Home Blog Page 52

‘रंग बरसे’ की धुन पर किन्नर समुदाय ने दी होली की बधाई, बाजारों में छाया उत्साह

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) होली के पावन पर्व पर नगर में रंग और उमंग की अनूठी छटा देखने को मिली। “रंग बरसे चुनरवाली रंग बरसे” की धुन पर किन्नर समुदाय के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ नृत्य और गायन प्रस्तुत कर वातावरण को रंगमय बना दिया।
होली के अवसर पर किन्नर समुदाय द्वारा बधाई देने की परंपरा का विशेष महत्व माना जाता है। इस अवसर पर किन्नर गुरु रंगोली और बबली गुरु अपने चेलों के साथ विभिन्न बाजारों और प्रतिष्ठानों पर पहुंचे। ढोलक की थाप और गीतों की स्वर लहरियों के बीच उन्होंने लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।
किन्नर गुरु ने अपने समाज की ओर से कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। उन्होंने सभी को संदेश देते हुए कहा, “होली की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान आप सभी को सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें।” बाजार में मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने भी खुशी-खुशी नेग देकर किन्नर समुदाय का स्वागत किया और उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और रंगों के साथ खुशियों की बरसात होती रही।

ई-रिक्शा और कार की टक्कर में आधा दर्जन घायल, मौके पर लगा जाम

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र के पांचाल घाट रोड स्थित चांदपुर के पास रविवार सुबह लगभग 7 बजे ई-रिक्शा और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा में सवार बच्चों सहित करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों वाहन चालकों के बीच विवाद हो गया, जिससे करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवक राम पुत्र फौजदार निवासी अकाल गंज, फर्रुखाबाद बस स्टॉप से जमापुर के लिए ई-रिक्शा में सवारियां भरकर जा रहे थे। चांदपुर के पास सामने से आ रही कार को ओवरटेक करने के दौरान ई-रिक्शा की टक्कर कार से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और ई-रिक्शा में बैठी सवारियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को दूसरे ई-रिक्शा से उपचार के लिए रवाना किया। वहीं दोनों वाहन चालक एक-दूसरे को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आपस में भिड़ गए। उनके समर्थकों के पहुंचने पर कहासुनी और गाली-गलौज भी हुई, जिससे सड़क पर जाम लग गया।
करीब आधे घंटे तक पुलिस के मौके पर न पहुंचने से यातायात बाधित रहा। बाद में स्थानीय लोगों ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

श्री महा मंगलेश्वर नाथ द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम में सुन्दर कांड का आयोजन

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) नगर के प्राचीन मंदिर श्री महा मंगलेश्वर नाथ द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम, पुराना कोटा पार्चा में वार्षिक उत्सव के अवसर पर श्री सुंदरकांड पाठ समिति, चिंतामणि द्वारा मानव कल्याण की कामना के साथ सुंदरकांड का भव्य आयोजन किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
कलयुग में भगवान हनुमान जी की उपासना को सर्वश्रेष्ठ बताते हुए समिति के व्यवस्थापक घनश्याम वाजपेई ने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं है जो हनुमान जी की कृपा से सिद्ध न हो सके। उन्होंने चौपाई उद्धृत करते हुए कहा—
“कवन सो काज कठिन जग माही, जो नहीं होई तात तुम पाही।” इसी महामंत्र के साथ श्रद्धालुओं के कल्याण की भावना से त्रिदिवसीय कार्यक्रम में भगवान शिव के रुद्र अवतार हनुमान जी की उपासना की गई। कार्यक्रम के अंत में हनुमान जी का भव्य एवं दिव्य श्रृंगार, छप्पन भोग तथा महाआरती संपन्न हुई। इसके उपरांत महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
वार्षिक उत्सव में योगेश मिश्रा, मनोज मिश्रा, निर्मल दीक्षित, प्रशांत सिंह, घनश्याम वाजपेई, अशोक वर्मा, कमलेश दीक्षित, अनूप मिश्रा, नागेश अग्निहोत्री, पवन गुप्ता, रविंद्र भदौरिया एवं अनुराग पांडे ने संगीत के साथ सुंदरकांड का पाठ किया। इस अवसर पर रामजी वाजपेई, ओम शुक्ला, रामवीर गौतम भदौरिया, नीरज सक्सेना, स्वदेश, दिनेश मिश्रा, शिव आशीष, सागर भारद्वाज, प्रमोद द्विवेदी, दीपक शुक्ला, रजत अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु सेवा कार्य में सक्रिय रहे।
पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।

युवक के शव की चार दिन बाद हुई पहचान, फिरौती कॉल से मामला संदिग्ध

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र में बहने वाली रामगंगा नदी के महेशपुर घाट पर मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान चार दिन बाद हो गई। परिजनों ने रविवार को कपड़ों और साथ मिले सामान के आधार पर शव की शिनाख्त की।
शनिवार को ग्रामीणों ने नदी में एक शव तैरता हुआ देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर राजेपुर थानाध्यक्ष सुदेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकलवाया। उपनिरीक्षक आशुतोष ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था।
रविवार सुबह करीब 11 बजे हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र के आंझी निवासी अशोक सिंह राजेपुर थाने पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अपने 20 वर्षीय पुत्र अभय प्रताप सिंह के रूप में की। अशोक सिंह ने बताया कि अभय 24 फरवरी को सुबह आठ बजे सीतापुर स्थित अपनी ननिहाल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। उसी दिन एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इसके बाद 25 फरवरी को मझिला थाने में अभय की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। परिजनों के अनुसार, अभय का एक छोटा भाई अंश है और मां का नाम संध्या देवी है। थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिरौती कॉल के पहलू को भी गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है।

टेंपो में छूटा जेवरात व नकदी से भरा बैग, चालक पर लौटाने से इंकार का आरोप

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कादरीगेट थाना क्षेत्र के सातनपुर निवासी सीता पत्नी कलेक्टर ने मोहम्मदाबाद थाने में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर टेंपो चालक पर बैग वापस न करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार 26 फरवरी को वह थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के तकीपुर गांव स्थित अपनी बहन के घर से सुबह लगभग 11:45 बजे टेंपो से मोहम्मदाबाद आई थीं। यात्रा के दौरान उनका पालीथीन में रखा बैग टेंपो में ही छूट गया।
सीता ने बताया कि बैग में लगभग 20 हजार रुपये नकद, सोने के झाले, सोने का पेंडिल तथा चांदी का कमरकंद रखा हुआ था। बैग छूटने की जानकारी होने पर उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजनों द्वारा संपर्क करने पर टेंपो चालक ने पहले सामान लौटाने की बात कही, लेकिन बाद में देने से इंकार कर दिया। कोतवाली मोहम्मदाबाद के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़िता का प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के उपरांत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तीन डग्गामार बसें सीज, दो स्कूल बसों का चालान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शनिवार को जनपद में डग्गामार बसों के खिलाफ सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने एआरएम रोडवेज राजेश कुमार के साथ संयुक्त रूप से दिल्ली से आने वाली बसों की जांच की। चेकिंग के दौरान एक बस बिना परमिट संचालित पाई गई, जिस पर 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त दो अन्य बसों में भी विभिन्न कमियां मिलने पर 64 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। तीनों बसों को सीज कर दिया गया।
नवाबगंज क्षेत्र में दो स्कूल बसों की भी जांच की गई। इनमें से एक बस बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाई गई, जबकि दोनों बसें बिना परमिट चल रही थीं। इन पर कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के बाद बसों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के फर्रुखाबाद बस स्टेशन पर निरुद्ध कर दिया गया। आज की कार्रवाई में परिवहन विभाग द्वारा कुल 1.69 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व को देखते हुए जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

सरसों के खेत में मिली नवजात बच्ची, पुलिस ने अस्पताल भिजवाया

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर सरसों के खेत में एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी मिलने से हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार राई गांव निवासी सिद्धार्थ पुत्र धीरेन्द्र ने डायल 112 पर लगभग 12:30 बजे सूचना दी कि उसके सरसों के खेत में एक नवजात बच्ची पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और थाना राजेपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि खेत में एक नवजात बच्ची लावारिस अवस्था में पड़ी है। बच्ची को तत्काल डायल 112 वाहन से उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया गया। साथ ही मामले की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को भी दे दी गई है| पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर नवजात की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। घटना स्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।

मजदूर नें फांसी लगाकर दी जान

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में एक मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला स्रावित खां निवासी 40 वर्षीय बादाम सिंह पुत्र स्वर्गीय रघुनाथ सिंह शनिवार को अपने मकान के कमरे में लकड़ी के सहारे साड़ी का फंदा बनाकर झूलते हुए पाए गए। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई।
बादाम सिंह की पत्नी का लगभग दस वर्ष पूर्व देहांत हो चुका था। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। दूसरी बेटी संध्या (18 वर्ष) और सबसे छोटा पुत्र सिद्धार्थ (12 वर्ष) घर पर ही रहते हैं। परिजनों के अनुसार सिद्धार्थ मानसिक रूप से अस्वस्थ है। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़े थे, जबकि सबसे छोटे भाई का नाम सोनू सिंह है। बादाम सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और शराब पीने के आदी बताए जाते हैं।
सूचना पर थाना मऊदरवाजा के प्रभारी अजब सिंह, काशीराम कॉलोनी चौकी इंचार्ज राघवेंद्र सिंह, कांस्टेबल कन्हैया लाल चौधरी, कांस्टेबल सुभाष पांडेय, कांस्टेबल अनुज तिवारी एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक शराब का आदी था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रामगंगा नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम महेशपुर के सामने रामगंगा नदी में लगभग 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीणों ने नदी में शव उतराता देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही राजेपुर थाना के थानाध्यक्ष सुदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उनके साथ फॉरेंसिक टीम के सचिन कुमार, दरोगा आशुतोष और दरोगा सत्यदेव ओझा भी मौजूद रहे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त के लिए तलाशी ली गई, लेकिन युवक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। युवक ने लाल बनियान, काले रंग का लोअर और स्पोर्ट्स जूते पहन रखे थे। दरोगा आशुतोष ने मौके पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला लोहिया अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है और आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है। मामले की जांच जारी है।

अवैध व जहरीली शराब उत्पादन-बिक्री पर पूर्ण रोक,पर्व के दौरान अधिकारी बरतें सतर्कता:सीएम योगी

0

लखनऊ:सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के राजस्व की समीक्षा की और उन्होंने आबकारी विभाग को होली पर अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि अवैध व जहरीली शराब न बननी चाहिए और न ही प्रदेश में बिकनी चाहिए।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री वित्तीय वर्ष 2025-26 में एक अप्रैल से लेकर फरवरी तक के कर व करेत्तर राजस्व प्राप्ति की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ता राजस्व प्रदेश में बुनियादी ढांचा, सामाजिक कल्याण, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को गति देता है।