Home Blog Page 76

मेला श्रीरामनगरिया में 26 जनवरी को संघ गंगा के तीन भगीरथ नाटक का मंचन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संस्कार भारती फर्रुखाबाद एवं तारा रानी फाउंडेशन नागपुर के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी नाटक “संघ गंगा के तीन भगीरथ” का मंचन आगामी 26 जनवरी 2026, सोमवार को सायं 6 बजे से माघ मेला गंगा तट पांचाल घाट स्थित मेला श्रीरामनगरिया के सांस्कृतिक पंडाल में किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संयोजक अनुराग अग्रवाल ने बताया कि इस नाटक का मंचन तारा रानी फाउंडेशन नागपुर के 45 कलाकारों द्वारा किया जाएगा। नाटक के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की यात्रा, उसकी स्थापना, उद्देश्य एवं सामाजिक कार्यों को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस नाटक का निर्देशन संजय पेंडसे ने किया है, जबकि नाटक का लेखन श्रीधर गाडगे द्वारा किया गया है। संस्कार भारती नाट्य मंचन के माध्यम से संघ की विचारधारा, उसके उद्देश्यों और सामाजिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस आयोजन का संचालन कर रही है। आयोजकों के अनुसार “संघ गंगा के तीन भगीरथ” नाटक का मंचन देशभर में 100 स्थानों पर किया जा रहा है, जिसमें फर्रुखाबाद भी शामिल है। वीरेन्द्र सिंह राठौर, प्रांतीय महामंत्री सुरेन्द्र पाण्डेय, अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह, सचिव गौरव मिश्रा ‘बंटी’, डॉ. संदीप चतुर्वेदी, अरविन्द दीक्षित सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ई-रिक्शा बना टप्पेबाजों का आसान हथियार, महिला से लाखों के जेवर पार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना कादरी गेट क्षेत्र में टप्पेबाज गिरोह लगातार सक्रिय है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में ई-रिक्शा के माध्यम से महिलाओं को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल व्याप्त है।
ताजा मामला सिंह वाहिनी कॉलोनी का है। यहां की निवासी श्यामा दुबे पत्नी रोहित दुबे रेलवे स्टेशन क्षेत्र से ई-रिक्शा में सवार होकर अपने घर लौट रही थीं। उनके पास एक सोने के झाले व चार सोने की अंगूठियां थीं, जिन्हें उन्होंने एक छोटे पर्स में रखकर अपने बैग में रखा हुआ था।
बताया गया है कि ई-रिक्शा में पहले से मौजूद तीन युवतियों ने रास्ते भर बातचीत में श्यामा दुबे को उलझाए रखा और इसी दौरान बड़ी सफाई से बैग से पर्स निकाल लिया। सफर के दौरान पीड़िता को किसी प्रकार का शक नहीं हुआ। घर पहुंचने पर जब श्यामा दुबे ने बैग खोलकर देखा तो पर्स गायब था। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने परिजनों के साथ आईटीआई चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना से अवगत कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोडवेज बस स्टॉप, टेंपो स्टैंड और अस्पतालों के आसपास टप्पेबाज गिरोह बेखौफ होकर घूम रहा है। पुलिस की गश्त नाकाफी होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
आईटीआई चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही पीड़िता को रेलवे रोड चौकी में भी प्रार्थना पत्र देने की सलाह दी गई है, क्योंकि घटना की शुरुआत रेलवे स्टेशन क्षेत्र से मानी जा रही है।

जेम पोर्टल से सरकारी खरीद को लेकर कलेक्ट्रेट में कार्यशाला

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जेम पोर्टल के माध्यम से शासकीय खरीद को लेकर एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की।
कार्यशाला में जनपद के सभी आहरण-वितरण अधिकारियों को जेम पोर्टल पर खरीद की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। जेम प्रकोष्ठ से प्रशिक्षण देने के लिए श्री अंकित शुक्ला उपस्थित रहे। उन्होंने जेम पोर्टल से संबंधित शासनादेशों की जानकारी साझा की और अधिकारियों के सवालों के जवाब दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभाग में उपयोग होने वाली सभी वस्तुएं, सेवाएं और सामग्री जेम पोर्टल के माध्यम से ही खरीदी जाएं। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ आदि अफसर रहे|

वसंत पंचमी पर शहर के आसमान पर खूब लड़ें पेंच

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) वसंत पंचमी का त्योहार शहर में बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया। वसंत पंचमी के अवसर पर जहां लोगों ने मां सरस्वती की पूजा की, वहीं शहरवासियों ने जमकर पतंगबाजी की। सुबह से ही घरों की छत पर पतंग उड़ाने का काम शुरू हो गया था। अधिकांश शहरवासियों ने घरों की छत पर डीजे व म्यूजिक सिस्टम लगा रखा था व गानों के धुनों पर नाचते भी कुछ शहरवासी दिखे। सुबह छह बजे से ही शहर के आसमान में रंग बिरंगी पतंगे दिखने को मिलने लगी। पतंगबाजी शाम तक शहर में होती रही। पतंग की दुकानों में लोगों की अच्छी भीड़ नजर आई। छोटे बच्चों नें गैस के गुब्बारे उड़ाए। वसंत पंचमी के अवसर पर की घरों में पकवान बनाए गए। मां सरस्वती की पूजा करने के लिए लोग मंदिर में पहुंचे। वहीं लोगों ने दिनभर गानों की धुनों पर देखें वीडियो

लोगों ने पतंगों के पेचे लड़ाकर वसंत का आनंद लिया। सुबह से लेकर शाम तक वसंत की धूम देखते ही बनती थी। शुक्रवार को सुबह कुछ समय के लिए आसमान पर धुंध छा गई, हालांकि, इस बार हवा खूब चल रही थी, जिससे लोगों का बसंत के प्रति उत्साह बढ़ गया| युवा हो चाहे उम्रदराज, सभी सुबह ही पतंग और डोर की चरखी लेकर छत पर आ गए। फिर सिलसिला शुरू हुआ नीले आसमान में पतंगों को उड़ाने और पेचे लड़ाने का। आसमान में अठखेलियां करती किसी की पतंग कटी तो उसने थोड़ी देर तक मायूसी महसूस की और जिसने पेच लड़ाते हुए पतंग काटा उसने उत्साह दिखाया। जिसका पतंग कटा, उसने दोबारा पतंग उड़ा कर पेच लड़ाने शुरू कर दिए। युवाओं की टोलियां तेज आवाज संगीत की धुनों पर मस्ती मार बसंत पंचमी का आनंद उठा रही थी। जैसे ही कोई पतंग कटता तो आसमान आई बो काटा आई बो काटा की आवाज से गूंज उठता। दोपहर में वसंत का मौसम ने भी खूब साथ दिया। दोपहर के बादल हो गया, फिर भी जैसा कि सारा शहर ही घर छोड़कर छतों पर बसंत का स्वागत करने आ गया हो। दिनभर छतों पर उंची आवाज में गीत बजते रहे। वहीं बच्चे कटे पतंग लूटने के लिए गलियों में मंडराते रहे|
गूंजी आई बो की आवाजें
शहर में पतंग के शौकीनों ने पतंग खूब उड़ाए व आई बो बो काटा की आवाजें भी सुनने को मिली। लड़कों के साथ साथ लड़कियों ने भी खूब पतंगबाजी की। एक दूसरे को वसंत पंचमी की बधाई देते भी शहरवासी नजर आए। घरों के छतों पर लोगों की भीड़ भी दिखी। जिला प्रशासन ने चाहे चाइना डोर पर प्रतिबंध लगा रखा था पर इसके बावजूद भी कई जगहों पर चाइना डोर देखने को मिली। एक दूसरे के पतंग काटने की होड़ भी खूब देखने को मिली। कई जगह शहरवासी पीले रंग के कपड़े पहने हुए नजर आए। शहर के आसमान पर हजारों पतंगे देखने को मिली। वहीं पतंग लूटने वालों की भी कमी नहीं थी।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती पर किया गया नमन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) स्वतंत्रता संग्राम के दौरान “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” का नारा देकर युवाओं में देशभक्ति की अलख जगाने वाले आज़ाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी 129वीं जयंती पर श्रद्धापूर्वक याद किया गया। विभिन्न स्वयंसेवी एवं शिक्षण संस्थाओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर नेताजी को नमन किया गया।
अंतरराष्ट्रीय न्यायिक मानवाधिकार संरक्षण भारत के तत्वावधान में शहर के बद्री विशाल महाविद्यालय में सर्वप्रथम बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती का पूजन किया गया। इसके उपरांत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य दीक्षित ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती मनाने का अवसर मिला। नेताजी का देश की आज़ादी में दिया गया योगदान अतुलनीय है, जिसे देश कभी भुला नहीं सकता।
प्रदेश महासचिव नारायण दत्त द्विवेदी ने कहा कि एक ही दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती और मां सरस्वती पूजन का संयोग सभी के लिए उत्साहवर्धक है। देश के प्रति नेताजी का समर्पण आज भी प्रेरणास्रोत है। प्रदेश सचिव नरेंद्र राजपूत राणा ने कहा कि नेताजी का दिया गया नारा “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” आज भी बच्चे-बच्चे की जुबान पर है।
जिलाध्यक्ष सुनील तिवारी ने कहा कि नेताजी ने आज़ाद हिंद फौज का गठन कर क्रांतिकारी गतिविधियों के माध्यम से देश की आज़ादी के लिए निर्णायक भूमिका निभाई। ऐसे महान वीर योद्धा के साथ-साथ उनके माता-पिता को भी हम सभी नमन करते हैं| लज्जाराम वर्मा, मंजू तोमर, सुनीता अग्निहोत्री, रघुवंश मिश्रा, कुलभूषण श्रीवास्तव, रत्नेश मिश्रा, रानू ठाकुर, अर्चना द्विवेदी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

स्कूल में खड़ी बैन में लगी भीषण आग से हड़कंप

फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता)स्कूल में खड़ी बैन निकलते ही आग की चपेट में आ गयी| जिससे देखते ही देखते बैन आग का गोला बन गयी, ग्रामीणों नें जब तक आग पर काबू पाया लेकिन तब तक बैन पूरी तरह से जल गयी|
थाना जहानगंज के ग्राम जरारी निवासी अताउल्ला की ओमनी कार उनके साले मुस्ताक हुसैन के स्कूल में खड़ी थी| वह कार को रिपेयरिंग के लिए ले जाने के लिए तैयार हुए उसी दौरान कार में लगी गैस में अचानक आग लग गयी| जिससे देखते ही देखते कार आग का गोला बन गयी| आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी| ग्रामीणों नें बमुश्किल आग पर काबू पाया| जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष राजेश राय आदि भी मौके पंहुचे|

देखें वीडियो

महादेवी वर्मा प्रतिमा का मुद्दा गरमाया, अभिव्यजना ने डीएम को सौंपा पत्र, जाँच के निर्देश

फर्रुखाबाद (जेएनआई ब्यूरो):जनपद के रेलवे रोड स्थित महान कवयित्री महादेवी वर्मा की प्रतिमा के सामने ट्रांसफार्मर लगाए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। साहित्यिक संस्था अभिव्यजना ने इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जाँच के निर्देश दिए हैं।
दरअसल रेलवे रोड के निर्माण कार्य के दौरान विद्युत पोलों को सड़क किनारे स्थानांतरित किया गया, लेकिन पल्ला क्षेत्र में स्थित महादेवी वर्मा की प्रतिमा के ठीक सामने दो ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिए गए। इससे हिंदी साहित्य की ‘मीरा’ कही जाने वाली महादेवी वर्मा का स्मारक पूरी तरह ढका हुआ नजर आने लगा है।
इस स्थिति को लेकर हिंदी प्रेमियों, साहित्यकारों और जनपद के कवियों में भारी रोष व्याप्त है। जेएनआई न्यूज इस मुद्दे को लगातार प्रमुखता से प्रकाशित कर रहा है। एक ओर जहां साहित्यकारों में नाराजगी है, वहीं दूसरी ओर साहित्यिक संस्था अभिव्यजना ने इसे लेकर औपचारिक रूप से प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
संस्था के समन्वयक भूपेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी को पत्र सौंपते हुए कहा कि यह न केवल साहित्य का अपमान है, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के विरुद्ध भी है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारियों को मामले की जाँच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मेला श्रीरामनगरिया में कवि सम्मेलन, देशभक्ति और अध्यात्म की कविताएं सुनाईं

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मेला श्रीरामनगरिया के सांस्कृतिक पांडाल में गुरुवार रात कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कवियों ने देशभक्ति, अध्यात्म, प्रेम, हास्य और समाज से जुड़ी कविताएं पढ़ीं।
कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष कवि सत्यपाल सिंह प्रगल्भ, संयोजक महेश पाल सिंह उपकारी और वरिष्ठ कवियित्री भारती मिश्रा ने दीप जलाकर की। कार्यक्रम का संचालन युवा कवि वैभव सोमवंशी ‘सुभग’ ने किया। अध्यक्ष सत्यपाल सिंह प्रगल्भ ने कहा कि देश को आजादी बलिदानियों की वजह से मिली है और सैनिकों के कारण हम सुरक्षित हैं। उन्होंने अपनी कविता सुनाई।
संयोजक महेश पाल सिंह उपकारी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर कविता पढ़ी। वरिष्ठ कवियित्री भारती मिश्रा ने प्रेम पर कविता सुनाई। हास्य कवि राम मोहन शुक्ल ने अपनी रचना से लोगों को हंसाया। अनुजा सोमवंशी ने अध्यात्म से जुड़ी कविता, उत्कर्ष अग्निहोत्री ने तुलसीदास से प्रेरित रचना सुनाई। प्रीति तिवारी, दिलीप कश्यप, विशाल श्रीवास्तव, प्रियांशु पाण्डेय, निमिष टंडन, दिनेश अवस्थी और राजेश हजेला ने भी अपनी कविताएं पढ़ीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में सभी कवियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संयोजक महेश पाल सिंह उपकारी ने मेला प्रशासन की ओर से सभी का धन्यवाद किया। अनुराग सोमवंशी, विभोर सोमवंशी, दीपक मिश्रा, सुब्रत, सुयश, रजनी सोमवंशी, जगतपाल सिंह, रुकमंगल सिंह, सत्यपाल, विनोद दुबे, आरती दुबे रहे|

‘महीयसी’ स्मारक को स्वतंत्र करानें को हिंदी प्रेमियों नें भरी हुंकार

फर्रुखाबाद:(दीपक शुक्ला) फर्रुखाबाद में जन्मीं छायावाद की महान कवयित्री महादेवी वर्मा जिले में एक बार फिर चर्चा में हैं, जिस तरह से उनके स्मारक स्थल को पहले से ही दुकानदार अतिक्रमण कर घेरे हुए थे उसमे और इजाफा करते हुए रेलवे रोड़ निर्माण के बीच बिजली विभाग ने महादेवी वर्मा की प्रतिमा के सामने दो ट्रांसफार्मर लगाकर प्रतिमा के आकर्षण को भी ग्रहण लगा दिया है| जिससे हिंदी प्रेमियों और कवियों में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है| हिंदी प्रेमियों नें ट्रांसफार्मर किसी अन्य जगह हटाने की मांग जिला प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से की है|
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका व वरिष्ठ साहित्यकार भारती मिश्रा ने कहा की महादेवी जिले का मान हैं, उनकी प्रतिमा के सामने बिजली के ट्रांसफार्मर लगाना उनका अपमान करनें के बराबर है| महादेवी की प्रतिमा इस लिए नही लगी थी की वह दिखे ही ना, यह तो ठीक नही है, इसका उन्हें दुःख है| महादेवी वर्मा नें सहित्य की साधना की थी, साहित्य कार को चार लाइन लिखने में पसीना आता है, जबकि महादेवी तो ‘हिंदी साहित्य की मीरा’ इस लिए नही कहा जाता| उनकी प्रतिमा के सामने लगे ट्रांसफार्मर हटाए जाने चाहिए| जिससे महादेवी का सम्मान बना रहे और उनके स्मारक पर होनें वाले कार्यक्रम विधिवत हो सकें|
संस्कार भारती के प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र पाण्डेय नें कहा की महीयसी के स्मारक में लगी प्रतिमा के ठीक सामने ट्रांसफार्मर लगाकर गलत कृत्य किया गया है| उसको हटाना चाहिए| हम सभी के लिए हिंदी साहित्य की मीरा ‘महादेवी’ प्रेरणास्रोत है, इस कृत्य से उनके जिले, प्रदेश, देश भर में रहने वाले सभी चाहने वाले आहत हैं| ट्रांसफार्मरों को हटाया जाना ही उचित होगा|

वरिष्ठ कवि ब्रजकिशोर सिंह किशोर ने बताया की जब प्रतिमा की स्थापना हुई थी तो वह इसके अध्यक्ष थे और शिव ओम अम्बर समन्वयक बने थे, कड़ी मेहनत के बाद पालिका नें जगह दी और उसके बाद महादेवी वर्मा की प्रतिमा को स्थापित किया गया था, लेकिन विगत दिनों जिस तरह से उनकी प्रतिमा के सामने रेलवे रोड सड़क को सुन्दर बनाए के चक्कर में महादेवी वर्मा की प्रतिमा की सुन्दरता को ग्रहण लगा दिया, उन्होंने कहा की वह इसका विरोध करते हैं और जिम्मेदारों से मांग करते हैं की ट्रांसफार्मर हटाये जाये जिससे महीयसी का सम्मान बना रहे|
समाज सेवी संजय गर्ग ने बताया की महादेवी वर्मा की ख्याति देश में ही नही विदेशों में भी है| उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से बाहर से भी हिंदी प्रेमी आते हैं लेकिन उनके शहर की प्रमुख सड़क पर बने स्मारक की यह दशा देखकर उन्हें भी कष्ट होगा| जनपद के कवियों और हिंदी प्रेमियों की यह मांग है की ट्रांसफार्मर किसी दूसरी जगह शिफ्ट कर स्मारक की सुन्दरता को कायम रखा जाये|
कवित्री डॉ. गरिमा पाण्डेय नें बताया की महादेवी वर्मा हिंदी साहित्य की अमूल्य धरोहर हैं | वह जनपद की साहित्यिक उत्सव संज्ञा हैं| हमारे जनपद का गौरव हैं| उन्होंने अपनी साहित्य साधना से सम्पूर्ण विश्व को आलोकित किया है| महादेवी वर्मा की प्रतिमा रेलवे रोड़ पल्ला पर लगी है उसकी सफाई की व्यवस्था हो इसके साथ ही उनकी प्रतिमा के सामने लगे ट्रांसफार्मर हटाकर उन्हें सम्मान दिया जाये|

पत्नी की चाकू से हत्या करने वाला पति जेल भेजा गया

फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम खलासपुर जरारी में पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
बताया गया कि 25 वर्षीय अनीता के पति सच्चे लाल ने घरेलू विवाद के दौरान चाकू से हमला कर उसकी हत्या बीते दिन कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी सच्चे लाल को आलाकत्ल चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया था।
थाना जहानगंज के प्रभारी निरीक्षक राजेश राय ने बताया कि आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।