फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता तथा कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि की मौजूदगी में शनिवार को तहसील कायमगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 93 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 27, पुलिस विभाग की 21, विद्युत विभाग की 15, विकास विभाग की 13, आपूर्ति विभाग की 2, नगर पालिका/नगर पंचायत की 4 तथा अन्य विभागों की 12 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी और विधायक कायमगंज ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ भी किया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह , मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवनिन्द्र कुमार , उपजिलाधिकारी सहित आदि रहे
सम्पूर्ण समाधान दिवस, 93 शिकायतें,8 का मौके पर निस्तारण
डीएम नें व्लॉक कार्यालय का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन को जाना
फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शनिवार को विकासखंड कायमगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकासखंड कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई, जनसुनवाई व्यवस्था तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की और अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही आईजीआरएस में प्राप्त शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ताओं से बातचीत करने के निर्देश दिए। राज्य वित्त से कराए जा रहे कार्यों का समय से भुगतान करने और आरआरसी को सक्रिय रखने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विकासखंड में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विकासखंड परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा अभिलेखों के डिजिटलीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एसआईआर के कार्यों की भी समीक्षा की और एक मॉडल प्रधानमंत्री आवास का लोकार्पण किया।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने ब्लॉक परिसर में स्थित प्रेरणा कैंटीन तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया।
यूपीएससी की परीक्षा पास कर फर्रुखाबाद के आकर्ष कुमार बने आईपीएस
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के प्रतिभाशाली युवक आकर्ष कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (एयर) 524 प्राप्त करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
आकर्ष कुमार के पिता स्वर्गीय जयवीर सिंह रुड़की यूनिवर्सिटी से इंजीनियर रहे हैं, जबकि उनकी माता उर्मिला यादव जनपद कन्नौज में बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनके बड़े भाई उत्कर्ष यादव नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) कार्यालय में लेखा परीक्षा अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
आकर्ष कुमार ने अपनी शुरुआती शिक्षा कानपुर के सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट तक प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उनका पैतृक गांव फर्रुखाबाद जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र का ग्राम पिपराबोझि है, जबकि वर्तमान में उनका परिवार नेकपुर चौरासी, फर्रुखाबाद में रह रहा है।

लद्दाख में ड्यूटी के दौरान बर्फ में दबने से आईटीवीपी जवान शहीद, गांव में शोक
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव कलौली महबुल्लापुर निवासी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान कुलदीप सिंह का लद्दाख में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। बताया गया कि वह बर्फ में दब गए थे। शनिवार को इस घटना की सूचना जैसे ही उनके परिवार को मिली, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
कुलदीप सिंह, महेंद्र सिंह के पुत्र थे और वर्ष 2011 में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती लेह-लद्दाख में थी। परिजनों और उनके चचेरे भाई तथा ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले ड्यूटी के दौरान वह अपनी बटालियन के लगभग सात अन्य जवानों के साथ बर्फ में दब गए थे। उनकी शहादत की पुष्टि शनिवार को हुई, जिसके बाद विभाग की ओर से परिवार को जानकारी दी गई।
शहीद कुलदीप सिंह के परिवार में पत्नी प्रियंका, आठ वर्षीय पुत्री मन्नत और चार वर्षीय पुत्र राम हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। Bग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह ने बताया कि शहीद का पार्थिव शरीर शनिवार दोपहर बाद तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पूरे गांव और क्षेत्र के लोग अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने की तैयारी में जुटे हैं।
सीएमओ कार्यालय में करोड़ों के टेंडर के गोल-माल का आरोप, जाँच की मांग
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से जुड़े टेंडरों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कादरीगेट निवासी प्रदीप सिंह ने जिलाधिकारी को
प्रार्थना पत्र देकर उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश चन्द्र माथुर पर अपने चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने और नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों रुपये के टेंडर पास करने का आरोप लगाया है।स्वास्थ्य विभाग
की विभिन्न योजनाओं में पारदर्शिता के बजाय निजी स्वार्थ को प्राथमिकता दी जा रही है। आरोप है कि उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश चन्द्र माथुर सरकारी योजनाओं में रुचि लेने के बजाय निजी लाभ के लिए ठेके दिलाने और धन उगाही में लगे रहते हैं। साथ ही जनप्रतिनिधियों और आम जनता के प्रति उनका व्यवहार भी
संतोषजनक नहीं बताया गया है।
शिकायत के अनुसार 55 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) की लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये की निविदा पारस नाथ इंटरप्राइजेज झारखंड को दी गई, जबकि अन्य दो फर्मों के दस्तावेजों में जाली प्रमाण पत्र लगाए जाने की शिकायत पहले ही विभागीय अधिकारियों को दी जा चुकी थी। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसके अलावा मैनुअल लॉन्ड्री की निविदा भी कथित रूप से नियमों के विरुद्ध न्यू पैंथर सिक्योरिटी नामक फर्म को दी गई। आरोप है कि पिता-पुत्र के नाम से पंजीकृत दो फर्मों को पास कर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी गई, जबकि इनके द्वारा भी फर्जी और जाली दस्तावेज लगाए गए थे।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मरीजों के लिए निशुल्क भोजन व्यवस्था की निविदा में भी अनियमितताएं की गईं। तकनीकी जांच में कुछ फर्मों के पास जिला स्तर का फूड लाइसेंस नहीं पाया गया था, लेकिन उपमुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा कथित रूप से फोन कर अपनी चहेती फर्म को फर्जी पते पर लाइसेंस बनवाने की सूचना दी गई और बाद में निविदा की अंतिम तिथि के बाद जारी लाइसेंस को भी स्वीकार कर लिया गया| सीएमओ अवनिन्द्र कुमार नें जेएनआई को बताया की शिकायत करने वाले लोगों को टेंडर नही मिले शायद इसी लिए आरोप लगा रहें हैं | यदि टेंडर में कोई गड़बड़ी है तो इसकी जाँच करायी जायेगी|
तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को कुचला, दो मौसेरे भाइयों की मौत
फर्रुखाबाद:(शहर/राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो मौसेरे भाइयों की मौत हो गई। अमृतपुर की ओर से फर्रुखाबाद की तरफ आ रहे बाइक सवारों को सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने पश्चिमी गोटिया गांव के सामने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को निजी वाहन से उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बताया गया है कि मृतक आपस में मौसेरे भाई थे। इनमें 25 वर्षीय विवेक पुत्र रामनाथ निवासी अंगूरी बाग बांस मंडी फर्रुखाबाद के भाई विपिन का विवाह 10 मार्च को होना है। विवेक अपने मौसेरे भाई गुड्डू पुत्र
राजवीर निवासी गंगा दरवाजा फर्रुखाबाद के साथ बाइक से शाहजहांपुर के मिर्जापुर क्षेत्र में शादी के कार्ड वितरित करने गया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस फरार डीसीएम चालक की तलाश में जुटी है।प्रभारी निरीक्षक थाना राजेपुर सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस की परिजनों से नोकझोंक दरअसल पुलिस एक निजी भार वाहन से दोनों घायलों को लेकर लोहिया अस्पताल पंहुची, लेकिन परिजन पुलिस आने से पूर्व ही पंहुच गये| जिस पर परिजन खफा हो गये, परिजनों नें एम्बुलेंस की जगह निजी वाहन से दोनों को लाने पर आपत्ति जाहिर की | जिसको लेकर पुलिस से झड़प भी हो गयी|



आलू के भाव स्थिर, 351 से 861 रुपये प्रति कुंतल तक बिक्री
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सातनपुर मंडी में शुक्रवार 6 मार्च को आलू के भाव वहीं से खुले, जहां पिछले मंगलवार को मंडी बंद हुई थी। मंडी में आज कीमतों में खास बदलाव देखने को नहीं मिला और अधिकांश किस्मों की बिक्री पुराने भाव पर ही हुई।
मंडी में निबल चेचक आलू 351 से 501 रुपये प्रति कुंतल के बीच बिका। गड्ड और सामान्य छट्ठा आलू 501 से 601 रुपये प्रति कुंतल तक बिके। वहीं सुपर वीआईपी साउथ क्वालिटी छट्ठा आलू 601 से 701 रुपये प्रति कुंतल के भाव में बेचा गया। हालैंड किस्म का आलू 751 से 861 रुपये प्रति कुंतल तक बिका। मंडी में आज आलू की आमद कम रही और करीब 15 मोटर ही पहुंचीं। व्यापारियों के अनुसार अभी आवक सीमित है, जबकि अच्छी आमद सोमवार से मंडी में आने की संभावना जताई जा रही है।






विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखपुर में गुरुवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम शेखपुर निवासी अनीस की 25 वर्षीय पत्नी जूली गुरुवार रात घर में सास और चचिया सास के साथ होली के त्योहार को लेकर गुजिया बना रही थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई और पति के साथ भोजन कर सो गई। देर रात लगभग दो बजे उसने कमरे में छत के पंखे के कड़े में साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। फांसी के दौरान साड़ी खुल
जाने से वह नीचे बिस्तर पर गिर गई, जिससे पति अनीस की नींद खुल गई। परिजन तुरंत उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और मजिस्ट्रेट सन्नी कन्नौजिया भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किये। मजिस्ट्रेट सन्नी कन्नौजिया की
मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया गया है कि जूली की शादी 15 फरवरी 2023 को हुई थी। उसके दो वर्ष का एक पुत्र और आठ माह की एक पुत्री है। घटना के बाद सास शशिकला का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं मृतका के भाइयों सन्नी, राहुल और शिवम ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट की भी बात सामने आई है। क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि मामले में फौती सूचना दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



होली की खुशियां मातम में बदलीं, बनकटी गांव में एक ही दिन में तीन मौतों से पसरा सन्नाटा
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) टैम्पो पलटने से वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया उसे उपचार के लिये सेना के अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया| वहीं दूसरी दुर्घटना में दो चचेरे भाईयों की मौत हो गयी|
मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बनकटी में होली का त्योहार उस समय मातम में बदल गया जब अलग-अलग सड़क हादसों में एक वृद्ध सहित दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। एक ही दिन गांव के तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार पहली घटना में गांव निवासी 58 वर्षीय सुरेश सिंह
पुत्र ईनाम सिंह होली के दिन टेम्पो से पखना स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान गांव के अंदर ही टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए सैनिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक सुरेश सिंह अपने पीछे पत्नी रूपा देवी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा राहुल भारतीय सेना में तैनात है, जबकि छोटा बेटा
राजन एक निजी कंपनी बजाज में फाइनेंस का काम करता है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने इस मामले में पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया।
दूसरी घटना में गांव के ही दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया गया कि स्वर्गीय आनंद प्रकाश के 35 वर्षीय पुत्र सतीश उर्फ सोनू और सुखवीर सिंह के 40 वर्षीय पुत्र सोनू बाइक से नबीगंज रोड से सिनौडा की ओर जा रहे थे। ग्राम बढ़नपुर के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई।
सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. सन्नी मिश्रा ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मदनपुर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर मोर्चरी में रखवाया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। होली के दिन एक ही गांव में तीन मौतों की खबर से बनकटी गांव में त्योहार की रौनक गायब हो गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


पत्नी मायके से न आने पर पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना क्षेत्र के ग्राम गूजरपुर गहलवार में पारिवारिक तनाव के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय राहुल पुत्र सतीश की पत्नी सोनी अपने मायके थाना हरपालपुर जनपद हरदोई के गांव बालली में अपनी दादी की होली उठाने के कार्यक्रम में शामिल होने गई हुई थी। बताया गया है कि राहुल शराब पीने का आदी था। बीती रात उसने शराब पीकर पत्नी
को फोन कर तुरंत घर आने के लिए कहा।
पत्नी सोनी के अनुसार वह पति के फोन करने पर अपने मायके से ससुराल के लिए निकल पड़ी, लेकिन रास्ते में सवारी न मिलने के कारण समय पर घर नहीं पहुंच सकी। इसी बीच राहुल ने घर के कमरे में रखे बांस में अपनी धोती का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब
सोनी घर पहुंची तो पति को फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर वह बदहवास हो गई और रो-रोकर कहने लगी कि दोनों के बीच किसी बात
को लेकर कोई विवाद नहीं था, वह केवल होली के पर्व पर मायके गई हुई थी। मृतक अपने पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके दो छोटे बच्चे—काव्य और अनुराग—हैं। घटना के बाद मां सीमा समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर अमृतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई सूरज ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







