फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर निवासी में 28 वर्षीय प्रियंका पत्नी आदेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार और दरोगा सत्यदेव ओझा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के मुताबिक मृतका का पति आदेश घटना के समय खेत में गेहूं काटने गया हुआ था। प्रियंका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों 6 वर्षीय मौसमी, 4 वर्षीय सक्षम और 3 वर्षीय हिमांशु को छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत
प्रदेश में पुनः मेघगर्जन के साथ वज्रपात का अलर्ट
लखनऊ:प्रदेश में अप्रैल महीना शुरू होते ही मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है|पिछले कई दिनों से प्रदेश में तेज हवा के साथ हुई बारिश से किसानो को गेहूं की फसल में काफी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है|मौसम विभाग की माने तो ये सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है|
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बिजनौर, मेरठ, बागपत, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मथुरा, सहारनपुर, आगरा, फिरोजाबाद, शामली एवं आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटों में ओलावृष्टि की साथ झोंकेदार हवा भी चलने की सम्भावना है जिसकी गति 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है।प्रदेश में अलीगढ़, अमरोहा,बदायूं बरेली,बिजनौर,बुलंदशहर,हापुड़,कासगंज,मेरठ, बागपत,मुरादाबाद,गाजियाबाद,मुजफ्फरनगर,गौतमबुद्ध नगर,पीलीभीत,रामपुर,मथुरा,हाथरस,सहारनपुर,एटा,आगरा,फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, संभल, शाहजहांपुर, शामली, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में सोमवार को मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका अधिक है। जिससे तापमान में गिरावट होने की संभावना है|
हिन्दू समाज पार्टी की जिला कमेटी घोषित
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) हिन्दू समाज पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेश मिश्रा व प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी के निर्देश तथा जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता की संस्तुति पर जनपद फर्रुखाबाद की नई जिला कार्यकारिणी घोषित की गई है।
जारी सूची के अनुसार एडवोकेट सुनील तिवारी, दीपक शुक्ला, दीपक
मिश्रा, लकी पटेल, रामलखन वाल्मीकि, सुनील मिश्रा, अनुज शर्मा, प्रतीक भारद्वाज एवं डॉ. मनीष दीक्षित को उपाध्यक्ष बनाया गया है। रोहन कश्यप एवं आलोक मित्रा (भूरे) को महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
ज्योति प्रकाश बाजपेई को जिलासंगठन मंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं राहुल गुप्ता, सूरज बांधम, सोनू गुप्ता, शशिकांत पाराशर, लकी सक्सेना, रुद्र सक्सेना, रजत बाजपेई, वरुण कश्यप, अनुज चौहान, अंकित यादव,
राज वर्मा समेत कई पदाधिकारियों को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अशोक कुमार को कोषाध्यक्ष, रितिक सारस्वत को मीडिया प्रभारी, शिवम मिश्रा को प्रचार मंत्री, आदित्य प्रताप सिंह को सोशल मीडिया प्रभारी तथा आदर्श शर्मा को कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला संरक्षक पद पर शैलेश दीक्षित, नगर अध्यक्ष फर्रुखाबाद पद पर रवि चौहान तथा नगर अध्यक्ष फतेहगढ़ पद पर अनमोल पांडेय के नामों की घोषणा की गई है। नवगठित कार्यकारिणी से संगठन को मजबूत करने की अपेक्षा जताई गई है।
बसपा की जिला स्तरीय बैठक की समीक्षा, 14 अप्रैल को लखनऊ पहुंचने का आह्वान
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में बहुजन समाज पार्टी की जिला स्तरीय कार्यकर्ता बैठक जिलाध्यक्ष विनोद गौतम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर मंडल के मुख्य प्रभारी जितेन्द्र शंखवार रहे।
बैठक के दौरान जिला कमेटी एवं विधानसभा कमेटियों की समीक्षा की गई। साथ ही मायावती द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार बूथ स्तर पर चल रही बैठकों की गहन समीक्षा करते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 14 अप्रैल 2026 को भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर लखनऊ स्थित डॉ. अंबेडकर स्मारक स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। इसके लिए बूथ स्तर तक जाकर तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मंडल प्रभारी विजय भास्कर, दीपक कुशवाह, मंडल संयोजक आरडी बौद्ध, जिला महासचिव अरविंद बाथम, जिला सचिव सुरजीत, जिला कोषाध्यक्ष अरुण त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नगर, यातायात, साइबर क्राइम व सिटी सर्किल में नए सीओ सिटी की तैनाती
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारियों के बीच फेरबदल किया है। इस क्रम में ऐश्वर्या उपाध्याय को क्षेत्राधिकारी नगर से हटाकर क्षेत्राधिकारी यातायात एवं साइबर क्राइम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, पुलिस उपाधीक्षक अमरपाल सिंह को क्षेत्राधिकारी लाइंस कार्यालय से स्थानांतरित कर सीओ अमृतपुर बनाया गया है। उनकी जगह संजय वर्मा को क्षेत्राधिकारी लाइंस कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, अभय कुमार वर्मा को क्षेत्राधिकारी यातायात एवं साइबर क्राइम से हटाकर सीओ सिटी नियुक्त किया गया है।
बताया जाता है कि अमरपाल सिंह का करीब पांच माह पूर्व ही पुलिस उपाधीक्षक पद पर प्रमोशन हुआ था। इससे पहले वे थानाध्यक्ष कमालगंज और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मोहम्मदाबाद के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। उधर, चर्चा यह भी है कि अदालत के आदेश का पालन न करने के मामले में शहर कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। 
महर्षि कश्यप व निषादराज जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभा यात्रा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भगवान महर्षि कश्यप एवं प्रभु श्रीराम के सखा महाराज निषादराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में कश्यप समाज द्वारा शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ पटेल पार्क से निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल कश्यप एवं बाल ब्रह्मचारी आचार्य विज्ञान स्वरूप जी महाराज द्वारा रथ पर सवार महर्षि कश्यप (राहुल कश्यप) एवं निषादराज (अरुण कश्यप) के स्वरूपों की आरती व पुष्प वर्षा कर किया गया।
शोभा यात्रा पल्ला बाजार, मठिया देवी, चौक, घुमना और लाल गेट होते हुए बढ़पुर शीतला माता धाम पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में कश्यप निषाद समाज के महिला-पुरुष शामिल हुए।
ढोल-नगाड़ों और डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु नाचते-
गाते नजर आए। राधा-कृष्ण की झांकी और मां काली का अखाड़ा विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा मार्ग में जगह-जगह आरती उतारकर पुष्प वर्षा की गई। समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। समापन के बाद भंडारे का आयोजन हुआ तथा वरिष्ठ समाजसेवियों को सम्मानित किया गया| अनिल कश्यप, बीजेपी जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा, जिलाउपाध्यक्ष अभिषेक बाथम, अजीत बाथम, शिवांग रस्तोगी, विकास पांडेय रहे।
पूनम अवस्थी को जहानगंज का चार्ज, राजेश राय लाइन हाजिर
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थानध्यक्ष जहानगंज को लाइन हाजिर कर दिया है | जिससे महकमे में हड़कप है| थानध्यक्ष जहानगंज राजेश राय को लाइन हाजिर किया है, उनकी जगह पर महिला निरीक्षक पूनम अवस्थी को चार्ज दिया गया है | इसके साथ ही पुलिस लाइन से निरीक्षक कामिल खान को प्रभारी निरीक्षक एएचटीयू बनाया गया है |
आंगनबाड़ी संघ के जिलाध्यक्ष की मथुरा जंक्शन पर मौत
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आंगनबाड़ी जिलाध्यक्ष 58 वर्षीय प्रीति गुप्ता की रविवार तड़के मथुरा जंक्शन पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के लोग मथुरा के लिए रवाना हो गए।
थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पुराना कोठा पारचा निवासी प्रीति गुप्ता पत्नी जितेंद्र कुमार गुप्ता आंगनबाड़ी जिला अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थीं। परिजनों के अनुसार, वह चार दिन पूर्व अपने बड़े पुत्र मयंक गुप्ता,
जो बांदा जनपद में पुलिस विभाग में तैनात हैं, तथा छोटे पुत्र देवेश गुप्ता के साथ शिरडी दर्शन के लिए गई थीं।
बताया गया कि रविवार सुबह करीब 4 बजे जब वह मथुरा जंक्शन पर ट्रेन से उतरीं, तभी अचानक गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मथुरा के लिए रवाना हो गए हैं। पति जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को फर्रुखाबाद लाया जाएगा। इस दुखद घटना से परिवार सहित पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
न्यायालय आदेश की अनदेखी पर शहर कोतवाल दर्शन सिंह को 7 दिन का कारावास
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करना शहर कोतवाली प्रभारी को भारी पड़ गया। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सात अलग-अलग प्रकरणों में दोषी मानते हुए उन्हें सात दिन के कारावास की सजा हुई है।
फर्रुखाबाद शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दर्शन सिंह सोलंकी को न्यायालय द्वारा सात मामलों में आरोपितों के खिलाफ जारी वारंट तामील कराने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, उन्होंने न तो आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की और न ही न्यायालय में कोई रिपोर्ट प्रस्तुत की। ये सभी प्रकरण उच्च न्यायालय के निर्देश पर शीघ्र निस्तारण की श्रेणी में शामिल थे। आरोपितों की लगातार गैरहाजिरी के चलते मामलों के निस्तारण में देरी हो रही थी। इस पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्ञानेंद्र कुमार ने कोतवाली प्रभारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। नोटिस में राज्य बनाम प्रदीप कुमार, उमेश साध बनाम महरुद्दीन अंसारी, राज्य बनाम विजय शुक्ला, राज्य बनाम फतेह सिंह, राज्य बनाम आराम सिंह, राज्य बनाम इरफान और राज्य बनाम अशरफ जैसे मामलों का उल्लेख किया गया था।
नोटिस के बावजूद कोतवाली प्रभारी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद सभी मामलों में उनके खिलाफ प्रकीर्णवाद दर्ज कर लिया गया और सुनवाई के लिए चार अप्रैल की तारीख तय की गई। निर्धारित तिथि पर भी उनके अनुपस्थित रहने पर न्यायालय ने सभी मामलों में
उन्होंने दोषी ठहराते हुए सात दिन की सजा सुनाई।
साथ ही, न्यायालय में पेश न होने के कारण उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया है। पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि कोतवाली प्रभारी को गिरफ्तार कर छह अप्रैल तक न्यायालय में पेश किया जाए।
शिवम मध्य प्रदेश के पर्यटन सम्मेलन में सम्मानित
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सामाजिक माध्यमों से जुड़े युवा शिवम् मिश्रा को वाराणसी में आयोजित मध्य प्रदेश पर्यटन सम्मेलन में उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने देश के विभिन्न शहरों से आए प्रतिभागियों को सम्मानित किया, जिनमें फर्रुखाबाद के शिवम् मिश्रा भी शामिल रहे।
शिवम् मिश्रा सामाजिक माध्यमों पर अपना माध्यम संचालित करते हैं, जहां उनके लाखों की संख्या में अनुयायी हैं। वे अपने माध्यम से यात्रा, पर्यटन और सामाजिक विषयों से जुड़े वीडियो साझा करते हैं, जिन्हें लोगों का भरपूर स्नेह मिलता है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी उत्तर प्रदेश टूरिज्म द्वारा शिवम् मिश्रा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।



