Home Blog Page 5584

मौज मस्ती करने वाले सिपाहियों सहित चौकी इंचार्ज निलंबित

फर्रुखाबाद: पुलिस अधीक्षक ओपी सागर ने आज मौज-मस्ती करने वाले तीन सिपाहियों सहित चिलसरा चौकी इंचार्ज सुरेन्द्र सिंह भदौरिया को निलंबित कर दिया| एसपी के कड़े रुख से पुलिस विभाग में हडकंप मचा गया|

बीती रात थाना शमसाबाद की चौकी चिलसरा के निकट १०० मीटर क्षेत्र में रहने वाले असलम, सुनील व मजहर अली के घर से चोरों ने लाखों रुपये की नगदी जेवरात आदि सामान गायब कर दिया था तथा पीछा किये जाने पर ईंट मारकर घायल कर दिया|

अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र ने सीओ कायमगंज के साथ मौके पर जाकर घटना की जांच-पड़ताल की| ग्रामीणों ने शिकायत की कि सिपाही ६ बजे के बाद चौकी से बाहर नहीं निकलते हैं और चौकी इंचार्ज गरीबों की शिकायतें न सुनकर उनको भगा देते हैं| चौकी इंचार्ज के नए रिश्तेदार पूर्व प्रधान भारत सिंह के कहने पर ही पुलिस कार्रवाई कर रही है|

एएसपी के निर्देश पर पुलिस ने असलम की ओर से चिलसरा के राजेश व उसके भाई राजवीर तथा पुत्तूलाल के विरुद्ध चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली| पुलिस अधीक्षक ओपी सागर ने बताया कि तीन सिपाहियों व चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया|

बाबा के अनुयायियों ने बुद्धि शुद्धि यज्ञ कर ज्ञापन सौंपा

फर्रुखाबाद: दिल्ली में भले ही बाबा रामदेव का सत्याग्रह पंडाल पुलिस ने उजाड़ दिया हो परंतु यहां कलक्ट्रेट मे उनके अनुयायियो का अनशन जारी है।  रविवार को बाबा समर्थकों ने दिल्ली में सत्याग्रहियों पर बल प्रयोग करने वाली केंद्र सरकार की बुद्धि की शुद्धि के लिये अनशन स्थल पर यज्ञ किया व नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी सौंपा।

विगत रात्रि दिल्ली के रामलीला मैदान में कालेधन के विरुद्ध चल रहे बाबा रामदेव के सत्याग्रह को केंद्र सरकार द्वारा जबरान सामप्त करादिये जाने व इस दौरान निरीह महिला व बुजुर्ग सत्याग्रहियों तक पर लाठी चार्ज व आंसू गैस के गोले छोड़े जाने का दर्द यहां कलक्ट्रेट में अनशन पर बैठे बाबा समर्थकों के चेहरों पर साफ नजर आया। दिन भर चले धरने के दौरान वक्ता कांग्रेस व केंद्र सरकार पर बुरी तरह बरसे। सरकार पर आर्थकि अपराधियों से सांठ गांठ तक के आरोप लगे। निहत्थे अनशनकारियों पर बर्बर बल प्रयोग की जमकर निंदा की गयी। रविवार प्रात: अनशन स्थल पर बाबा समर्थकों ने केंद्र सरकार के लिये बुद्धि शुद्धि यज्ञ भी किया। यज्ञ के बाद उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट एमके मिश्रा को ज्ञापन भी सौंपा। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में अनशनकारियों के साथ किये गये बर्बरतापूर्ण् व्यवहार के लिये सार्वजनिक रूप से माफी मांगने व बाबा रामदेव की मांगों को अविलम्ब पूर्ण किये जाने की मांग की गयी है। पतंजलि योग समिति की फर्रुखाबाद इकाई के जिलाध्यक्ष रवि शंकर कटियार ने कहा उनका अनशन पूर्णतय: अहिंसक है, वह सरकर के उकसावे में आने वाले नहीं हैं। बाबा के निर्देशानुसार हमारा शांति पूर्ण अनशन जारी रहेगा।

अपर आयुक्त का दौरा: स्टाक में गड़बड़ी पर विपणन निरीक्षक की क्लास

_ अंबेडकर ग्रामों में केवल कार्ययोजना का सत्यापन कर बैरंग

फर्रुखाबाद: अपर आयुक्त प्रशासन सुशील चंद्र यादव ने रविवार को कमालगंज मंडी परिसर में मार्केटिंग गोदाम का निरीक्षण किया। यहां पर स्टाक मे गड़बड़ी पाये जाने पर उन्होंने विपणन निरीक्षक की जमकर क्लास लगाई। अंबेडकर ग्रामों में विकास कार्यों के लिये चूंकि अभी कोई बजट ही नहीं पहुंचा है इस लिये केवल कार्ययोजना का सत्यापन ही हो सका।

श्री यादव ने रविवार को ब्लाक बढ़पुर के ग्राम चांदपुर व कमालगंज के फतेहउल्लाहपुर का निरीक्षण किया। दोनो ही चालू वित्तीय वर्ष में ही अंबेडकर ग्राम चयनित हुए हैं, इसलिये अभी विकास कार्यों की शुरुआत भी नहीं हो पायी है। केवल इंदिरा आवासों का  पैसा खातों में पहुंचा है। स्वच्छ शौचालय निर्माण का पैसा अभी लाभार्थियों के खातों में नहीं पहुंचा है। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त  ने कार्य योजना के सत्यापन के अतिरिक्त अधिकारियों को पात्र व्यक्तियों को आवासी व कृषि पट्टे वितरित किये जाने के निर्देश दिये। ग्राम चांदपुर में मनरेगा के कार्यों के विषय में रोजगार सेवक से पूछा गया तो वह उत्तर ही नहीं दे सकी। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।

कमालगंज मंडी परिसर स्थित मार्केटिंग गोदाम का भी अपर आयुक्त ने निरीक्षण किया। यहां पर उनकों स्टाक में गड़बड़ी पकड़ी जिस पर विपणन निरीक्षक ने हाल में किये गये उठान को चढ़ाये न जाने की गलती स्वीकार की। अपर आयुक्त ने लापरवाही के लिये विपणन निरीक्षक की जम कर क्लास लगाई।

बाबा रामदेव से जो टकराएगा चूरचूर हो जाएगा के नारों की गूँज

विकास मंच ने केंद्र सरकार की अर्थी फूंकी

फर्रुखाबाद: नगर में आज बाबा रामदेव के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करने के बाद केंद्र सरकार की अर्थी फूंक दी गयी|

फर्रुखाबाद विकास मंच के नगर अध्यक्ष राहुल जैन की अगुवाई में श्रमित गुप्ता, प्रवीण अग्रवाल, ब्रजेन्द्र श्रीवास्तव, अमित चौरसिया, विकास बाल्मीकी आदि करीब तीन दर्जन समर्थकों ने लोहाई रोड से केंद्र सरकार की अर्थी निकाली| इस दौरान राम नाम सत्य है, विकास मंच जिंदाबाद, भ्रष्टाचार, केंद्र सरकार, सोनिया गांधी मुर्दाबाद, बाबा तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ है, बाबा से जो टकराएगा चूरचूर हो जाएगा, बाबा को रिहा करो रिहा करो आदि के नारे लगाए गए|

नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता चौक बाजार होकर कोतवाली के निकट घुमाना चौराहे पर पहुंचे| वहां आग लगाकर अर्थी को फूंक दिया| मौजूद पुलिस कर्मी इस नज़ारे को देखते रहे|

पिटाई से खफा सफाई कर्मचारियों ने कोतवाली घेरी

फर्रुखाबाद: साथी कर्मचारी की पिटाई होने पर नगर पालिका के सफाई कर्मचारी भड़क गए जिन्होंने कोतवाली का घेराव कर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी|

उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष हरिओम बाल्मीकी सानू, राजीव, विजय आदि करीब दो दर्जन कर्मचारियों के साथ कोतवाली पहुंचे| उन्होंने घटना के प्रति हंगामा मचाते हुए वहां मौजूद अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र को आपबीती सुनाई तथा रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी| श्री मिश्र ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया|

शिकायती पत्र के मुताबिक़ घोड़ा नखास निवासी संविदा कर्मचारी सानू आवास विकास कालोनी में नाले की सफाई कर रहा था जब वह हैंडपंप पर पानी पीने गया तो सफाई निरीक्षक जगदीश ने गाली-गलौज कर उसे जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया तथा लात-घूंसों से पिटाई भी कर दी| बेहोश हो जाने पर उसे पानी डालकर होश में लाया गया|

जनक्रांति पार्टी ने किया बाबा रामदेव का समर्थन

अनशन कारियों पर हमले की घोर निंदा

फर्रुखाबाद: जनक्रांति पार्टी ने आज बैठक के दौरान बाबा रामदेव के सत्याग्रह का समर्थन करते हुए समर्थकों पर किये गए लाठीचार्ज के मामले में केंद्र सरकार को जमकर कोसा|

जनक्रांति पार्टी की मासिक बैठक बढपुर स्थित सभागार में हुई| प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य मुकेश राजपूत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाबा रामदेव का समर्थन करते हुए कहा कि वह जनहित में सत्याग्रह कर रहे थे| देश में भ्रष्टाचार को खत्म होना चाहिए और विदेशी बैंको में जमा कालाधन देश में आना चाहिए तभी देश की गरीबी दूर होगी|

श्री राजपूत ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर जिस तरह दिल्ली के रामलीला मैदान में सोते से हजारों अनशनकारियों पर लाठी चार्ज कर पुलिस ने उन्हें खदेड़ कर अत्याचार की हद कर दी| श्री राजपूत ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने तथा घर-घर जाकर पार्टी का चुनाव प्रचार करने तथा प्रत्याशियों को भी क्षेत्र में चुनाव प्रचार शुरू कर देने को कहा|

बैठक में जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कटियार, सदर विधान सभा क्षेत्र के प्रत्याशी मोहन अग्रवाल, पवन गौतम, डॉ अनार सिंह, श्याम बाल्मीकि, दीना राजपूत आदि मौजूद रहे|

प्रेमिका के पिता ने घायल प्रेमी को अपहरण के केस में फंसाया

फर्रुखाबाद: पूर्व सैनिक ने पुत्री के प्रेमी को गोली से घायल करने के बाद उसे अपहरण व छेड़खानी के मुकद्दमे में फंसा दिया|

शहर कोतवाली के ग्राम नगला खैरबंद निवासी पूर्व सैनिक रवींद्र प्रजापति ने पड़ोसी पूर्व सैनिक वर्मासिंह के बेटे चंद्रभान उर्फ़ राहुल के विरुद्ध आईपीसी की धारा ३६३, ३६६ व ५५४ के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई| रिपोर्ट के मुताबिक़ रवींद्र बीती रात अपनी छत पर लायसेंसी दोनालू बन्दूक रखकर लेटा था| वहीं उनकी १५ वर्षीय पुत्री प्रियंका चारपाई पर लेटी थी|

रात डेढ़ बजे नींद खुलने पर उन्हें प्रियंका चारपाई पर नहीं दिखी| तलाश करने पर देखा कि चन्द्रभान पड़ोस के प्लाट में प्रियंका को बहला-फुसलाकर भगाने के प्रयास में था| टार्च लगाने पर देखा कि चन्द्रभान प्रियंका के साथ छेड़खानी कर रहा था| इसी बात से उत्तेजित होकर उसने चन्द्रभान पर बन्दूक से गोली चला दी| पीठ में छर्रे लगने पर चन्द्रभान बाऊंड्री कूदकर भगा गया|

मुकद्दमे की जांच चौकी प्रभारी बीके शिरोमणि के द्वारा की जा रही है|

बर्बर: दिन दहाड़े दलित महिला की खदेड़ कर हत्या

भाभी  की ह्त्या कर ननद  को छत से फेंका

पूर्व मे की शिकायत पर पुलिस ने हीं की कार्रवाई

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली के ग्राम सातनपुर में दिन दहाड़े आज दबंगों ने दलित महिला सुमन को पहले खदेड़ा व घर में घुसकर गला दबाकर   ह्त्या कर दी और उसकी ननद शालिनी को छत से फेंक दिया| घायल ननद को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|

सातनपुर निवासी विकास जाटव के घर के बाहर मैदान में सुबह ८ बजे बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे| गेंद घर में मौजूद आकाश के तीन वर्षीय बेटे लकी को लगी| परिजनों ने गेंद को रख लिया| इसे बात से गुस्साए युवकों ने गाली-गलौज कर परिजनों के साथ मारपीट की|

विकास की पत्नी सुमन ननद शालिनी के साथ जान बचाकर दूसरे मकान में जा छुपी| थोड़ी देर बाद देवरानी रूबी ने हरिबंश, भैरो व शिवशंकर को मकान से निकलते देखा और वह भी वहां पहुँच गई| उसने वहां सुमन को मृत पडा देखा जबकि शालिनी गली में घायल तड़प रही थी|

रूबी ने आरोप लगाया कि भाभी सुमन की पिटाई करने के बाद गला घोंटकर ह्त्या की गई| घटना के बाद हमलावर घरों से भाग गए| रूबी ने बताया कि बीते दिन भी इन लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की थी| मैंने माँ जसोदा के साथ जाकर चौकी में शिकायत की| करीब २ घंटे बैठने के बाबजूद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की|

पुलिस का मानना है कि सुमन ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है|

पूर्व सैनिक ने छेड़खानी देख बेटी के प्रेमी को गोली मारी

फर्रुखाबाद: बीती रात प्रेमी युगल इश्कबाजी कर रहे थे| यह नजारा देख प्रेमिका के पिता ने प्रेमी युवक के गोली मार दी| युवक की हालत गंभीर बनी है|

शहर कोतवाली के ग्राम नगला खैरबंद निवासी पूर्व सैनिक वर्मासिंह लोधी राजपूत का मकान सड़क के पश्चिमी ओर है जबकि पूर्व सैनिक रवींद्र प्रजापति का मकान में सड़क से पूर्व की ओर आमने-सामने है| वर्मा सिंह का २० वर्षीय पुत्र राहुल राजपूत तथा रवींद्र प्रजापति की १८ वर्षीय पुत्री प्रियंका का बीते कई वर्षों से राहुल से प्रेम-सम्बन्ध है|

बीती रात करीब २ बजे राहुल प्रियंका के मकान के उत्तरी ओर खाली प्लाट में पहुँच गया| योजना वद्ध तरीके से प्रियंका छत से रस्सी के सहारे उतरकर वहां पहुँच गई| प्रेमी युगल इश्कबाजी कर रहे थे| उधर जागने पर रवींद्र ने छत पर प्रियंका को न देखकर उसे तलाश किया|

रवींद्र ने देखा कि प्रियंका राहुल के साथ बैठी है तभी उसने अपनी लायसेंसी बन्दूक से राहुल के गोली मार दी| पीठ पर गोली के छर्रे लगने से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया| परिजनों ने उसे नाला मछरट्टा स्थित प्राईवेट अस्पताल में भर्ती कराया|

पुलिस ने रवींद्र व उसकी बेटी प्रियंका को हिरासत में लेकर उसकी लायसेंसी बन्दूक कब्जे में ले ली|

चेहरा बचाने में लगी कांग्रेस ने बाबा को कहा ठग

फर्रुखाबाद- काले धान और भ्रष्‍टाचार के खि‍लाफ बाबा रामदेव के रामलीला मैदान में चल रहे आंदोलन को आधी रात को पुलि‍सि‍या कार्रवाई कर बलपूर्वक समाप्‍त करने के बाद सवालों के घेरे में आयी केंद्र सरकार के बचाव मे कूदी कांग्रेस ने अब बाबा रामदेव को ठग तक कह डाला है।

रामलीला मैदान पर पुलि‍सि‍या कार्रवाई के बाद केंद्र सरकार के बचाव में सामने आये कांग्रेस महासचि‍व दि‍ग्‍वि‍जय सिंह ने कहा कि‍ बाबा रामदेव ने अनशन शुरू करने से पूर्व उसे शनि‍वार को समाप्‍त कर देने का लि‍खि‍त अश्‍वासन दि‍या था।  आश्‍वासन के अनुरूप तय समय सीमा के बाद भी अनशन समाप्‍त कि‍ये जाने की घोषणा न कि‍ये जाने के कारण सरकार को बाबा का लिखि‍त पत्र मीडिया के सामने सार्वजनि‍क कर दि‍या।

निहत्‍थे सत्‍याग्रहि‍यों, महि‍लाओं और बूढों पर रात में पुलि‍स कार्रवाई के वि‍षय में दि‍ग्‍वि‍जय सिंह ने कहा कि‍ जो व्‍यक्‍ति‍ अपने आश्‍वासन से मुकर जाये वह ठग की श्रेणी मे आता है।  और एक ठग के साथ जो व्‍यवहार होना चाहि‍ये वह कि‍या गया।  उन्‍होंने कहा कि‍ जि‍स तरह का जमावडा बाबा ने रामलीला ग्राउंड पर लगा रखा था वह अपने आप में सुरक्षा के लि‍ये खतरा हो गया था।  इस लि‍ये इस खतरे से नि‍बटने के लि‍ये इस प्रकार की कार्रवाई आवश्‍यक थी।