Home Blog Page 115

लाभांश बढ़ानें की मांग पर कोटेदारों का प्रदर्शन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शुक्रवार को कोटेदारों ने लाभांश बढ़ानें की मांग कर जिला पूर्ति कार्यालय पंहुच कर मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा| इस दौरान ई-पास मशीनें भी जमा की| ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोटेदारों का लाभांश 90 रुपये प्रति क्विंटल ही मिलता है। यूपी की तुलना में गुजरात, दिल्ली केरल, हरियाणा, गोवा व दिल्ली में कोटेदारों को लगभग 200 से 220 रूपये लाभांश दिया जा रहा है। इस दशा में उत्तर प्रदेश के सभी कोटेदारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा कोटेदार आयुष्मान कार्ड, किसान फॉर्मर रजिस्ट्री, एसआईआर वोटर लिस्ट संशोधन में भी सहयोग कर रहे हैं। अन्य प्रदेशों की तरह यूपी में भी कोटेदारों का लाभांश बढ़ाया जाए। मिनिमम इनकम की गारंटी दी जाए। कहा कि मांगे पूरी नहीं होने पर 28 जनवरी से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। विधान सभा का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों जिलाध्यक्ष अनिल तिवारी, प्रदीप दुबे, नीलेन्द्र दुबे, रवीश कुमार, राधेश्याम, भगवान दास आदि रहे|

मानक से तीन गुना स्कूली बच्चों को ढो रहा चौपहिया वाहन पकड़ा, दो दर्जन वाहनों का चालान

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करने का एक गंभीर मामला शुक्रवार को सामने आया, जब यातायात पुलिस ने मानक से तीन गुना अधिक स्कूली बच्चों को बैठाकर फर्राटा भर रहे एक चौपहिया वाहन को पकड़ लिया। नियमों के अनुसार जिस वाहन में सीमित संख्या में सवारी बैठानी होती है, उसमें 17 स्कूली बच्चों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया गया था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को रोका ।
वाहन चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले वाहनों, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीड, गलत दिशा में वाहन चलाने और बिना दस्तावेजों के वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि एक ही दिन में दो दर्जन से अधिक वाहनों का चालान काटा गया है और लगभग दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई वाहन चालक भविष्य में इस तरह मानक से अधिक बच्चों को ढोते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को ऐसे अति-क्षमता वाले वाहनों में न बैठने दें और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था का ही चयन करें। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

नाबालिग की शादी रुकवाने पहुंची बहन, गांव से लड़की-लड़का गायब, जांच में जुटी पुलिस

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) जनपद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला हूसा में एक नाबालिग लड़की की शादी को लेकर उस समय हड़कंप मच गया जब इसकी सूचना उसकी बड़ी बहन ज्योति को मिली। बताया गया कि लड़की की उम्र मात्र लगभग 15 वर्ष है और उसकी शादी 30 नवंबर को तय की गई थी। जैसे ही इससे संबंधित जानकारी बहन ज्योति को मिली, वह तत्काल थाना क्षेत्र से ग्राम नगला हूसा पहुंची और नाबालिग बहन की शादी को रुकवाने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन पर कॉल किया। साथ ही थाना अमृतपुर में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई।शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी और नियत तिथि से पहले ही शादी को रुकवा दिया गया। इसके बाद 5 दिसंबर को चाइल्ड हेल्पलाइन की अधिकारी रीना दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उनके साथ स्वयं थाना अध्यक्ष भी गांव में जांच के लिए पहुंचे। जब टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तो नाबालिग लड़की और उसका कथित मंगेतर दोनों ही गांव से गायब मिले।
चाइल्ड हेल्पलाइन अधिकारी रीना दुबे ने बताया कि भारतीय कानून के अनुसार नाबालिग लड़की या नाबालिग लड़के की शादी कराना दंडनीय अपराध है। इस मामले में दोनों की जन्मतिथि के आधार पर आयु की विधिवत जांच कराई जाएगी। यदि लड़की नाबालिग पाई जाती है तो परिजनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष मोनू शाक्य ने बताया कि पूरा मामला जांच के अधीन है। दोनों पक्षों की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है। जांच में यदि नाबालिग होने की पुष्टि होती है तो सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस लड़की और लड़के की तलाश में जुटी हुई है।

‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ के तहत सौपें प्रमाण पत्र

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैंकों, बीमा कंपनी एवं अन्य वित्तीय संस्थाओं में लंबे समय से बिना दावे वाली संपत्तियों को सही हकदारों तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ शमसुद्दीन, एलडीएम फर्रुखाबाद वीडी वर्मा, ग्रामीण कृषि एवं विकास बैंक, जिला विकास प्रबंधक श्री मीतेश यादव, समस्त बैंकों के जिला समन्वयक, अदावी राशियों एवं संपत्तियों से संबंधित ग्राहक, वरिष्ठ नागरिक, पत्रकार बंधुओं एवं बुद्धजीवियों ने भाग लिया। दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से आए अदावी राशियों / संपत्तियों से संबंधित महिलाओं एवं पुरुषों को अदावी राशि के भुगतान हेतु प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
जिससे लंबे समय से अप्राप्त संपत्तियों के प्राप्त होने से प्रमाण पत्र प्राप्तकर्ताओं के चेहरे खिल उठे, माननीय जिलाधिकारी महोदय द्वारा समस्त बैंक समन्वयकों को निर्देशित किया गया कि किसी भी वरिष्ठ नागरिक एवं दावा कर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा प्राथमिकता के आधार पर दावों का निस्तारण किया जाए। इसी प्रकार बीमा, शेयर, म्यूचुअल फंड आदि के दावे भी किए जा सकते हैं। किसी भी वित्तीय संपत्ति को जो अभी तक भूल से दावा नहीं की गई है, उचित व्यक्ति / उत्तराधिकारी द्वारा प्राप्त की जा सकती है।
“आपकी पूंजी, आपका अधिकार” है |

धर्म छुपाकर दुष्कर्म व जान से मारने के मामले में भाई जान सहित चार फंसे

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कानपुर कमिश्नरेट के कल्याणपुर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने युवक पर धर्म छुपाकर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर कल्याणपुर थाने को भेज दी है।
कानपुर के थाना कल्याणपुर निवासी पीड़िता ने 4 दिसंबर 2025 को थाने पहुंचकर तहरीर दी।आरोप है कि शादाब खान ने अपनी वास्तविक पहचान और धर्म छुपाकर उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता को सच्चाई का पता चला और उसने विरोध किया तो शादाब सहित उसके परिजनों ने जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में शादाब खान, उसका भाई नायाब, जीजा सुहेल खान और बहन अमरीन को नामजद किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक के आदेश पर मामले में जीरो एफआईआर पंजीकृत की गई। घटना की तिथि 26 नवंबर 2025 बताई गई है, जबकि सूचना 4 दिसंबर 2025 को दी गई। चूंकि घटनास्थल भिन्न-भिन्न स्थानों का बताया गया है, इसलिए मुकदमे को ऑनलाइन सीसीटीएनएस प्रणाली के माध्यम से थाना कल्याणपुर, कानपुर कमिश्नरेट पश्चिम स्थानांतरित कर दिया गया है।मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को भी भेज दी गई है। अब मुकदमे की विवेचना थाना कल्याणपुर द्वारा की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ब्लाक में सचिवों ने काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन,ऑन लाइन हाजिरी का विरोध

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार को जनपद के समस्त विकासखंड में सचिवों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे से 1 बजे तक सभी सचिवों ने धरना दिया। जोरदार नारेबाजी कर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार एवं मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन को संबोधित ज्ञापन खण्ड विकास अधिकारी योगेश पाण्डेय को सौपा। एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य किए जाने तथा गैर-विभागीय कार्यों में लगाए जाने का विरोध जताया।
विकास खंड बढ़पुर में आयोजित धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली ग्रामीण क्षेत्रों की नेटवर्क समस्या के कारण कार्य व्यवस्था को प्रभावित कर रही है। वहीं, गैर विभागीय कार्यों में लगाए जाने से ग्रामीण विकास से जुड़े मूल दायित्वों का निर्वहन बाधित होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। बढपुर व्लाक में धरना प्रदर्शन का नेतृत्व आलोक त्रिवेदी ग्राम विकास अधिकारी एवं ओम शिव पाण्डेय ग्राम पंचायत अधिकारी ने किया। कहा कि शासन द्वारा जो अव्यावहारिक ऑनलाइन अटेंडेंस का आदेश दिया गया है वह वापस लिया जाए, अन्यथा हम उग्र आंदोलन हेतु विवश होंगे । हम सचिव हैं, सेल्फी मॉडल नहीं । सचिवों ने गांवों में नेटवर्क व्यवस्था ठीक नहीं है, फिर भी ऑनलाइन हाजिरी को अनिवार्य कर दिया गया है। इससे उपस्थिति दर्ज न होने पर कर्मचारियों पर अनुचित कार्रवाई का खतरा बना रहता है। सचिवों ने ऑनलाइन हाजिरी की बाध्यता हटाने, गैर-विभागीय कार्यों से मुक्ति मिलने के अलावा पंचायत स्तर पर सम्मानजनक कार्य परिसर और संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। धरना प्रदर्शन के दौरान चेतावनी देकर कहा की यदि हमारी मांगों को नहीं सुना गया तो 15 दिसंबर को सभी सचिव अपना डोंगल सहायक विकास अधिकारी पंचायत को सौंप देंगे। ज्ञापन खण्ड विकास अधिकारी योगेश पाण्डेय को सौपा| बढ़पुर के धरना स्थल पर प्रदीप यादव एडीओ, आईएसबी ,श्वेता प्रभात, अशोक, नृपेंद्र शर्मा, कंचन, नीरू दीक्षित ,देवांश ,अमन, ऋषिपाल आदि ग्राम पंचायत सचिव रहे। राजेपुर में धरना के बाद ज्ञापन बीडीओ सुनील कुमार को सौंपा| एडीओ पंचायत अजीत पाठक सचिव नौशद अहमद, राजीव सुमन, राघवेन्द्र सिंह, अजय सिंह, मोहित यादव, शिव सिंह, रामनिवास आदि रहे| कमालगंज में व्लाक अध्यक्ष लक्ष्मीलता के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया| ज्ञापन प्रभारी बीडीओ अनिल कुमार को दिया गया|

भारत और रूस आतंकवाद पर कंधे से कंधा मिलाकर करेगे कार्यवाही

नई दिल्ली:आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे का दूसरा दिन है पुतिन का शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति भवन में जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन भी होगा जहां दोनों नेता प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करेंगे।समिट के बाद पुतिन RT के नए इंडिया चैनल का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उनके सम्मान में राजकीय भोज आयोजित करेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और रूस लंबे समय से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।चाहे पहलगाम में हुआ आतंकवादी हमला हो या क्रोकस सिटी हॉल पर कायरतापूर्ण हमला इन सभी घटनाओं की जड़ एक ही है। भारत का दृढ़ विश्वास है कि आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा हमला है और इसके खिलाफ वैश्विक एकता हमारी सबसे बड़ी ताकत है।भारत और रूस संयुक्त राष्ट्र, जी-20, ब्रिक्स, एससीओ और अन्य मंचों पर घनिष्ठ सहयोग कर रहे हैं। हम इन सभी मंचों पर अपनी बातचीत और सहयोग जारी रखेंगे।

जनपद पुलिस को मिली 7 डायल 112 की नई गाड़ियों की सौगात

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य जनपद में डायल 112 पुलिस की 7 गाड़ियों की सौगात मिली है डायल 112 फतेहगढ़ पुलिस के बारे में शामिल होने से कानून व्यवस्था को मजबूती मिलेगी| पुलिस लाइन मैदान में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह नें विधि विधान से पूजन कराकर सभी डायल 112 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया | एसपी आरती सिंह नें बताया कि जनपद में डायल 112 की नई गाड़ियों के आने से आम जनता को राहत मिलेगी और पुलिस ससमय पीड़ित की मदद के लिये पंहुंचेगी| उन्होंने बताया की नई पीआरबी गाड़ियां अत्याधुनिक संचार एवं सुरक्षा उपकरणों से लैस हैं| सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, डायल 112 प्रभारी आमोद कुमार सिंह आदि प्रमुख रूप से रहे|

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) क्षेत्र में एक युवती ने प्रेमजाल में फंसाकर कई वर्षों तक शारीरिक शोषण, जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता के अनुसार उसकी दोस्ती कुछ समय पहले फेसबुक पर रितिक सिंह नामक युवक से हुई थी, जिसने पहले प्रेम संबंध बनाया और फिर शादी का झांसा देकर लगातार होटल में बुलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवक ने लंबे समय तक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया। पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी की बात पर जोर दिया तो 26 नवंबर को युवक उसे अपने घर ले गया, जहां उसे बताया गया कि युवक वास्तव में मुस्लिम है और उसका असली नाम शादाब खान है।आरोप है कि युवक ने शादी के लिए युवती पर धर्म परिवर्तन कर इस्लाम कबूल करने, मांसाहार करने और मुस्लिम बनने का दबाव बनाया। पीड़िता द्वारा इनकार करने पर आरोपी, उसके भाई, जीजा, बहन और परिवार के अन्य लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी पक्ष पीड़िता को जबरन उसके घर छोड़ आया और उसकी मां को भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोपियों ने उसे डरा-धमकाकर सादे कागजों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए और चेतावनी दी कि यदि वह पुलिस के पास गई तो उसे जान से मार दिया जाएगा। परिवार लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है, जिससे वह भय के माहौल में जीवन गुजारने को मजबूर है। पीड़िता ने शादाब खान और उसके पूरे परिवार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग शहर कोतवाली पुलिस से की है | सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय नें बताया युवक -युवती पहली बार कानपुर में मिले थे, लिहाजा जीरो एफआईआर दर्ज कर कानपुर ट्रांसफर की जायेगी |

फर्जी बैनामे से जमीन हड़पने का आरोप, मुकदमा

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर पैतृक जमीन हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित अजय कुमार सक्सेना पुत्र स्व. सालिगराम सक्सेना, निवासी हाता करम खां (नवाब नियामत खां), हाल पता विकास नगर कॉलोनी लखनऊ, ने कोतवाली में तहरीर देकर कई लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार उनकी दादी स्व. फूलमती देवी को 323.36 वर्गमीटर भूमि पैतृक रूप से प्राप्त हुई थी, जिसे उन्होंने पूर्व में रामभरोसे लाल से खरीदा था। वर्ष 1970 के आसपास परिवार के लखनऊ चले जाने के बाद समय-समय पर फर्रुखाबाद आना-जाना होता रहा। अगस्त 2025 में जब वह फर्रुखाबाद पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनकी जमीन का फर्जी बैनामा 30 अगस्त 2013 को गिरीश चंद्र नामक व्यक्ति द्वारा सुबोध यादव और विश्राम सिंह यादव के नाम कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर कर दिया गया।पीड़ित का आरोप है कि मौजूदा कब्जाधारियों ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। जब उन्होंने कब्जा हटाने की बात कही तो आरोपियों के परिजनों और सहयोगियों ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दोबारा जमीन की ओर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
पीड़ित ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।