मानदेय भुगतान में देरी पर एनएचएम संघ का प्रदर्शन, डीएम व सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

0
384

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उ.प्र. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की जनपद इकाई ने मानदेय भुगतान में लगातार हो रही देरी के विरोध में जिलाधिकारीकों सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम गजराज सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आक्रोश व्यक्त किया। यह कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह के निर्देश पर 11 से 13 फरवरी तक प्रदेशव्यापी अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष अभिषेक वाजपेयी ने कहा कि एनएचएम संविदा कर्मचारियों को समय से वेतन न मिलना गंभीर समस्या बन चुकी है। कई कर्मचारियों को दो-दो व तीन-तीन माह बाद मानदेय प्राप्त हो रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही भुगतान की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष साबिर खान ने बताया कि अधिकांश कर्मचारी अल्प वेतनभोगी हैं और उन्हें हर माह मकान किराया, बच्चों की फीस, राशन व अन्य आवश्यक खर्च पूरे करने होते हैं। वेतन में देरी से कर्मचारी मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। जिला महामंत्री संजय कुमार बाथम ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए कई बार उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संगठन ने जल्द समाधान की मांग की है। दीपकान्त शुक्ला, अंकित दीक्षित, कुलजीत सिंह, प्रदीप सिंह, पारुल, रोहित आदि रहे |

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]