्रोश फैल गया। भारी संख्य में आक्रोशित ग्रामीणों ने घटियाघाट चौकी पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिया। युवक हाथों में लाठियां लेकर हंगामा कर रहे थे। टैंकर, ट्रक व रोडवेज बसें आड़ी- तिरछी खड़ी कर चौकी के सामने जाम लगा दिया। पुलिस व पीएसी जवान चुपचाप खड़े रहे। चौराहे पर लगी प्रतिमा की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई। अमेठी जदीद के ग्रामीणों के साथ् ग्राम चांदपुर व सोता बहादुरपुर के ग्रामीण भी आंदोलन में शामिल हो गये। परिजन फैजान का शव कब्र से निकालकर लाये जाने की मांग करने लगे। लोगों से कहा कि घटना का खुलासा होना चाहिए। बसपा नेता यूनुस अंसारी और सोता बहादुरपुर के प्रधान जमील खां ने अधिकारियों से वार्ता की।

हंगाम बढ़ता देख सीओ सिटी व नगर मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंच गये। वार्ता के बाद सीओ सिटी डीके सिसौदिया ने घटियाघाट चौकी प्रभारी रामसूरत वर्मा को जलालाबाद भेज दिया। सीओ सिटी ने आश्वासन दिया कि तहरीर मिलते ही हत्या की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।  सिटी मजिस्ट्रेट महेंद्रकुमार मिश्र ने भी लोगों को समझाने की कोशिश की। यूनुस अंसारी, जमील खां, हाजी शादाब हुसैन आदि ने लोगों को शांत कर जाम खुलवाया तो पुलिस ने फंसे वाहनों को निकाला।

दबंगों ने पानी भरने गए युवक को पीटकर घायल किया

फर्रुखाबाद: पीने क लिए पानी भरने गए युवक को दबंगों ने पीटकर घायल कर दिया|

थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम नगला चाहा निवासी सुरेश चन्द्र का २० वर्षीय पुत्र महेंद्र आज सुबह १० बजे पड़ोस में ही लगे सरकारी हैण्ड पम्प पर पानी भरने गया था| वहीं पड़ोस में रहने वाले दयाराम का पुत्र नरेश ने पानी भरने से महेंद्र को मना किया| जिसका विरोध करने पर उसकी नरेश, वीरपाल, रजनीश, शैलेन्द्र आदि ने उसे जहानगंज में घेर कर जमकर पिटाई कर दी|

घटना की जानकारी पर पहुँची पुलिस ने उसे नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और इस घटना की जानकारी महेंद्र के परिजनों को दी| इसके बाद परिजनों ने उसे वहां से रिफर कराकर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया|

नगर पालिका ने शुरू की जल भराव से निपटने की तैयारी

फर्रुखाबाद: नगर पालिका ने जल भराव से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है, आज सुबह नगर पालिका के सफाई निरीक्षकों के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने नगर में कई स्थानों पर वर्षों से बंद पड़े नालों की सफाई की|

सफाई कर्मचारियों ने आज अभियान चलाकर नगर के लाल दरवाजा, रेटगंज, तलैयाफजलइमाम; कछियाना, घुमना तथा भीकमपुर आदि स्थानों पर नालों की सफाई की| लाल दरवाजे पर 15 सफाई कर्मीयों ने सफाई नायक विनय कुमार की देखरेख में काम किया| कछियाना मोहल्ले में सफाई निरीक्षक आशुतोष वर्मा 30 सफाई कर्मियों को लगाकर सफाई कार्य करवाया वहीँ घूमना पर सफाई नायक कामता प्रसाद ने 15 सफाई कर्मचारियों से सफाई कार्य को अंजाम दिया|

भीकमपुर में नाले की सफाई के लिए जेसीबी मशीन लगायी गयी साथ ही जहां मशीन नहीं पहुँच सकती थी उन स्थानों पर 50 सफाई कर्मचारियों को लगाकर नाले की सफाई करवाई गयी यह जानकारी सफाई निरीक्षक जगदीश ने दी|

सफाई प्रभारी श्याम बाबू ने बताया कि नगर पालिका का इस बार यह भरसक प्रयास रहेगा कि नगर में किसी भी स्थान पर जल भराव जैसी कोई समस्या उत्पन्न न हो| नगर पालिका के इस प्रयास में स्थानीय निवासियों की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है हम जनता के सहयोग के बिना कुछ भी हासिल नहीं कर सकते| हमारा नगर निवासियों से अनुरोध है कि वह नालियों में पॉलीथिन अथवा फटे पुराने कपडे न बहायें| उन्होंने बताया कि पॉलीथिन व कपडे नाली में फंस जाते हैं जिससे जल निकास अवरुद्ध हो जाता है और पानी फिर आगे नहीं जा पाता जिससे अक्सर जल भराव कि समस्या पैदा होती है|

नालों का सफाई अभियान कैमरे की नजर से:-


गंदिगी की दुर्गन्ध से मन्नीगंज निवासी परेशान

फर्रुखाबाद: सड़क पर नगर पालिका सफाई कर्मचारियों द्वारा डाली जा रही गंदिगी से मन्नीगंज के निवासी परेशान हैं| मोहल्लेवासी कई बार इसकी शिकायत वार्ड सभासद से कर चुके है लेकिन उन्हें आज तक इस समस्या से निजात नहीं मिली है|

मन्नीगंज निवासी सतीश चन्द्र, पूषेलाल, संजीव कुमार, रामवती, अशोक रामवीर, रानी, सीमा, रजनी, अरविन्द वाथम आदि ने बताया कि हमारे मोहल्ले कि सड़क पर नगर पालिका के सफाई कर्मचारी अन्य मोहल्लों का कूड़ा लाकर इकट्ठा करते हैं जो कई कई दिनों तक पडा रहता है| कूडा अधिक समय तक पड़े रहने की वजह से उसमें से दुर्गन्ध उठने लगती है जिससे घरों के अंदर तक बैठना दुश्वार हो जाता है|

पुष्पा वाथम, कल्लू, गुंजन, राखी राम भरोसे, नरेश चन्द्र आदि ने बताया कि अक्सर मेहतरानी यहां मरे हुए जानवर लाकर दाल जाती है जिससे कुछ खाने पीने कि इच्छा नहीं होती अगर कुछ खाओ तो उबकाई आने लगती है| सफाई कर्मचारियों से जब मना करो कि यहां मत कूडा डालो तो कहते हैं कि हमसे नगर पालिका ने यहां कूडा डालने के लिए कहा है, और ऊपर से धौस देते हैं कि हमें तो गंदिगी उठाने में दिक्कत नहीं होती और तुम लोगों को देखि भी नहीं जाती है|

मोहल्ले वासियों ने बताया कि हमारे पड़ोस में कुछ लोगों के शुष्क शौचालय बने हैं और वह लोग अपने शौचालयों की गंदिगी सड़क पर बहाते हैं और अक्सर रात में मौका मिलते ही सड़क पर शौच कर जाते हैं| जिसकी बदबू से सड़क से गुजरना किसी भी आदमी के लिए बड़ा कष्टदायक होता है|

मोहल्ले वासियों ने बताया की हमने कई बार वार्ड सभासद को अपनी समस्या के बारे में बताया लेकिन उनकी तरफ से किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की गयी है| सतीश चन्द्र वाथम ने बताया की हमने पिछली 21 मई को सड़क निर्माण व गंदिगी से मोहल्ले वासियों को निजात दिलवाने के लिए प्रार्थना पत्र सभासद को दिया है|

स्पीक एशिया का सिंगापुर में बैंक खाता बंद

वित्तीय संचालन लगभग ठप,

फर्रुखाबाद : विवादों में घिरी स्पीक एशिया कंपनी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सिंगापुर में बैंक खाता बंद हो जाने के बाद कंपनी के सभी तरह के भुगतान रुक गए हैं। कंपनी का वित्तीय संचालन लगभग ठप हो गया है। कंपनी ने खुद स्वीकार किया है कि खातों के संचालन पर रोक लगने से उसे अस्थायी तौर पर भुगतान के पूरे तंत्र को बंद करना पड़ रहा है।


कारोबार को लेकर विवाद बढ़ते ही सिंगापुर स्थित यूनाइटेड ओवरसीज बैंक ने 25 मई को उसके दो बैंक खातों को बंद कर दिया था। इसके बाद से कंपनी की भुगतान की पूरी प्रक्रिया रुक गई और कंपनी के सदस्यों में हड़कंप मच गया। इन्हीं दो खातों के जरिये कंपनी के सदस्यों को भारत में भुगतान होता था। चूंकि अभी तक किसी दूसरे बैंक में कंपनी के खाते नहीं खुले हैं इसलिए सदस्यों के भुगतान की परेशानी अभी कुछ समय और खिंच सकती है। अब कंपनी भारत में शाखा खोलकर स्थायी प्रतिष्ठान के जरिये खुद को स्थापित करने की कोशिश में जुटी है ताकि विदेशी कंपनी होने के आरोपों से बचा जा सके। कंपनी की चेयरपर्सन और सीईओ हरेंदर कौर ने अपने सभी सदस्यों को भेजे संदेश में कहा है कि किसी दूसरे बैंक में अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग गेटवे के जरिये भुगतान प्रक्रिया शुरू करने में आमतौर पर छह से आठ हफ्ते का समय लगता है। इससे साफ है कि तब तक कंपनी की भुगतान संकट की समस्या सुलझने वाली नहीं है।

ऐसे चलती थी चेन

सदस्‍यता लेने के लिए स्‍पीक एशिया की चेन के अंतर्गत आपको किसी सदस्‍य के साथ जुड़ना होता था। इसके लिए 11 हजार रुपए देने होते थे। लालच यह दिया जाता था कि 11 हजार देने के बाद तीन महीने में आपका पैसा वसूल हो जायेगा। यानी कंपनी चार-चार हजार रुपए हर महीने देगी। इसके लिए आपको बस इंटरनेट पर जाकर एक सर्वे में भाग लेना होगा। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर विश्‍व की तमाम मल्‍टीनेशनल कंपनीज़ को अपना क्‍लाइंट बताया और कहा कि ये सर्वे उन्‍हीं कंपनियों के लिए किये जाते हैं।

जाहिर है बड़ी कंपनियों के नाम आते ही आम आदमी आसानी से बेवकूफ बन सकता है। कंपनी कभी सदस्‍यों के अकाउंट में सीधे पैसा नहीं डालती। पैसा आता था वो भी डॉलर में। यानी उसे निकालने के लिए आपको टीडीएस कटवाना पड़ेगा, जो काफी अधिक रकम होती थी। ऐसे में लोग अपना पैसा नये सदस्‍यों के अकाउंट में ट्रांसफर कर देते और उससे कैश ले लेते। जिन लोगों ने अकलमंदी दिखाते हुए यह काम किया उनका पैसा तो वसूल हो गया, लेकिन बाकी लाखों लोगों का पैसा कंपनी के खाते में है।

और भी कई कंपनियां सर्वे के नाम पर चला रही हैं धंधा

स्‍पीक एशिया की तर्ज पर कई सर्वे कंपनियों ने योजनाएं चला रखी हैं। राडो घड़ी और ब्लैक बेरी फोन से लेकर कार तक देने का वादा किया जाता है। एक निवेशक द्वारा दो नए लोगों से निवेश कराने पर उसे पेयर कहा जाता था। कुछ कंपनियां 10 पेयर पर घड़ी, 25 पेयर पर मिनी लैपटाप, 250 पर नैनो कार, 800 पर अल्टो कार, 3000 पर सफारी कार देने का वादा कर रही हैं। एक नए निवेशक को कंपनी से जोड़ने पर 500 रुपये की डायरेक्टर इनकम की भी सुविधा है। दूसरे निवेशकों को अपने अंडर में ज्वॉइन कराकर खुद भारी लाभ कमाने के लालच में लोग ऐसी ऑनलाइन सर्वे कंपनियों में निवेश को बतौर एक व्यवसाय के अपनाने लगे हैं। कुछ महीनों बाद ऐसी कंपनी द्वारा भुगतान न करने अथवा उस पर कानूनी शिकंजा कसने पर निवेशकों को पता चलता है कि मेहनत से कमाए गए लाखों रुपये डूब चुके हैं, लेकिन तब तक देर हो चुकी होती है। भारी मुनाफा कमाने के लिए कई निवेशकों ने अपने नीचे सैकड़ों अन्य लोगों के रुपये निवेश कराए हैं। बहुत से निवेशक ऐसे भी हैं, जिन्होंने अपनी एफडी तुड़वाकर, कार, जेवर व कीमती सामान बेंचकर, व्यवसाय को बंद कर ऐसी ऑनलाइन कंपनियों में लाखों रुपये निवेश किए हैं।

पुलिस निष्क्रियता से एक और आँनर किलिंग का स्टेज तैयार

फर्रुखाबाद: कायमगंज में अभी गुड्डा व प्रिया हत्याकांड की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि एक और आँनर किलिंग का स्टेज तैयार हो गया लगता है। गंगा दरवाजा कायमगंज निवासी हर्षित रस्तोगी को लगभग दो सप्ताह की गुमशुदगी के बाद परिजनों ने स्थानीय राजनैतकि जोड़तोड़ से बुरी तरह घायल अवस्था में बरामद कर लिया परंतु अभी भी लड़की क कोई अता पता नहीं है। कायमगंज पुलिस ने हर्षित के परिजनों की ओर से पूर्व में लिखाई गयी गुमशुदगी को बरामदगी में तरमीम करने के बाद अपनी पीठ स्वयं थपथपाने में मशगूल है। अभी तक न तो हर्षित का अपहरण करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गयी है और न ही उसकी तथाकथित पत्नी या प्रेमिका पल्लवी की बरामदगी की दिशा में कोई प्रयास किया गया है।

कायमगंज के मोहल्ला गंगादरवाजा निवासी हर्षित रस्तोगी का प्रेम प्रसंग अलीगंज निवासी पल्लवी से चलता था। पल्लवी की ननिहाल कायमगंज में ही होने के कारण दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ा। दोनो ने विगत २७ मार्च को चोरी छिपे फतेहगढ़ के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। बीएससी की छात्रा पल्लवी ने विगत ५ मई को फोन कर हर्षित को दरियावगंज स्थित अपने कालेज बुलाया और यहीं से दोनो फरार हो गये। बरेली, हरिद्वार और दिल्ली से लौटते समय पल्लवी के परिजनों ने दोनो को पकड़ लिया। हर्षित के अनुसार उसको पल्लवी के परिजन जगह बदल बदल कर कई स्थानों पर ले गये और तरह से यातनाये देते रहे। पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराने के बावजूद जब पुलिस ने कोई सहयोग नहीं किया तो परिजनों ने किसी प्रकार राजनैतिक लोगों से जोड़ तोड़ कर हर्षित को किसी प्रकार बुरी तरह जख्मी हालत में अलीगंज के एक तंबाकू गोदाम से बरामद कर लिया। कातवाली में सूचना देने के बाद पुलिस ने इतना तो किया कि हर्षित की गुमशुदगी के सापेक्ष बरामदगी दिखा कर अपनी पीठ खुद ही थपथपा ली परंतु अपहरण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई या गायब पल्लवी की बरामदगी की दिशा में कुछ करना तो दूर इस आशय की एफआईआर तक दर्ज नहीं की। जबकि कोतवाली कायमगंज में दी गयी तहरीर में स्पष्ट रूप से पल्लवी को मार दिये जाने की आशंका व्यक्त की गयी थी।

एडीजे प्रथम रमा जैन का तबादला

फर्रुखाबाद: जनपद में तैनात अपर जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम रमा जैन को प्रान्नति पर जनपद हाथरस के लिये भेजा गया है। उनके स्थान पर जनपद हाथरस में तैनात जितेंद्रकुमार को यहां तबादले पर एडीजे प्रथम बनाकर यहां भेजा गया है। जनपद स्तर पर कई न्यायाधीशों के न्यायालयों में भी परिवर्तन की सूचना प्राप्त हुई है।

जनक्रांति पार्टी से डॉ अनीता यादव की टिकट अधर में

जाक्रपा का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन ३० मई को

फर्रुखाबाद: जनक्रांति पार्टी से अमृतपुर विधान सभा क्षेत्र के लिए घोषित प्रत्याशी डॉ अनीता यादव की टिकट अधर में फंस गयी है|

जन क्रांति पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश राजपूत जिला पंचायत सदस्य ने आज पत्रकार वार्ता में स्पष्ट किया कि वह डॉ अनीता यादव के कार्यों से संतुष्ट नहीं है| अब उनकी टिकट का फैंसला पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री स्वामी जय करुणा नन्द ३० मई को करेंगें|

श्री राजपूत ने बताया कि ३१ मई को बसपा धरना कार्यक्रम होने के कारण पार्टी का धरना प्रदर्शन अब ३० मई को जिला मुख्यालय पर होगा| प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र के प्रत्याशियों को सात-आठ सौ की भीड़ एकत्र करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है|

उन्होंने बताया कि भट्टा परसौल जैसी घटनाओं से किसानों का सरकार से मोह भंग हो गया है| ऐसी घटनाएं रोकने के लिए जन प्रतिनिधियों को सचेत होना पडेगा| सदर विधान सभा क्षेत्र के प्रत्याशी मोहन अग्रवाल ने दाबा किया कि वह अकेले तीन हजार की भीड़ जुटायेंगें|

वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कटियार, कायमगंज क्षेत्र के प्रत्याशी एवं जिला पंचायत सदस्य पवन गौतम मौजूद रहे|

आग के शोलों ने किया हिना की शादी का रंग खाक

फर्रुखाबाद: कायमगंज के ग्राम पितौरा में चूल्हे की चिंगारी से तीन झोपड़ियां जलकर राख हो गई। इसी के साथ खाक होगये अहमदशेर की पुत्री हिना की शादी के सपने और रंग। हिना की शादी अगले माह जून में होनी है। आग में घर में रखा शादी का सामान, नगदी व जेवर आदि सभी जलकर नष्ट हो गये। अब अहमदशेर के सामने बेटी की शादी का संकट आ खड़ा हुआ है। पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।

कायमगंज क्षेत्र के गांव पितौरा निवासी बगला पुत्र अलीवख्श की पत्नी घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी। तभी अचानक उसमें से चिंगारी उठी और झोपडी से छू गई जिससे देखते ही देखते झोपड़ी धू-धू कर जलने लगी। अलीवख्श की पत्नी चीखती हुई झोपड़ी से बाहर निकल आई। उसकी चीख पुकार सुन कर वहां काफी ग्रामीण इक्ट्ठा हो गये और झोपड़ी में लगी आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। ग्रामीणो ने फायर बिग्रेड को भी सूचना दी। जब ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे तभी पडोस के अहमदशेर पुत्र मुसाफिर व शौकीन पुत्र जहांगीर के घर भी आग की चपेट में आ गये। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीनो घरों झोपड़ी धू-धू कर जलने लगी। जिस पर फायर बिग्रेड़ मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने आग को बुझाया। लेकिन जब आग तक पर काबू पाया जाता तब हजारो रूपये का सामान, नगदी व जेवर आदि जलकर राख हो चुके थे।

तालाब में स्नान करते 2 किशोरियां डूब मरीं

फर्रुखाबाद: तालाब में स्नान करते समय 2 किशोरियां डूबकर मर गईं| शव निकाले जाने पर इलाके में कोहराम मच गया|

शहर कोतवाली के ग्राम बाग़ लकूला की ४,५ किशोरियां बसपा नेता महेंद्र कटियार के भट्टे के निकट तालाब में स्नान करने गईं थीं| नहाते समय राजेन्द्र की १२ वर्षीय पुत्री मोहिनी तथा गुड्डू बाथम की १० वर्षीय पुत्री आरती तालाब में डूब गईं| आरती की बड़ी पूजा आदि लड़कियों ने घर जाकर परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी|

सायं परिजनों ने मोहिनी व आरती को तलाश किया तब पूजा ने बताया कि वह दोनों तालाब में डूब गईं हैं| परिजनों ने प्रयास करके दोनों युवतियों को तालाब में से ढूंढ निकाला दोनों मृत निकलीं| रिक्सा चालक राजेन्द्र एमएलसी मनोज अग्रवाल के बाग़ की रखवाली करता है|