Home Blog Page 54

क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन,नोएडा के यथार्थ अस्पताल में ली अंतिम सांस

0

लखनऊ:भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह ने आज नोएडा के यथार्थ अस्पताल में अंतिम सांस ली,वह स्टेज-4 लिवर कैंसर से पीड़ित थे और पिछले कुछ समय से उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी| उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। उनकी सेहत लगातार बिगड़ती जा रही थी। पिता की खबर मिलने पर टी-20 विश्वकप के दौरान टीम का प्रैक्टिस सेशन छोड़कर मंगलवार को रिंकू घर लौट आए थे।इस दुखद क्षण में खेल जगत और प्रशंसक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

राशन घोटाले की शिकायत पर कार्रवाई, दो शिक्षक निलंबित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सर्विलियन विद्यालय कुम्हरौर में कोरोना काल के दौरान छात्रों के लिए आए राशन में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में जिलाधिकारी को आख्या भेजते हुए की गई कार्रवाई से अवगत कराया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा 26 फरवरी 2026 को भेजे गए पत्र के अनुसार अमृतपुर के ग्राम कुम्हरौर निवासी शिकायतकर्ता हिमानी सिंह ने आईजीआरएस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक मृदुल कुमार सक्सेना पर कोरोना काल में छात्रों के लिए प्राप्त राशन में घोटाले की जांच न किए जाने का आरोप लगाया था।
शिकायत की जांच के बाद विभागीय नियमों और निर्देशों का पालन न करने, पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने तथा कर्मचारी आचरण नियमावली 1956 के विपरीत आचरण पाए जाने पर प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए सहायक अध्यापक मृदुल कुमार सक्सेना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उन्हें प्राथमिक विद्यालय कडहर, विकास क्षेत्र राजेपुर में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही सहायक अध्यापक अतेन्द्र सिंह को भी प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर निलंबित करते हुए प्राथमिक विद्यालय हीरा नगर, विकास क्षेत्र राजेपुर में संबद्ध किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिलाधिकारी को भेजी आख्या में अनुरोध किया है कि विभाग द्वारा की गई कार्रवाई का अवलोकन कर शिकायत का निस्तारण कराया जाए। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को विद्यालयों में वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कदम माना जा रहा

टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन, विद्यालय समय में धरना पर उठे सवाल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय परिसर में शिक्षकों ने विशाल धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अवनीश चौहान ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री राजकिशोर शुक्ल एवं राकेश यादव ने संयुक्त रूप से किया।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने टीईटी अनिवार्यता को “काला कानून” बताते हुए सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की। आंदोलनरत शिक्षकों ने नारेबाजी करते हुए बीएसए कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें शिक्षकों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की गई। नगर मजिस्ट्रेट भी धरना स्थल पंहुचे|
धरना-प्रदर्शन में पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अभिनेता मिश्रा, जिला मंत्री वीरेंद्र त्रिवेदी, महिला शिक्षक संघ की जिला अध्यक्ष अलका कौशल, जिला मंत्री सीता यादव सहित अमित मिश्रा, मुन्ना लाल यादव, डॉ. देवेंद्र यादव, राजेश कुमार यादव, श्याम सिंह, जितेंद्र यादव, नीरज सक्सेना, निर्देश गंगवार, अश्विनी चतुर्वेदी, सुशील माथुर, डॉ. उपेंद्र गंगवार, अमित कुमार, इसरार अहमद, शाहिद गौरी खान, शकील अहमद, मुफीद, आमिर, उजैर, अरविन्द यादव, केपी सिंह, राघवेन्द्र, देवेश, अनुराग, राहुल गंगवार, पवन गुप्ता, श्याम जी शुक्ल, मनोज वर्मा, ओम सिंह, गजेंद्र सिंह, अनुराग पांडेय, विजय कनौजिया, विनोद पाठक, राजीव, विपिन सिंह, सत्यभामा राठौर, अर्चना शुक्ला, अनुपम मिश्रा, फारिया, समरा, अर्चना, अंजू, सुनीता, लीना, आरती, प्रीती, ममता सहित हजारों शिक्षक मौजूद रहे।
वहीं, इस प्रदर्शन को लेकर सवाल भी खड़े होने लगे हैं। बताया गया कि परिषदीय विद्यालयों का समय दोपहर तीन बजे तक निर्धारित है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में शिक्षक दोपहर करीब एक बजे ही बीएसए कार्यालय पहुंच गए और धरना-प्रदर्शन में शामिल हो गए। विद्यालय समय के दौरान शिक्षकों की मुख्यालय पर मौजूदगी को लेकर शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की मौजूदगी में चलता रहा, लेकिन विद्यालय समय में शिक्षकों के एकत्र होने को लेकर किसी प्रकार की पूछताछ या कार्रवाई नहीं की गई। इससे प्रशासनिक सख्ती और शैक्षणिक अनुशासन को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दो चौकी प्रभारी सहित आठ उपनिरीक्षकों के तबादले

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ द्वारा गुरुवार को आठ उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण किए गए।
उपनिरीक्षक यतेन्द्र सिंह को प्रभारी चौकी नीबकरोरी थाना मोहम्मदाबाद से प्रभारी चौकी बजरिया थाना मऊदरवाजा भेजा गया है। वहीं उपनिरीक्षक लछिमन सिंह को प्रभारी चौकी बजरिया थाना मऊदरवाजा से प्रभारी चौकी नीबकरोरी थाना मोहम्मदाबाद स्थानांतरित किया गया है।उपनिरीक्षक विमल कुमार को पुलिस लाइन से थाना कमालगंज, उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद वर्मा को पुलिस लाइन से थाना राजेपुर तथा उपनिरीक्षक विद्यासागर तिवारी को पुलिस लाइन से थाना कादरीगेट भेजा गया है।उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह को पुलिस लाइन से थाना नवाबगंज, उपनिरीक्षक शकील अहमद को पुलिस लाइन से थाना जहानगंज तथा उपनिरीक्षक श्रीनाथ तिवारी को भी पुलिस लाइन से थाना जहानगंज में नई तैनाती दी गई है।

विकास व कानून व्यवस्था की समीक्षा, लाभार्थियों को सौगातें

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में कृषि विभाग के सौजन्य से श्यामचरण (भूलनपुर चिरपुरा, कमालगंज) एवं प्रदीप कुमार (जिठौली, राजेपुर) को 10 लाख रुपये मूल्य के कस्टम हायरिंग सेंटर की चाबी प्रदान की गई, जिस पर 4 लाख रुपये की सब्सिडी मिलती है। इसके बाद मत्स्य विभाग के लाभार्थी को मोपेड की चाबी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तहत 5 लाभार्थियों को ट्राई साइकिल वितरित की गई।
प्रभारी मंत्री ने पर्यटन विभाग द्वारा तैयार फर्रूखाबाद के पर्यटन स्थलों का गाइड मैप जारी किया। इस दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मंत्री को हर्बल गुलाल भेंट किया। स्किल इंडिया प्रतियोगिता 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आईटीआई फर्रूखाबाद के छात्रों को 2 स्वर्ण व 1 रजत पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 2 लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी गई।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 226 स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि रेनू व रूपा को 5.65 लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। बाबा साहब अम्बेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना (वित्तीय वर्ष 2025-26) के 5 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
सोलर पंप के लिए चयनित 3 लाभार्थियों, वृद्धावस्था पेंशन के 5 लाभार्थियों तथा उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के 2 बच्चों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के 5 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 5 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए तथा कृषि विभाग द्वारा 5 किसानों को मूंग बीज मिनी किट प्रदान की गई।
समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
मंत्री ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को कार्यप्रणाली सुधारने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी को पंचायती राज विभाग के 15वें वित्त आयोग में बी रैंक आने पर स्वयं पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए।
विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि ने कन्या सुमंगला योजना के प्रचार-प्रसार की कमी की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इटावा-बरेली हाईवे की पुनः जांच के लिए कमेटी गठित करने तथा कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने बताया कि पर्यटन विभाग “नींव करौरी सर्किट” विकसित करने जा रहा है, जो लखनऊ व दिल्ली से जुड़ा होगा और क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, जिलाध्यक्ष भाजपा फतेहचंद वर्मा, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बीएन. राव की जयंती पर संगोष्ठी, योगदान को याद किया

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) ढ़िलावल में राष्ट्रवादी ब्रह्म महासभा के बैनर तले भारत के संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बीएन. राव (बेनगल नरसिंह राव) की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
वक्ताओं ने कहा कि बीएन. राव ने भारतीय संविधान के प्रारूप तैयार करने में महत्वपूर्ण बौद्धिक योगदान दिया था। उन्होंने विभिन्न देशों के संविधानों का अध्ययन कर प्रारंभिक मसौदा तैयार किया, जिसने आगे चलकर संविधान सभा की चर्चाओं का आधार बनाया। वक्ताओं का मत था कि समय के साथ वोट बैंक की राजनीति के चलते उनके योगदान को अपेक्षित पहचान नहीं मिल सकी।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने संकल्प लिया कि प्रत्येक वर्ष 26 फरवरी को बी. एन. राव का जन्म दिवस विधिवत रूप से मनाया जाएगा और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। जिलाध्यक्ष अमन दुबे, जिला महासचिव अभिषेक दुबे, जिला उपाध्यक्ष अनुज दुबे, जिला युवा अध्यक्ष सचिन द्विवेदी, नगर अध्यक्ष शुभ दीक्षित तथा जिला संरक्षक मंडल के सदस्य अशोक मिश्रा, विजय शुक्ला, सतीश शुक्ला और विजय त्रिपाठी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र निर्माण में बौद्धिक योगदान देने वाले महापुरुषों को याद रखने का आह्वान किया।

घर के भीतर पड़े मिले वृद्ध दम्पत्ति के शव, हत्या की आशंका

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) क्षेत्र के मोहल्ला कूचा गंगा दरवाजा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक वृद्ध दंपति के शव उनके ही घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े मिले।
मृतकों की पहचान 70 वर्षीय पुरुषोत्तम कौशल और उनकी 65 वर्षीय पत्नी पुष्पा कौशल के रूप में हुई है। दोनों के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले। पुरुषोत्तम कौशल का शव बेड पर पड़ा था, जबकि उनकी पत्नी पुष्पा कौशल का शव आंगन में मिला। घर के अंदर का सामान भी बिखरा पड़ा था, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह पुष्पा देवी ने घर में झाड़ू लगाई थी। करीब एक बजे दूध देने आया दूधिया जब पहुंचा तो घर का गेट अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर उसने अंदर झांककर देखा तो वृद्धा आंगन में पड़ी दिखाई दी। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने दल-बल के साथ पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

दो ट्रैक्टरों की भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) इटावा-बरेली हाई-वे पर देर रात दो ट्रैक्टरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम हरकमपुर निवासी 28 वर्षीय धीरेंद्र कुमार उर्फ धीरू पुत्र अवधेश सिंह अपने साथियों 23 वर्षीय दीपक पुत्र रामवीर सिंह तथा सुखेंद्र पुत्र प्रेम सिंह के साथ ट्रैक्टर पर आलू लादकर फर्रुखाबाद स्थित एसआर कोल्ड स्टोरेज जा रहे थे। बताया गया है कि जब उनका ट्रैक्टर इटावा–बरेली हाईवे पर पीपर गांव चौराहे से लगभग 100 मीटर आगे पहुंचा, तभी सामने से तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि धीरेंद्र कुमार और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को निजी वाहन से डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने धीरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल दीपक की हालत नाजुक होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है। मृतक धीरेंद्र कुमार आठ भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की मां मुन्नी देवी, पत्नी वंदना, चार वर्षीय पुत्री कशिश और दो वर्षीय पुत्र वंश का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हाईवे बना ‘मौत का खेल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इटावा–बरेली हाईवे पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते हादसे हो रहे हैं। कई परिवार अपने घर का चिराग खो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और प्रभावी यातायात व्यवस्था की मांग की है।

होली पर 4 मार्च को शराब दुकानें बंद रहेंगी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) होली पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जनपद में शराब बिक्री पर एक दिन की पूर्ण बंदी का आदेश जारी किया है। जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष कुमार द्विवेदी ने 4 मार्च को जनपद की सभी देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, कम्पोजिट शॉप, मॉडल शॉप, भांग, ताड़ी तथा सैन्य कैंटीनों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि बंदी के कारण अनुज्ञापियों को किसी प्रकार का प्रतिफल देय नहीं होगा। आदेश के अनुपालन के लिए पुलिस अधीक्षक, अपर जिला मजिस्ट्रेट, सभी उपजिलाधिकारी तथा जिला आबकारी अधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आबकारी निरीक्षकों को कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के टूर पर उठे सवाल, अधिकतर छात्राओं में निराशा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के कमालगंज, राजेपुर, शमशाबाद, कायमगंज और नवाबगंज में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं के आईआईटी कानपुर शैक्षणिक भ्रमण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विभाग द्वारा ड्रॉप आउट छात्राओं को बाहरी शैक्षणिक माहौल से जोड़ने और उच्च शिक्षण संस्थानों की जानकारी देने के उद्देश्य से टूर आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। सूत्रों के अनुसार पांचों विद्यालयों के इस भ्रमण कार्यक्रम पर करीब सात लाख रुपये खर्च होने की चर्चा है।
बुधवार को शमशाबाद और कायमगंज विद्यालय की लगभग डेढ़ सौ छात्राओं को चार बसों से आईआईटी कानपुर के लिए रवाना किया गया। बताया गया कि बसों को बीएसए कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर भेजा गया। हालांकि यात्रा के दौरान छात्राओं को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल सकीं। कई छात्राओं को चाय-नाश्ता नहीं मिल पाया, जबकि रास्ते में केवल आधा लीटर पानी की बोतल और छोटा नमकीन पैकेट दिया गया। बाद में लंच बॉक्स वितरित किया गया तथा एक ढाबे पर भोजन की व्यवस्था कराई गई।
आईआईटी परिसर में छात्राओं ने करीब दो घंटे तक शिक्षकों से संवाद किया और संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। देर शाम छात्राएं वापस लौटीं, जहां रास्ते में एक बार फिर भोजन कराया गया। इस दौरान चर्चा यह भी रही कि जिस विद्यालय की छात्राएं टूर में शामिल नहीं थीं, उस विद्यालय की लेखाकार भ्रमण पर जाती देखी गईं। हालांकि संबंधित कर्मी फोटो और वीडियो से दूरी बनाती नजर आईं।
गुरुवार को अन्य विद्यालयों की छात्राओं को भी टूर पर भेजे जाने की सूचना दी गई थी, जिससे छात्राएं देर रात तक तैयारी करती रहीं। लेकिन सुबह अचानक कार्यक्रम स्थगित होने की जानकारी मिलने पर छात्राओं में भारी निराशा फैल गई। सूत्रों के मुताबिक टूर के खर्च और व्यवस्थाओं को लेकर वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। वहीं जिला समन्वयक बालिका शिक्षा सुनील सिंह ने बताया कि अब शेष विद्यालयों की छात्राओं का टूर होली के बाद भेजा जाएगा।