फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) एकीकृत शिकायत निस्तारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के चलते जनपद कानपुर मंडल में प्रथम स्थान पर रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा प्रतिदिन समीक्षा कर शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को गंभीरता से अमल में लाया जा रहा है।
आईजीआरएस पोर्टल शासन द्वारा आम नागरिकों की सुविधा के लिए संचालित किया गया है, जहां लोग ऑनलाइन अपनी शिकायत दर्ज कराते हैं। शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्तर पर उसकी समीक्षा की जाती है और संबंधित थाना या कोतवाली प्रभारी को जांच एवं निस्तारण के निर्देश दिए जाते हैं। सभी थानों और कोतवाली में इस कार्य के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, जो प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराते हैं।
शिकायत के समाधान के बाद संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लेते हैं, ताकि निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। पोर्टल पर प्रायः मारपीट, भूमि कब्जा और छेड़छाड़ से जुड़ी शिकायतें अधिक प्राप्त होती हैं।
हाल ही में फतेहगढ़ के अंबेडकर कॉलोनी निवासी सुरेश की पत्नी राधा ने बच्चे के साथ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसके बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया। इसी तरह धनसुआ गांव निवासी स्वर्गीय विनोद की पत्नी चमेली ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। जांच के उपरांत पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ एनसीआर दर्ज करते हुए शांतिभंग की आशंका में चालान की कार्रवाई की।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जा रही है और प्रत्येक मामले में शिकायतकर्ता से फीडबैक लिया जाता है। बेहतर कार्यप्रणाली के चलते जनपद ने कानपुर मंडल में प्रथम स्थान हासिल किया है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में जनपद अव्वल
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



