फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इटावा–बरेली हाईवे पर स्थित खाटू श्याम मंदिर के पीछे करीब 300 मीटर दूर खटा डुबका मार्ग पर शव पड़ा देख राहगीर रुपेश ने सुबह लगभग 10 बजे डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना से उच्चाधिकारियों को अ
वगत कराया। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी तथा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। मृतक का रंग गेहुआं था। उसने हरी हॉफ जैकेट, नीले व लाल रंग का ट्रैक सूट अपर, लाल-काली प्रिंट शर्ट, काली-सफेद लाइन वाली टी-शर्ट, ब्राउन इनर, काली एडिडास लोवर, ब्राउन बॉस ब्रांड की चड्डी पहनी हुई थी। एक पैर में काली क्रॉस चप्पल थी। गले में लाल तसर, दाहिने हाथ में काला मोटा धागा और अंगूठी, जबकि दूसरे हाथ में छल्ला पहना हुआ था। दोनों हाथों में सूजन पाई गई। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और घटनास्थल पर खून फैला हुआ मिला।
मृतक के पास से ‘बब्बर शेर’ ब्रांड की शराब का पउआ मिला, जिसका क्यूआर कोड स्कैन करने पर निसाई स्थित शराब ठेके से खरीदा जाना सामने आया। इसके अलावा जेब से पांच और दस रुपये के सिक्के, एक 20 रुपये का नोट तथा पॉलीथिन में मूंगफली भी मिली, जिन्हें फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में ले लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात शव की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं। पहचान के लिए मृतक की फोटो सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रसारित कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। उप निरीक्षक आशू यादव ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
युवक का शव मिलने से सनसनी हत्या की आशंका




