Home Blog Page 5668

पत्रकारों पर दीदी ने लुटाई ममता

नई दिल्ली||  अपने गृहनगर पश्चिम बंगाल को समर्पित रेल बजट में से रेल मंत्री ममता बनर्जी ने अपनी थो़डी बहुत ममता भारतीय पत्रकारों पर भी लुटाई है।

उन्होंने पत्रकारों को अपने परिवार के साथ आधे किराये पर देश भर में कहीं भी साल में एक बार की बजाय दो बार आने जाने की सुविधा देने का ऎलान किया है। उन्होंने कहा कि सभी पत्रकार साल में एक बार परिवार के साथ 50 फीसदी रियायत के पात्र हैं। इस सुविधा को साल में दो बार तक बढ़ाने का प्रस्ताव किया जाता है।

ज्ञातव्य है कि ममता ने संप्रग-2 सरकार की रेल मंत्री के रूप में पहले ही बजट में पत्रकारों के लिए राजधानी और शताब्दी एक्सप्रेस सहित सभी ट्रेनों के किराये में 50 प्रतिशत रियायत और उनकी पत्नी को साल में एक बार यात्रा करने पर 50 प्रतिशत रियायत देने का फैसला किया था।

खाकी हुई दागदार: किडनैप कर फिरौती की मांग करने वाला दारोगा गिरफ्तार

लखनऊ||  उत्‍तरप्रदेश पुलिस पर हमेशा से सवालिया निशान उठते आये हैं। चाहें वह कुछ माह पूर्व लखनऊ के चिनहट थाने में तैनात एक सिपाही पर थाने परिसर के अंदर बने कमरे में युवती के साथ बलात्‍कार करने की कोशिश हो या फिर लखनऊ में हुए चर्चित सरार्फा व्‍यवसायी रितु शर्मा हत्‍या काण्‍ड के बाद शव को ऑटो में बेरहमी से लाद कर ले जाने का मामला हो यूपी पुलिस के दामन पर कई बार दाग लगें हैं तो कई बार बदनामी की छिटें उछली हैं।

ऐसा ही एक मामला शुक्रवार को प्रदेश की राजधानी में सामने आया जिससे एक बार फिर खाकी दागदार हुई। कानपुर में तैनात दारोगा कुशलपाल सिंह ने सरकारी पिस्टल और वर्दी की हनक के बलबूते बदमाशों की तरह किराए की मार्शल जीप से लखनऊ शहर से दो युवकों को अगवा कर लिया। खुद को ग्वालियर एसटीएफ की टीम का सदस्य बताकर दोनों युवकों को कानपुर के एक मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर एक युवक के पिता से 20 हजार रुपये वसूले और दूसरे के पिता से 50 हजार रुपयों की मांग कर रहा था।

पीडि़त परिवार ने जनपद लखनऊ के गुडम्बा पुलिस से शिकायत की तो आरोपी दारोगा व उसके साथी पकड़े गए। एसओ गुडम्बा के मुताबिक ग्राम कूरी, मुरादाबाद निवासी दारोगा कुशपाल, लाजपतनगर कानपुर निवासी राजीव पाठक, त्रिवेणीनगर अलीगंज निवासी सुशील, ग्राम बस्ती बाराबंकी निवासी रामदुलारे यादव व ग्राम कठौनी हरदोई निवासी रामचंदर को डालीगंज रेलवे क्रासिंग के पास से गिरफ्तार किया गया है। कुशलपाल ने गुरुवार को कपूरथला से बाराबंकी निवासी राममिलन के बेटे रवी व गुडम्बा क्षेत्र से प्रगति विहार, कल्याणपुर निवासी हरीराम भारद्वाज के बेटे विवेक को अगवा कर लिया था।

कुशलपाल ने खुद को एसटीएफ ग्वालियर में तैनात बताकर दोनों युवकों को धमकाया था। फिर कानपुर के बर्रा थाने में दर्ज साइबर अपराध के एक मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रवी के पिता से 20 हजार रुपये वसूल लिए पर रवि को छोड़ा नहीं। प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे रवि के पिता की कपूरथला के पास दुकान है। कुशलपाल ने इसी तरह विवेक के पिता से 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था। वह विवेक के घर वालों को रुपये लेकर डालीगंज स्थित एक पेट्रोल पंप पर बुला रहा था।

विवेक के पिता ने शुक्रवार को गुडम्बा थाने में जब इसकी शिकायत की तब पुलिस चौकन्नी हुई। सर्विलांस व क्राइम ब्रांच की मदद से पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और दारोगा व उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से रवि व विवेक को भी सकुशल मुक्त करा लिया। कुशलपाल ने घटना के लिए सुशील की मार्शल किराये पर ली थी। सुशील, चालक रामदुलारे, रामचंद व राजीव लगातार कुशलपाल के साथ थे। राजीव दारोगा का करीबी है और कानपुर से उसके साथ आया था।

उसके कब्जे से 20 हजार रुपये, सरकारी पिस्टल व तीन हथकड़ी बरामद की हैं। दोनों युवकों को वांछित बता रहा था दारोगा कुशलपाल ने पकड़े जाने पर उल्टा लखनऊ पुलिस को रौब में लेने का प्रयास किया। कानपुर के बर्रा थाने में दर्ज धोखाधड़ी व साइबर अपराध के एक मुकदमे की छायाप्रति देकर उसने दावा किया कि वह इसकी विवेचना कर रहा है।

रेल बजट फुस्सः फर्रुखाबदियों के लिये दिल्ली अभी भी दूर

फर्रुखाबाद, 25 फरवरी: रेल बजट की घोषणाओं का बेसब्री से इंतजार कर रहे फर्रुखाबादियों को दीदी की ममता के नाम पर मायूसी ही हाथ लगी है। हाल ही में स्थानीय सांसद का केंद्रीय कैबिनेट में रुतबा बढ़ने के बाद से रेल बजट में दिल्ली और लखनऊ के लिये जनपदवासियों की कुछ नयी ट्रेनों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। लेदे कर गोहाटी और सियालदा के लिये सप्ताह में एक एक ट्रेन के लालीपाप के अलावा यह पटाखा भी फुस्स हो गया।

रेल लिंक के लिहाज से काफी पिछड़े जनपद फर्रुखाबाद को ब्राड गेज आमान परिवर्तन के बाद कुछ नयी ट्रेनों की शिददत से जरूरत और उम्मीद थी। हाल ही में स्थानीय सांसद सलमान खुर्शीद का केंद्रीय कैबिनेट में कद बढ़ने के बाद इन उम्मीदों को और भी पर लग गये थे। परंतु शुक्रवार को संसद में प्रस्तुत रेल बजट से जनपदवासियों को नाउम्मदी ही हाथ लगी है। यहां से दिल्ली जाने के लिये जनपदवासी बर्षों से एम मात्र ट्रेन कालिंदी पर ही आश्रित हैं वह भी साल में दो महीने धोखा  दे जाती है। लखनऊ के लिये भी सीधी ट्रेन के नाम पर केवल छपरा एक्सप्रेस है या एक पैसेंजर ट्रेन। कुल मिला कर फर्रुखाबादियों के लिये “दिल्ली हूनूज़ दूर अस्त”। हां पूर्वी भारत से जोड़ने वाली दो ट्रेनों से भटटे वालों को पथेरे मजदूर लाने या दुर्गम ग्रामीणों को विवाह के लिये महिलाये लाने में अवश्य आसानी हो सकती है।

रेल बजट में फर्रुखाबाद से मैलानी वाया शाहजहांपुर के जिस ट्रेन रूट के संवेक्षण का जिक्र किया गया है उसके पूरे होने और फिर उस पर ट्रेन दौड़ते देखपाने का सपना कम से कम 50 की उम्र के लोगों के लिये तौ देखना बेमानी ही होगा।

दबंगों ने दलित दूल्हे के भाई को घायल कर फायरिंग की

फर्रुखाबाद: द्वारचार के लिए जा रही बारात से रास्ता अवरुद्ध होने पर निकल न पाने से बाइक सवार दबंगों ने दलित दूल्हे के भाई को मारपीट कर घायल कर दिया और फायरिंग कर बारातियों को धमकाया| सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी अनहोनी घटना की आशंका में रातभर बरातियों की सुरक्षा की।

कोतवाली मोहम्दाबाद के ग्राम कुबेरपुर डुंगरसी में दलित अजय कुमार जाटव की बहन साधना की गुरुवार शाम जनपद मैनपुरी थाना एलाऊ के ग्राम नगला तार से बारात आयी थी। बाराती द्वारचार के लिए बैंडबाजे की धुन पर डांस कर रहे थे, जिससे रास्ता अवरुद्ध हो गया। इसी बीच गांव के ठाकुर परिवार के तीन दबंग युवक बाइक से आ गये ।

रास्ता अवरुद्ध होने से निकल न पाने पर दबंगों ने गालीगलौज शुरू कर दिया। दूल्हे के भाई अनिल कुमार के विरोध करने पर दबंगों ने उसकी लात-घूसों से पिटाई कर दी सिर में बन्दूक की बट मारी बाद में उसकी कनपटी पर तमंचा से धमकाया तथा फायर किये| जिससे हमले में अनिल का सिर फट गया। मारपीट व फायरिंग होने से बरात में भगदड़ मच गयी।

दूल्हे के घायल भाई अनिल कुमार ने मारपीट करने वाले तीन लोगों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, दोषी लोगों के विरुद्ध जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी।

डबल मर्डर के षड्यंत्र में फंसेंगें ट्रांसपोर्टर

फर्रुखाबाद: कोई सुराग न मिलने से लोडर के ड्राईवर व हेल्पर की ह्त्या के मामले की गुत्थी उलझ गई है| यदि शीघ्र ही मामले का खुलासा न हुआ तो पुलिस डबल मर्डर के केस में दोनों ट्रांसपोर्टरों को भी फंसा देगी|

थाना नवाबगंज के एसओ कमरूल हसन ने बताया कि लोडर के ड्राईवर रिंकू व हेल्पर दुर्गेश की ह्त्या एवं लोडर के मामले में कोई सुराग नहीं मिला है| उन्होंने बताया कि फर्जी नाम पते से लोडर की बुकिंग करने के मामले में दोनों ट्रांसपोर्टर मुख्य रूप से दोषी हैं| जिन्हें आईपीसी की धारा १२० बी के तहत अभियुक्त बनाया जाएगा|

मालूम हो कि जय महाकाल ट्रांसपोर्ट के मालिक संजीव यादव ने एक अन्य लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक गांधी के कहने पर चंद्रशेखर नामक व्यक्ति के नाम से बिल्टी बनायी थी| ग्राम अर्रा पहाड़पुर के ड्राईवर रिंकू व हेल्पर दुर्गेश को लोडर नंबर यूपी ७६ के / ०३६३ से कायमगंज सामान पहुंचाने ग्राम जिजुईया भेजा था| दूसरे दिन दोनों युवकों के शव ग्राम करनपुर के खेत में मिले| दोनों युवकों की सिर में गोली मारकर ह्त्या की गई थी|


शराब के नशे में लाखों का मकान गंवाया

फर्रुखाबाद: भू माफिया ने नशेड़ी महेंद्र वर्मा को मुफ्त में शराब पिलाकर उसका लाखों रुपये का मकान अपने नाम करा लिया| इस बात की जानकारी होने पर महेंद्र की उसके भाई ने जमकर पिटाई कर दी|

आज बढपुर निवासी महेंद्र वर्मा की करतूतों की जानकारी होने पर उसकी भाई जितेन्द्र वर्मा ने जमकर पिटाई कर दी| महेंद्र ने हमलावर भाई के विरुद्ध सूचना दर्ज करा दी|

महेंद्र ने बताया कि गंगा नगर कालोनी निवासी भू माफिया मोनू मिश्रा ने हमें कई बार शराब पिलाई और ३ लाख रुपये में सौदा करके मुझसे पूरे मकान का बैनामा करा लिया| बैनामे के समय केवल ५०० रुपये दिए| दोबारा तगादा करने पर भी ५०० रुपये दिए और यह कहा कि चेक आने वाली है भुगतान होने पर पूरे रुपये दे देंगें|

महेंद्र ने बताया कि मैंने अपने हिस्से का मकान बेंचा था लेकिन मोनू ने भाई के हिस्से का भी बैनामा करा लिया|

CM के भय से चोरी के केसों में लगाई गई फाइनल रिपोर्ट

फर्रुखाबाद: सूबे की मुख्यमंत्री मायावती के आने से भयभीत पुलिस कर्मियों ने झंझट से बचने के लिए चोरी के कई मामलों मे फाइनल रिपोर्ट लगा दी ताकि जांच-पड़ताल के दौरान इस फजीहत से बचा जा सके कि इन घटनाओं में क्या कार्यवाही हुई|

ठंडी सड़क डिग्गीताल में रहने वाले यदुनाथ सिंह चौहान ने लाखों रुपये कीमती जेवरात चोरी के मामले में २२ दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी| पुंवाया शाहजहांपुर निवासी ग्यान्वीनंदन शुक्ला ने १९ जनवरी को मेला राम नगरिया से आल्टो नंबर यूपी २७ एच / ३६४७ की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी|

आवास विकास कालोनी ५/२१९ निवासी शैलेन्द्र सिंह यादव ने १४ फरवरी को घर में हुई चोरी के एरेपोर्ट दर्ज कराई थी| जबकि थाना मऊदरवाजा के ग्राम अदियूली निवासी जयप्रकाश सिंह ने लोहियापुरम से राजदूत बाइक नंबर यूपी ७६ /. ३४०५ की २० फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी|

मुख्यमंत्री के आने के भय से पुलिस ने २० फरवरी को मुकद्दमों में फाइनल रिपोर्ट लगा दी| मालूम हो कि २३ फरवरी को ही मुख्यमंत्री ने जिले का दौरा किया|

दबंग महिला ने नशेड़ी पति को हवालात पहुंचाया

फर्रुखाबाद: दिल्ली में प्राईवेट नौकरी करने वाले अशोक कुमार शुक्ला ने नशे की अवस्था में पत्नी को साथ चलने का दवाव डाला| महिला की शिकायत पर पुलिस ने अशोक को शांतिभंग करने के आरोप में चालान कर दिया|

पड़ोसी जिला हरदोई थाना हरपालपुर के ग्राम बरसुईया निवासी अशोक ने बताया कि मै बीते दिन दिल्ली से पत्नी को घर ले जाने के लिए मोहल्ला गणेश प्रसाद चमचा वाली गली स्थित शीला के मकान पहुंचे| वहां किराए पर रहने वाली पत्नी सरिता से घर चलने को कहा तो उसने शराब के नशे में होने के कारण हंगामा मचाकर पुलिस से शिकायत कर दी|

अशोक ने बताया कि माँ सोमवती से विवाद होने के बाद सरिता एक बच्ची के साथ यहाँ किराए पर रहती है| मेरे दो बच्चे उसने ग्राम पत्थर पुरवा मायके में छोड़ रखे हैं|

मैनपुरी से चुराई जिप्सी बरामद, गैरेज मालिक भागा

फर्रुखाबाद: मैनपुरी के लोगों ने चोरी गई जिप्सी का पता लगाकर पुलिस के सहयोग से बरामद करवा ली| उधर एक माह बीत जाने के बावजूद भी मैनपुरी पुलिस ने अभी तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है|

मैनपुरी थाना बेबर के ग्राम जलालपुर मानपुर निवासी स्वर्गीय नरेन्द्र राजपूत की पत्नी रेशमा देवी की जिप्सी नंबर DL 4 CA / 4618 २० जनवरी को घर के बाहर से गायब कर दी गयी थी| रेशमा के बेटे सतेन्द्र ने थाना मेरापुर के ग्राम देवसनी निवासी गोपाल बहनोई के सहयोग से आज पता लगा लिया कि जिप्सी क्रिश्चियन कालेज के निकट पहलवान गैरेज में है|

कादरीगेट चौकी इंचार्ज प्रमोद पाण्डेय ने दरोगा अनेक सिंह के सहयोग से गैरेज में छापा मारा| वहां जिप्सी के इंजन को खोला जा रहा था| पुलिस को देखकर गैरेज मालिक पहलवान भाग गया| जिप्सी को कोतवाली ले जाया गया|

शिक्षा मित्रों का नियुक्ति पूर्व प्रशिक्षण जुलाई से

फर्रुखाबाद, 25 फरवरीः स्नातक शिक्षा मित्रों को दो वर्षीय प्रशिक्षण देकर नियमित अध्यापक के तौर पर  नियुक्ति का निर्णय शासन स्तर से ले लिया गया है। प्रथम चरण में लगभग 62 हजार शिक्षा मित्रों को जुलाई माह से प्रशिक्षण दिये जाने की योजना है। राज्य सरकार पहले चरण में 62 हजार शिक्षा मित्रों को प्रशिक्षण देगी। इसके लिए पाठक्रम अप्रैल के आखिरी हफ्ते तक तैयार कर लिए जाएंगे और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद से मंजूरी के बाद जून तक प्रशिक्षण केंद्रों पर भेज दिए जाएंगे। ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर प्रशिक्षण देने की व्यवस्था अप्रैल तक पूरी कर ली है। पाठक्रम तैयार करने की जिम्मेदारी राज्य विज्ञान संस्थान, राज्य आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान और राज्य शिक्षण संस्थान इलाहाबाद को दी गई है।

विदित है कि प्रदेश में मौजूदा समय 1 लाख 76 हजार शिक्षा मित्र प्राथमिक स्कूलों में कार्यरत हैं। इनमें से 1लाख 24  हजार स्नातक शिक्षा मित्रों को दो साल का प्रशिक्षण देकर सहायक अध्यापक बनाया जाना है। शिक्षा मित्रों को प्रशिक्षण देने संबंधी कार्यक्रम को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) मंजूरी दे चुका है। जुलाई 2011 से पहले चरण में 62 हजार शिक्षा मित्रों का प्रशिक्षण दिये जाने की योजना है।