Home Blog Page 122

चौकीदार पर चोरी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) लालगेट क्षेत्र स्थित एक व्यापारी के घर से चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित द्वारा कोतवाली बाजार पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। शहर कोतवाली के मोहला लाल दरवाजा निवासी कुलप्रीत ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि इसका पैतृक भवन लालगेट स्थित है। वह पिछले लगभग पाँच माह से अस्वस्थ रहने के कारण लखनऊ के वैशाली अपार्टमेंट में अस्थाई रूप से रह रहा था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर जब वह पुनः अपने पैतृक आवास लौटा, तो उसने देखा कि निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री — लोहे के तार, सरिया एवं अन्य सामान — काफी मात्रा में गायब है। उसकी अनुपस्थिति के दौरान घर की देखरेख एवं चाबी मिथुन सक्सेना पुत्र स्वर्गीय आसाराम सक्सेना के पास थी, किंतु चोरी हुई सामग्री के बारे में पूछताछ करने पर उसने कोई स्पष्ट जानकारी होने से इंकार कर दिया। गायब सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग दो लाख रुपये बताया गया है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी गई निर्माण सामग्री बरामद कराने एवं दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कस्तूरबा विद्यालय शमसाबाद में तीन छात्राएं बीमार, परिजन को दी सूचना

फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता) कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रजलामई में गुरुवार दोपहर अचानक तीन छात्राओं की तबीयत खराब होने का मामला सामने आया। बीमार छात्राओं में कक्षा 7 की छात्रा रंगोली पुत्री सुरेंद्र कुमार की स्थिति ज्यादा बिगड़ गई। उसे बुखार आने के बाद चक्कर आने लगे, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन ने परिजनों को तत्काल सूचना दी। विद्यालय में कुल 100 बालिकाएं पंजीकृत हैं, जबकि घटना के समय 86 छात्राएं उपस्थित थीं। दोपहर लगभग पढ़ाई के दौरान रंगोली की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगे। स्टाफ ने स्थिति को देखते हुए तुरंत प्राथमिक कार्रवाई की और परिजनों को फोन कर सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही छात्रा के पिता सुरेंद्र कुमार विद्यालय पहुंचे और बेटी को इलाज हेतु अस्पताल ले गए।
रंगोली के पिता ने बताया कि उन्हें फोन द्वारा जानकारी दी गई कि बेटी अस्वस्थ है और स्थिति ठीक नहीं लग रही। जिसके बाद वह तुरंत विद्यालय पहुंचे और बेटी को जांच एवं उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले गए।
इसी दौरान विद्यालय की दो और छात्राएं मानवी कक्षा 7 और कृति कक्षा 3 भी अस्वस्थ बताई गईं। दोनों छात्राओं के परिजनों को भी विद्यालय की ओर से सूचना दी गई, जिनके बाद वे अपनी बच्चियों को घर लेकर चले गए। प्रभारी वार्डन भावना ने बताया कि घटना के समय विद्यालय की वार्डन अवकाश पर थीं। उन्होंने कहा कि रंगोली को बुखार व चक्कर आने पर तुरंत परिजनों को सूचना दे दी गई थी और परिजन उसे अस्पताल ले गए।छात्राओं के बीमार होने की सूचना के बाद विद्यालय में अभिभावकों के बीच चिंता बढ़ गई है। फिलहाल तीनों छात्राओं का उपचार जारी है।

बिना एचएसआरपी खनन सामग्री ढोते हुए 2 ट्रक सीज

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में गुरुवार को एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत तथा खनन अधिकारी संजय प्रताप द्वारा खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान बिना एचएसआरपी लगाये खनन सामग्री का परिवहन कर रहे दो ट्रकों को मौके पर सीज कर दिया गया तथा 35,000 का जुर्माना लगाया गया। जांच में पाया गया कि इन ट्रकों का पंजीकरण खनन विभाग के पोर्टल पर नहीं पाया गया। भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग द्वारा पूर्व में सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया था कि उपखनिजों के परिवहन में लगे वाहनों का अनिवार्य रूप से विभागीय पोर्टल पर पंजीयन कराया जाए, ताकि वाहनों में लगे वीटीएस सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी की जा सके। इसी क्रम में जिलाधिकारी के आदेश पर यह चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इसके अलावा कर बकाया में चल रहे तीन अन्य ट्रकों को भी सीज किया गया तथा 35,000 टैक्स और 32,000 का जुर्माना वसूल किया गया। अधिकारियों ने बताया कि खनन माफिया और अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे।
इस कार्रवाई के बाद खनन परिवहन में लगे वाहन स्वामियों में काफी हड़कंप मच गया है।




विवादित बयान पर आईएएस का पुतला फूंक, सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मध्य प्रदेश सरकार में आईएएस कृषि विभाग के उपसचिव संतोष वर्मा के द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों के सम्बन्ध में टिप्पणी की गयी थी, जिस पर ब्राह्मण समाज आक्रोशित हो गया और आईएएस का पुतला फूंककर उसके खिलाफ कार्यवाही की मांग की|
दरअसल आईएएस संतोष वर्मा नें अपनी बेटी मेरे बेटे को न दे दे कहा था कि उनका एक और बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें कहा गया था कि आरक्षण का लाभ एक परिवार के सिर्फ एक सदस्य तक सीमित होना चाहिए, जब तक कि कोई ब्राह्मण अपनी बेटी मेरे बेटे को न दे दे या उससे रिश्ता न जोड़ ले। यह बयान आनें के बाद ब्राह्मण समाज में आक्रोश आ गया| आक्रोश की आग फर्रुखाबाद पंहुची और लाल दरवाजे पर ब्राह्मण समाज के लोगों नें आईएएस संतोष वर्मा का पुतला फूंक दिया| इसके साथ ही संतोष वर्मा के खिलाफ कार्यवाही की मांग करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी को गृहमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा | विमलेश मिश्रा, अनुज दुबे,सौरभ मिश्रा, अभिषेक दुबे, विजय शुक्ला, सुमित शुक्ला, शनि मिश्रा,अमन दुबे, अंकित दीक्षित, नवीनं मिश्रा, शिवेंद्र वाजपेयी, अनमोल पाण्डेय, संजय पाठक, संतोष दीक्षित, विपिन अवस्थी,राजेश मिश्रा, आशीष द्विवेदी, अजय दुबे अज्जू, आदि रहे|

खुला नाला बना काल: छह घंटे के रेस्क्यू के बाद पल्लेदार का मिला शव

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना मऊदरवाजा के गल्ला मंडी स्थित बीबीगंज पुलिया के पास बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां पल्लेदारी का काम करने वाले 60 वर्षीय शेर सिंह राजपूत खुले नाले में गिर गए और उनकी मौत हो गई। नाले में कूड़ा भरा होने के कारण देर रात तक उनका पता नहीं चल पाया। करीब छह घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद जेसीबी से पुलिया तोड़कर उनका शव निकाला गया। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिवार और मोहल्ले वालों ने रात में हंगामा किया, जिसके बाद बचाव कार्य तेज हुआ। थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह नगर पालिका टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार व सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय भी मौके पर मौजूद रहे। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घर में मातम- छह साल पहले बेटे की भी ऐसी ही गई थी जान शेर सिंह राजपूत के परिवार पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिवार में दो बेटियां मिथलेश और आरती, तथा छोटा बेटा दीपू राजपूत है। छः वर्ष पहले उनके बड़े बेटे बबलू राजपूत की भी नाले में गिरकर मौत हो गई थी। पिता की मौत की खबर मिलते ही आरती ससुराल से दौड़कर पहुंच गई। पुत्र दीपू का रो-रोकर बुरा हाल है। क्या बोले जिम्मेदार थाना प्रभारी मऊदरवाजा लक्ष्मण सिंह ने बताया कि शाम 5:45 बजे सीसीटीवी फुटेज में शेर सिंह नाले में गिरते दिखे। संभवतः पैर फिसलने से हादसा हुआ। काफी मशक्कत के बाद शव निकाला जा सका। जनता में आक्रोश-खुले नाले बने मौत का कारण स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खुले नालों पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं है और आए दिन हादसे हो रहे हैं।


नशे में नाले में गिरा अंधेड़, सीसीटीवी में कैद हुई घटना- तलाश जारी

0

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)बुधवार की शाम लगभग 6 बजे मऊ दरवाजा गल्ला मंडी के पास नशे की हालत में एक व्यक्ति नाले में गिर गया। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नाले में गिरने वाले व्यक्ति की पहचान 55 वर्षीय शेर सिंह राजपूत पुत्र मथुरा प्रसाद, निवासी दीवान मुबारक के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उनके परिवार में दो बेटियां-मिथलेश व

आरती, और एक बेटा-दीपू राजपूत है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह शराब के नशे में था और लड़खड़ाते हुए चलते समय अचानक नाले में गिर पड़ा। पुलिस और पालिका द्वारा उसकी तलाश देर रात तक जारी रही। सीसीटीवी फुटेज की जांच से मिल रहे सुराग पुलिस ने पास के प्रतिष्ठानों से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में देखा गया कि व्यक्ति सड़क किनारे चलते हुए असंतुलन में नाले में जा गिरा। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने बताया कि, नाले में लगभग एक फिट पानी है, उसमें डूबने की संभावना कम है, फिर भी तलाश कराई जा रही है।





रेलिंग तोड़ ट्रक रागंगा में समाया,सात दिन बाद भी रेस्क्यू फेल

फर्रुखाबाद:(राजेपुर/अल्लागंज संवाददाता)बेबर–पीलीभीत राजमार्ग एनएच 730C पर रामगंगा नदी के पुल पर सात दिन पहले मंगलवार की रात गन्ना लदा ट्रक हादसे का शिकार हो गया था। ट्रक चालक राजपाल, निवासी रुस्तमपुर (मुरादाबाद) के मुताबिक, वाहन रूपापुर (हरदोई) की चीनी मिल जा रहा था। चालक ने बताया कि हादसे का कारण पुल के बीच बने गहरे गड्ढे के कारण स्टेरिंग फेल होना बताया जा रहा है। अनियंत्रित ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर करीब 25 फीट गहरी नदी में जा गिरा था। चालक के अनुसार, उसे तैरना नहीं आता, लेकिन कई प्रयासों और गोते लगाने के बाद वह लगभग एक किलोमीटर बहाव के साथ किनारे पहुंचकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। रेस्क्यू अभियान सात दिन बाद भी अधूरा एक सप्ताह बीतने के बाद भी ट्रक को नदी से निकालने में सफलता नहीं मिल सकी है। नदी की गहराई, तेज बहाव और मुख्य धारा के कारण रेस्क्यू लगातार चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। गोताखोरों की टीम, स्थानीय ग्रामीणों की मदद और बड़ी क्रेन लगने के बावजूद अब तक ट्रक नदी की तलहटी में फंसा हुआ है।प्रशासन ने पुल की खराब स्थिति और आवागमन को देखते हुए पुल के ऊपर क्रेन लगाने की अनुमति नहीं दी थी। इसी वजह से वाहन स्वामी और स्थानीय लोग वैकल्पिक तरीके तलाश रहे हैं। गुरुवार को फिर होगा प्रयास ट्रक मालिक ने दिल्ली से टू-चेन रस्सा मंगाया है तथा स्थानीय क्रेन संचालकों से भी संपर्क किया है। नदी से ट्रक निकालने में लाखों रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है।





आचार संहिता उल्लंघन में पूर्व बसपा प्रत्याशी मनोज अग्रवाल दोषमुक्त

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में दर्ज किए गए मुकदमे की सुनवाई में विशेष न्यायाधीश एमपी-एमएलए न्यायालय ज्ञानेंद्र कुमार प्रथम ने पूर्व बसपा प्रत्याशी मनोज अग्रवाल को दोषमुक्त कर दिया है। इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. दीपक द्विवेदी ने पैरवी की। जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान बहुजन समाज पार्टी ने पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल को अपना प्रत्याशी बनाया था। 15 अप्रैल 2019 को जिला प्रशासन की अनुमति से इटावा-बरेली हाईवे स्थित मेजर रंजीत सिंह मेडिकल कॉलेज में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम की अनुमति दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक की थी। आरोप था कि कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को नाश्ते के पैकेट वितरित किए गए, जो आचार संहिता उल्लंघन की श्रेणी में आता है। इस पर वीडियो अवलोकन टीम के प्रभारी शिव प्रकाश की ओर से 25 अप्रैल 2019 को मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचक राम लखन ने 8 जुलाई 2019 को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। करीब छह वर्ष बाद न्यायालय ने सुनवाई के बाद मनोज अग्रवाल को दोषमुक्त घोषित किया, जिससे उनके समर्थकों में खुशी की लहर है।

आईटीआई चौराहे पर सिग्नल लगते ही शुरू हुआ घंटों लंबा जाम

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर की व्यस्त और ठंडी सड़क पर स्थित आईटीआई चौराहे पर सिग्नल लाइट लगाए जाने के बाद से घंटों लंबा जाम लगने की स्थिति बनने लगी है। पहले जहां वाहन बिना रुके आसानी से निकल जाया करते थे, वहीं सिग्नल व्यवस्था लागू होने के बाद से गाड़ियां सिग्नल पर रुकने लगी हैं, जिससे लंबी कतारें लग जाती हैं। सिग्नल स्थापना के साथ ही चौराहे के पास डिवाइडर लगाए जाने से सड़क काफी संकरी हो गई है। यही वजह है कि जाम की समस्या और अधिक गंभीर होती जा रही है। आईटीआई चौराहे से लाल गेट की ओर करीब 500 मीटर तक सड़क की ऊंचाई अधिक होने के कारण वाहन चालक मजबूरी में फुटपाथ का सहारा लेते हैं, लेकिन पहिया नीचे उतरते ही ई-रिक्शा, टेंपो एवं छोटे वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। लगातार बढ़ते यातायात दबाव और अव्यवस्थित सड़क व्यवस्था की वजह से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी पूरे दिन जाम खोलने में जूझते रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क चौड़ी नहीं की गई और सिग्नल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और बदतर हो सकती है।शहरवासियों ने प्रशासन व यातायात विभाग से सड़क चौड़ीकरण, सिग्नल का पुनर्मूल्यांकन तथा उचित यातायात प्रबंधन की मांग की है ताकि आईटीआई चौराहे पर लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

भाकियू का कलेक्ट्रेट में धरना, सरकार पर हमला

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) संयुक्त किसान मोर्चा के आवाहन पर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत फर्रुखाबाद के नेतृत्व में किसानों ने कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ पर धरना प्रदर्शन किया एवं दो अलग-अलग ज्ञापन राष्ट्रपति व जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को दिये गये।
प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति “गूंगी व बहरी” बनी हुई है। किसान मजबूरी में सड़कों पर उतरने को विवश हैं। आज ऐतिहासिक किसान आंदोलन की पांच वीं वर्षगांठ है जिसमें किसान 13 महीनों तक दिल्ली बॉर्डर पर डटे रहे। कानपुर मंडल के उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने कहा कि आंदोलन में शहीद हुए 736 किसानों को श्रद्धांजलि देते हुए हम यह संकल्प लेते हैं कि किसानों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि 380 दिनों तक चले ऐतिहासिक आंदोलन को 9 दिसंबर 2021 को केंद्र सरकार द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद स्थगित किया गया था, परंतु 5 वर्षों में कोई वादा पूरा नहीं हुआ, उल्टे कदमों ने किसानों की आर्थिक स्थिति को और भी कमजोर किया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि बीते वर्षों में 5 लाख से अधिक किसान, मजदूर और बेरोजगार आत्महत्या करने को मजबूर हुए हैं। कॉरपोरेट घरानों के अरबों रुपए माफ किए जाते हैं, लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया जाता।उन्होंने मांग की कि सभी फसलों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी, सभी ब्लॉकों में मंडियां, गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति कुंतल एवं भुगतान ब्याज सहित तत्काल, कृषि ऋण माफी, ब्याज मुक्त ऋण, तथा किसानों से ऊँची ब्याज वसूली पर रोक लगाई जाए। अजय कटियार ने ग्राम पापियापुर स्थित मॉडल प्राथमिक विद्यालय के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग 730सी पर बच्चों की सुरक्षा के लिए ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी उठायी। अफरोज मंसूरी, कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, अभय यादव, सुग्रीव पाल, बिजनेश यादव, पुजारी कटियार, विजय सिंह शाक्य, प्रेम चंद्र यादव, अरविंद गंगवार, गुड्डू यादव, दिनेश सिंह गौर, रामप्रकाश पाल, अनुज राजपूत, सोनू सोमवंशी, प्रदीप यादव, शिवराम शाक्य, पवन जोशी, रेहान पठान, अशोक शाक्य, संजय सिंह, बबलू खटीक रहे| कार्यक्रम की अध्यक्षता छविनाथ शाक्य ने एवं संचालन गोपी शाक्य ने किया।