फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को थाना शमसाबाद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, हवालात तथा थाना कार्यालय का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि थाने में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने अपराध रजिस्टर, आगंतुक पंजिका सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया और सभी रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित व अद्यतन रखने को कहा। साथ ही थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, अनुरक्षण कार्य कराने और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
थाना का निरीक्षण, फरियादियों की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
पत्नी के मायके जाने से परेशान ग्रामीण ने लगाई फांसी
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव राई निवासी 50 वर्षीय रामलड़ते पुत्र रामस्वरूप ने खंडोली गांव के पास बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह उनका शव गेहूं के खेत में पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटका देखा तो इसकी सूचना राजेपुर थाना पुलिस को दी। सूचना पर दरोगा जेपी वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार रामलड़ते के पांच पुत्र हैं। करीब छह वर्ष पूर्व उनकी पहली पत्नी गुड्डी की बीमारी से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उन्होंने संगीता से दूसरी शादी की थी, लेकिन दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। छह दिन पहले संगीता अपने मायके जिला मऊ चली गई थी।
बताया गया है कि पत्नी के जाने के बाद रामलड़ते परेशान रहने लगे थे और शराब पीने लगे थे। घर की आर्थिक स्थिति भी कमजोर थी। सोमवार को वह साइकिल से पांचाल घाट मजदूरी करने गए थे, लेकिन वापस घर नहीं लौटे। मंगलवार सुबह उनका शव खेत में पेड़ से लटका मिला। थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि ग्रामीण द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा डाइट में प्रशिक्षण का पहला दिन, भूखे प्यासे रहने को मजबूर शिक्षक शिक्षकाएं
फर्रुखाबाद:(जेएनआई व्यूरो) समग्र शिक्षा एवं पीएम श्री योजना के अंतर्गत जनपद के परिषदीय उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी संचालन के लिए शिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रजलामई में शुरू हुआ। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विद्यालयों से नामित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
उप शिक्षा निदेशक एवं डायट प्राचार्य अनुपम अवस्थी द्वारा जारी पत्र के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन बैचों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम बैच का प्रशिक्षण 9 से 10 मार्च तक, द्वितीय बैच का 11 से 12 मार्च तथा तृतीय बैच का प्रशिक्षण 13 से 14 मार्च तक निर्धारित किया गया है। प्रत्येक चयनित विद्यालय से दो-दो शिक्षकों को प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए नामित किया गया है, जिनमें एक प्रधानाध्यापक और एक सहायक अध्यापक शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी के संचालन, रखरखाव तथा कक्षा शिक्षण में उनके प्रभावी उपयोग के बारे में जानकारी दी जा रही है।
हालांकि प्रशिक्षण के पहले दिन व्यवस्थाओं को लेकर सवाल भी खड़े हो गए। प्रशिक्षण में शामिल कई शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बताया कि डायट परिसर में भोजन की तो दूर, पीने के पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी। दूरदराज क्षेत्रों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं दिनभर भोजन और पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहे। इससे प्रशिक्षण में आए प्रतिभागियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।शिक्षकों का कहना है कि जब पूरे जिले से शिक्षकों को बुलाया गया है तो कम से कम बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था होनी चाहिए थी।
आलू मंडी में 50 रुपये की गिरावट, बंपर आवक से सुबह लगा जाम
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर की सातनपुर आलू मंडी में रविवार 9 मार्च को आलू के भाव में करीब 50 रुपये प्रति कुंतल की गिरावट दर्ज की गई। मंडी में आलू की बंपर आवक होने के कारण सुबह के समय मंडी परिसर और आसपास के रास्तों पर जाम की स्थिति बनी रही।
मंडी में लगभग 200 मोटर आलू की आमद हुई, जिससे बाजार में सप्लाई बढ़ने के कारण कीमतों पर दबाव देखा गया। मंडी में सामान्य आलू की बिक्री 251 से 521 रुपये प्रति कुंतल के बीच हुई। हालांकि लाल हालैंड किस्म के आलू में ज्यादा गिरावट नहीं आई और इसकी ज्यादातर बिक्री 651 से 811 रुपये प्रति कुंतल के भाव पर हुई।
बंपर आवक के चलते सुबह से ही किसानों और व्यापारियों की भीड़ मंडी में जुट गई, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। मंडी में कारोबार दिनभर जारी रहा और व्यापारी आवक के अनुसार खरीद करते रहे।
मानदेय व ईपीएफ भुगतान न होने पर मनरेगा कर्मियों का प्रदर्शन
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) विकासखंड राजेपुर में मनरेगा कर्मियों ने लंबे समय से मानदेय और ईपीएफ भुगतान न होने पर नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और एडीओ पंचायत अजीत पाठक को ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान की मांग की।
मनरेगा कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश के बैनर तले ग्राम रोजगार सेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखा सहायक, तकनीकी सहायक और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों ने प्रशासन से लंबित भुगतान जारी कराने की मांग की। कर्मचारियों ने जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को संबोधित पत्र में बताया कि जनपद के मनरेगा कर्मियों ने विभाग के निर्देशों के अनुसार सभी लक्ष्यों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही एसआईआर, क्रॉप सर्वे सहित अन्य विभागीय कार्यों में भी पूरा सहयोग दिया गया है।
कर्मचारियों का कहना है कि विभागीय शिथिलता के कारण मई 2025 से अब तक उनका मानदेय नहीं दिया गया है, जबकि ईपीएफ की देनदारी भी लंबे समय से लंबित है। उन्होंने बताया कि दीपावली के समय भी वेतन नहीं मिला था और अब होली के अवसर पर भी भुगतान न होने से पारिवारिक जिम्मेदारियां प्रभावित हो रही हैं। आर्थिक संकट के कारण कर्मचारियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
मनरेगा कर्मियों ने कहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर मानदेय न मिलने के कारण कर्मचारियों के साथ गंभीर घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने इसे संविधान के अनुच्छेद 21 में वर्णित जीवन के अधिकार के विपरीत बताया।
संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस समस्या को लेकर 23 फरवरी 2026 को रोजगार गारंटी आयुक्त से भी मुलाकात कर उन्हें अवगत कराया गया था। कर्मचारियों का कहना है कि प्रदेश में सर्वाधिक मानव दिवस सृजित होने के बावजूद समय पर भुगतान न होना गंभीर वित्तीय अनियमितता की ओर संकेत करता है। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो 17 मार्च 2026 को जनपद के सभी मनरेगा कर्मचारी जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मुख्यमंत्री को भी पूरे मामले से अवगत कराएंगे। विकासखंड राजेपुर के कई मनरेगा कर्मियों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से लंबित मानदेय और ईपीएफ भुगतान जल्द कराने की मांग की। मौके पर एपीओ राशिद खान, प्रबल जगतपाल, राकेश जगतपाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों की देखरेख में निर्विरोध हुआ कोटेदार का चयन
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) शासन के नियमों के अनुसार उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) का चयन ग्रामीणों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए किया जाता है, ताकि राशन कार्ड धारक गरीब परिवारों को सस्ते दामों पर खाद्यान्न उपलब्ध हो सके और वे अपने परिवार का भरण-पोषण सुचारु रूप से कर सकें।
बताया गया है कि यदि कोटेदार द्वारा नियमों के विरुद्ध कार्य या अनियमितताएं पाई जाती हैं तो प्रशासन द्वारा संज्ञान लेकर निलंबन की कार्रवाई भी की जाती है। बीते वर्ष ग्राम गलारपुर में अनियमितताओं के चलते उचित दर विक्रेता की दुकान निलंबित कर दी गई थी, जिसके बाद नए कोटेदार के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई।
इसी क्रम में मंगलवार को पंचायत भवन में एडियो पंचायत अजीत पाठक, सचिव राघवेंद्र शिव सिंह, राजीव सुमन, मानवेंद्र तथा ग्राम प्रधान ओमपाल की उपस्थिति में चयन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उप निरीक्षक राघवेंद्र भदौरिया अपने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर मौजूद रहे।
गांव के करीब 300 से अधिक ग्रामीण इस प्रक्रिया में शामिल हुए। लगभग दो घंटे से अधिक समय तक चली इस चयन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की बाधा नहीं आई। 800 मतदाताओं वाले इस गांव के लोगों ने सर्वसम्मति से प्रमोद की पत्नी अर्चना को अपना नया कोटेदार चुन लिया। शाम करीब 4 बजे अधिकारियों द्वारा चयन प्रक्रिया को अंतिम रूप देते हुए अर्चना के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई।
फोन कर बुलाया, फिर किया बलात्कार
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) युवती को पहले फोन कर बुलाया उसके बाद खेत में ले जाकर बलात्कार की घटना को अंजाम दिया गया मामले की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया| दरअसल कोतवाली फतेहगढ़ के एक गांव निवासी 20 वर्षीय
युवती ने पुलिस को जानकारी दी की बीते चार मार्च को आरोपी युवक रघुनाथ उर्फ छोटेलाल पुत्र रमेश यादव उर्फ करुआ ने उसे फोन कर बुलाया और फिर उसे गेहूं के खेत में ले जाकर उसके साथ बलात्कार की घटना को अनजान दिया पीड़िता ने बताया की घटना के बाद उसने मामले की जानकारी परिजनों को घर आकर दी | पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद आरोपी रघुनाथ उर्फ छोटेलाल के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना महिला उप निरीक्षक नीतू यादव को दी है |
कलश यात्रा में हाईटेंशन लाइन से करंट लगने से किशोर की मौत
फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम सिरौली में भागवत कथा से पहले निकाली जा रही कलश यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। झंडा लेकर चल रहे एक किशोर की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिरौली निवासी16 वर्षीय अखिलेश प्रजापति पुत्र मुकेश प्रजापति अपने परिवार के ही सुबोध प्रजापति के यहां आयोजित भागवत कथा कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कथा शुरू होने से पहले शनिवार को गांव में कलश यात्रा निकाली जा रही थी। कलश यात्रा में अखिलेश हरे बांस में झंडा लगाकर सबसे आगे चल रहा था।
बताया गया है कि जैसे ही यात्रा गांव के मंदिर के पास पहुंची, उसी दौरान झंडा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। करंट लगते ही अखिलेश गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत उसे लेकर डॉ. राम मनोहर लोहिया
अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अखिलेश 12वीं कक्षा का छात्र था और दो भाइयों में बड़ा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां नारायण देवी, पिता मुकेश प्रजापत व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


नारी माँ की ममता, बहन का विश्वास,नारी साहस, संघर्ष व उज्ज्वल प्रकाश
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्री विश्वनाथ सामाजिक सेवा संस्थान द्वारा संचालित एशियन कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में ‘गर्जना’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नारी शक्ति के महत्व को उजागर करना और महिलाओं के प्रति सम्मान तथा जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जज की पत्नी सुमनलता, अंजू पाण्डेय, सूक्ष्मा पाण्डेय, अनुराग अग्रवाल, पूनम पाण्डेय, सुरेन्द्र पाण्डेय व भावना गुप्ता द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
कार्यक्रम में इंस्टीट्यूट की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। छात्राओं ने अपने प्रभावशाली भाषण, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में महिलाओं की भूमिका, उनके संघर्ष और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। छात्राओं अदिति तिवारी, रुद्रांशी दीक्षित, स्मृति मिश्रा, मान्या मिश्रा, जैस्मिन रावत, शिवानी, राखी और दिव्या द्वारा प्रस्तुत नाट्य
प्रस्तुति ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया, जिसमें महिलाओं की शक्ति, आत्मनिर्भरता और समाज में उनके योगदान को दर्शाया गया।
इसके अलावा छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से भी नारी शक्ति को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी कलाकृतियों में महिलाओं की
शक्ति, आत्मविश्वास और प्रेरणादायक संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिए।
राधिका सोमवंशी ने नारी की महिमा का वर्णन करते हुए कहा—
“नारी माँ की ममता, बहन का विश्वास है,
नारी साहस, संघर्ष और उज्ज्वल प्रकाश है।
जब त्याग में शक्ति है, जब आँसू में आग है,
जब कोमल हाथों में भी बदलने की ताकत है,
जब पूरी दुनिया इनसे चलती आई है,
तो स्त्री खुद को कमजोर क्यों समझती है?”
मुख्य अतिथि सुमनलता ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच और महिलाओं के प्रति सम्मान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और सशक्तिकरण का संदेश मिलता है। भावना गुप्ता,
पूजा पाण्डेय, सिमरन सिंधी, श्रद्धा दुबे, रितिका मिश्रा व दीक्षा पाण्डेय को सम्मानित किया गया। वहीं ओ-लेवल में सफलता प्राप्त करने वाली आध्या दुबे और दृष्टि को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुपर्णा मिश्रा ने किया, जबकि राधिका सोमवंशी ने अतिथियों का स्वागत किया और फाल्गुनी भैरवानी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में नेहा सिंह, शैलेन्द्र मिश्रा ने व्यवस्था में सहयोग दिया। इस दौरान रक्षपाल कुशवाहा, अंजू पाण्डेय, सूक्ष्मा पाण्डेय, अरविन्द दीक्षित रहे।
लाल गेट सहकारी क्रय-विक्रय समिति के सभापति पद पर प्रदीप निर्विरोध निर्वाचित
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शनिवार को लाल गेट रेटगंज स्थित सहकारी क्रय-विक्रय समिति में सभापति एवं उपसभापति पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सभापति पद के लिए पूर्व जिला महामंत्री प्रदीप कुमार सक्सेना को प्रत्याशी बनाया गया था, जिन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया।
निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सभापति पद पर प्रदीप कुमार सक्सेना (पुत्र ललित प्रसाद) निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। उपसभापति पद पर नंदकिशोर (पुत्र ब्रजराज किशोर) निर्वाचित हुए। इसके साथ ही प्रतिनिधि पद पर कृष्ण दत्त,
अमित कुमार, अशोक कुमार कटियार और कशिश को निर्वाचित घोषित किया गया। नामांकन कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें पूर्व जिला अध्यक्ष सतपाल सिंह, पूर्व
जिला अध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बबीता पाठक, मीरा सिंह, ममता सक्सेना, अभिषेक वाजपेयी, संतोष राजपूत, विकास पांडेय , पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, डीएस राठौर और जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी रहे।






