Home Blog Page 84

मेलारामनगरिया में प्रसाद की दुकान में लगी आग, बड़ा हादसा टला

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) पांचाल घाट स्थित रामनगरिया मेले में मंगलवार दोपहर लगभग ढाई बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब हवन के दौरान निकली चिंगारी से एक प्रसाद की दुकान में आग लग गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा प्रसाद व अन्य सामग्री जल गई, जिससे करीब एक हजार रुपये का नुकसान हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेठी जनपद निवासी राजेश जोशी पुत्र सीताराम की प्रसाद एवं पूजा सामग्री की दुकान मेला परिसर में सीधी संख्या 6 पर लगी हुई थी। हवन के दौरान अचानक उड़कर आई आग की चिंगारी दुकान में रखे सामान पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। आग लगते ही मेले में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और मेले में तैनात फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों को नुकसान नहीं हुआ। मेले में मौजूद लोगों और फायर ब्रिगेड की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर डंपर से कुचलकर पशु चिकित्सक की मौत

फर्रुखाबाद:(राजेपुर/नगर संवाददाता)थाना राजेपुर क्षेत्र में इटावा–बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां चाचूपुर गांव के आगे एक भारी डंपर ने बाइक सवार पशु चिकित्सक को रौंद डाला। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की शिनाख्त शाहजहांपुर जनपद के थाना मिर्जापुर क्षेत्र अंतर्गत नगला पिपरिया निवासी 32 वर्षीय आदेश कुशवाहा पुत्र प्रेमपाल कुशवाहा के रूप में हुई है। बताया गया कि आदेश किसी निजी कार्य से फर्रुखाबाद आए थे और दोपहर करीब तीन बजे बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान राजस्थान नंबर के तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद उनका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल लोहिया पहुंचाया, जहां आपातकालीन चिकित्सक डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई अंकित कुशवाहा ने बताया कि आदेश पेशे से पशु चिकित्सक थे और पांच भाइयों में दूसरे स्थान पर थे। उनके चार बच्चे हैं—आस्तिक, आरुषि, अर्णव और चार माह का एक पुत्र। पत्नी मोनी समेत पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। आदेश का विवाह लगभग 12 वर्ष पूर्व हुआ था।
हादसे के बाद हाईवे पर अव्यवस्था
घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। थाना राजेपुर पुलिस, मेला रामनगरिया पुलिस और यातायात प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आवागमन बहाल कराया।
औपचारिकता पूरी किए बिना शव ले गई पुलिस
हादसे के बाद पुलिस शव को बिना चिकित्सकीय पुष्टि कराए सीधे फतेहगढ़ पोस्टमार्टम हाउस ले गई, जहां से शव को वापस लौटा दिया गया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल लोहिया लाया गया, जहां ईएमओ डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने शव कक्ष के सामने ही परीक्षण कर मृत घोषित किया।

प्रियंका गांधी का जन्मदिन मनाया, मजदूरों को कराया चाय-नाश्ता

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सोमवार को शहर के त्रिपोलिया चौक पर कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) सदस्य शुभम तिवारी द्वारा किया गया, जिसमें गरीब मजदूरों को चाय-नाश्ता कराया गया। इस अवसर पर चौक-चौराहे पर उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान मजदूरों ने प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेसजनों को शुभकामनाएं दीं और कांग्रेस के सामाजिक प्रयासों की सराहना की। कई मजदूरों ने वर्तमान समय में मनरेगा में हो रही कथित सरकारी अनियमितताओं और गांवों में काम न मिलने के कारण शहरों में दिहाड़ी मजदूरी करने की मजबूरी का मुद्दा उठाया तथा कांग्रेस से मदद की अपील की। शुभम तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में गरीब और मजदूर वर्ग के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी की सोच के अनुरूप कांग्रेस शहरी व ग्रामीण मजदूरों के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी और वर्तमान सरकार द्वारा मनरेगा की स्थिति को लेकर गंभीरता से विरोध दर्ज कराएगी।
कार्यक्रम में सवादल जिलाध्यक्ष असलम लाला, जिलाध्यक्ष (विकलांग प्रकोष्ठ) प्रो. मिशयुद्दीन, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रभात यादव, प्रदेश सचिव सोशल मीडिया अर्चित कश्यप, प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग मो. इमरान अंसारी, कांग्रेस नेता मोहित शुक्ला, विकास अग्निहोत्री, सौरव मिश्रा, विपिन प्रजापति, ऋषभ तिवारी, दिलीप यादव, बिरजू, युवा कांग्रेस राधे, शिवम शर्मा, कृतार्थ यादव, तनुज गुप्ता, शिवकुमार, सुमित कुमार, अतुल अग्निहोत्री, सनी, अरविंद किशन कुमार, तेजस तिवारी, बॉबी यादव, अनिल यादव, शुभम यादव, हिमांशु कठेरिया आदि मौजूद रहे।

सोशल मीडिया की लत से युवाओं का पतंगबाजी से हो रहा मोहभंग!

फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला)अपरा काशी में बसंत पंचमी के दिन पतंगबाजी देखने लायक होती थी,वह एक समय था जब हम विधालय से घर आते ही सीधे छत पर व पतंग बाजी प्रारम्भ..। खाना पीना छत से उतरने के बाद होता था। बसंत पंचमी के हफ्ते भर पहले कोड़ी के हिसाब 

से पतंग खरीद ली जाती..| पतंगबाजी के समय ये काटा-वो काटा का शोर दिन भर कानों में गूंजता था, चली चली रे पतंग मेरी चली रे चली बादलों के पार हो के डोर पे सवार सारी दुनिया ये देख देख जली रे, न कोई उमंग है, न कोई तरंग है मेरी ज़िंदगी है क्या, इक कटी पतंग है यह फ़िल्मी गीत भी पतंगबाजी को एक अलग की स्थान देते हैं, सभी धर्म मिलकर छोटे,बड़े व बूड़े बसंत लगातार तीन दिन पतंग बाजी कर पूरा लुत्फ उठाते। बसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती की विशेष रूप से पूजा की जाती है| लेकिन पतंगबाजी का खेल अब धीरे-धीरे लुप्त होने के

कगार पर पहुंच गया हैं। आधुनिक संचार क्रांति के युग में मोबाइल, फेसबुक व वाट्सएप और व्यस्त दिनचर्या ने पतंगबाजी के खेल से युवाओं का मोहभंग कर दिया है। दूसरी ओर चाइनीज बाजार ने पतंगबाजी के खेल पर भी कब्जा कर लिया। वहीं चायनीज मांझे से हुए हादसों के बाद बच्चों का इससे किनारा हो गया। हालांकि चायनीज मांझे पर रोक है, लेकिन बावजूद इसके यह चोरी छिपे बिक रहा है! पूर्व समय में बड़े खुले मैदान व छतों से पतंग उड़ाकर जमकर लुप्त उठाते थे। बसंत पंचमी के मौके पर फर्रुखाबाद में खूब पतंग उड़ाई जाती थी, लेकिन अब दिन प्रति दिन युवाओं के इस शौक को मोबाइल व सोशल मीडिया में दिलचस्पी ने पेंच फांस दिया है|
पतंग उड़ाने को काफी युवा व बड़े खुले मैदान व छतों से पतंग उड़ाकर जमकर लुत्फ उठाते थे। हवा के झोकों के बीच पतंगबाजी का खेल बेहद शौक से हुआ करता था। एक दूसरे की पतंग काटकर युवा खुश हुआ करते थे। सालों पहले छोटे बच्चे प्लास्टिक की हल्की पन्नियों की खुद-ब-खुद पतंग बना लेते थे। देशी कारीगर कागज व प्लास्टिक की पतंग तैयार करते थे, जबकि कच्ची सूत को नीला थोथा, मोम आदि से पक्का कर मांझा तैयार कर लेते थे। अधिक तेज मांझा तैयार करने के लिए कांच का इस्तेमाल भी कर लिया जाता था, लेकिन इसे बड़े ही प्रयोग करते थे। आधुनिक दौर में धीरे-धीरे बढ़ी व्यस्तता और संचार क्रांति के युग में फेसबुक व वाट्सएप ने पतंगबाजी के खेल से युवाओं का मोहभंग कर दिया है। इंटरनेट मीडिया पर युवा पूरे दिन व्यस्त होने के कारण अब पतंग को भूलते जा रहें हैं! बसंत पंचमी को लेकर बाजार में तैयारी
बंसत पंचमी को लेकर शहर के पतंगसाजो नें तैयारी की है| दुकानों पर पतंगों व चरखी का भंडारण किया है| फर्रुखाबाद से कागज की पतंग की मांग जयपुर व अहमदाबाद में बड़ी मात्रा में है| अधिकतर मांझा बरेली से आयात किया जाता है| शहर के पतंगसाज शिवकुमार ने बताया की मोबाइल के चक्कर में युवा पतंग को भूल रहे हैं, बाजार में 10 रूपये से लेकर लगभग 700 रूपये तक कीमत की चरखी है, 900 से 5500 मीटर का सफेद धागा (सद्दल) बाजार में उपलब्ध है|
कार्टून वाली पतंग पसंद कर रहे बच्चे
दुकानों पर छोटा भीम, मोटू-पतलू, डोरेमोन,स्पाइडरमैंन आदि कार्टून वाली पतंगे पसंद बनी हैं|

युवक का शव मिलने से सनसनी हत्या की आशंका

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इटावा–बरेली हाईवे पर स्थित खाटू श्याम मंदिर के पीछे करीब 300 मीटर दूर खटा डुबका मार्ग पर शव पड़ा देख राहगीर रुपेश ने सुबह लगभग 10 बजे डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी तथा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। मृतक का रंग गेहुआं था। उसने हरी हॉफ जैकेट, नीले व लाल रंग का ट्रैक सूट अपर, लाल-काली प्रिंट शर्ट, काली-सफेद लाइन वाली टी-शर्ट, ब्राउन इनर, काली एडिडास लोवर, ब्राउन बॉस ब्रांड की चड्डी पहनी हुई थी। एक पैर में काली क्रॉस चप्पल थी। गले में लाल तसर, दाहिने हाथ में काला मोटा धागा और अंगूठी, जबकि दूसरे हाथ में छल्ला पहना हुआ था। दोनों हाथों में सूजन पाई गई। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और घटनास्थल पर खून फैला हुआ मिला।
मृतक के पास से ‘बब्बर शेर’ ब्रांड की शराब का पउआ मिला, जिसका क्यूआर कोड स्कैन करने पर निसाई स्थित शराब ठेके से खरीदा जाना सामने आया। इसके अलावा जेब से पांच और दस रुपये के सिक्के, एक 20 रुपये का नोट तथा पॉलीथिन में मूंगफली भी मिली, जिन्हें फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में ले लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात शव की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं। पहचान के लिए मृतक की फोटो सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रसारित कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। उप निरीक्षक आशू यादव ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

आलू मंडी में भाव स्थिर, बिक्री सुस्त

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर आलू मंडी में सोमवार 12 जनवरी को आलू के भावों में कोई बदलाव नहीं हुआ। शनिवार के मुकाबले आज भी आलू 401 से 551 रुपये प्रति कुंतल के बीच बिके। मंडी में लगभग 80 मोटर आलू की आमद दर्ज की गई, लेकिन खरीदारों की कमी के चलते बिकवाली सुस्त बनी रही।
मंडी व्यापारियों के अनुसार बाजार में मांग कमजोर है, जिस कारण भावों में तेजी नहीं आ सकी। हालांकि अच्छी क्वालिटी के आलू को अपेक्षाकृत बेहतर दाम मिले, लेकिन सामान्य आलू की बिक्री धीमी रही। लगातार दो दिनों से भाव स्थिर रहने से किसान और व्यापारी दोनों असमंजस की स्थिति में नजर आए।
व्यापारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में मांग नहीं बढ़ी तो आलू के दामों पर दबाव बन सकता है। फिलहाल मंडी में बाजार की चाल थमी हुई दिखाई दे रही

शार्ट सर्किट से मूंगफली दुकान में लगी आग

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) देर रात करीब एक बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से मूंगफली विक्रेता की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में स्थित दूसरी दुकान भी उसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में दोनों दुकानों में रखा माल और नकदी जलकर राख हो गई, जिससे पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के लिंगीगंज निवासी अंशुल सक्सेना पुत्र सुरेश चंद्र सक्सेना की दुकान के ऊपर से 11 हजार केवी की विद्युत लाइन गुजर रही है। देर रात अचानक हुए शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता को देखते हुए पास ही स्थित अंशुल के चाचा सुनील सक्सेना की दुकान भी आग की चपेट में आ गई।
देखते ही देखते दोनों दुकानें धू-धू कर जलने लगीं। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक दोनों दुकानों में रखा मूंगफली, चना, लिया, बिस्तर सहित हजारों रुपये की नकदी जलकर राख हो चुकी थी।
पीड़ित अंशुल के पिता सुरेश चंद्र सक्सेना ने बताया कि इस आगजनी की घटना में हजारों रुपये की नकदी समेत कुल मिलाकर लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

मार्ग दुर्घटना में घायल युवक की मौत

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा निवासी 35 वर्षीय राजवीर पुत्र बाबूराम की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना 7 जनवरी की शाम की है, जब राजवीर खाद लेने के लिए अमृतपुर गया था। घर लौटते समय बंसी अड्डा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल लोहिया भेजा गया, जहां सुधार न होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर में इलाज के दौरान करीब पांच दिन बाद उनकी मौत हो गई।
मृतक के निधन की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी साधना और दो छोटे बच्चों—एक पुत्र और एक पुत्री—का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी साधना बार-बार यही कहती रही कि उन्हें क्या पता था कि खाद लेने गए पति वापस नहीं लौटेंगे। ग्रामीणों के अनुसार टक्कर मारने वाला वाहन अज्ञात है। कानपुर हैलट अस्पताल में पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मतदेय स्थलों का भ्रमण कर विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान का लिया जायजा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने रविवार को फतेहगढ़ स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं दुर्गा नारायण डिग्री कॉलेज में बनाए गए मतदेय स्थलों का भ्रमण कर विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का विधिवत वाचन किया जा रहा है। साथ ही मतदाताओं की सुविधा के लिए फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने), फॉर्म-7 (नाम विलोपन) एवं फॉर्म-8 (संशोधन) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में कोई लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत सभी योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए। कार्यक्रम की प्रगति का सतत अवलोकन एवं समीक्षा सभी ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है। साथ ही अधिकारीगण लगातार भ्रमण कर विशेष कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी भी कर रहे हैं।

हिन्दू समाज पार्टी नें फर्रुखाबाद का नाम बदलनें की उठायी मांग

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) रविवार को हिंदू समाज पार्टी की ओर से नगर के मोहल्ला खड़ंजा अब्दुल रज्जाक में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेश मिश्रा की सहमति से प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी ने संगठन में नई नियुक्तियों की घोषणा की।
प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी ने प्रदीप कुमार सक्सेना को कानपुर मंडल अध्यक्ष तथा आशीष गुप्ता को जिलाध्यक्ष फर्रुखाबाद के पद पर मनोनीत किया। नवनियुक्त पदाधिकारियों को पार्टी की रीति-नीति के अनुरूप संगठन को मजबूत करने एवं जनाधार बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
प्रेस वार्ता में हिंदू समाज पार्टी द्वारा फर्रुखाबाद जनपद का नाम परिवर्तित कर ‘पंचल नगर’ किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि इस मांग को लेकर जिलेभर में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 19 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर 31 जनवरी 2026 तक चलेगा। अभियान के समापन के पश्चात हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा जाएगा। पार्टी नेताओं ने कहा कि ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक आधार पर जिले का नाम परिवर्तन आवश्यक है और इसके लिए जनसमर्थन जुटाया जाएगा।