फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति के आह्वान पर सोमवार को कड़हर से विशाल जन चेतना पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। तटबंध निर्माण की मांग को लेकर निकाली गई इस पदयात्रा में हजारों की संख्या में किसान, सामाजिक कार्यकर्ता व विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। पहले दिन यात्रा कड़हर से शुरू होकर भरेपुर, परम नगर, सारी सेवासी, गोरखपुर का बारा खेड़ा, अंतर, अर्जुनपुर, सलेमपुर होते हुए बरखा में विश्राम के साथ समाप्त हुई।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि पांचाल घाट से कड़हर तक तथा ढाई घाट से अटेना घाट तक तटबंध निर्माण की मांग को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मजबूर होकर हजारों लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ा है। यदि शीघ्र तटबंध निर्माण की घोषणा नहीं की गई तो किसान आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के हित में किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे, चाहे इसके लिए कोई भी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े।
समाजसेवी मोहन अग्रवाल ने कहा कि लाखों लोगों के भविष्य और सुरक्षा से जुड़ा यह सबसे बड़ा जनहित का मुद्दा है। उन्होंने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। समाजसेवी केशव भान साध ने कहा कि हर वर्ष आने वाली बाढ़ से लोगों के घर, खेत और खलिहान तबाह हो जाते हैं, इसलिए तटबंध निर्माण अत्यंत आवश्यक है। राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे ने जनप्रतिनिधियों पर जनपद के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। पूर्व प्रधान अखिलेश तिवारी ने कहा कि बाढ़ के समय क्षेत्र की स्थिति किसी से छिपी नहीं है, इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
पदयात्रा में राजीव प्रताप सिंह ‘टिल्लू’, उपेंद्र सिंह यादव, रामवीर शुक्ला, कमलेश पाठक, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज मिश्रा, अखिलेश तोमर, विपिन तिवारी, अनूप मिश्रा, शरद अग्निहोत्री, राजा मिश्रा, पंकज राठौर, निश्चित दुबे, विष्णु मिश्रा, हिंदू समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी, मानवाधिकार जिला अध्यक्ष सावन मिश्रा, निषाद सभा के जिला अध्यक्ष अनिल कश्यप सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। व्यापार मंडल महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सोनी शुक्ला, डॉ. नावेद अंसारी, सीता भदोरिया, नेहा शुक्ला, आदिल खान, शान खान समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और ग्रामीण भी पदयात्रा में उपस्थित रहे।
यात्रा संयोजक भईयन मिश्रा ने बताया कि पदयात्रा मंगलवार प्रातः 10 बजे भरका चौराहा से अमृतपुर के लिए प्रस्थान करेगी। अमृतपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। समिति ने प्रशासन से शीघ्र तटबंध निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
तटबंध निर्माण के समर्थन में जन चेतना पदयात्रा शुरू, हजारों लोग सड़कों पर उतरे
आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में जनपद अव्वल
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) एकीकृत शिकायत निस्तारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के चलते जनपद कानपुर मंडल में प्रथम स्थान पर रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा प्रतिदिन समीक्षा कर शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को गंभीरता से अमल में लाया जा रहा है।
आईजीआरएस पोर्टल शासन द्वारा आम नागरिकों की सुविधा के लिए संचालित किया गया है, जहां लोग ऑनलाइन अपनी शिकायत दर्ज कराते हैं। शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्तर पर उसकी समीक्षा की जाती है और संबंधित थाना या कोतवाली प्रभारी को जांच एवं निस्तारण के निर्देश दिए जाते हैं। सभी थानों और कोतवाली में इस कार्य के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, जो प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराते हैं।
शिकायत के समाधान के बाद संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लेते हैं, ताकि निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। पोर्टल पर प्रायः मारपीट, भूमि कब्जा और छेड़छाड़ से जुड़ी शिकायतें अधिक प्राप्त होती हैं।
हाल ही में फतेहगढ़ के अंबेडकर कॉलोनी निवासी सुरेश की पत्नी राधा ने बच्चे के साथ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसके बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया। इसी तरह धनसुआ गांव निवासी स्वर्गीय विनोद की पत्नी चमेली ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। जांच के उपरांत पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ एनसीआर दर्ज करते हुए शांतिभंग की आशंका में चालान की कार्रवाई की।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जा रही है और प्रत्येक मामले में शिकायतकर्ता से फीडबैक लिया जाता है। बेहतर कार्यप्रणाली के चलते जनपद ने कानपुर मंडल में प्रथम स्थान हासिल किया है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
चचेरे भाई की हत्या में युवक दोषी करार, 16 कों होंगी सजा
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सजा पर सुनवाई 16 फरवरी को
फर्रुखाबाद। तिरपाल बांधने को लेकर हुए विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने एक आरोपी को दोषी ठहराते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। सजा के निर्धारण के लिए 16 फरवरी की तारीख तय की गई है।
मामला कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव दमदमा कुबेरपुर का है। यहां के निवासी शंकर ने 20 जुलाई 2021 को मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि उनके चचेरे भाई राजकुमार ने बकरियों के लिए तिरपाल बांध रखा था, जिसका उनके भाई पप्पू ने विरोध किया। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई।
आरोप है कि राजकुमार, उनकी पत्नी संतोषी देवी और भतीजे आकाश उर्फ यशपाल ने अन्य परिजनों के साथ मिलकर लाठी-डंडों व टकौरा से हमला कर दिया। मारपीट में पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी अखिलेश कुमार सिंह ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की ओर से भी दलीलें दी गईं। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तरुण सिंह ने आरोपी आकाश उर्फ यशपाल को दोषी करार देते हुए बुधवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि विचारण के दौरान सह-आरोपी राजकुमार और संतोषी देवी का निधन हो चुका है। अब न्यायालय द्वारा 16 फरवरी को सजा के बिंदु पर अंतिम सुनवाई की जाएगी।
पूर्व विधायक विजय सिंह की पुत्रबधू की पुनर्मतगणना याचिका खारिज
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नगर पालिका चुनाव में कथित अनियमितताओं को लेकर दायर पुनर्मतगणना याचिका को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने खारिज कर दिया। यह याचिका वर्ष 2023 में संपन्न हुए नगर पालिका चुनाव के संबंध में दाखिल की गई थी।
समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक विजय सिंह की पुत्रवधू
एकता सिंह ने 30 मई 2023 को न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर चुनाव प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाया था। याचिका में रिटर्निंग अधिकारी, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दून कुमार सहित विजयी प्रत्याशी वासला अग्रवाल तथा अन्य प्रत्याशियों—मुमताज बेगम, राधा श्रीवास्तव, सुषमा गुप्ता, किरन, नूतन, बिट्टो देवी, शिखा, सुमिता और सुमन—को पक्षकार बनाया गया था।
याचिका में आरोप लगाया गया था कि 12 मई 2023 को एक भाजपा जनप्रतिनिधि के कथित निर्देश पर पुलिस प्रशासन उनके चुनाव कार्यालय पहुंचा और समर्थकों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। साथ ही, चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से उनके पति अविनाश चौधरी उर्फ विक्की तथा देवर अभिषेक सिंह उर्फ सिक्की के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए रेड कार्ड तामील कराया गया और उन्हें घर में नजरबंद किया गया।
इसके अतिरिक्त 13 मई को हुई मतगणना के दौरान उनके अधिकृत अभिकर्ताओं को आवश्यक आंकड़े उपलब्ध न कराए जाने का भी आरोप लगाया गया था। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने पुनर्मतगणना की मांग को निराधार मानते हुए याचिका निरस्त कर दी। अदालत के इस निर्णय के बाद मामले का पटाक्षेप हो गया है।
ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ कार्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एआरटीओ-प्रशासन कृष्ण कुमार यादव, एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं बीडीओ राजेपुर सुनील कुमार जायसवाल ने ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट देने आए आवेदकों तथा अन्य आगंतुकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान 48 लोगों ने प्रतिभाग किया।
एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि दिसंबर 2025 तक जनपद फर्रुखाबाद में 490 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 284 लोगों की मृत्यु हुई। जबकि दिसंबर 2024 तक 390 दुर्घटनाओं में 213 लोगों की मौत हुई थी। इस प्रकार वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं में 25.64 प्रतिशत तथा मृतकों की संख्या में 33.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
एआरटीओ-प्रशासन कृष्ण कुमार यादव ने आवेदकों को सचेत किया कि किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न करें, वाहन के सभी प्रपत्र पूर्ण रखें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों व सवारियों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन चालकों व सवारियों को सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी।
एआरटीओ-प्रवर्तन ने राह-वीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि घातक दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर (एक घंटे) के भीतर अस्पताल पहुंचाने पर, घायल के जीवित रहने की स्थिति में 25 हजार रुपये पुरस्कार का प्रावधान है। योजना में गंभीर सर्जरी, न्यूनतम तीन दिन अस्पताल में भर्ती, मस्तिष्क या रीढ़ की हड्डी की चोट अथवा इलाज के दौरान मृत्यु जैसे प्रकरण शामिल हैं। हिट एंड रन मोटर दुर्घटना पीड़ित मुआवजा योजना-2022 के अंतर्गत अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना में मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल होने पर 50 हजार रुपये मुआवजा दिए जाने का प्रावधान बताया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और सड़क सुरक्षा संबंधी साहित्य वितरित किया गया।
12 से 14 फरवरी तक नि:शुल्क दिव्यांग सहायता शिविर
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) एसएन साध ट्रस्ट के बैनर तले समाजसेवी चिकित्सक डॉ. रजनी के संयोजन में 12, 13 व 14 फरवरी को निशुल्क दिव्यांगजन सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सेवा केंद्र फैंसी हाउस, एन.ए.के.पी. डिग्री कॉलेज के सामने आयोजित होगा।
ट्रस्ट के प्रमुख राकेश साध ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रस्ट द्वारा शीघ्र ही एक निशुल्क अस्पताल का संचालन भी शुरू किया जाएगा, जहां सभी प्रकार की चिकित्सीय सेवाएं मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि शिविर में 12 फरवरी से अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सुबोध वर्मा एवं नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. शिखर सक्सेना द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। शिविर के दौरान जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ, कान की मशीन, कैलीपर, बैसाखी व अन्य आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
तीनों दिन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजीकरण किया जाएगा। दिव्यांगजन आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। मूक-बधिरों के लिए ऑपरेशन की व्यवस्था भी कराई जाएगी। राकेश साध ने बताया कि अगला शिविर छह माह बाद आयोजित किया जाएगा समाजसेवी दीपिका त्रिपाठी, गुंजा जैन, अमर साध, उदय बाथम, रोहित गर्ग, सुजीत उर्फ छोटू, डॉ. सुबोध वर्मा सहित अन्य सहयोगी मौजूद रहे।
महाशिवरात्रि मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रृंगी ऋषि की तपोस्थली श्रंगीरामपुर में लगने वाले मेले की तैयारियों का बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या तथा उन्हें होने वाली समस्याओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाहर के राज्यों व जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने नाव, नाविक एवं गोताखोरों के नाम व मोबाइल नंबर की सूची तैयार कर सभी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में ड्रोन कैमरों से निगरानी, खोया-पाया केंद्र की स्थापना, पीए सिस्टम लगाने तथा पेयजल हेतु पानी के टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को निर्देश दिये| मोबाइल शौचालय स्थापित करने, घाट तक जाने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने, घाटों पर बैरिकेडिंग एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए एकल मार्ग (वन-वे) व्यवस्था लागू किए जाने की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर रजनीकांत पांडेय, खंड विकास अधिकारी तथा प्रभारी निरीक्षक कमालगंज अवध नारायण पांडेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पीछे से कार ने मारी टक्कर, यातायात दीवान घायल
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र के लाल गेट फब्बारा के पास बुधवार दोपहर लगभग 3 बजे ड्यूटी पर तैनात यातायात दीवान दिनेश यादव को पीछे से एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ समय के लिए बेहोश हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवान दिनेश यादव लाल गेट के पास यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। तभी फतेहगढ़ की ओर जा रही खाद्य सामग्री से लदी एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह उछलकर सड़क पर जा गिरे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और आसपास के दुकानदारों ने तुरंत उन्हें उठाकर पास की दुकान में बैठाया और प्राथमिक उपचार दिया। सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चालक और वाहन को कब्जे में लेकर आईटीआई चौकी भिजवा दिया गया। यातायात प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया चालक शराब के नशे में प्रतीत हो रहा है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दीवान दिनेश यादव को काफी चोटें आई हैं। उन्हें डॉक्टर को दिखाकर उपचार कराया जा रहा है। गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व आईटीआई चौराहे के निकट एक ई-रिक्शा चालक की टक्कर से उनकी हाथ की उंगली कट गई थी, जिसका इलाज अभी कानपुर में चल रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक बजरिया क्षेत्र का निवासी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
सातनपुर मंडी में आलू की जोरदार लिवाली, बगैर छिले आलू के भाव चढ़े
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर मंडी में आज 11 फरवरी को आलू की खरीद-फरोख्त तेज रही। मंडी में करीब 130 मोटर आलू की आमद दर्ज की गई, इसके बावजूद बगैर छिले आलू की जबरदस्त मांग देखने को मिली, जिससे भाव मजबूत बने रहे।
आज मंडी में गड्ड आलू 251 से 381 प्रति कुंतल, छट्ठा आलू 381 से 471 प्रति कुंतल तथा बगैर छिले सुपर छट्ठा (सिल्चर क्वालिटी) आलू 471 से 531 प्रति कुंतल के ऊँचे भाव पर बिका।
व्यापारियों के अनुसार बगैर छिले आलू की गुणवत्ता बेहतर होने के कारण इसकी लिवाली अधिक रही, जबकि अन्य किस्मों में भी सामान्य से अच्छा कारोबार हुआ। मंडी में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
पुण्यतिथि पर पूर्व मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी कों किया याद
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पूर्व मंत्री स्वर्गीय ब्रह्मादत्त द्विवेदी की पुण्यतिथि पर हबन पूजन का आयोजन किया गया| जिसमे विधि विधान से आहुतियां दी गयीं| इसके उपरांत उनके जीवन पर चर्चा की गयी| शहर के भारतीय महाविद्यालय में पूर्व मंत्री पुत्र सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी व उनकी पत्नी अनीता द्विवेदी नें परिजनों के साथ हबन में आहुतियाँ दी | इस दौरान पांचाल घाट पर स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया|| इसके बाद प्रसाद ग्रहण किया गया| भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा, शिक्षक नेता लालाराम दुबे, रमेश चन्द्र त्रिपाठी, व्यापारी नेता सदानंद शुक्ला,नारायण दत्त द्विवेदी, सोनी शुक्ला, व्यापारी नेता राजू गौतम, पूर्व सभासद श्याम सुंदर उर्फ लल्ला वर्मा, बाबू अग्निहोत्री, श्रीमती चित्रा अग्निहोत्री, बृजकिशोर मिश्रा, शिवांग रस्तोगी, डा0 सचिन दुबे, विनोद अग्निहोत्री, अनुराग दुबे, सत्येन्द्र सिंह, राकेश सक्सेना, सुबोध तिवारी, सुनील उर्फ राका, भास्कर दत्त द्विवेदी, बिटाना अग्निहोत्री, शिवम दुबे, रानू दीक्षित, शशांक शेखर आदि रहे।



