Home Blog Page 5708

अब शिक्षक माफियाओं की खैर नहीं

फर्रुखाबाद: अब जिले के उन शिक्षक माफियाओं की सूची बनने जा रही है जिन्होंने दागी बीएसए राम रमापति त्रिपाठी को लाखों रुपये बसूल कर दिये और अपनी भी जेबें भरने से नहीं चुके|

भ्रष्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री त्रिपाठी पर निलंबन व ट्रांसफर की गाज गिरते ही उनके समर्थक दलाल शिक्षक नेताओं की भय के कारण बोलती ही बंद हो गई है जो अब श्री त्रिपाठी के खिलाफ ही बोलने लगे हैं| लेकिन जिले के सभी शिक्षकों को मालूम है कि किन शिक्षकों ने केवल आमदनी कराने के लिए बीएसए से पहले कार्रवाई करवाई और बाद में मामला रफा-दफा करने के लिए मुंह-मांगी मोटी रकमे बसूल की|

तेजतर्रार व ईमानदार IAS अनिल धींगरा को बीएसए का चार्ज मिलने से वैसे ही भ्रष्ट व मौज-मस्ती व नेतागीरी करने वाले शिक्षक भयभीत हैं| अब जिलाधिकारी मिनिस्ती एस ने शिक्षा जैसे मंदिर को कलंकित करने वाले भ्रष्ट शिक्षकों को सबक सिखाने की ठान ली है|

जिला सूचना अधिकारी वीरेंद्र शुक्ला ने फोन पर बताया कि जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया है कि वह बेहतर शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करें और शिक्षक माफियाओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कराएं|

चोरों ने कंप्यूटर के 6 सीपीयू व 3 बाइकें उड़ाईं

फर्रुखाबाद: बीती रात चोरों का कहर जारी रहा| चोरों ने बीती रात मोहल्ला नवदिया समाधि स्थल के निकट उज्वल कंप्यूटर अकादमी के ताले तोड़कर 6 सीपीयू गायब कर दिए|

मोहल्ला ग्रानगंज निवासी अकादमी के मालिक संजय मित्तल ने बताया कि आज सुबह ७ बजे जब सेंटर खोलने गया तो मेनगेट का ताला गायब था| संजय की पत्नी रूचि केंद्र की निदेशक हैं जिन्होंने पुलिस को तहरीर दी है|

अलग-अलग स्थानों से दो बाईकें चुरा ली गई| चोरों ने बीएस मेंसन में आयोजित विवाह समारोह से यूपी ७६ जे / ६१५१ बाइक उड़ा दी| चोरों ने कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला अपर दुर्गा कालोनी निवासी ऋषी अग्निहोत्री के दरवाजे से उनकी यूपी ७६ जे / ८१०१ पल्सर बाइक को उठा ले गए|

* आवास विकास कालोनी निवासी सुशील कुमार त्रिपाठी अपनी बाइक से विवाह समारोह में गए थे| चोरों ने मोहल्ला खटक पुरा निवासी फरहत अली खान के आवास से उनकी यूपी ७६ एफ / ५८७५ मोटर साइकिल गायब कर दी|

खाकी को धमकाने वाले शिक्षामित्र से तमंचा बरामद

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली पुलिस ने गालियाँ देने वाले शिक्षामित्र आशू द्विवेदी को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया|

नगर के मोहल्ला गंगा नगर कालोनी निवासी आशू दुबे उर्फ़ आशुतोष थाना अम्रतपुर के ग्राम ऊगरपुर का मूल निवासी है| आशू का रुपयों के लेन-देन को लेकर मोहल्ले के ही अखिलेश पांडे से विवाद चल रहा था| अखिलेश से धोखे में आशू के फोन पर मिस काल चली गई| इसी बात पर आशू अखिलेश को उसके मोबाइल फोन पर गालियाँ बकने लगा|

सेठ गली में कपड़ा बेंचने वाले अखिलेश ने अपने मोबाइल फोन की काल कोतवाल आदि आला अधिकारियों के मोबाइल पर डाईबर्ट कर दी| अधिकारियों के हड़काने पर इंस्पेक्टर ने मोबाइल फोन से बात कर आशू को गिरफ्तार कर लिया| जिसके पास ३१५ वोर तमंचा व २ कारतूस मिले|

पुलिस ने अखिलेश को गिरफ्तार कर शांतिभंग करने के आरोप में चालान कर दिया| इंस्पेक्टर क्रष्ण कुमार ने बताया कि शिक्षामित्र आशू तमंचा लेकर अखिलेश को मार डालने के लिए घूम रहा था| उसके पकडे जाने से बड़ा हादसा टल गया| उन्होंने बताया कि आशू ने मोबाइल फोन पर खूब गालियाँ देकर मार डालने की भी धमकी दी थी|

एशिया की सबसे बड़ी आलू मंडी में लुट रहे हैं किसान

फर्रुखाबाद: एशिया की सबसे बड़ी सातनपुर आलू मंडी में माफिया आढ़ती किसानों को खुलेआम लूट रहे हैं| किसी भी राजनैतिक दल के पास किसानों की समस्या की सुध लेने की फुरसत नहीं है| सब को न्याय व पारदर्शिता का दावा करने वाली बसपा सरकार का आलू मंडी में क़ानून का कोई भय नहीं है|

आढ़तियों की माफियागीरी के कारण बीते कई वर्षों से उन्ही का क़ानून चल रहा है| मंडी समिति की ओर से आलू की नीलामी की व्यस्था बंद है जिसका सीधा लाभ माफिया उठा रहे हैं| ऐसे ही आढ़ती रोजाना सुबह मनमाने ढंग से इस तरह आलू का भाव खोलते हैं जिससे व्यापारियों को अधिक से अधिक लाभ हो सके| दिखावे में कुछ आढ़तियों से आलू की सौदेवाजी की नौटंकी की जाती है|

आज आलू का भाव २२१ रुपये प्रति कुंटल खोला गया| अनेकों जागरूक किसानों ने इस भाव पर आलू बेंचने से साफ़ मना कर दिया और २७५ रुपये तक के भाव में आलू बेंचा| इसी भाव में बीते दिन भी आलू बिका| बीते दिन आलू का भाव २२५ रुपये खोला गया था|

आसाम के लिए आलू की रैक लोड होने के कारण अचानक भाव में सुर्खी आयी है| इस स्थित को देखते हुये आज आलू का भाव करीब २५० रुपये पार्टी कुंटल खोला जाना चाहिए था| बीते दिन की अपेक्षा आज के भाव में ४ रुपये और गिरा देने की बात किसी के गले से नहीं उतर सकती|

अब यह साफ़ हो गया है कि आलू का भाव खोलने वाले आढ़ती किसानों के कतई हितैषी नहीं है| बीते करीब ५ वर्षों से आलू आढ़ती एसोशिएशन का चुनाव भी नहीं हुआ है| अजय गंगवार उर्फ़ सन्नू अध्यक्ष हैं पहले किसान नेता एवं आलू आढ़ती सतीश वर्मा नेता जी, राम रतन शाक्य, शैलेन्द्र यादव आदि आढ़ती किसानों की समस्याओं को उठाते रहते थे|

मंडी सचिव हरविलाश सिंह यादव ने बताया कि इंस्पेक्टरों की कमी के कारण आलू की नीलामी नहीं हो पा रही है| नशेड़ी इंस्पेक्टर जनार्दन मिश्रा बीमार व रिटायरमेंट के करीब हैं| एक इंस्पेक्टर कल ही कानपुर से बहाल होकर आये हैं| मंडी में ६ इंस्पेक्टरों के पद हैं|

प्री-पेड कार्ड से सब्जी की खरीददारी

लखनऊ|| मोबाइल फोन की प्री-पेड सेवा की तरह ही अब प्री-पेड कार्ड से सब्जियां भी खरीदी जा सकेंगी.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्री-पेड कार्ड के जरिए हरी-ताजी सब्जियां खरीदने की सेवा जल्द ही शुरू होने वाली है.

इसका बीड़ा उठाया है कि अहमदाबाद स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के पूर्व छात्र कौशलेंद्र ने, जिनकी फाइबर ठेले पर ताजा सब्जी बेचने की परियोजना बिहार में बेहद लोकप्रिय हो चुकी है.

कौशलेंद्र ने पटना की तरह लखनऊ वासियों के लिए गुरुवार को लखनऊ में इस नई परियोजना औरवम मार्केटिंग की शुरुआत की, जिसके तहत फाइबर के वातानुकूलित ठेलों से समृद्धि ब्रांड की ताजा सब्जियां खरीदने की सुविधा अब यहां के लोगों को मिलेगी. बिहार के नालंदा निवासी 30 वर्षीय कौशलेंद्र ने यह परियोजना उत्तर प्रदेश मंडी परिषद की सहभागिता से शुरू की.

कौशलेंद्र ने कहा, ‘प्री-पेड कार्ड के जरिए ताजा सब्जियों की बिक्री की यह सुविधा शुरू करने में अभी कम से कम एक महीना लगेगा. हम इस सेवा की शुरुआत लखनऊ से करेंगे.’

उन्होंने कहा, ‘शुरुआत में हम 500 और 1000 रुपये मूल्य वर्ग के प्री-पेड कार्ड जारी करेंगे. ये प्री-पेड कार्ड हमारे वेंडरों के पास उपलब्ध होंगे. इच्छुक लोग ये कार्ड वेंडर से ले सकेंगे या अगर वे हमारे कार्यालय में संपर्क करेंगे तो कार्ड उनके घर तक पहुंचा दिया जाएगा.’

वह कहते हैं कि प्री-पेड कार्ड से खरीद्दारी करके उपभोक्ता न सिर्फ भीड़-भाड़ में जाने से बचेंगे, बल्कि अपने दरवाजे पर ही उनको हरी सब्जियां मिल जाएंगी. साथ ही वे ऑफर का लाभ भी ले सकेंगे, जो उनको सामान्य सब्जी विक्रेताओं से नहीं मिलते.

कौशलेंद्र के मुताबिक प्री-पेड कार्ड पर महत्वपूर्ण ऑफर लागू करने की योजना है. उपभोक्ता जितने पैसे का कार्ड खरीदेंगे, उन्हें उससे पचास से सौ रुपये ज्यादा की सब्जियां खरीदने का लाभ दिया जाएगा.

उन्होंने कहा, ‘हमारी यह परियोजना सब्जी खरीदने की प्रक्रिया को बेहद आसान बना देगी. इसलिए यह निश्चित तौर पर बहुत लोकप्रिय होगी. मुझे लगता है कि गृहणियां इस परियोजना को काफी पसंद करेंगी.’

कौशलेंद्र ने बताया कि अन्य प्री-पेड कार्ड की तरह औरवम द्वारा शुरू किए जाने वाले प्री-पेड कार्ड की भी एक निश्चित वैधता होगी.

कौशलेंद्र का कहना है, ‘हम ताजा सब्जियां और फल बेचने के लिए कटिबद्ध है, लेकिन हम व्यापारिक पहलू को नजरअंदाज नहीं कर सकते. आप जानते हैं कि इस परियोजना में कई वेंडर, किसान और विभिन्न पेशेवर शामिल हैं. ऐसे में प्री-पेड कार्ड एक निश्चित समय तक ही वैध रहेंगे.

औरवम ने फिलहाल लखनऊ शहर में 15 वातानुकूलित ठेले चलाने की योजना बनाई है, जिनसे शहर के विभिन्न हिस्सों में पैकेटबंद साफ-सुथरे और ताजे फल खरीदे जा सकते हैं. इन ठेले के जरिए बेची जाने वाली सब्जियां सीधे लखनऊ और आस-पास के जिलों के किसानों से खरीदी जाती हैं.

कौशलेंद्र बताते हैं, ‘फिलहाल लखनऊ और आस-पास के सात जिलों के पांच सौ किसानों को हमने अपने साथ जोड़ा है. हम उनकी सब्जियों को खेत से सीधे खरीदकर अपने संग्रह केंद्रों में एकत्र करेंगे.’

राज्य मंडी परिषद के अपर निदेशक (प्रशासन) निखिल चंद्र शुक्ला कहते हैं कि औरवम की इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि किसान अपने उत्पाद की सीधे बिक्री कर सकेंगे. इसमें बिचौलियों की मुनाफाखोरी की कोई गुंजाइश नहीं है. एक तरफ किसानों को जहां उनके उत्पाद के बेहतर दाम मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ उपभोक्ताओं को अच्छी गुणवत्ता की सब्जियां मिलेंगी.

शुक्ला के मुताबिक औरवम में मंडी परिषद की सीमित भागीदारी है. परिषद ने लखनऊ के गोमतीनगर में संग्रह केंद्र स्थापित करने के लिए मुफ्त जगह आवंटित की है. जल्द ही यह परियोजना प्रदेश के अन्य शहरों में शुरू की जाएगी.

तुषार मिस्टर एवं स्वाति मिस फर्रुखाबाद बनी

फर्रुखाबाद: फर्रुखाबाद युवा महोत्सव कार्यक्रम के तहत आज देर सायं से सरस्वती भवन में आयोजित समारोह में २० वर्षीय तुषार बाजपेयी मिस्टर एवं स्वाति भारद्वाज मिस फर्रुखाबाद चुने गए|

जिला पंचायत अध्यक्ष तहसीन सिद्दीकी ने तुषार व स्वाति को ताज पहनाकर सम्मानित किया|

इस प्रतियोगिता में मोनिका अरुण, निहारिका पटेल, स्वाति भारद्वाज एवं सत्यांगी शुक्ला ने मिस फर्रुखाबाद बनने के लिए काफी जोर आजमाईस की| सैकड़ों लोगों के सामने लटके-झटके दिखाते हुए कैट-वाक् किया तथा पूंछे गए सवालों के अजीबो-गरीब जवाब दिए| प्रतियोगियों के कम वस्त्र देखकर दर्शक दंग रह गए|

इसी तरह शिवेंद्र मोहन मिश्रा, विक्रम सिंह, अमित श्रीवास्तव, तुषार बाजपेयी , मुकीम खान आदि युवकों ने मिस्टर फर्रुखाबाद प्रतियोगिता जीतने के लिए काफी आकर्षित दिखने का प्रयास किया| विभिन्न प्रकार के परिधान पहनकर आये युवकों को देखते ही बन रहा था| लेकिन प्रतियोगिता में इन सभी प्रतियोगियों को पीछे छोंड तुषार व स्वाति ने मिस्टर व मिस फर्रुखाबाद का खिताब अपने नाम करवा लिया|

इससे पूर्व अपर जिलाधिकारी एससी श्रीवास्तव ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति को बधाई दी तथा अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ आदि लोगों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया|

इस दौरान समिति के अध्यक्ष डॉ संदीप शर्मा, प्रो० एनकेएस राठौर आदि पदाधिकारी मौजूद रहे|

साथी की मौत से गुस्साए अधिवक्ताओं ने अन्टू का पुतला फूँका

फर्रुखाबाद: कानपुर में शिक्षिका पत्नी उमा यादव के उत्पीड़न से दुखी पति विनय कुमार सिंह एडवोकेट के द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने से आज यहाँ के अधिवक्ताओं में उवाल आ गया| गुस्साए अधिवक्ताओं ने धरना देकर सूबे के स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्र आदि का पुतला फूंक दिया|

जिला बार एसोशिएशन के अधिवक्ता आदि ने साथी विनय कुमार की मौत के गम में कार्य का बहिष्कार किया| अध्यक्ष विश्राम सिंह यादव, मंत्री संजीव पारिया की अगुवाई में गुस्साए अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना दिया| और मंत्री अनंत कुमार मिश्र अन्टू, बीएसए राम रमापति त्रिपाठी व एसडीएम रवींद्र कुमार वर्मा का पुतला फूंक कर उनके विरुद्ध जोरदार नारेवाजी की|

थोड़ी देर बाद जिलाधिकारी मिनिस्ती एस, सीडीओ सीपी त्रिपाठी के साथ अपने कार्यालय पहुँची| अधिवक्ताओं ने उनके चेंबर में घुसने का प्रयास किया तो अपर पुलिस अधीक्षक बीके मिश्र के निर्देश में पुलिस ने अधिवक्ताओं को कार्यालय में घुसने पर रोक दिया| जिससे वकीलों में और रोष व्याप्त हो गया| बाद में एसोशिएशन के अध्यक्ष व सचिव ने कार्यालय में जाकर डीएम से वार्ता की|

जिलाधिकारी ने उन्हें बताया कि बीएसए को निलंबित कर एसडीएम सदर अनिल धींगरा को चार्ज दे दिया गया है| अधिवक्ताओं ने ज्ञापन देकर मांग की कि विनय कुमार सिंह एडवोकेट के सुसाईड नोट में जिनको दोषी ठहराया गया है उन सभी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की जाए| जांच रिपोर्ट के बारे में पूंछे जाने पर डीएम ने एडीएम एससी श्रीवास्तव को निर्देश दिया कि वह सोमवार तक जांच रिपोर्ट देने की कोशिश करें| अधिवक्ताओं ने बताया कि वह सोमवार तक हड़ताल जारी रखेंगें|

बीएसए का खेल खत्म, ज्वाईंट मजिस्ट्रेट धींगरा को चार्ज

फर्रुखाबाद: आखिरकार जिले के सबसे भ्रष्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राम रमापति त्रिपाठी का अंत हो ही गया| जिलाधिकारी मिनिस्ती एस ने उन्हें कार्यमुक्त कर दिया| तैनाती होने पर ज्वाईंट मजिस्ट्रेट अनिल धींगरा ने बीएसए का कार्यभार ग्रहण कर लिया| डीएम ने श्री धींगरा के पास जनगणना कार्य की जिम्मेदारी मजिस्ट्रेट राम बहादुर वर्मा को सौंप दी है|

बीएसए के विरुद्ध आन्दोलन करने वाले शिक्षक नेता पहली जीत हो जाने पर काफी खुश हो गए| शिक्षक नेताओं ने एक-दूसरे को बधाई देकर जश्न मनाया| शिक्षिका उमा यादव के पति विनय कुमार सिंह की आत्महत्या से दुखी बार एसोशिएशन के अधिवक्ता ने आज से हड़ताल शुरू कर दी| बीएसए श्री त्रिपाठी दोपहर को अपने कार्यालय में मौजूद थे उसी समय उन्हें जानकारी दी गई कि अधिवक्ता घेराव करने आ रहे हैं| इसी बात से भयभीत होकर श्री त्रिपाठी आनन्-फानन में कानपुर चले गए|

शिक्षिका उमा के साथ हुए अत्याचार के विरोध में आज जिले के सभी पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय बंद रहे| ब्लाक स्तर के अध्यापकों ने बैठक कर बीएसए के विरुद्ध जमकर भड़ास निकाली और अवैध बसूली करने वाले बीआरसी व एबीआरसी के विरुद्ध मोर्चा खोलने की रणनीति बनायी|

दिन दहाड़े वायु सैनिक की बाइक लूटी

फर्रुखाबाद: ससुराल जाते समय एयर फ़ोर्स के सेवा निवृत सार्जेंट महेश चन्द्र राजपूत की दिन दहाड़े बाइक लूट ली गई|

पड़ोसी जिला कन्नौज कोतवाली गुरसहायगंज के ग्राम घुसुआपुर निवासी महेश चन्द्र राजपूत अपनी काले रंग की डिस्कवर बजाज यूपी ७६ जे / २१७३ बाइक से कोतवाली मोहम्दाबाद के ग्राम गनपतपुर में बहनोई तेजराम के यहाँ जा रहे थे|

जब वह दिन के २ बजे कोतवाली मोहम्दाबाद के ग्राम धीरपुर दुबे भट्टा के निकट से गुजर रहे थे उसी समय पीछे फ्रीडम मोटर साइकिल से आये तीन सवारों ने ओवर टेक के दौरान टक्कर मारकर महेश को गिरा दिया और तमंचे से धमकाकर उसकी बाइक लेकर रफूचक्कर हो गए|

पुलिस ने चोरी की दर्ज की गई रिपोर्ट में दर्शाया है कि महेश चाबी लगी बाइक को सड़क के किनारे खादी कर मोबाइल से बातचीत करने लगा उसी समय बाइक चुरा ली गई|

बांदा दुष्कर्म कांड: उप्र सरकार को एससी का नोटिस

नई दिल्ली|| उत्तरप्रदेश के बांदा जिले में एक नाबालिग ल़डकी के साथ हुए दुष्कर्म मामले की न्यायिक जांच कराने के लिए दायर एक याचिका पर सर्वोच्च अदालत ने आज उत्तरप्रदेश सरकार और सीबीआई को नोटिस जारी किया। याचिका में कहा गया है कि जिस किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया उसे 33 दिनों तक जेल में बंद कर किशोर न्याय अधिनियम का उल्लंघन किया गया।

सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश आफताब आलम और न्यायाधीश आर.एम. लोढ़ा की दो सदस्यीय खंडपीठ के समक्ष याचिकाकर्ता ने कहा कि किशोर न्याय अधिनियम (बच्चों की देखभाल और अधिनियम) के तहत किशोर को हिरासत में नहीं रखा जा सकता।

अधिवक्ता एन. राजा रमण ने अपनी जनहित याचिका में अदालत से कहा है कि यह केवल इसी मामले तक सीमित नहीं है बल्कि अन्य मामलों में भी मजिस्ट्रेट किशोर को पुलिस हिरासत में भेज देते हैं। उन्होंने अदालत से इस मुद्दे को ब़डे पैमाने पर संज्ञान में लेने का आग्रह किया।

मालूम हो कि उत्तरप्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के विधायक पुरूषोत्तम नरेश द्विवेदी ने पिछले महीने कथित तौर पर एक किशोरी के साथ बलात्कार किया था। किशोरी पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर उसे करीब एक महीने तक पुलिस हिरासत में रखा गया।

किशोरी को इसी महीने रिहा किया गया। द्विवेदी ने किशोरी पर लाइसेंसी रिवॉल्वर, एक मोबाइल फोन और 5,000 रूपये नकदी चुराने का कथित आरोप लगाया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री मायावती ने आपराधिक जांच विभाग की अपराध शाखा (सीबीसीआईडी) की प्राथमिक जांच के आधार पर द्विवेदी को गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। जांच के दौरान यह पाया गया कि किशोरी के साथ बलात्कार किया गया है।