Home Blog Page 53

सातनपुर मंडी में आलू के दामों में 70 रुपये का उछाल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर मंडी में आलू के भाव में लगभग 70 रुपये प्रति कुंतल की तेजी दर्ज की गई। सुबह से ही मंडी में खरीद-फरोख्त का माहौल सक्रिय रहा और दामों में उछाल देखने को मिला।
मंडी में निबल आलू 301 से 401 रुपये प्रति कुंतल बिका। सामान्य छट्ठा 401 से 501 रुपये प्रति कुंतल के बीच रहा। सुपर साउथ क्वालिटी 501 से 601 रुपये प्रति कुंतल में बिकी। 3797 व चिप्सोना किस्म 601 से 701 रुपये प्रति कुंतल तक पहुंची। हालैंड आलू की बात करें तो यह 701 से 851 रुपये प्रति कुंतल में ज्यादातर बिका।
आज मंडी में लगभग 125 मोटर आलू की आमद रही। दामों में आई तेजी से किसानों के चेहरे खिले नजर आए, जबकि व्यापारियों ने भी बेहतर उठान की बात कही। मंडी में दिन भर आवक और बिक्री का क्रम जारी रहा।

हादसे का इंतजार! हाई टेंशन लाइन का नही ठीक हुआ झूल रहा तार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) हाई टेंशन लाइन का तार मौत बनकर झूल रहा है और बिजली विभाग हादसे का इंतजार कर रहा है | जानकारी के बाद भी कोई कार्यवाही नही हुई, यदि कोई दुर्घटना होती है तो फिर जिम्मेदारी किसकी होंगी ? दरअसल विकास खंड बढ़पुर के ग्राम विजाघरपुर में प्राथमिक विद्यालय के निकट हाई-टेंशन लाइन निकली है, जिसका एक तार निर्धारित ऊँचाई से काफी नीचे मौत बनकर झूल रहा है | इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों कों दी गयी लेकिन उसके बाद भी तार कों दुरस्त नही किया गया | लिहाजा गाँव के बाशिंदो पर लगातार खतरा बना हुआ है | तार के ठीक नीचे सरकारी नलकूप है जिसमे ग्रामीण नहाने के लिये अक्सर आते है| लगातार झूल रहे खतरे कों ठीक करने की जहमत नही उठाई गयी |अधीक्षण अभियंता यादवेन्द्र सिंह नें जेएनआई कों बताया की हाई टेंशन लाइन का तार यदि झूल रहा है तो खतरा है, उसे जल्द ठीक कराया जायेगा|

मंडी में आलू की कीमतों में गिरावट, 140 मोटर आवक

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों )सातनपुर मंडी में आलू की बिक्री नरम रुख के साथ हुई। सुबह के समय बिकवाली सुस्त रही, लेकिन दोपहर बाद बाजार में रौनक बढ़ी और खरीद-फरोख्त की स्थिति सुधर गई।
मंडी में निबल चेचक आलू 201 से 251 रुपये प्रति कुंतल बिका। गड्ड का भाव 321 से 381 रुपये प्रति कुंतल रहा। सामान्य छट्ठा 381 से 471 रुपये प्रति कुंतल और सुपर छट्ठा साउथ क्वालिटी 471 से 541 रुपये प्रति कुंतल में बिकी। हालैंड आलू के दाम 681 से 751 रुपये प्रति कुंतल तक रहे। ज्यादातर बिक्री मध्यम और बेहतर गुणवत्ता के आलू में दर्ज की गई।
आज मंडी में लगभग 140 मोटर आलू की आवक रही, जिससे बाजार में पर्याप्त आपूर्ति बनी रही। उधर जनपद के कोल्ड स्टोरेजों में भंडारण का कार्य तेजी से जारी है और अब तक लगभग 35 से 40 प्रतिशत तक भंडारण हो चुका है। वहीं खेतों में आलू की खुदाई का कार्य लगभग 70 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है, जिससे आने वाले दिनों में मंडी में आवक और बढ़ने की संभावना है।

बाबा महा मंगलेश्वर द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम में सत्रहवां वार्षिक उत्सव आरंभ

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नगर के प्राचीन मंदिर बाबा महा मंगलेश्वर द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम, पुराना कोठा पार्चा छोटी काशी में सत्रहवां वार्षिक उत्सव बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रारंभ हुआ। प्रथम दिवस विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
उत्सव के पहले दिन श्री रामचरितमानस का अखंड पाठ प्रारंभ हुआ तथा श्रीराम राज्याभिषेक, हवन-पूजन और सुंदरकांड का पाठ विधिवत संपन्न कराया गया। बाबा श्री महा मंगलेश्वर नाथ एवं द्वादश ज्योतिर्लिंगों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विद्वान पंडितों एवं भक्तों द्वारा रुद्राभिषेक किया गया। इसके उपरांत दिव्य श्रृंगार पूजन और महाआरती में श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
धार्मिक अनुष्ठान के आचार्य पंडित मनोज अग्निहोत्री एवं मोहित त्रिवेदी ने बताया कि भगवान शिव के रुद्राभिषेक को करने, देखने और श्रवण करने मात्र से प्राणी को आध्यात्मिक सुख एवं समृद्धि की प्राप्ति होती है। शिव की कृपा दृष्टि से जीवन में शांति और मंगल का संचार होता है।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में सागर भारद्वाज, आयुषी भारद्वाज, रामजी बाजपेई, रामा बाजपेई, नपेंद्र एवं अंजू, निर्दोष शुक्ला, अलका शुक्ला, अपराजिता, कृष्णा, अर्पण, रजत अग्रवाल, सुशील एवं निधि शुक्ला, श्री ओम शुक्ला, रामकुमार अवस्थी, शुभाशीष, अभिषेक, प्रमोद द्विवेदी एवं लक्ष्मी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। आयोजन समिति के योगेश मिश्रा, मनोज मिश्रा, गौतम भदौरिया, दीपक मिश्रा, सौरभ भदौरिया एवं आदेश राजपूत सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभाला। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और “हर हर महादेव” के जयघोष से क्षेत्र गूंज उठा।

i

कुलवंती अस्पताल सील,पांच और अस्पतालों पर भी कार्यवाही

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मसेनी चौराहा स्थित कुलवन्ती अस्पताल में इटावा जनपद की एक महिला की मृत्यु के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की।
राखी पत्नी शिवकान्त निवासी मोहरी, उसराहार जनपद इटावा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। घटना के समय अस्पताल में परिजन एवं पुलिस कर्मी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई अव्यवस्थाएं पाई गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भर्ती मरीजों को राजकीय एम्बुलेंस की सहायता से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद कुलवन्ती अस्पताल को सील कर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए डा० रंजन गौतम, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। इसी क्रम में मसेनी चौराहा क्षेत्र स्थित नारायण अस्पताल, स्वास्तिक अस्पताल, महालक्ष्मी हॉस्पिटल, गणेश हॉस्पिटल एवं बी०के० हॉस्पिटल पर भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है। सीएमओ डॉ.अवनीन्द्र कुमार का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी|

बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र में कस्बा के निकट दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार राजेपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार 38 वर्षीय कमलेश पुत्र नेपाल निवासी सेमर झाला, थाना पाली, जिला हरदोई अमृतपुर की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह परतापुर में अपनी मामी की होली उठाने जा रहे थे। उधर, नगला हुषा निवासी शिवम पुत्र गंगा बक्स अमृतपुर से अपने घर नगला हुषा की ओर जा रहे थे। कस्बा अमृतपुर के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आम के बाग में मिला युवती का शव, हत्या की आशंका

फर्रुखाबाद:( कायमगंज संवाददाता)कायमगंज रेलवे स्टेशन के निकट ग्राम श्याम नगर मझोला क्षेत्र स्थित अथर खां के आम के बाग में एक लगभग 28 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव आम के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई, जिससे मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी, इंस्पेक्टर आमोद कुमार व कस्बा चौकी प्रभारी सोमवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य एकत्र किए।
गला घोंटकर हत्या की आशंका
युवती के गले पर कसाव का निशान पाया गया तथा जीभ बाहर निकली हुई थी, जिससे प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। युवती ने लाल रंग का स्वेटर, गुलाबी-सफेद कुर्ता और नीले रंग का प्रिंटेड लोअर पहन रखा था। एक पैर में चप्पल थी जबकि दूसरी चप्पल पास में पड़ी मिली। पैरों में बिछिया, हाथ में प्लास्टिक के कड़े, चांदी की अंगूठी तथा बालों में आर्टिफिशियल जूड़ा लगा हुआ था। रंग गेहुआ बताया गया है। पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और कर शव को बाग में लाकर साक्ष्य छुपाने का प्रयास किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और कोतवाली पुलिस को शीघ्र घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मीडिया को बताया कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी रेलवे क्रॉसिंग के निकट स्थित आम के बाग में एक महिला का कंकाल बरामद हुआ था। वहीं, बीते दिनों नगर में दिनदहाड़े वृद्ध दंपति की हत्या की गुत्थी भी अभी तक नहीं सुलझ सकी है। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है।

मैंने अपने जीवन में केवल ईमानदारी कमाई,आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार:अरविन्द केजरीवाल

0

नई दिल्ली:दिल्‍ली के पूर्व मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राज्‍य सरकार सरकार द्वारा लागू की गई नई आबकारी नीति में हुए कथित भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई ने जो केस दायर किया था,आज उसमें जांच एजेंसी को बड़ा झटका लगा है।कोर्ट ने इस मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया है।जिसके बाद मीडिया से बात करते हुए अरविंद केजरीवाल रो पड़े। रोते-रोते उन्होंने कहा कि मैं भ्रष्ट नहीं हूं, मैं कट्टर ईमानदार हूं, मैंने जिंदगी भर ईमानदारी कमाई है और यह केस फर्जी था।केजरीवाल कट्टर ईमानदार है। मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है। आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है।

दिल्ली शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत 23 आरोपी बरी

डेस्क:आबकारी नीति से जुड़े सीबीआइ मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत सभी 23 आरोपितों को बरी कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि रिकॉर्ड पर ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं है, जिससे प्रथमदृष्टया आपराधिक साजिश या आपराधिक मंशा सिद्ध होती हो।

विशेष न्यायाधीश (पीसी एक्ट) जितेंद्र सिंह ने आदेश में कहा कि अभियोजन पक्ष की कहानी न्यायिक परीक्षण में टिक नहीं सकी। जांच एजेंसी ने साजिश का एक ढांचा प्रस्तुत करने की कोशिश की, लेकिन वह अनुमान और अटकलों पर आधारित पाया गया। अदालत के अनुसार किसी व्यापक आपराधिक षड्यंत्र या गलत इरादे का प्रमाण उपलब्ध नहीं है और आरोप तय करने के लिए पर्याप्त आधार नहीं बनता |

डिलीवरी के एक सप्ताह बाद महिला की मौत, अस्पताल में परिजनों का हंगामा

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र के लकूला रोड स्थित कुलवंती हॉस्पिटल में शुक्रवार तड़के एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय राखी पत्नी शिवाकांत कश्यप, निवासी माहुरी थाना ऊसराहार जनपद इटावा, की एक सप्ताह पूर्व इसी अस्पताल में डिलीवरी हुई थी, जिसमें उसने एक पुत्र को जन्म दिया था। परिजनों के मुताबिक राखी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस पर चिकित्सक को फोन कर सूचना दी गई। आरोप है कि डॉक्टर ने महिला को तत्काल अस्पताल लाने की बात कही।
परिजन राखी को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई गौरव व अभिषेक पुत्र रामलखन तथा मां सावित्री देवी निवासी डिग्गी लाल ने आरोप लगाया कि गलत उपचार के कारण राखी की जान गई है। इसी बात से नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।
सूचना मिलते ही थाना कादरी गेट के प्रभारी निरीक्षक कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर तक मृतका की बहन कविता का पुलिस से विवाद होता रहा।
घटना की जानकारी पर मुख्य चिकित्साधिकारी अवनीन्द्र कुमार, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कराई। परिजनों ने बताया कि राखी की शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी चार वर्ष की एक पुत्री सुकृति भी है। नवजात पुत्र के जन्म के एक सप्ताह बाद ही मां की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।