Home Blog Page 5669

चार दिनो में किचेन शेड पूर्ण करने का तुगलकी आदेश

फर्रुखाबाद, 25 फरवरीः बर्ष के अंत में बजट का बंदरबांट करने की परंपरा के चलते बेसिक शिक्षा विभाग मध्यह्न भोजन के बजट पर कुंडली मारे बैठा है। हद तो यह है कि कनवर्जन कास्ट और किचेन शेड निर्माण की मद में मिली धनराशि में से धेला तक खर्ख नहीं किया गया है। मध्यह्न भोजन प्राधिकरण के अपर निदेशक संतोष कुमार ने जनपद को भेजे गये बजट के सापेक्ष 90 प्रतिशत धनराशि का उपभोग मात्र 4 दिन में करने के निर्देश दिये हैं। जाहिर है कि मात्र चार दिनों में रसोई घरों का निर्माण कैसे पूरा होगा, कागजों पर तों आंकड़ों की पूर्ति की जा सकती है। मध्यह्न भोजन प्राधिकरण के अपर निदेशक संतोष कुमार की ओर से दिनांक 23 फरवरी की तिथि में बेसिक शिक्षा अधिकारी के नाम जारी पत्र के अनुसार जनपद को उपलब्ध कराये गये बजट के सापेक्ष अभी तक कनवर्जन कास्ट, किचेनशेड निर्माण, परिवहन लगत व एमएमई की मदों में एक पैसा खर्च ही नहीं किया गया है। इसके अतिरिक्त रसोइयों के मानदेय की मद में मिले बजट का मात्र 45 प्रितशत और खाद्यान्न भुगतान की मद मे कुल 63 प्रतिशत भुगतान किया गया है।

अपर निदेशक ने 28 फरवरी तक 90 प्रतिशत तक वित्तीय प्रगति प्राप्त करने के निर्देश जारी कर दिये हैं। सा्फ है कि मात्र चार दिनों में स्कूलों में किचेन शेड का तो निर्माण कम से कम असंभव है। विभागीय आदेशों के सापेक्ष आंकड़ों का पेट कैसे भरा जाता है यह सभी जानते हैं।

CMO ने लिया चार्ज: अब उर्सला की तर्ज पर चलेगा लोहिया अस्पताल

फर्रुखाबाद:25 february||  मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ पीके पोरवाल ने आज लोहिया अस्पताल का चार्ज ले लिया| यहाँ से हटाये गए सीएमस डॉ मुकेश रस्तोगी का फिलहाल अभी तक तबादला आदेश नहीं आया है|

अब धन की कमी नहीं होगी

डॉ पोरवाल ने चार्ज ग्रहण करने के बाद लोहिया अस्पताल को बेहतर ढंग से चलाने के लिए डॉ बीडी त्रिवेदी, डॉ नरेन्द्र बाबू कटियार, डॉ नरेन्द्र कुमार, वरिष्ठ फार्मासिष्ट शेष नरायन सचान, चक्र सिंह के साथ विचार विमर्स किया| डॉ पोरवाल ने JNI को बताया कि वह अब लोहिया अस्पताल को उर्सला अस्पताल जैसी सुबिधायें देने का प्रयास करेंगें| शनिवार को अस्पताल के फाउन्डेसन के समारोह में जाऊंगा और वहां के सीएमएस से अस्पताल चलाने का हुनर लूंगा| डॉ पोरवाल ने बताया कि मरीजों को बेहत सुबिधायें देने के लिए बजट की कमी महसूस नहीं होने दी जायेगी|

इमरजेंसी में २४ घंटे रहेंगे डाक्टर

डॉ पोरवाल ने बताया कि अब इमरजेंसी में ही २४ घंटे डाक्टर मौजूद रहेंगें| मरीजों को डाक्टर की तलाश में भटकना नहीं पडेगा| डॉ कमलेश शर्मा सर्जन से लेप्रो स्कोव सर्जरी का भी कार्य शुरू करायेंगें| सभी आपरेशन थियेटर चालू करवाकर मरीजों को सुबिधायें दी जायेंगीं| NIC चालू कराकर बच्चों का बेहतर इलाज किया जाएगा| इन्ही डाक्टरों से भी विशेषज्ञों का भी कार्य कराया जाएगा|

शैयाओं की क्षमता बड़ी

उन्होंने बताया कि अस्पताल में १२० शैयाओं के लिए तैनात स्टाफ में ५ डाक्टर सहित ५० कर्मचारियों के पद रिक्त हैं| अब अस्पताल में शैयाओं की क्षमता बढ़कर १९८ हो गयी है, २१० पलंग आ गए हैं| अब मरीजों को ज्यादा से ज्यादा एक ही बार्ड में रखा जाएगा जिससे कर्मचारियों की कमी महसूस न हो| स्टाफ की कमी होने पर एक ही कर्मचारी से दो बार्डों का कार्य लिया जाएगा|

उन्होंने बताया कि वाहन स्टैंड शीघ्र ही शुरू कराया जाएगा| यदि अस्पताल की ओर से वाहन स्टैंड शुरू न हो सका तो नगर पालिका को अस्पताल परिसर के बाहर वाहन स्टैंड बनवाने के लिए पत्र भेजा जाएगा|

नगर पालिका अध्यक्ष का पद आरक्षित होना लगभग तय

फर्रुखाबाद, 25 फरवरी:  चक्रानुक्रम आरक्षण के विषय में राज्य सरकार की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार नगर पालिका फर्रुखाबाद के अध्यक्ष का पद लगभग तय है। पंचायतों की तरह निकायों में महापौर व अध्यक्ष पदों के आरक्षण में लागू चक्रानुक्रम के अनुसार पदों का आरक्षण अनुसूचित जाति की आबादी (प्रतिशत में) को ध्यान में रखते हुए 2006 से किया जाता है। चक्रानुक्रम आरक्षण में किसी भी निकाय का कोई भी पद प्रत्येक चुनाव में एक ही वर्ग विशेष के लिए आरक्षित नहीं रह सकता है। यदि किसी निकाय का अध्यक्ष पद एक चुनाव में अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग या फिर महिलाओं के लिए आरक्षित रहता है तो ठीक बाद वाले चुनाव में इन वर्गो के लिए आरक्षित नहीं रह सकता है।

नगर पालिका परिषद या फिर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद सभी का आरक्षण एक ही तरह से किया जाएगा। आरक्षण के मामले में प्रत्येक नगर निगम की अनुसूचित जाति की आबादी को ध्यान में रखते हुए सर्वाधिक अनुसूचित जाति की आबादी वाले नगर निगम को सबसे ऊपर रखा जाएगा। उसके बाद के क्रम में अपेक्षाकृत कम अनुसूचित जाति की आबादी वाले निगम (अवरोही क्रम) रहेंगे। अनुसूचित जाति या पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षित किए जाने वाले पदों की संख्या पूर्व की भांति राज्य के नगरीय क्षेत्र में इन वर्गो की आबादी के समानुपात में रहती है। यद्यपि पिछड़े वर्ग के लिए 27 फीसदी से अधिक पद आरक्षित नहीं रह सकते हैं। इस तरह से निर्धारित पदों की संख्या को ध्यान में रखते हुए अनुसूचित जाति के लिए पद आरक्षित किए जाते हैं जिनमें इस जाति की आबादी अधिक होगी। अनुसूचित जाति के आरक्षित में से ऊपर के 33 फीसदी पद अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए रहते हैं। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित नगर निकायों के ठीक बाद वाले पदों को निर्धारित संख्या में पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षित किए जाते हैं। इसमें भी ऊपर के 33 फीसदी पद पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए रहते हैं। इसके बाद वाले निकायों को निर्धारित संख्या में सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित रखा जाता है। सभी वर्ग की महिलाओं के लिए कुल 33 फीसदी से अधिक पद आरक्षित नहीं हो सकते हैं। यदि किसी वर्ग विशेष में एक ही पद आरक्षित रहता है तो वह उस वर्ग की महिला के लिए रखा जाता है।

राजा भैया को मिली जमानत

इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने उत्तर प्रदेश में पिछले साल दिसम्बर में हुए ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव के दौरान बसपा समर्थित प्रत्याशी पर हमला करने, लूट तथा अपहरण के मामले में गिरफ्तार कुंडा क्षेत्र के निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की आज जमानत अर्जी मंजूर कर ली.

न्यायमूर्ति सत्येन्द्र सिंह चौहान की एकल पीठ ने यह आदेश राजा भैया की जमानत अर्जी पर सुनवाई करते हुए दिया.

अभियोजन के अनुसार वादी मनोज कुमार शुक्ला ने कुण्डा कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया था कि गत 18 दिसम्बर की रात राजा भैया और उनके समर्थकों ने उस पर तथा उसके साथियों पर हमला किया, लाइसेंसी असलहे लूटे और पंचायत चुनाव से सम्बन्धित कुछ मतदाता सदस्यों का अपहरण कर लिया.

उधर, राजा भैया की ओर से तर्क दिया गया था कि इस मामले में उन्हें झूठे आरोपों में राजनीतिक रंजिश के कारण फंसाया गया है.

इस मामले के 10 अन्य अभियुक्तों की जमानत पहले ही मंजूर हो चुकी है.

गौरतलब है कि प्रतापगढ़ जिले के कुंडा थाने में गत 18 दिसम्बर की रात बाबागंज विकास खण्ड से ब्लाक प्रमुख पद के बसपा समर्थित उम्मीदवार मनोज शुक्ला ने डकैती, अपहरण, जान से मारने के प्रयास एवं तोड़फोड़ के आरोप में राजा भैया समेत तेरह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

इसके आधार पर राजा भैया और सपा के सांसद शैलेन्द्र कुमार, प्रतापगढ़ की बिहार सीट से सपा विधायक विनोद सरोज और विधान परिषद् सदस्य अक्षय प्रताप सिंह समेत 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था.

चुप बैठो..ध्यान से सुनो..सबको रेल दे रही हूं

नई दिल्ली. ममता बनर्जी ने तेज तर्रार अंदाज में देश को नई ट्रेनें देने की घोषणा की। ममता ने मुंबई को 47 नई लोकल ट्रेने तो कोलकाता को जोड़ने वाली 50 नई ट्रेनों की घोषणा की।

रेल मंत्री ममता बनर्जी ने रेल बजट पेश करते हुए लगातार आठवें वर्ष यात्री किरायों में कोई वृद्धि नहीं करने की घोषणा की.

रेल मंत्री ममता बनर्जी ने न केवल यात्री किराए स्थिर रखे बल्कि माल भाड़े में भी किसी तरह की प्रत्यक्ष वृद्धि नहीं की क्योंकि इससे महंगाई बढ़ने का ख़तरा होता है.

शुक्रवार को संसद में वर्ष 2011-12 का रेल बजट  पेश करते हुए ममता बनर्जी ने एक बार फिर घोषणाओं की झड़ी लगा दी.

कुल मिलाकर पचास से ज्यादा नई रेलगाड़ियां चलाने की घोषणा की गई. तीन नए शताब्दी ट्रेन और भारत में पहली बार दो डबल डेकर रेलगाड़ी चलाने की घोषणा हुई है.

इसके अलावा राज्यरानी और कवि एक्सप्रेस के नाम से भी नई गाड़ियां चलाने का ऐलान हुआ है.

‘हम आह भी भरते हैं तो हो जाते हैं बदनाम, वो कत्ल भी करते हैं तो चर्चा नहीं होती.’ यह शेर पढकर ममता ने कहा कि रेल कर्मचारियों की छोटी से छोटी गलती खबर बन जाती है लेकिन उनके अच्छे काम की सराहना नहीं होती. रेल दुर्घटना दर पिछले साल के 0.29 प्रतिशत से घटकर इस साल रही 0.17 प्रतिशत है.

अपने बजट भाषण में ममता बनर्जी ने कहा कि लोग बेवजह रेलवे को बदनाम करते हैं. आर्थिक विकास में रेल की अहम भूमिका है. देशभर के स्टेशनों का कायाकल्प  के साथ हर साल 700 किलोमीटर नई रेल लाइन बनेगी. उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को रियायत देते हुए  आयु 60 से घटाकर 58 साल की है. विकलांगों को शताब्दी और राजधानी ट्रेनों में भी छूट मिलेगी.मान्यता प्राप्त पत्रकारों के साल में दो बार परिवार के साथ 50 फीसदी की छूट दी गई है.

बजट पेश करते समय ममता बनर्जी और लालू प्रसाद यादव में नोंक-झोंक भी हुई, जिससे बजट भाषण बाधित रहा.

उन्होंने कहा कि टिकट खरीदने के लिए स्मार्ट कार्ड बनाए जाएंगे. इंटरनेट से एसी क्लास की बुकिंग अब 20 रुपये की जगह 10 की होगी. इंटरनेट के जरिए नोनएसी क्लास के लिए टिकट की बुकिंग अब 10 रुपये की जगह 5 रुपये होगी.

गुजरात से गुडगांव तक डबल डेकर ट्रेन चलेगी. दिल्ली,गाजियाबाद को दो नई ईएमयू, मुंबई लोकल में 9 की जगह 12 डिब्बे होंगे. मुंबई के लिए 47 नई लोकल ट्रेनें चलेगीं. इलाहाबाद-मुंबई दूरंतो, पुणे-अहमदाबाद दूरंतो व सियालदाह-पुरी दुरांतो ट्रेन की घोषणा की गई है.  तीन नई शताब्दी ट्रेन के साथ ही 17 गाड़ियों के फेरे बढ़ेंगे. नौ नई दुरांतो, 56 नई एक्सप्रेस ट्रेनों के ऐलान किया है. कोलकाता से 16 नई सब अर्बन ट्रेन चलेंगीं. सुपर एसी श्रेणी की शुरुआत होगी. जयपुर-आगरा शताब्दी एक्सप्रेस, हावड़ा-दरभंगा एक्सप्रेस,लुधियाना-दिल्ली नई शताब्दी एक्सप्रेस,राज्यरानी एक्सप्रेस शुरू की जाएगी. जयपुर-दिल्ली डबल डेकर ट्रेन चलेगी. लुधियाना-दिल्ली नई शताब्दी, मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली दुरांतो की घोषणा की गई है. मदर एक्सप्रेस, अरविंदो एक्सप्रेस, विवेकानंद एक्सप्रेस, टेक्नोलॉजी एक्सप्रेस चलेंगी.

ममता ने कहा कि 16 हजार पूर्व सैनिकों को रेलवे में नौकरी दी जाएगी. आरपीएफ की बहाली कर एक लाख 75 हजार  खाली पद भरे जाएंगे. रेलवे कर्मचारियों के माता-पिती को मेडिकल सुविधा भी मिलेगी. उन्होंने कहा कि छठे वेतन आयोग के भुगतान के कारण रेलवे को वित्तीय परेशानी पेश आई है, रेलवे को 73 हज़ार करोड़ का भुगतान करना पड़ा है.

पश्चिम बंगाल समेत देश को लुभाते हुए ममता ने कहा कि रेलवे की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि रायबरेली रेल कोच फैक्ट्री का काम तेज होगा और रेल आधारित उद्योग खड़े किए जाएंगे. निजी क्षेत्र से पहली बार 85 प्रस्ताव मिले हैं. तीन रेलवे जोन में दुर्घटना रोकने वाली डिलावस लगाई जाएंगी.

ममता बनर्जी ने कहा कि नई लाइनों में 9583 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, छोटी लाइन को बड़ी करने में 2470 करोड़ खर्च करेंगे.

ममता बनर्जी ने कहा कि इंफाल को रेल से जोड़ने की योजना है और महाराष्ट्र में 700 मेगावॉट का पावर प्लांट लगेगा. इसके साथ ही नंदीग्राम में रेल ओद्योगिक पार्क का निर्माण होगा. ठकुराली में गैस आधारित पावर प्लांट लगेगा.

उन्होंने रेल बजट में घोषणा की कि प्रधानमंत्री रेल विकास योजना बनाई जाएगी. 57 हजार 630 करोड़ रुपये की सूखी घर योजना के साथ सियालदाह, हावड़ा, चैन्नई में 10 हजार घर बनाने की योजना है.

ममता ने रेलवे की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि लोग रेल रोको अभियान को बंद करें. पिछले साल प्रदर्शनों और अन्य वजहों से 1500 ट्रेनें निरस्त की गयीं और 3500 पुनर्निर्धारित की गयीं. रेलवे टैक्स फ्री इन्फ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड लाएगा. केरल में दो वेगन फैक्ट्री लगेंगी. दार्जिलिंग में सॉफ्टवेयर सेंटर और मणिपुर में डीजल लोकोमोटिव सेंटर बनाने की रेल योजना है. सिंगूर में मेट्रो कोच फैक्ट्री लगाई जाएगी.ठकुराली में गैस आधारित पावर प्लांट लगेगा.

ममता बनर्जी ने कहा कि मानव रहित रेलवे क्रासिंग खत्म होंगे. ट्रेनों में अपराध रोकने के लिए विशेष विधयेक लाया जाएगा.

इससे पहले रेल बजट को अंतिम रूप देते हुए रेल मंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा था कि यह रेल बजट देश के आम आदमी को समर्पित यात्री अनुकूल बजट होगा. अंतिम समय पर किए गए प्रयास के तहत रेल मंत्री बनर्जी ने योजना आयोग से उनकी कुछ ‘प्रिय’ परियोजनाओं के लिए मंजूरी हासिल करने की कोशिश की है. हालांकि, बताया जाता है कि योजना आयोग इनमें से अधिकांश परियोजनाओं को मंजूरी देने में हिचकिचा रहा था.

गौरतलब है कि भारी नुकसान में चल रही है भारतीय रेल के लिए यह रेल बजट अहम है. रेलवे ने इस साल केंद्र से 39 हजार 600 करोड़ मांगे थे,लेकिन वित्त मंत्रालय ने 20 हजार करोड़ की ही मंजूरी दी है. बीते साल 15 हजार 875 करोड़ मांगे थे.

ममता ने 2009-10 के बजट में 122 नई ट्रेनों की घोषणा की थीं. साल 2010-11 के बजट में ममता ने 54 नई ट्रेनों की घोषणा की थी.

सिपाही को तमाचा जड़ा, सपाइयों पर बरसीं लाठियां

लखनऊ|| लखनऊ में हुए लाठीचार्ज के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला फूंक रहे सपाइयों पर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसायीं। कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस पर पथराव किया। कई पुलिसकर्मी भी पीटे गये।

आज मुख्यमंत्री मायावती के दौरे के चलते पुलिस अलर्ट थी। लखनऊ में हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन करने के लिए कलेक्ट्रेट में सपा ने एक सभा आयोजित की थी। सपा के पूर्व सांसद व जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव अपने आवास से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट के लिए चले ही थे कि सीओ सिटी एनपी सिंह, नगर कोतवाल प्रदीप सिंह चंदेल समेत कई थानों की फोर्स ने उन सभी को घेर लिया।

पुलिस मौजूदगी में ही सपाई मायावती का पुतला फूंकने लगे। पुतला छीनने के प्रयास में पुलिस की कार्यकर्ताओं से हाथापाई शुरू हो गयी। पारसनाथ यादव कार्यकर्ताओं के ऊपर लाठी बरसते देख तिलमिला उठे और सिपाही को जोरदार तमाचा जड़ दिया। यह देख कोतवाल ने पारस यादव को धक्का दे दिया तो दोनों में हाथापाई होने लगी। फिर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया।

सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव समेत दजर्नों कार्यकर्ता लहूलुहान हो गये। गुस्साये कार्यकर्ताओं ने जेसीज चौराहे पर पहुंचकर चक्काजाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को जबरन वाहनों में ठूंस कर गिरफ्तार किया। गुस्से में कार्यकर्ताओं ने पथराव कर पुलिस के दो वाहनों के शीशे तोड़ दिये।

गिरफ्तार कर सभी को जफराबाद थाने ले जाया गया। वहां भी कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया। इस पर पुलिस ने लाठी भांजकर खदेड़ दिया। जवाब में सपाइयों ने थाने पर पथराव भी किया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को थाने से छोड़ दिया गया।

पारसनाथ यादव पर जब पुलिस लाठी चला रही थी तो जिला उपाध्यक्ष घनश्याम रघुवंशी ने उन्हें कवर कर लिया जिससे रघुवंशी को भी चोटें आयीं है। गुस्साये कार्यकर्ताओं ने पथराव करना शुरू कर दिया। पारसनाथ कार्यकर्ताओं को लेकर जेसीज चौराहे पर पहुंच गये और वहीं सड़क पर बैठ गये।

चक्काजाम करने के लिए बैठे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने घसीटकर वाहनों में भर लिया। यहां भी भाग रहे कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया। जानकारी होते ही एएसपी सिटी राहुल राज, सिटी मजिस्ट्रेट बाल मयंक मिश्र व जिले के दजर्नों थानों की पुलिस जेसीज चौराहे पर पहुंच गयी। एसपी एसके भगत पुलिस लाइन से खबर लेते रहे। कई वरिष्ठ नेताओं ने भी जाकर गिरफ्तारी दी।

नरेगा के घोटालेबाजों के लिये नये डीएम खतरे की घंटी

फर्रुखाबाद 24 फरवरीः अपनी कार्यशैली और प्रयोगधर्मिता के लिये जाने जाने वाले जनपद के नये जिलाधिकारी रि्ग्जियान सैम्फेल नरेगा के घोटालेबाज प्रधानों और अधिकारियों व कर्मचारियों के लिये खतरे की घंटी साबित हो सकते है। श्री सैम्फेल के शनिवार को यहां पहुंचने की संभावना है।

जनपद बहराइच में लगभग एक वर्ष से तैनात श्री सैम्फेल को नरेगा के अंतर्गत कंद्रीय ग्राम्य विकास मंत्रालय से पुरस्कृत भी किया जा चुका है। प्रदेश की आईएएस लाबी में अपनी प्रयो्गधर्मिता के लिये मशहुर श्री सैम्फेल ने जनपद बहराइच में बाढ़ के  दौरान राहत कार्यों की सफलता के लिये भी चर्चा में रह चुके हैं।

2003 बैच के आईएएस अधिकारी श्री सैम्फेल लददाख के एक शाही परिवार से सम्बंध रखते है। अनुसूचित जनजाति वर्ग से आये 36 वर्षीय श्री सैम्फेल दिल्ली विश्वविद्यालय से एमबीए कर चुके हैं। गरीबों के उत्थान के प्रति विशेष निष्ठा रखने वाले श्री सैम्फेल दिन में 16 घंटे काम करते  है। जनता से सीधा संपर्क रखने में विश्वास रखने वाले श्री सैम्फेल को “दि इकानामिस्ट” समाचारपत्र विश्व का सर्वाधिक कर्मठ नौकरशाह का खिताब दे चुका है।

राशन कोटेदारों की कालाबाजारी को रोकने के लिये श्री सैम्फेल ने ही एसएमएस तकनीक का प्रयोग शुरू किया था जिसे बाद में खाद्य विभाग ने अपनाया तो परंतु लागू नहीं कर पायी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में ऊंचाई पर हैंडपम्प लगाने का नया माडल इजाद किया जिसे शासन स्तर पर काफी सराहा गया।

यह अलग बात है कि श्री सैम्फेल भी विगत सप्ताह मायावती के दौरे के बाद ही हटाये जा रहे हैं। परंतु  उनकी कार्यशैली नरेबा के घोटालेबाजों के लिये खतरे की घंटी जरुर साबित हो  सकती है। फर्जी मस्टर रोल से लेकर मजदूरी में मनमानी तक की शिकायतों की भरमार है।

देशी पीकर वर्दी में, मैखाने में ही शु-शु कर बैठे

फर्रुखाबाद: देशी माधुरी छाप दारू से मायावती के दौरे के दौरान लगी लम्बी ड्यूटी की थकान कुछ यूँ मिटाई एक पुलिसवाले ने कि बस मैखाने में ही इतने टल्ली हो गए कि फिर उठ न सके| पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अरविन्द कठेरिया पेंट में ही शु शु कर बैठे| उठने की जहमत न उठायी जनाब ने और पूरी फतेहगढ़ की कोतवाली को ही आकर उठाना पढ़ा| तस्वीरे झूठ न बुलाये-



लिपिक की टिप्पणी पर शिक्षक नेताओं में उबाल

फर्रंखाबाद, 24 फरवरीः गुरुवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के एक लिपिक द्वारा शिक्षक नेता से विवाद के दौरान शिक्षकों के प्रति अशोभनीय टिप्पणी कर दिये जाने से शिक्षक नेताओं में रोष व्याप्त है।

गुरुवार को उपबेसिक शिक्षा अधिकारी जगरूप संखवार से किसी काम के लिये हस्ताक्षर कराने पहुंचे एक लिपिक को उन्होने गलत बताते हुए हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। लिपिक अधिकारी से तकरार करने लगा। इसी दौरान वहां पहुंचे शिक्षाक नेता राम सेवक यादव ने भी श्री संखवार का पक्ष लेते हुए लिपिक को समझाने का प्रयास किया। इस पर लिपिक की श्री यादव से भी कहा सुनी होने लगी। श्री यादव ने बताया कि बाद विवाद के दौरान लिपिक ने पूरी शिक्षक बिरादरी के प्रति ही टिप्पणी कर दी और कार्यालय में न घुसने देने तक की बात कही। उन्होने बताया कि इस संबंध में उन्होंने अग्रिम रणनीति बनाने के लिये बैठक बुलाई है। बैठक के बाद ही कोई निर्णय लिया जायेगा। उल्लेखनीय है कि लिपिक के विरुद्ध उसकी नियुक्ति के संबंध में शिकायत लोकायुक्त के पास लंबित है। पूर्व बीएसए के मुंहलगे इस लिपिक को हाल की पटलों की फेरबदल में भी काफी नुकसान हुआ है।

मैडम का दौरा- बाल श्रमिक सहित मजदूरों की फ़ौज सफाई में जुटाई

फर्रुखाबाद: सूबे की चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव नीता चौधरी के निरीक्षण की भनक लगते ही आज सुबह से ही लोहिया अस्पताल में सैकड़ों मजदूरों की फ़ौज सफाई के लिए लगा दी गई| जब दोपहर के समय चौधरी निरीक्षण के लिए लोहिया अस्पताल पहुँची तो उस समय इमरजेंसी गेट के बाहर पोटिको एवं गेट के अन्दर मुख्य हाल तथा महिला अस्पताल के जाने वाले रास्ते आदि स्थानों पर सैकड़ों मजदूर कपडे से दीवारों को चमका रहे थे | पुताई सफाई कार्य के अलावा फर्स की घिसाई के लिए भी मशीन चल रही थी|

थाना राजेपुर के ग्राम गाजीपुर निवासी मजदूर भगवान् दास ने बताया कि उन्हें व अन्य अनेकों मजदूरों को आज सुबह ही चौक बाजार से १५० रुपये की दिहाड़ी पर लाया गया है| ग्राम जिठौली निवासी जागेन्द्र सिंह के पुत्र सोनू ने बताया कि वह ठेकेदार महेश का कई महीनों से १२० रुपये की दिहाड़ी से काम कर रहा है| नावालिग़ सोनू स्कूल की ड्रेस पहने हुए था| निरीक्षण के दौरान ठेकेदार महेश सिंह को निर्माण एवं मरम्मत कार्य के निर्देश दिए गए |

बसपा नेता महेश सिंह राठौर स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख ठेकेदार है| सूबे के स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्र उर्फ़ अन्टू के ख़ास समर्थक होने के कारण महेश को नवीन लिंजीगंज अस्पताल निर्माण कार्य का करोड़ों रुपये का ठेका मिला था जिसका उद्घाटन बीते वर्ष अन्टू ने ही किया| अन्टू की ही मेहरवानी से महेश की पत्नी ब्लाक राजेपुर की बसपा की टिकट पर निर्विरोध प्रमुख बनी हैं|