Home Blog Page 64

खेत में आलू खोदने गए किसान की हत्या, सिर पर गंभीर चोट के निशान

फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) थाना जहांनगंज क्षेत्र के बेहटा गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में आलू खोदने गए किसान का शव संदिग्ध हालात में मिला। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुनील वर्मा पुत्र हेतराम वर्मा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, सुनील सुबह करीब 6 बजे घर से लगभग दो किलोमीटर दूर काली नदी किनारे स्थित अपने खेत पर आलू खुदाई के लिए गए थे। करीब आधे घंटे बाद उनका छोटा भाई अनिल भी खेत पर पहुंचा। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि कुछ आलू खुदे पड़े थे, जबकि सुनील खेत में अचेत अवस्था में पड़े थे। पास जाकर देखने पर उनके सिर पर गहरे चोट के निशान दिखाई दिए और उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मौके पर फील्ड यूनिट, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर तथा अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी राजेश राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी |

गैंगस्टर में माफिया अनुपम दुबे व उसके भाइयों सहित 11 पर एफआईआर

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) पुलिस ने माफिया अनुपम दुबे व उसके भाइयों सहित 11 लोगों पर गैंगस्टर के तहत पुलिस ने अधिकतर लोगों को ले लिया है| थानाध्यक्ष मऊदरवाजा अजब सिंह नें गैंगेस्टर एक्ट के तहत माफिया अनुपम दुबे, अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, अमित दुबे उर्फ बब्बन निवासी कसरट्टा फतेहगढ़, विकास दुबे उर्फ बीनू पुत्र रामकृष्ण दुबे निवासी सहसापुर मोहम्मदाबाद, विजय विक्रम पुत्र ब्रजेश सिंह आशुतोष द्विवेदी उर्फ बॉबी पुत्र भारतेन्दु जगत पुर बिछबा मैनपुरी, आदेश पुत्र कृष्ण कुमार निवासी सहारा बिछबा मैनपुरी, आशीष पाण्डेय पुत्र चंद्रपाल निवासी अली पट्टी मैंनपुरी, धर्मेंद्र चतुर्वेदी उर्फ पप्पू चौबे पुत्र बालक राम निवासी अलाबलपुर मोहम्मदाबाद, प्रवीन कटियार पुत्र ओम प्रकाश कटियार निवासी अल्लानगर बढ़पुर, महेंद्र कटियार पुत्र रमेश चंद्र कटियार के खिलाफ गैंगेस्टर के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है|

मानदेय भुगतान में देरी पर एनएचएम संघ का प्रदर्शन, डीएम व सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उ.प्र. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की जनपद इकाई ने मानदेय भुगतान में लगातार हो रही देरी के विरोध में जिलाधिकारीकों सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम गजराज सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आक्रोश व्यक्त किया। यह कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह के निर्देश पर 11 से 13 फरवरी तक प्रदेशव्यापी अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष अभिषेक वाजपेयी ने कहा कि एनएचएम संविदा कर्मचारियों को समय से वेतन न मिलना गंभीर समस्या बन चुकी है। कई कर्मचारियों को दो-दो व तीन-तीन माह बाद मानदेय प्राप्त हो रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही भुगतान की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष साबिर खान ने बताया कि अधिकांश कर्मचारी अल्प वेतनभोगी हैं और उन्हें हर माह मकान किराया, बच्चों की फीस, राशन व अन्य आवश्यक खर्च पूरे करने होते हैं। वेतन में देरी से कर्मचारी मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। जिला महामंत्री संजय कुमार बाथम ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए कई बार उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संगठन ने जल्द समाधान की मांग की है। दीपकान्त शुक्ला, अंकित दीक्षित, कुलजीत सिंह, प्रदीप सिंह, पारुल, रोहित आदि रहे |

महाकाल विवाह उत्सव: हल्दी-मेहंदी की रस्मों के साथ गूंजा शिवालय

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्री पांडेश्वर नाथ मंदिर, पंडा बाग में महाकाल विवाह उत्सव के अंतर्गत भगवान शिव और माता पार्वती को हल्दी व मेहंदी अर्पित कर पारंपरिक रस्में हर्षोल्लास के साथ संपन्न की गईं। श्री महाकाल सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी रही।
द्वादश ज्योतिर्लिंग शिव शक्ति पीठ के पुजारी पं. उमेश शर्मा ने बताया कि भगवान शिव आदि और अनंत हैं। महाशिवरात्रि का पर्व शिव और शक्ति के दिव्य मिलन का प्रतीक है। इस दिन श्रद्धा भाव से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करने से मानव जीवन का कल्याण होता है। विशेष पूजन, पाठ और रात्रि जागरण के माध्यम से भक्त शिव भक्ति में लीन रहते हैं।
उत्सव के दौरान भगवान शिव को दूल्हा स्वरूप में सुसज्जित कर पालकी यात्रा निकाली गई। वैदिक विधि-विधान से अभिषेक पूजन के पश्चात हल्दी व मेहंदी की रस्म अदा की गई। गौरी-शंकर की मनोहारी आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हल्दी-मेहंदी की रस्मों में भाग लिया। ढोलक की थाप और शिव भजनों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में पं. उमेश चन्द्र शर्मा, राजेश शर्मा, गोपाल शर्मा, अनिल त्रिपाठी, पं. प्रखर शर्मा (मिक्कू), पं. अखिल पांडे, अनुज राजपूत (बाबा), राहुल यादव, कृष्णा, तनिष्क, रामजी, अमन, अभिषेक एवं अभय सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

गैंगस्टर एक्ट में बड़ी कार्रवाई: माफिया अनुपम दुबे के भाई डब्बन-बब्बन सहित कई दबोचे

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) ठेकेदार शमीम व इंस्पेक्टर रामनिवास यादव हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी अनुपम दुबे की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मऊदरवाजा थाना पुलिस ने उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत नई प्राथमिकी दर्ज की है।
इस मामले में माफिया अनुपम दुबे के अलावा उनके भाई व मोहम्मदाबाद ब्लॉक प्रमुख अमित दुबे उर्फ बब्बन, अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, किलमापुर (मोहम्मदाबाद) निवासी धर्मेंद्र चतुर्वेदी, मैनपुरी के बिछवां निवासी आदेश सिंह, बेवर निवासी विनीत दुबे तथा शहर के मोहल्ला अल्लागंज बढ़पुर निवासी महेंद्र कटियार को नामजद किया गया है।
पुलिस ने गुरुवार दोपहर त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को दबोच लिया। अमित दुबे उर्फ बब्बन को डीआईओएस कार्यालय के बाहर से, अनुराग दुबे उर्फ डब्बन को उनके आवास से तथा धर्मेंद्र चतुर्वेदी को किलमापुर से हिरासत में लिया गया। इसके अतिरिक्त विनीत दुबे और महेंद्र कटियार को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।
बताया जा रहा है कि व्यापारी नेता मोहन अग्रवाल द्वारा डॉ. अनुपम दुबे सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने माफिया पर कार्यवाही शुरू की थी| गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में कार्यवाही की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुराग दुबे की गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी सभी दिशानिर्देशों का पालन किया गया है।

गंगा तटबंध निर्माण की मांग को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) गंगा के दोनों किनारों पर स्थायी तटबंध निर्माण की मांग को लेकर तटबंध बनाओ जनसंघर्ष समिति ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। गुरुवार को समिति के अध्यक्ष भइयन मिश्रा (आशीष मिश्रा) की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने अमृतपुर तहसील पहुंचकर तहसीलदार शशांक सिंह को लिखित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि गंगा के दोनों ओर मजबूत और स्थायी तटबंध का निर्माण कराया जाए, जिससे प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ से क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। समिति ने विशेष रूप से अटेना घाट से कढ़हर होते हुए कलर तक तटबंध निर्माण कराने की मांग उठाई।
समिति का कहना है कि हर साल गंगा की बाढ़ से सैकड़ों गांव प्रभावित होते हैं। किसानों की फसलें नष्ट हो जाती हैं और हजारों बीघा भूमि कटान की चपेट में आ जाती है। ग्रामीणों के सामने आवागमन, शिक्षा और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे में स्थायी तटबंध निर्माण ही इस समस्या का स्थायी समाधान है। समिति ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र तटबंध निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, अन्यथा क्षेत्र की जनता व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में राजीव प्रताप, अनूप प्रधान, नितेश मिश्रा, अंकित राठौर, कोमल पांडेय, अखिलेश प्रधान, रंगोली रहे।

निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों की समीक्षा, लापरवाही पर सख्ती के निर्देश

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने गुरुवार को विकासखंड कार्यालय बढ़पुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी पंचायत सचिवों को ग्राम पंचायतों में जाकर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य समय से पूर्ण करने को कहा गया। फार्मर रजिस्ट्री में खराब प्रगति पाए जाने पर तीन पंचायत सचिवों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
ब्लॉक क्षेत्र में स्थापित सभी आरआरसी सेंटरों को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने तथा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का शिकायतकर्ता से मिलकर स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे को पारदर्शी ढंग से कराने, गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने, गौसेवकों की रात्रिकालीन उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आगामी वित्तीय वर्ष में गौशालाओं के लिए समय से भूसे का टेंडर कराने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने विकासखंड को प्राप्त केंद्रीय वित्त एवं राज्य वित्त आयोग की ग्रांट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

दिव्यांग शिविर में 220 पंजीकरण, उपकरण निःशुल्क वितरित

0

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) गुरुवार 12 फरवरी 2026 को एस.एन. साध ट्रस्ट की ओर से डॉ. रजनी सरीन के संयोजन में एन.ए.के.पी. डिग्री कॉलेज के सामने स्थित सेवा केंद्र पर दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और उन्हें विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण व दवाएं निःशुल्क प्रदान की गईं।
शिविर में जयपुर फुट से संबद्ध संस्था “भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति” के विशेषज्ञों—मनीश, गणेश, विनोद, दिनेश, अवधेश, सी एस.एस. मालखानी, लोकेश, रमाकांत, होल्डर एवं राजन—ने दिव्यांगों का परीक्षण कर आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. शिखर सक्सेना और उनकी टीम ने भी मरीजों की जांच की तथा जरूरतमंदों को कान की मशीन उपलब्ध कराई। ट्रस्ट की ओर से सभी को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर में एस.एन. साध ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी राकेश साध, चमकेश साध सक्रिय रूप से मौजूद रहे। उनके साथ श्रीमती मधु साध, श्रीमती प्रिया साध, रीतेश साध, राहुल साध, अमर साध, उदयपाल, विजय कुमार, आकाश सिंह कश्यप, रोहित गर्ग, राहुल कश्यप, नितिन कश्यप, रजत कश्यप, सुजीत श्रीवास्तव, अमन, नरेश, जगदीश, रोविन, शेखर साध और बाशु सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सेवाएं दीं। शिविर में कुल 220 पंजीकरण हुए। इस दौरान 16 व्हीलचेयर, 28 बैसाखी, 27 कैलिपर, 14 वॉकर, 33 वॉकिंग स्टिक, 14 कृत्रिम पैर, 4 कृत्रिम हाथ, 80 कान की मशीन तथा 26 जोड़ी विशेष जूते वितरित किए गए। सहायक उपकरण प्राप्त कर दिव्यांगजन काफी उत्साहित नजर आए। शिविर में दवाइयों के साथ-साथ दिव्यांगों और उनके साथ आए तीमारदारों के लिए भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।

कर्बला में कब्र कों किया क्षतिग्रस्त व ताजियों में आगजनी, जाँच में जुटी पुलिस

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र स्थित कर्बला परिसर में अराजक तत्वों द्वारा कब्रों को क्षतिग्रस्त कर ताजियों में आग लगाए जाने की घटना से अल्पसंख्यक समुदाय में भारी नाराजगी फैल गई।
कर्बला की देखरेख करने वाले शरीफ हुसैन रिजवी ने बताया कि सुबह लगभग 8:30 बजे उन्हें फोन पर जानकारी मिली कि परिसर में रखे ताजियों में आग लगा दी गई है। वह करीब 9 बजे मौके पर पहुंचे तो सामने के हिस्से में आग जल रही थी, जबकि पीछे की आग बुझ चुकी थी। उन्होंने तत्काल थाना मऊदरवाजा, एसडीएम सदर रजनी कांत पाण्डेय और सिटी मजिस्ट्रेट संजय बंसल को घटना की सूचना दी।
शरीफ हुसैन ने कहा कि किसी असामाजिक तत्व ने माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से यह कृत्य किया है। ऐसे लोगों का कोई धर्म नहीं होता। उन्होंने बताया कि पहले कर्बला की 94 बीघा भूमि थी, लेकिन अतिक्रमण के कारण अब केवल 11 बीघा ही शेष है। परिसर की देखरेख के लिए सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक एक व्यक्ति तैनात रहता है। आय का कोई स्रोत न होने और कमरे की व्यवस्था न होने के कारण रात में चौकीदार रखना संभव नहीं है। सुरक्षा के लिए चारों ओर नौ फुट ऊंची दीवार बनाई गई है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लगभग छह माह पूर्व परिसर से सीसीटीवी कैमरे, हार्ड डिस्क, इनवर्टर, बैटरी और बर्तन चोरी हो गए थे, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
बताया गया कि गुंबद के अंदर बनी दो कब्रों को तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया और कब्रों पर रखे कपड़ों से ताजियों में आग लगाई गई। करीब 14 फुट लंबे तीन-चार ताजिए पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की लपटों से गुंबद की छत भी काली पड़ गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलते ही पेट्रोल पंप संचालक मुनव्वर हुसैन उर्फ मुन्ना, मौलाना सैयद सदाकत हुसैन, पप्पन मियां, साबिर अली, सभासद रफी अंसारी और हाजी बिलाल अहमद समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एसडीएम सदर, सीओ अमृतपुर, सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा तथा तहसीलदार सदर सनी कनौजिया मौके पर पहुंचे और जांच की। प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह नें बताया की अराजक तत्वों नें कब्र में तोड़फोड़ व कर्बला में आग लगाने का प्रयास किया| क्षतिग्रस्त कब्र कों दुरस्त कराया जा रहा है | पुलिस की तीन टीमें जाँच में जुटी हैं |

एक ही रात में कई घरों को बनाया निशाना, छह लाख की चोरी; क्षेत्र में दहशत

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम नगला तिपेडन में बीती रात अज्ञात चोरों ने ध्रुव शाक्य के घर धावा बोलकर करीब छह लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पार कर दी। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलित किए।
बताया गया कि चोर पीछे की ओर से मकान पर चढ़कर छत के रास्ते अंदर घुसे और ऊपर बने कमरे का ताला तोड़ दिया। कमरे में रखे दो सोने की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी झाले, सोने की जंजीर, आधा तोले का कमरबंद, दो जोड़ी पायल, आठ जोड़ी बिछिया, सोने की ‘हाय’ व ‘ओम’ लॉकेट, बच्चों के दो जोड़ी खड़ुआ समेत अन्य जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा नाती की गुल्लक से लगभग 10 हजार रुपये और माता राममूर्ति के 800 रुपये भी उठा ले गए। घटना के समय परिवार के सदस्य नीचे के कमरों में सो रहे थे।
सुबह जब ध्रुव की बेटी दिव्या छत पर गई तो कमरे का टूटा कुंडा देखकर शोर मचाया। तलाश करने पर घर से करीब 500 मीटर दूर प्रबल शाक्य के सरसों के खेत में दो खाली बक्से पड़े मिले। डायल 112 को सूचना दी गई, जिसके बाद चौकी प्रभारी जसवीर सिंह को अवगत कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, चोरों ने गांव के अन्य मकानों में भी वारदात का प्रयास किया। जगन्नाथ के पुत्र विजय के घर दीवार के सहारे छत पर चढ़कर अंदर घुसे और कमरों की तलाशी ली, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। विजय परिवार सहित चंडीगढ़ में रहता है। इसके बाद रतिराम के पुत्र सुरजीत के घर भी पीछे से प्रवेश कर खोजबीन की गई, पर वहां से भी कुछ बरामद न होने पर चोर सामने के दरवाजे से निकल गए।
इसी क्रम में चौकी क्षेत्र के ग्राम धीरपुर में धीरेंद्र सिंह के पुत्र अजेंद्र सिंह के घर भी चोर छत के रास्ते उतरे। उन्होंने बच्चों विशाल व कोमल तथा माता शर्मी देवी के कमरे को बाहर से बंद कर अन्य कमरे में तलाश शुरू की। इसी दौरान कोमल की आंख खुल गई और उसने भाई को आवाज दी। आहट मिलते ही चोर मौके से फरार हो गए, जिससे वहां कोई नुकसान नहीं हुआ। एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाए जाने से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।