Home Blog Page 83

आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित, देखें वीडियो

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल की मौजूदगी में जिला अग्निशमन अधिकारी कार्यालय परिसर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इस दौरान उपस्थित आपदा मित्रों तथा आम नागरिकों को आपात स्थितियों, विशेषकर आग लगने की घटनाओं के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों एवं घायलों के रेस्क्यू से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई।
अग्निशमन विभाग द्वारा आग लगने की स्थिति में उस पर नियंत्रण पाने के विभिन्न तरीकों का डेमो प्रस्तुत किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने, सुरक्षित रेस्क्यू करने, सीपीआर (CPR) प्रदान करने तथा घटनास्थल से सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया का प्रशिक्षणात्मक प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित, सटीक एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।

पनीर जायका रेस्टोरेंट का भव्य शुभारंभ, उद्घाटन पर उमड़ी ग्राहकों की भीड़

फर्रुखाबाद:(जेएनआई एडीबी) शहर के रेलवे रोड स्थित पंडाबाग मंदिर के समीप बॉबी मिश्रा मार्केट में शनिवार को पनीर जायका रेस्टोरेंट का भव्य शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। रेस्टोरेंट के प्रोपराइटर अमन कुमार (निवासी सिंधी कॉलोनी) हैं। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों व स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।
रेस्टोरेंट के शुभारंभ से पूर्व विधिविधान के साथ हवन-पूजन किया गया, जिसके उपरांत प्रसाद का वितरण हुआ। इसके बाद विशेष रूप से तैयार व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए रेस्टोरेंट में ग्राहकों की खासी भीड़ देखने को मिली। उद्घाटन अवसर पर पनीर पुलाव, मटर पनीर, शाही पनीर, सोया चाप, स्पेशल कढ़ाही पनीर, मलाई कोफ्ता सहित अनेक स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
इस मौके पर रेस्टोरेंट संचालक अमन कुमार ने बताया कि उद्घाटन के दिन ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर रखा गया है, जिसके तहत एक थाली के साथ एक थाली निशुल्क दी गई। उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट में शुद्धता, गुणवत्ता और स्वाद का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि ग्राहकों को उचित मूल्य पर बेहतर और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने नए रेस्टोरेंट के शुभारंभ पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक बेहतर और स्वादिष्ट विकल्प बताया। उद्घाटन के दौरान पूरे रेस्टोरेंट परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

अधिवक्ता से मारपीट, चोटी काटने व लूट के मामले में दारोगा व सिपाही दोषी करार, भेजा जेल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अधिवक्ता व उनके साथियों के साथ मारपीट, चोटी काटने, नकदी व मोबाइल लूटने के आरोप में तीन वर्ष पूर्व दायर याचिका पर एंटी डकैती न्यायालय ने गंभीर रुख अपनाया है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेंद्र सिंह ने धमकी व लूट के मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए सभी आरोपितों के खिलाफ न्यायालय में उपस्थित होने के लिए सम्मन जारी कर दिए हैं।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर कलां निवासी अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार शर्मा ने न्यायालय में दाखिल याचिका में बताया कि उनका एक व्यक्ति से विवाद चल रहा था। इसी सिलसिले में कर्नलगंज चौकी पर तैनात तत्कालीन चौकी इंचार्ज अनिल भदौरिया ने 10 जनवरी 2018 को उन्हें चौकी पर बुलाया।
अधिवक्ता के अनुसार जब वह अपने दो साथियों के साथ चौकी पहुंचे, तो वहां मौजूद तत्कालीन एसएसआई दीपक कुमार, सिपाही सुरेंद्र सिंह एवं नवनीत यादव ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और जबरन उनकी चोटी काट दी। इसके अलावा जेब में रखे दो हजार रुपये छीन लिए गए। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके मोबाइल फोन तोड़ दिए और सिम कार्ड भी गायब कर दिए।
मामले की सुनवाई के दौरान विशेष न्यायाधीश (दस्यु प्रभावित क्षेत्र) ने दारोगा अनिल भदौरिया व सिपाही सुरेंद्र सिंह को दोषी करार दिया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, सजा की सुनवाई के लिए 16 जनवरी की तिथि निर्धारित की गई है। जबकि दारोगा दीपक कुमार व सिपाही नवनीत यादव का सुनवाई का स्टे जारी हैं | दोष सिद्ध दारोगा अनिल भदौरिया पुलिस लाइन जालौन व सिपाही सुरेन्द्र कुमार इटावा में तैनात हैं |

चाइनीज मांझे की चपेट में युवक की गर्दन कटी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे का खतरा लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। ताजा मामला थाना क्षेत्र के पल्ला इलाके का है, जहां लिंजीगंज से अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आकर घायल हो गए।
अनुराग अवस्थी निवासी नुनहाई प्रतिदिन की तरह लिंजीगंज स्थित अपनी दुकान से काम समाप्त कर अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह पल्ला के पास पहुंचे, तभी अचानक हवा में लटका चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में आकर फंस गया। मांझा गर्दन में कसते ही अनुराग अवस्थी दर्द से तड़प उठे और मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उनकी मदद की और मांझे को सावधानीपूर्वक हटाया।
घटना में अनुराग अवस्थी की गर्दन पर गंभीर खरोंच और कट के निशान आ गए। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए एक निजी डॉक्टर के पास ले गए, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सक के अनुसार समय रहते मदद मिल जाने से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में रोष देखा गया। लोगों का कहना है कि चाइनीज मांझे पर पूरी तरह प्रतिबंध होने के बावजूद खुलेआम इसकी बिक्री और उपयोग हो रहा है, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और बच्चों की जान खतरे में पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज मांझा बेचने और उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

चाइनीज मांझा बेचता युवक गिरफ्तार, 45 चरखी बरामद

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के खिलाफ अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से भारी मात्रा में चाइनीज मांझा बरामद किया है।
मंगलवार देर रात थाना कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस ने चौकी नखास क्षेत्र अंतर्गत गंगादरवाजा अंगूरीबाग मोबाइल टावर के पास दबिश देकर चाइनीज मांझा बेचते हुए अभियुक्त टिंकू पुत्र दिवारी लाल उम्र लगभग 28 वर्ष निवासी मोहल्ला सलावत खां थाना कोतवाली फर्रुखाबाद को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से दो प्लास्टिक के बोरो में कुल 45 चरखी/कोन प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार आरोपी चाइनीज मांझा की अवैध बिक्री कर रहा था। बरामद मांझे को कब्जे में लेकर सील किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली ही।

मकर संक्रांति पर्व पर गुलज़ार हुए बाज़ार,पतंगों की बिक्री तेज

फर्रुखाबाद(नगर संबाददाता) नगर में मकर संक्रांति के मद्देनजर बाजार गुड-तिल,चूड़ा-दही,खिचड़ी सामग्री,पतंग और पारंपरिक मिठाइयों से गुलज़ार दिख रहे है जहां सुबह से ही खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है महंगाई के बावजूद लोग उत्साह से खरीदारी कर रहे हैं, जिससे व्यापारियों में खुशी की लहर है|व्यापारियों ने भी अपनी दुकान पर साज सजावट करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है| इस वर्ष मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाई जाएगी क्योकि 14 जनवरी को दिन में सूर्य अपनी खगोलीय स्थिति के अनुसार मकर राशि में प्रवेश करेगा और उत्तरायण की शुरुआत होगी।बाजारों में अच्छी धूप के चलते ग्राहकों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है|

शहर में पतंगों की हो रही खूब ब्रिकी
मकर संक्रांति को लेकर पतंग की बिक्री भी खूब बढ़ गई है।इसबार पतंगों पर कई चटख रंगों की पन्नी का उपयोग किया गया है जो लोगों को अपनी ओर से लुभा रहा है। सबसे अधिक पतंग 2026 लिखी हुई बिक रही है। शहर के दुकानदार रंजीत ने बताया कि वे खुद पतंग तैयार करते हैं। हर रेंज के पतंग उनके पास हैं। वैसे 10 रुपये वाले अधिक बच्चों की पसंद बन रही है। उन्होंने बताया कि वे लटाई और मांझा जयपुर, हैदराबाद, बरैली आदि शहरों से मंगाते हैं। बाजार में इसकी कीमत 10 रुपये से लेकर करीब 250 रुपये तक की है। पतंग खरीदने दुकान पर आए ग्राहक आनंद कुमार व सोनू ने बताया कि वे लोग हर साल पतंगबाजी करते हैं। खासकर मकर संक्रांति पर हम लोग मोहल्ले के दोस्तों में साथ खूब पतंगबाजी करते हैं। लोगों की पतंगें काटकर आनंद से साथ मकर संक्रांति मनाते है|

सातनपुर मंडी में आलू की भारी आवक, भाव में मंदी से किसान परेशान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर मंडी में आज 14 जनवरी को आलू की बिक्री 351 से 501 रुपये प्रति कुंतल के भाव पर हुई। मंडी में आलू की आमद 100 मोटर से अधिक दर्ज की गई, जिससे बाजार में दबाव बना रहा और दामों में गिरावट देखने को मिली।
पिछले दिनों पड़ी भीषण शीतलहर और पाले के कारण आलू की फसल पर परपरा रोग का प्रकोप फैल गया। इस रोग से आलू की पत्तियां झुलसकर काली पड़ गईं, जिससे फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। उत्पादन प्रभावित होने के साथ-साथ बाजार में भाव गिरने से किसानों पर दोहरी मार पड़ी है।
फसल नुकसान और लगातार मंदी के चलते किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। किसानों का कहना है कि लागत के मुकाबले दाम बेहद कम मिल रहे हैं, जिससे आगे की खेती करना भी मुश्किल होता जा रहा है।

चाइनीस मांझा के साथ युवक को पुलिस ने दबोचा

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र की घुमना चौकी अंतर्गत पुलिस ने मंगलवार दोपहर एक युवक को प्रतिबंधित चाइनीस मांझा के साथ पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार युवक के पास से चाइनीस मांझा की दो चरखियां बरामद की गईं, जिनमें से एक चरखी का कुछ मांझा पहले ही बिक चुका था। युवक को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया, जहां उससे काफी देर तक पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह बजरिया क्षेत्र से चाइनीस मांझा खरीदकर लाया था और उसे फुटकर में बेच रहा था। पुलिस द्वारा बताए गए स्थानों पर जांच की | युवक की पैरवी में देर शाम कई लोग कोतवाली पहुंचे। इसके बाद एक सभासद पति की मौजूदगी में युवक को उनकी सुपुर्दगी में छोड़ दिया गया| घुमना चौकी प्रभारी अमित गुप्ता ने बताया कि बरामद चाइनीस मांझा की मात्रा कम थी। अधिक मात्रा में मांझा मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाती, लेकिन मात्रा कम होने के कारण पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया गया।

कमालगंज में साप्ताहिक बाजार के विरोध में व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) कस्बा कमालगंज में बुधवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने विरोध दर्ज कराया है। व्यापारियों ने बुधवार को लगने वाले बाजार को बंद कराने की मांग को लेकर थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडे को ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों का कहना है कि साप्ताहिक बाजार लगने से स्थानीय दुकानदारों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और वे आर्थिक तंगी का शिकार हो रहे हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में राकेश कुमार गुप्ता, रिंकू गुप्ता, सूर्यकांत, इमरान अली, शोभित राठौर, मनोज गुप्ता, सुशील गुप्ता सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे।

एक भारत श्रेष्ठ भारत यात्रा की तैयारी पर हुई विस्तृत चर्चा

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती, फर्रुखाबाद की साधारण सभा की बैठक शहर के चीजी क्रेजी सभागार, जोगराज में सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारंभ अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानन्द जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन तथा संस्कार भारती के ध्येय गीत के साथ किया गया।
प्रांतीय पदाधिकारी अरविन्द दीक्षित ने संस्कार भारती के इतिहास एवं संस्थापक बाबा योगेन्द्र जी के जीवन पर प्रकाश डाला। प्रांतीय महामंत्री सुरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि संस्कार भारती की स्थापना 11 जनवरी 1981 को लखनऊ में हुई थी तथा यह संस्था कला एवं साहित्य के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का कार्य निरंतर कर रही है।
बैठक में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रस्तावित एक भारत श्रेष्ठ भारत यात्रा को भव्य एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अमन अवस्थी ने सहभागिता बढ़ाने के लिए संपर्क अभियान को तेज करने पर बल दिया। भारती मिश्रा ने एनसीसी, स्काउट, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी से समन्वय करने के साथ-साथ यात्रा के दौरान प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश पाल उपकारी ने प्रत्येक झांकी के साथ दो सदस्यों की अनिवार्य उपस्थिति की बात कही। नवीन मिश्र ने यात्रा में केवल देशभक्ति गीतों के प्रसारण का सुझाव दिया। संयोजक दीपक मिश्रा ने बताया कि सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्व पूर्ण करने हेतु टीम प्रयासरत है। सुबोध शुक्ला ने यात्रा में पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था पर ध्यान देने की बात कही। प्रांतीय महामंत्री सुरेन्द्र पाण्डेय ने जानकारी दी कि 26 जनवरी को मेला रामनगरिया में नाटक संघ द्वारा ‘तीन भागीरथ’ नाटक का मंचन किया जाएगा। बैठक का संचालन गौरव मिश्रा ‘बंटी’ ने किया।
अंत में अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह ने सभी सदस्यों से यात्रा को भव्य एवं दिव्य बनाने का आह्वान करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में प्रमुख रूप से सुनीता सक्सेना, रजनी लौगवानी, पारुल सैनी, पीयूष त्रिपाठी, भूपेन्द्र प्रताप सिंह, शशिकांत पाण्डेय, कुलभूषण श्रीवास्तव, अजय चौहान, मटरलाल दुबे, समरेंद्र शुक्ल, रामजी बाजपेई, अभिषेक श्रीवास्तव एवं अखिलेश पाण्डेय उपस्थित रहे।