फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद पुलिस ने बाइक लूट के चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है| पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि विगत 1 दिसंबर को थाना मऊ दरवाजा के हरसिंहपुर गोवा खगऊ निवासी शराब ठेके के सेल्समैन मदनलाल पुत्र किशन लाल की बाइक कायमगंज फर्रुखाबाद बाईपास पर जो इस वेल ढाबे के निकट दो बदमाशों ने लूट ली थी, जिसका मुकदमा थाना मऊ दरवाजा में पंजीकृत किया गया था जांच के दौरान चेकिंग कर रही पुलिस ने एक बाइक पर चार संदिग्धों को आते हुए रोक कर जांच की | पुलिस के अनुसार जांच में पता चला आरोपियों के पास जो बाइक है वह लूटी हुई है| इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कोतवाली मोहम्मदाबाद में पंजीकृत मामले से संबंधित बाइक इंजन व पहिया खुला हुआ बिना नम्बर प्लेट के बरामद की| सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, थाना अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद रहे |
डॉ. अंबेडकर को महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर मोहम्मदाबाद में सैकड़ों अनुयायियों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम 6 दिसंबर को मोहम्मदाबाद ब्लॉक गेट के पास स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर आयोजित किया गया। भारत के संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस प्रतिवर्ष 6 दिसंबर को मनाया जाता है। उन्होंने 6 दिसंबर 1956 को अंतिम सांस ली थी। यह दिन उनके संघर्ष, सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और मानवता के महान मूल्यों को याद करने का अवसर माना जाता है। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी डॉ. रामदास सागर ने की। सभा में यदुवीर सिंह यादव, वीर सिंह, मनोज गौतम, अभिनव जाटव, सुनील कुमार, रामकिशोर, शिवम कुमार, संजय कुमार, महिपाल, दिलीप सहित सैकड़ों लोगों ने बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। अंत में उपस्थित लोगों ने डॉ. अंबेडकर के दिखाए मार्ग पर चलने और सामाजिक समरसता व मानवाधिकारों की रक्षा के संकल्प को दोहराया।
सांसद खेल स्पर्धा कार्यक्रम में शामिल हो सकते उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों) फतेहगढ़ स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव कार्यक्रम के संदर्भ में सांसद श्री मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचंद वर्मा एवं पूर्व राज्य महिला आयोग सदस्य डॉ. मिथिलेश अग्रवाल द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले सांसद खेल स्पर्धा कार्यक्रम में बालक, बालिका, महिला, पुरुष, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्ग के खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। यह महोत्सव 7 दिसंबर से प्रारंभ होकर 26 दिसंबर तक संपन्न होगा। 14 दिसंबर को होगा भव्य उद्घाटन
उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर को उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हो सकते हैं। 26 दिसंबर को समापन समारोह में सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा| सांसद ने बताया कि क्रिकेट, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, मैराथन, खो-खो, बैडमिंटन, रस्सा-कस्सी सहित विभिन्न खेलों में प्रतियोगिताएँ होंगी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष श्रेणी भी रखी गई है।उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी खिलाड़ियों को एक समान मंच उपलब्ध कराना है, जिससे खेल संस्कृति मजबूत होती है और युवा नशे व नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहते हैं। पिछले वर्ष 6400 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था, जिनमें से 1800 विजेताओं को इस बार भाग लेने का अवसर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को खेल से जोड़कर स्वस्थ समाज बनाना और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना लक्ष्य है। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित को लोकसभा कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। जिला मंत्री गोपाल राठौर, जिला क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह यादव, डॉ. उदय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। डॉ. भीमराव अंबेडकर को किया नमन पत्रकार वार्ता के उपरांत सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, पूर्व राज्य महिला आयोग सदस्य डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित सहित कार्यकर्ता फतेहगढ़ जेएनवी तिराहा स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर पहुंचे, जहाँ उन्होंने माल्यार्पण कर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद ने कहा कि 6 दिसंबर डॉ. अंबेडकर का परिनिर्वाण दिवस है। उन्होंने संविधान निर्माण कर सामाजिक समरसता और समान अधिकारों का मार्ग प्रशस्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उनके विचारों पर चलते हुए गरीब, दलित, पिछड़े एवं वंचित वर्गों को मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य कर रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान को सशक्त बनाने के लिए भाजपा प्रदेश महामंत्री अनूप कुमार गुप्ता 8 दिसंबर को जनपद के प्रवास पर रहेंगे और विभिन्न बैठकों में अभियान की समीक्षा करेंगे।
आधा दर्जन पर हत्या का मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुए एक व्यक्ति की हत्या के मामले में न्यायालय के आदेश पर छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई लंबे समय तक पीड़िता की फरियाद न सुने जाने के बाद कोर्ट के हस्तक्षेप से संभव हो सकी। मैनपुरी जनपद के भोगांव थाना क्षेत्र के मेरापुर छदमी गांव निवासी अलका देवी की शादी फर्रुखाबाद जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ऊगरपुर गांव निवासी हेमराज सिंह से हुई थी। करीब चार वर्ष पूर्व हेमराज सिंह ने अपने पिता की जमीन बेचकर ऊगरपुर में लगभग दो बीघा भूमि अपनी पत्नी अलका देवी के नाम खरीदी थी। इस जमीन को लेकर उनके ससुराल पक्ष में विवाद शुरू हो गया था। आरोप है कि ससुरालीजन लगातार दबाव बनाकर जमीन उनके नाम करने की धमकी दे रहे थे और इंकार करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी।
अलका देवी 25 फरवरी 2025 को अपने भाई की शादी में शामिल होने मायके गई थीं। उनके पति हेमराज सिंह 21 फरवरी को मायके पहुंचे और 22 फरवरी को अपने घर ऊगरपुर लौट गए। उसी रात 22 फरवरी को हेमराज सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि ससुरालियों ने साजिश के तहत पहले उनकी हत्या की और बाद में आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी पर लटका दिया आरोप है कि इस षड्यंत्र में प्रमोद पुत्र पप्पू, विक्की पुत्र पप्पू निवासी ऊगरपुर, शिवराज पुत्र बाबूराम निवासी दिल्ली, जुगाड़ी पुत्र वीरेंद्र निवासी दिल्ली और अंकित पुत्र टेलर निवासी लड़ेते, छिबरामऊ, कन्नौज शामिल थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई।पीड़िता ने कई बार मोहम्मदाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। अंततः पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाबा साहब के विचार,सिद्धांत और दूरदृष्टि भारतीय लोकतंत्र की नींव:सीएम योगी
लखनऊ:प्रदेश के मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के 70वां महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की।अपने आधिकारिक एक्स हैंडल बाबासाहेब को संविधान निर्माता और समता-स्वतंत्रता-बन्धुता के प्रबल पक्षधर के रूप में याद किया। उन्होंने लिखा किसामाजिक न्याय के अग्रदूत, संविधान निर्माता, ‘भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। बाबा साहब के विचार, सिद्धांत और दूरदृष्टि भारतीय लोकतंत्र की नींव हैं। समाज में व्याप्त विषमता, अन्याय और भेदभाव के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित समाज के निर्माण का जो सपना बाबा साहब ने देखा था, वह आज भी हम सभी के लिए पथ प्रदर्शक है।”
बिना एचएसआरपी व ओवरलोड खनन सामग्री ढोते दो ट्रक पकड़े, एक सीज—3.20 लाख से अधिक जुर्माना
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी फर्रुखाबाद आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों पर सख्ती जारी है। शुक्रवार को एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत व खनन अधिकारी संजय प्रताप के नेतृत्व में राजेपुर व रामगंगा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में एआरटीओ-प्रवर्तन शाहजहांपुर श्री सर्वेश कुमार सिंह भी शामिल रहे। चेकिंग के दौरान बिना एचएसआरपी लगाए ओवरलोड खनन सामग्री ढोते दो ट्रक पकड़े गए, जिनमें से एक ट्रक सीज किया गया तथा एक का चालान किया गया। इन वाहनों पर परिवहन विभाग द्वारा 2.29 लाख का जुर्माना लगाया गया, जबकि खनन विभाग ने 1.40 लाख का जुर्माना किया। जांच में यह भी पाया गया कि दोनों ट्रकों का खनन विभाग के पोर्टल पर पंजीयन नहीं था, जिसके कारण वीटीएस के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी संभव नहीं थी।इसके अतिरिक्त बिना खनन विभाग के रवन्ना के संचालित दो अन्य ट्रकों का चालान करते हुए 91,160 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इन वाहनों में अंडरलोड खनन सामग्री ले जाई जा रही थी। अभियान में कुल मिलाकर परिवहन विभाग द्वारा 2.29 लाख और खनन विभाग द्वारा 2.31 लाख का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि खनन एवं परिवहन नियमों के अनुपालन के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
देशी शराब का ठेका तोड़कर 26 पेटी व नकदी साफ
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव जैनापुर में बीती रात चोरों ने देसी शराब के ठेका खोखा का पीछे का हिस्सा तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर 26 पेटी देशी शराब उड़ा ले गए। घटना के दौरान खोखा में लगे सीसीटीवी कैमरे भी चोरों ने तोड़ दिए। वहीं घटनास्थल के पास से पुलिस को एक चैन पाना पड़ा मिला है, जिसे चोर संभवत: वारदात में इस्तेमाल कर गए। ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। इसी दौरान ठेका के निकट ही स्थित यूनिस पुत्र अब्दुल निवासी बिलालपुर के खोखे को भी चोरों ने तोड़ दिया। यूनिस ने बताया कि खोखे में रखा एक गैस सिलेंडर, 400 रूपये की नकदी व अन्य सामान मिलाकर लगभग सात हजार रुपये का सामान चोरी हो गया है। सुबह राहगीरों ने दोनों खोखे टूटे देखे तो घटना की जानकारी यूनिस और ठेका कर्मियों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेपुर सुदेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। थाना ध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि देसी शराब के ठेके से चोरी की घटना की पुष्टि हुई है। तहरीर प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी, जांच जारी है।
प्रधान की बंदूक से निकली गोली से हुई अंशु की मौत, दो पर मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) बीती रात नामकरण संस्कार की दावत में हुई हर्ष फायरिंग के दौरान युवक के सीनें में गोली लगने से मौत हो गयी थी, पुलिस नें मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है | शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है| थाना क्षेत्र के ग्राम उमराव नगला निवासी राकेश पुत्र रामौतार के यहां पुत्र के नामकरण संस्कार की दावत थी, उसी दौरान गांव के ही 25 वर्षीय अंशु यादव पुत्र केंद्र पाल के हर्ष फायरिंग के दौरान सीने में गोली लगने से मौत हो गयी| मृतक के परिवारिक चाचा सुधीर यादव पुत्र ब्रजपाल की तहरीर पर पुलिस नें मुकदमा दर्ज किया| जिसमे कहा की उनका परिवारिक भतीजा अंशु नामकरण संस्कार की दावत में गया था, जहां वर्तमान प्रधान ग्राम धारा नगला निवासी कश्मीर सिंह का पौत्र गोलू अपने बाबा कश्मीर सिंह की लाइसेंसी दोनालू बंदूक लेकर आ गया, अंशु को देखते ही गोलू नें कहा की अंशु यादव के गोली मार दो, जिस पर आरोपी विकास पुत्र विनोद नें दो नालू बंदूक गोलू से लेकर अंशु के सीने में गोली मार दी, जिससे अंशु की मौके पर ही मौत हो गयी, अंशु की मौत के बाद प्रधान कश्मीर सिंह बंदूक लेकर गोली आदि के साथ मौके से फरार हो गये| पुलिस नें आरोपी गोलू व विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है| अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार नें बताया की विधिक कार्यवाही पुलिस कर रही है|
फर्रुखाबाद चैरिटेबल ब्लड बैंक का महंत ईश्वरदास नें किया श्रीगणेश
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद चैरिटेबल ब्लड बैंक का श्री गणेश महंत ईश्वर दास महाराज नें फीता काटकर किया| शहर के कादरी के तिराहा लिङ्गीगंज मार्ग पर फर्रुखाबाद चैरिटेबल ब्लड बैंक की नीब डाली गई है, शुक्रवार को पांचाल घाट स्थित श्री दूर्वाषा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास महाराज नें शुभारंभ करने के दौरान कहा की इस लैब से जरूरत मंदो को काफी सहूलियत होंगी| इसके साथ मौके पर निर्देशक डॉ.भानू गुप्ता, डॉ.आशीष गुप्ता, डॉ. अनूप गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, अमरनाथ गुप्ता आदि रहे|
दावत में हर्ष फायरिंग से युवक की मौत
फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) दावत के दौरान हुई हर्ष फायरिंग से युवक की दर्दनाक मौत हो गयी, पुलिस नें मौके पर आकर पड़ताल की| थाना क्षेत्र के ग्राम उमराव नगला निवासी विजय यादव के घर पुत्र के जन्म पर दावत का कार्यक्रम रखा गया था| उसी समय कुछ लोग हर्ष फायरिंग करने लगे, उसी हर्ष फायरिंग से गोली चंद्रपाल यादव के 25 वर्षीय पुत्र आशु यादव के सीने में जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गयी| सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राजीव कुमार आदि मौके पर पंहुचे और जाँच पड़ताल की | थानध्यक्ष नें बताया की जाँच की जा रही है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा| अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार भी घटना स्थल पंहुचे और जायजा लिया|



