फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भाजपा के आगामी दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर गुरुवार को पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा ने की। इस दौरान प्रशिक्षण वर्ग की व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी एवं कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने बताया कि 15 और 16 मई को आयोजित होने वाला जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शुरू होगा। इसमें जिला
कार्यसमिति सहित अपेक्षित कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से भाग लेना होगा। प्रत्येक प्रतिभागी के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कुल 11 सत्र आयोजित होंगे, जिनमें क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेता संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और सरकार की योजनाओं पर मार्गदर्शन देंगे। प्रमुख वक्ताओं में रामशंकर कठेरिया , अर्चना पाण्डेय, कमलावती सिंह, अनूप कुमार गुप्ता, देवेश कोरी, संजय चौधरी, वीरेंद्र तिवारी, शिव महेश दुबे, सत्यपाल सिंह, अशोक राजपूत
और प्रांशु दत्त द्विवेदी शामिल रहेंगे।नरेंद्र राजपूत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जो अपने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति और राष्ट्रवादी विचारधारा के अनुरूप प्रशिक्षित करता है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशिक्षण वर्ग में 252 कार्यकर्ताओं की सहभागिता अपेक्षित है और सभी की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। प्रशिक्षण शिविर में रात्रि प्रवास की व्यवस्था भी रहेगी।जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा ने कहा कि सभी 18 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग संपन्न होने के बाद अब जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसमें नए कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, पार्टी की विचारधारा और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण शिविर में संगठन और सरकार के कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, अनुराग दुबे, शिव मोहन सिंह, श्वेता दुबे, अभिषेक बाथम, जितेंद्र सिंह, संजीव गुप्ता, अभिषेक बाजपेई, डीएस राठौर, रश्मि दुबे, शिवांग रस्तोगी, अशनील दिवाकर, कृष्ण मुरारी राजपूत, सुशील राजपूत, विकास पांडे और संजय सिंह मौजूद रहे।
भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग 15 मई से, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
प्रधानमंत्री पर बयान को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, सपा पर साधा निशाना
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर समाजवादी पार्टी के एक सांसद की कथित टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सांसद पर कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बबीता पाठक ने किया |प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने सपा नेतृत्व के खिलाफ नारे लगाए और कहा कि

प्रधानमंत्री पद की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है
| जिलाध्यक्ष बबीता पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होते हैं और उनके प्रति अमर्यादित टिप्पणी से

आम लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नेतृत्व को इस मामले पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्वेता दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां राजनीतिक शिष्टाचार के विपरीत हैं। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से मामले में संज्ञान लेने की मांग भी की। कलेक्ट्रेट परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में जनता द्वारा जवाब दिए जाने का दावा किया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो सकता है। कार्यक्रम में ममता सक्सेना, मीना मिश्रा, डॉ. विनीता मिश्रा, चित्रा अग्निहोत्री, रमला राठौर, प्रतिभा राजपूत, सुमन राजपूत, रेखा सोमवंशी, मीरा सिंह, किरण सिंह, नीलम शाक्य, अनिल तिवारी, वीरेंद्र कठेरिया, कृष्ण मुरारी राजपूत, अभिषेक बाथम, गौरव सक्सेना, सर्वेश कुशवाह और शिवांग रस्तोगी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फर्रुखाबाद घराने के तबला सम्राट उस्ताद साबिर खां का निधन, संगीत जगत में शोक
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विश्वभर में फर्रुखाबाद तबला घराने को नई पहचान दिलाने वाले विश्व प्रसिद्ध तबला वादक उस्ताद साबिर खां का गुरुवार को हृदयाघात से निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से संगीत जगत और फर्रुखाबाद के कला प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई।नगर के चीनी ग्रान मोहल्ले के मूल निवासी उस्ताद साबिर खां वर्तमान में कोलकाता के राजारहाट क्षेत्र में रह रहे थे। गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सॉल्ट लेक स्थित एक
निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।उनका जन्म 4 दिसंबर 1959 को हुआ था। उनके पिता उस्ताद करामतउल्लाह खां रामपुर से कोलकाता आकर बस गए थे, तभी से परिवार वहीं निवास कर रहा है।उस्ताद साबिर खां फर्रुखाबाद घराने के संस्थापक उस्ताद हाजी विलायत अली खां के प्रपौत्र थे और तबला वादन की 33वीं पीढ़ी का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उन्हें इस घराने की जीवंत सांगीतिक विरासत का प्रमुख संवाहक माना जाता था।बताया
गया कि 16 और 17 मई को कोलकाता में वह अपने दादा उस्ताद मसीत खां की स्मृति में दो दिवसीय संगीत सम्मेलन ‘नौ बहार’ आयोजित करने वाले थे।उस्ताद साबिर खां के निधन पर शहर के कलाकारों, साहित्यकारों और समाजसेवियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे संगीत जगत की अपूरणीय क्षति बताया है।
टैक्स बार एसोसिएशन चुनाव: अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला, महामंत्री पद पर एक मात्र नामांकन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) टैक्स बार एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन के अंतिम दिन तक विभिन्न सात पदों के लिए कुल 15 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। चुनाव अधिकारियों के अनुसार फिलहाल नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया जारी है और चुनाव को निर्विरोध कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।उप चुनाव अधिकारी राकेश सक्सेना ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए तीन, उपाध्यक्ष पद के लिए तीन, महामंत्री पद के लिए एक, सचिव पद के लिए चार, कोषाध्यक्ष पद के लिए एक, एडिटर पद के लिए एक तथा पुस्तकालय अध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए रामकुमार अग्रवाल, प्रवीण कुमार माथुर और सुतीक्ष्ण कुमार तिवारी मैदान में हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए प्रमोद कुमार त्रिपाठी, कमलेंद्र कुमार और राज गौरव पांडेय ने नामांकन किया है। महामंत्री पद पर रामजी वाजपेई एकमात्र प्रत्याशी हैं। सचिव पद के लिए दलपत सिंह, अविनाश दुबे, बार राजगुरु पांडेय तथा एक अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया। कोषाध्यक्ष पद के लिए सुनीता कटियार, एडिटर पद के लिए आशीष गुप्ता तथा पुस्तकालय अध्यक्ष पद के लिए दीपांशु मिश्रा और सहाबुल इस्लाम सिद्दीकी ने नामांकन कराया है।उप चुनाव अधिकारी ने कहा कि यदि सभी पदों पर सहमति बनती है तो चुनाव निर्विरोध कराया जाएगा, अन्यथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान संपन्न होगा।
होटल में खाने को लेकर भिड़े दो पक्ष, मारपीट का वीडियो वायरल
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर कोतवाली क्षेत्र की ठंडी सड़क स्थित एक होटल में देर रात खाना खाने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, रेलवे रोड क्षेत्र के कुछ लोगों का होटल संचालक से सब्जी को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान होटल में फतेहगढ़ निवासी कुछ लोग भी भोजन कर रहे थे, जिनमें एक दंत चिकित्सक भी शामिल बताए जा रहे हैं। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान दंत चिकित्सक की कार में भी तोड़फोड़ की गई। बताया गया कि चिकित्सक किसी तरह वहां से निकलकर रेलवे रोड चौकी पहुंचे, लेकिन उस समय वहां पुलिसकर्मी मौजूद नहीं मिले।सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया। वायरल वीडियो को भी पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।कोतवाल दर्शन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
ओयों होटल में पुलिस की छापेमारी, रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) ओयों होटल में अवैध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने देर शाम आवास विकास कॉलोनी स्थित एक निजी ओयो होटल में छापेमारी की। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में की गई। सीओ सिटी अभय वर्मा के नेतृत्व में थाना कादरीगेट पुलिस ने आवास विकास स्थित होटल पहुंचकर जांच-पड़ताल की। करीब आधे घंटे तक चली चेकिंग के दौरान होटल के रिकॉर्ड रजिस्टर में अनियमितताएं सामने आईं। पुलिस जांच में पाया गया कि होटल में ठहरने वाले लोगों के नाम, पते और पहचान संबंधी विवरण रजिस्टर में दर्ज नहीं किए गए थे। सिर्फ हस्ताक्षर कराकर कमरे आवंटित किए जा रहे थे। पुलिस ने होटल का रजिस्टर सील कर दिया है।चेकिंग के दौरान कमरों की तलाशी भी ली गई, जहां फर्रुखाबाद के कुछ लोकल कपल्स मिले। पुलिस ने उन्हें नोटिस देते हुए आवश्यक एहतियात बरतने के निर्देश दिए। सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि होटल में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
एक चमचा दूध व दो रोटी मांगने पर छात्र की पिटाई का आरोप, जांच के आदेश
फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव बलीपट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कक्षा 3 में पढ़ने वाले अनाथ छात्र कृष्णा के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के आरोप के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। मामले में प्रधानाध्यापिका नीलम पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में करीब 70 बच्चों के लिए लगभग 2 लीटर दूध तैयार किया गया था। आरोप है कि भूख लगने पर छात्र कृष्णा ने मिड-डे मील के दौरान एक चमचा दूध और दो रोटी अतिरिक्त मांग ली। इसी बात पर
प्रधानाध्यापिका नाराज हो गईं और छात्र की पिटाई कर दी। घटना के बाद बच्चा रोते हुए घर पहुंचा, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को जानकारी हुई।ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि विद्यालय पहुंचे एआरपी मयंक दुबे ने पीड़ित बच्चे की दादी को फटकार लगाई और प्रधानाध्यापिका से विद्यालय का गेट बंद रखने को कहा। लोगों का कहना है कि मामले को दबाने की कोशिश की गई।आरोप यह भी है कि पीड़ित छात्र को भोजन तक नहीं दिया गया, जबकि वह बेहद गरीब और अनाथ है। घटना के बाद गांव में शिक्षा व्यवस्था और मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने विद्यालय में अनियमितता और लापरवाही के आरोप लगाए हैं।पीड़ित पक्ष ने थाना अमृतपुर में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि
शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

तनाव में युवक ने खाया सल्फास, उपचार के दौरान मौत
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव भूढ़िया भेड़ा निवासी 24 वर्षीय युवक ने बुधवार को कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए फर्रुखाबाद ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गांव निवासी अजीत पशुओं का प्राइवेट इलाज करता था। बताया गया है कि वह बुधवार दोपहर करीब दो बजे राजेपुर बाजार आया था। इसी दौरान उसने सल्फास की दो गोलियां खा लीं।राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। राहगीरों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे निजी वाहन से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। युवक की मौत के बाद मां किरन सहित परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध हालत में फंदे पर लटका मिला युवक का शव
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कन्हू पट्टिया में बुधवार को 32 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बाहरी कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर उत्तर प्रदेश पुलिस की पीआरबी, थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम तथा क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार गांव निवासी
स्वर्गीय जवाहरलाल के पुत्र सुरजीत की रिश्तेदारी में आई बारात की विदाई के दौरान विवाद हो गया था। आरोप है कि रंग लगाने को लेकर हुए विवाद में सुरजीत द्वारा काला मोबिल ऑयल फेंकने के बाद कहासुनी बढ़ गई। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग घर में घुस आए और सुरजीत के साथ मारपीट की। महिलाओं के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने
घर का गेट खुलवाया तो सुरजीत का शव कमरे में छत के कुंडे से अंगोछे के सहारे लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य एकत्र कराए।मृतक अपने पीछे पत्नी नारायणी देवी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीबीएसई 12 वीं के नतीजों में जिले का नाम रोशन, आध्या यादव ने हासिल किया जिले में दूसरा स्थान
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा बुधवार को कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के बाद जिलेभर के विद्यालयों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राएं अपने अंकों की जानकारी लेने के लिए स्कूल पहुंचे, जहां सफल विद्यार्थियों का शिक्षकों और प्रबंधन ने सम्मान किया।
इस वर्ष जिले में सबसे बेहतर प्रदर्शन शुभ गंगवार ने किया। सीपी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र शुभ ने 98.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर जनपद में पहला स्थान प्राप्त किया। वह कादरीगेट क्षेत्र निवासी व्यवसायी अमित गंगवार के पुत्र हैं। दूसरे स्थान पर आध्या यादव रहीं। आर्मी पब्लिक स्कूल की छात्रा आध्या ने 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। उनके पिता विजय यादव हैं। माँ ऋचा यादव जीजीआईसी राजेपुर की प्रधानाचार्य हैं|
वहीं गर्वित रस्तोगी तथा कनिष्क चौहान ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। गर्वित रस्तोगी वृंदावन गली निवासी हैं और उनके पिता अमित रस्तोगी व्यवसाय से जुड़े हैं।
परिणाम जारी होने के बाद कई विद्यालयों में विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर की। स्कूल प्रशासन ने मेधावी छात्रों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सोशल मीडिया से बनाई दूरी, नियमित अध्ययन बना सफलता का आधार
जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले शुभ गंगवार ने बताया कि उन्होंने पूरे वर्ष अनुशासित ढंग से पढ़ाई की। वह प्रतिदिन लगभग 12 से 13 घंटे अध्ययन करते थे। शुभ के अनुसार मोबाइल फोन का इस्तेमाल केवल शैक्षणिक कार्यों तक सीमित होना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी और कठिन विषयों को समझने के लिए ऑनलाइन माध्यम के साथ शिक्षकों की सहायता भी ली। शुभ अब इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा आईआईटी की तैयारी में जुटे हैं। शुभ की माता तृप्ति गृहिणी हैं। परिवार और शिक्षकों के सहयोग को उन्होंने अपनी सफलता का प्रमुख आधार बताया।



