फर्रुखाबादः छात्र की पिटाई के मामले में जहानगंज क्षेत्र के मान्यता प्राप्त विद्यालय के विरुद्ध दर्ज मुकदमें में न्यायालय की ओर से जांच के आदेशों का अनुपालन न किये जाने से नाराज जज ने बीएसए के विरुद्ध जिलाधिकारी को पत्र लिख दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यायालय ने जिलाधिकारी लिखे पत्र में कहा है कि बेसिक शिक्षा अधिकारी को 7 मई तक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं, यदि सात तारीख को जांच रिपोर्ट न मिली तो उनके विरुद्ध कार्रवाई कर दी जायेगी।
शिक्षक नेता के स्कूल पर छापा, ताले लटकते मिले
फर्रुखाबाद, नगर शिक्षा अधिकारी जेपी पाल ने मंगलवार को प्रातः 7 बजकर 20 मिनट पर प्राथमिक पाठशाला नवदिया पर छापा मारा तो यहां स्कूल पर ताले लटकते मिले। विद्यालय में तैनात शिक्षक नेता संजय तिवारी व शिक्षा मित्र दोनों अनुपस्थित मिले। बेसिक शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के लिये रिपोर्ट भेजी गयी है।
विदित है कि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष संजय तिवारी को स्कूल समय में एसडीएम को ज्ञापन देने जाने के मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी कौशल किशोर ने नोटिस देने की घोषणा की थी। मंगलवार को ही नगर शिक्षा अधिकारी ने उनके स्कूल पर छापा मार दिया। मंगलवार से ही परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा प्रारंभ होनी थीं। परंतु निर्धारित 7 बजे के बीस मिनट बाद भी विद्यालय में ताले लटकते मिले। श्री पाल ने बताया कि इस आशय की रिपोर्ट बीएसए को भेज दी गयी है।
तहसील दिवस से अनुपस्थित आधा दर्जन का वेतन काटा
फर्रुखाबाद: एसडीएम अमृतपुर आरबी वर्मा ने तहसील दिवस पर अनुपस्थित आधा दर्जन अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।
मुख्या विकास अधिकारी व अपर जिलाधिकार की मौजूदगी में संपन्न तहसील दिवस अमृतपुर पर विद्युत अवर अभियंता शिवकुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी रामनरायन, प्रधान दुग्ध संघ अध्यक्ष ओपी सिंह, आर चंद्र प्रभारी यूपी स्टेट एग्रो, विनोद कुमार जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, हरपाल सिंह जिला गन्ना अधिकारी आदि अधिकारी अनुपस्थित रहे। उपजिलाधिकारी अमृतपुर आरबी वर्मा ने तहसील दिवस पर अनुपस्थित इन अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिख दिया है। पुलिस अधीक्षक ओपी सागर ने तहसील दिवस तथा थाना दिवस की शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिये।
इंटरमीडिएट के छात्रों के लिए अक्ल से बड़ी भैंस…
फर्रुखाबाद|| अक्ल बड़ी कि भैंस यह कहावत यहाँ बिलकुल सटीक बैठती है| अगर छोटे बच्चे गलती करें यह तो समझ में आता है लेकिन जब इंटरमीडिएट के छात्र ही बच्चों से भी गयी गुज़री हरकतें करें तो यह बात गले नहीं उतरती|
वाक्या कुछ ऐसा है कि इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में बोल-बोलकर करायी गयी नकल भी कापियां जांचने वाले गुरूओं की पैनी नजर से नहीं बच पा रही है। अंग्रेजी में भी बोल-बोलकर नकल के मामले एक-एक कर प्रकाश में आ रहे हैं। परीक्षार्थियों ने नक़ल के कारण जो सही उत्तर दिया था उसको काटकर गलत उत्तर पर सही का निशान ठोंक दिया|
जिले के ग्रामीण केंद्रों में बोल-बोलकर नकल का जो फंडा अपनाया गया वही फंडा कमोवेश पूर्वांचल के जिलों में भी खूब चला। अंग्रेजी परीक्षक डा.संजीव त्रिवेदी ने बताया कि कई प्रश्नोत्तर में सेंस सही है पर शब्दों की स्पेलिंग गलत है। SO की स्पेलिंग SHOW तथा SEE की SHE लिख दिया| अंग्रेजी के लेटर में एक केंद्र पर MY DEAR POOJA से सभी कापियों में पत्र की शुरुआत की गयी।
हिंदी में भी नकल चली। वीरकांत अग्निहोत्री कहते हैं कि वाचाल शब्द को सभी ने वाचार व बातूनी को बातून लिखा गया।
परिषदीय स्कूलों की परीक्षा: ब्लैक बोर्ड पर ही सवाल और जवाब दोनों
फर्रुखाबाद: मंगलवार से शुरू हुई परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा मखौल बनती नज़र आयी| अ अध्यापकों ने ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न और उत्तर लिख दिए और बच्चों को झुंड में बैठाकर कॉपियां। कुछ स्कूलों में तो यह औपचारिकता भी नहीं निभाई गयी| प्राथमिक पाठशाला बर्रा व भात्कुररी के तो ताले तक नहीं खुले|
बर्रा व भात्कुररी के तो ताले तक नहीं खुले
मंगलवार से शुरू हुई परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा ने सर्वशिक्षा अभियान की जमीनी हकीकत को सामने ला दिया है। अधिकांश विद्यालयों में ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न-उत्तर लिखकर बच्चों से कॉपियां लिखाकर परीक्षा की खानापूरी की जा रही है। गुरूजी से पूछा तो उलटे शिकायत करने लगे कि प्रश्नपत्र व परीक्षा पुस्तिकाएं तक विभाग ने उपलब्ध नहीं कराई हैं| शिक्षकों ने बताया कि किसी भी बच्चे को फेल न करने के निर्देश हैं। नगर क्षेत्र प्राथमिक विद्यालय भोलेपुर में झुंड बनाकर बैठे बच्चे ब्लैकबोर्ड पर लिखे प्रश्न-उत्तर कॉपी पर उतारने में मशगूल थे। विद्यालय में मौजूद अध्यापिका ने बताया कि कॉपियां बाजार से खरीदी हैं।
प्राथमिक विद्यालय बर्र्रा और भात्कुर्री में तो स्कूल के ताले तक नहीं खुले| कई विद्यालयों में तो अकेले शिक्षा मित्रों ने ही परीक्षा निबटाई|
बनिये की दूकान की तरह चलता मिला एआरटीओ दफ्तर
फर्रुखाबाद: मंगलवार को एआरटीओ में छापे के दौरान एसडीएम चंद्रप्रकाश उपाध्याय और सहायक लेखाधिकारे बेसिक शिक्षा साहित्य कटियार एक सरकारी कार्यालय को बनिये की तरह चलता देख कर हैरान रह गए। पत्रावलियों का रखरखाव व प्राप्ति रजिस्टर न होने पर भी उन्होंने नाराजगी जतायी।
सरकारी अभिलेखों की प्रमाणिकता सदिग्ध दिखी
जांच में एसडीएम और लेखाधिकारी खुद हैरान
जिलाधिकारी के निर्देश पर विगत १५ अप्रैल को एसडीएम चंद्रप्रकाश उपाध्याय ने छापा मार कर अनेक अनियमितताएं पकड़ी थीं| डीएम ने तीन दिन में जांच पूर्ण करने के निर्देश दिए थे| श्री उपाध्याय व श्री कटियार मंगलवार दोपहर एआरटीओ पहुंचे। उन्होंने वाहन पंजीयन पत्रावलियों की जांच कर कर्मचारियों से पूछताछ की। उन्होंने वाहन पंजीयन की नियमावली पूछकर पत्रावलियों की रिसीविंग पंजिका न होने पर नाराजगी जताई की। लिपिक अजय सिंह व मनोज शर्मा से उन्होंने पत्रावलियां मंगाकर जांच करने के बाद विभिन्न मामलों की जानकारी मांगी। जांच के दौरान प्रस्तुत रजिस्टर पर न तो प्रष्ठ संख्या अंकित थी और न ही वोह किसी अधिकार द्वारा प्रमाणित था| अधिकार यह देख कर हैरान रह गए कि साफ़ नज़र आरहा था कि रजिस्टर को खोल कर दुबारा सिला गया है| लिपिकों ने बताया कि नये पंजीकृत होनेवाले वाहनों का सभी कार्य कंप्यूटर से किया जाता है जबकि पुराने वाहनों का कार्य हाथ से होता है। पत्रावलियों की फीडिंग व साफ्टवेयर न आने से ऐसे ही कार्य हो रहा है। जांच के दौरान नाजिम शम्सी ने वर्ष 2003 में अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी होनेवाले ट्रक पर बकाया दिखाकर आरसी जारी करने की शिकायत की। उनका कहना था कि बकाया होने पर किसी वाहन की अनापत्ति जारी ही नहीं हो सकती है। इस संबंध में जब डिप्टी कलेक्टर ने जानकारी की तो सम्बंधित लिपिक के कानपुर जाने की सूचना दी गई। श्री उपाध्याय ने बताया कि जांच कल भी जारी रहेगी|
नगर परिक्रमा: वार्ड नंबर-29/ वर्षों से टूटी पड़ी है सड़क
वार्ड सभासद: विष्णु नारायण अरोरा
मोहल्ले: पल्ला तालाब, रायदीपचंद, मठिया देवी, रास्तोगियान, छक्कानाजिर कूंचा, बाग़ कूंचा, गढ़ी जदीद, इस्माइलगंज दुर्रानी, महावीरगंज प्रथम, महावीरगंज द्वितीय, जोगराज मोहल्ला, मोहल्ला चिंतामणि आदि|
फर्रुखाबाद: नगर पालिका चुनाव को नजदीक देखकर विकास के तमाम कामों को बेतरतीब ढंग से पूरा करने में जुटी नगर पालिका का ध्यान अभी तक जनता की उन समस्याओं की और नहीं जा रहा है जिसकी बजह से लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है|
बागकूंचा और गढ़ी जदीद के निवासी पिछले 15 वर्षों से टूटी हुई सड़क से इतने परेशान हो चुके हैं कि लोग अपने नसीब में ही कुछ खोट महसूस करने लगे हैं| मोहल्ला बागकूंचा निवासी अरविन्द व नारायण मिश्रा ने बताया कि पहले तो यह सड़क कोई बनवाने को राजी नहीं उस पर जैसे तैसे इसका टेंडर हो गया लेकिन जैसे ही बनने का नंबर आया ठेकेदार ही मर गया| ठेकेदार के मरने के बाद सड़क बनाने के लिए आयी निर्माण सामग्री को नगर पालिका ने वापस भरवा लिया|
मार्ग दुर्घटना में घायल दूसरे लेखपाल की भी मौत
फर्रुखाबाद: लगभग डेढ़ माह पूर्व ट्रक की टक्कर लगने से घायल लेखपाल आनंद व राजेश मिश्रा अमृतपुर तहसील से बाइक से आते समय घायल हो गए थे जिसमे लेखपाल राजेश की मौत हो गयी थी व गंभीर रूप से घायल आनंद कुमार को हायर सेंटर के लिए रिफर कर दिया गया था|
नगर के मोहल्ला कुचिया निवासी ४८ वर्षीय राजेश मिश्रा तहसील अमृतपुर के गुड़ेरा-अमैयापुर क्षेत्र में तैनात थे जबकि आवास विकास कालोनी ६बी/ ३३२ निवासी ४५ वर्षीय आनंद कुमार चपरा क्षेत्र में तैनात है| दोनों लेखपाल हीरो होंडा ग्लैमर बाइक नंबर यूपी ७६ के / ६०५३ से घर जा रहे थे|
मालूम हो कि लेखपाल सायं ६:३० बजे जमापुर मोड़ से गुजर रहे थे उसी समय सामने से आ रहे ट्रक नंबर एच आर ६४ / बी ०५०२ से कुचलकर राजेश की मौके पर ही मौत हो गई| पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया| एसओ अशोक कुमार पाण्डेय ने दोनों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया|
जबकि लेखपाल आनंद गंभीर अवस्था में रीजेंसी अस्पताल कानपुर भेजा गया था। वहां से इलाज कराने के बाद वह अपने घर लौट आये थे। मंगलवार सुबह लेखपाल आनंद की मौत हो गयी।
दबंगई में जूते की दुकान पर फायरिंग
फर्रुखाबाद: दबंगई को लेकर आज दिनदहाड़े रेटगंज बाजार में जूता व्यवसायी से अभद्रता, फायरिंग और उसके बाद पथराव किया। जिससे भगदड़ मचकर दहशत फ़ैल गयी|
शहर कोतवाली के मोहल्ला रेटगंज निवासी अरविंदकुमार गुप्त राजू की मकान के बाहर मुख्य मार्ग पर जूता की थोक की दुकान है। बीती देर रात उनकी दुकान से हरदोई के सवायजपुर निवासी जूता दुकानदार रामकिशोर माल खरीद कर ले गये जिन्होंने गत्तों को रिक्शे पर रखा हुआ था|
उसी समय रोडवेज बस स्टेशन पर रामकिशोर एवं रिक्शा चालक में किराये को लेकर विवाद हो गया। रिक्शा चालक कुछ दबंग लोगों को बुला कर ले आया। युवकों ने दुकानदार के साथ मारपीट की। इस जानकारी पर अरविंद गुप्त भी रोडवेज स्टेशन पहुंचे। उन्होंने दुकानदार का पक्ष लिया। इससे नाराज युवक आज अरविंदकुमार गुप्ता की दुकान पर आ गये और उन्हें पकड़कर खींचातानी करने लगे|
जिन्होंने कर्मचारी सुरजीत के साथ मारपीट कर दी। कर्मचारी ने जवाब में तलैया फजल इमाम के रिन्टू को धुन दिया। कुछ देर बाद रिन्टू अपने साथी अनीश व उसके भाई ईशान निवासी रेटगंज एवं शानू निवासी तलैया फजल इमाम आदि को लेकर पुन: दुकान पर आ गया। सुरजीत को पकड़कर खींचने का प्रयास करने पर अरविंद ने विरोध किया। इस पर अनीश व उसके साथियों ने तमंचे निकाल लिये व ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने से मुख्य मार्ग पर भगदड़ मच गयी। दबंग हमलावर तमंचे लहराते हुए चले गये।
अरविंद ने बताया कि उन्होंने छत पर चढ़कर जान बचायी। सूचना मिलने पर कोतवाली के एसएसआई घटनास्थल पहुंचे। एसएसआई सुनील दत्त ने बताया कि हमलावर शानू व उसके चारों साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तलाश में छापे मारे जा रहे हैं।
टैम्पो पलटने से आधा दर्जन घायल
फर्रुखाबाद: टेंपो पलटने से आधा दर्जन सवार घायल हो गए| घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के बाद लोहिया अस्पताल रिफर किया गया|
थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम कतरौली पट्टी के पास टेंपो संख्या यूपी ७४ / ई ८६९२ अनियंत्रित होकर पलट गया। टेंपो में बैठे आधा दर्जन लोग घायल हो गए। चालक टैम्पो व घायलों को तड़पता छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया।
गंभीर रूप से पड़ोसी जिला कन्नौज थाना कमालगंज के ग्राम अल्मापुर निवासी सुखरानी पत्नी रामबख्श को सामुदायिक स्वास्थ्यकेंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने के कारण सुखरानी को लोहिया अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। अन्य घायलों को निजी चिकित्सक के पास गुरसहायगंज ले गये। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टेंपो को थाने ले आयी।




