फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) शासन के नियमों के अनुसार उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) का चयन ग्रामीणों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए किया जाता है, ताकि राशन कार्ड धारक गरीब परिवारों को सस्ते दामों पर खाद्यान्न उपलब्ध हो सके और वे अपने परिवार का भरण-पोषण सुचारु रूप से कर सकें।
बताया गया है कि यदि कोटेदार द्वारा नियमों के विरुद्ध कार्य या अनियमितताएं पाई जाती हैं तो प्रशासन द्वारा संज्ञान लेकर निलंबन की कार्रवाई भी की जाती है। बीते वर्ष ग्राम गलारपुर में अनियमितताओं के चलते उचित दर विक्रेता की दुकान निलंबित कर दी गई थी, जिसके बाद नए कोटेदार के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई।
इसी क्रम में मंगलवार को पंचायत भवन में एडियो पंचायत अजीत पाठक, सचिव राघवेंद्र शिव सिंह, राजीव सुमन, मानवेंद्र तथा ग्राम प्रधान ओमपाल की उपस्थिति में चयन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उप निरीक्षक राघवेंद्र भदौरिया अपने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर मौजूद रहे।
गांव के करीब 300 से अधिक ग्रामीण इस प्रक्रिया में शामिल हुए। लगभग दो घंटे से अधिक समय तक चली इस चयन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की बाधा नहीं आई। 800 मतदाताओं वाले इस गांव के लोगों ने सर्वसम्मति से प्रमोद की पत्नी अर्चना को अपना नया कोटेदार चुन लिया। शाम करीब 4 बजे अधिकारियों द्वारा चयन प्रक्रिया को अंतिम रूप देते हुए अर्चना के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई।
अधिकारियों की देखरेख में निर्विरोध हुआ कोटेदार का चयन
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



